Tag: 2025

  • RCB का पहला IPL खिताब और विराट-अनुष्का की कैमरे में कैद हुई इमोशनल जर्नी

    जानिए विराट-अनुष्का के प्यार, शादी और परिवार की पूरी कहानी.

    By The News Post4u.

    आईपीएल 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इतिहास रच दिया। वर्षों की मेहनत और असफलताओं के बाद आखिरकार RCB ने पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला आईपीएल खिताब जीत लिया। इस ऐतिहासिक मैच के गवाह न सिर्फ लाखों दर्शक बने, बल्कि स्टेडियम में कई चर्चित सितारों की मौजूदगी ने इस जीत को और भी खास बना दिया।

    इस खास मौके पर पूर्व कप्तान विराट कोहली की पत्नी और मशहूर अभिनेत्री अनुष्का शर्मा भी स्टेडियम में मौजूद थीं। जैसे ही RCB ने जीत दर्ज की, विराट कोहली ने अनुष्का को गले लगाकर खुशी में आंसू बहाए। ये भावुक क्षण कैमरे में कैद हो गए और सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इस जीत ने न केवल एक टीम का सपना पूरा किया, बल्कि विराट और अनुष्का के लंबे सफर को भी भावनात्मक मुकाम पर ला खड़ा किया।

    आइए जानते हैं उनकी लव स्टोरी, शादी और पारिवारिक जीवन की पूरी दास्तान—

    पहली मुलाकात: एक ऐड शूट से शुरू हुई कहानी.

    विराट और अनुष्का की पहली मुलाकात साल 2013 में एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान हुई थी। कोहली ने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह पहली बार अनुष्का से मिलते वक्त काफी नर्वस थे। बातचीत शुरू करने के लिए उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज़ में कहा, “आपको नहीं लगता कि आपने बहुत ऊंची हील्स पहन ली हैं?” अनुष्का का तुरंत जवाब था, “Excuse me?” जिससे माहौल थोड़ा असहज हो गया। लेकिन यही मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई।

    प्यार पर मुहर: 2014 में पहली झलक, 2017 में शादी.

    2014 के मेलबर्न टेस्ट में जब विराट ने शतक लगाया, तो उन्होंने स्टैंड्स में बैठीं अनुष्का को फ्लाइंग किस दिया था। यहीं से दोनों के रिश्ते की सार्वजनिक चर्चा शुरू हुई।

    कई साल डेटिंग के बाद 11 दिसंबर 2017 को दोनों ने इटली के टसकनी में एक बेहद प्राइवेट और रॉयल वेडिंग की। इस शादी के लिए दोनों ने भव्य इंतजाम किए थे। जहां शादी हुई, वो लक्ज़री रिजॉर्ट केवल इनके लिए दिसंबर में खोला गया था, जबकि आमतौर पर वह जगह अप्रैल से खुलती है। शादी में सिर्फ 50 खास मेहमान शामिल हुए थे और रिपोर्ट्स के मुताबिक सिर्फ ठहरने पर ही 45-50 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

    विराट की वो खास बात जो अनुष्का को भा गई.

    अनुष्का ने एक बार कहा था कि उन्हें विराट की याददाश्त बहुत पसंद आई थी। 2023 के ‘इंडियन स्पोर्ट्स ऑनर्स’ इवेंट में उन्होंने कहा था, “विराट की मेमोरी बहुत तेज है, और मुझे लगता है कि किसी रिश्ते में ये बहुत मददगार होता है।” यही छोटी मगर अहम बातें थीं, जिन्होंने दोनों को करीब लाया।

    परिवार और पैरेंटहुड: दो बच्चों के माता-पिता.

    11 जनवरी 2021 को अनुष्का ने बेटी वामिका को जन्म दिया और 15 फरवरी 2024 को उनके बेटे अकाय का जन्म हुआ। अनुष्का अब फिल्मों से दूरी बनाकर बच्चों की परवरिश में लगी हुई हैं। विराट भी अधिकतर समय परिवार के साथ बिताना पसंद करते हैं।

    2025 आईपीएल सीज़न में अनुष्का अक्सर स्टेडियम में दिखीं और सोशल मीडिया पर उन्हें “लकी चार्म” भी कहा जाने लगा, क्योंकि इसी सीज़न में RCB ने अपनी पहली ट्रॉफी जीती।

    अनुष्का के कारण विराट की जिंदगी में आए बड़े बदलाव.

    विराट कोहली ने कई बार सार्वजनिक मंचों पर यह कहा है कि अनुष्का ने उनकी जिंदगी को नया नजरिया दिया। साल 2020 के एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था, “मुश्किल हालात में खुद को संभालना, ईगो छोड़ना और लगातार कोशिश करते रहना मैंने अनुष्का से सीखा है।”

    2024 टी-20 वर्ल्ड कप और 2025 की चैंपियंस ट्रॉफी जीत के बाद भी कोहली ने अपनी जीत का श्रेय अनुष्का को दिया था। उन्होंने कहा था, “जब सब कुछ ठीक नहीं चल रहा होता है, तब भी जो आपके साथ खड़ा रहे, वही असली साथी होता है। अनुष्का ने मेरे हर उतार-चढ़ाव में मेरा साथ दिया है। मैं हमेशा उनका आभारी रहूंगा।”

    एक प्रेम कहानी जो प्रेरणा बन गई.

    विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की कहानी महज एक क्रिकेटर और एक अभिनेत्री की लव स्टोरी नहीं है, बल्कि यह संघर्ष, समर्पण, और आपसी समझ का एक आदर्श उदाहरण बन गई है। आईपीएल 2025 की जीत ने जहां RCB के इतिहास में नया अध्याय जोड़ा, वहीं विराट और अनुष्का की कैमरे में कैद वो भावुक झलक, लाखों दिलों को छू गई।

    विरुष्का—एक नाम, जो अब सिर्फ एक कपल नहीं, बल्कि एक प्रेरणा बन चुका है।

    *अमर उजाला और इंटरनेट से साभार

  • गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक संपन्न, कई अहम फैसले लिए गए

    गिरिडीह: गिरिडीह जिला चैंबर ऑफ कॉमर्स की कार्यकारिणी सदस्यों की बैठक 21 फरवरी 2025, शुक्रवार को बरगंडा स्थित चैंबर कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कर रहे निर्मल झुनझुनवाला ने जानकारी दी कि आगामी 6 मार्च 2025 को श्री श्याम सेवा समिति में चेंबर के सभी सदस्यों की आम सभा आयोजित की जाएगी। इस सभा में संगठन के भविष्य और विस्तार को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।

    उन्होंने यह भी बताया कि उसी दिन एचडीएफसी बैंक, गिरिडीह शाखा द्वारा व्यापारियों और उद्यमियों के लिए नई बैंकिंग योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सरकारी और बैंकिंग योजनाओं का लाभ पहुंचाना है, जिससे उनके व्यवसाय को बढ़ावा मिल सके।

    फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बैठक में बताया कि 6 मार्च को साइबर क्राइम पर एक विशेष व्याख्यान भी आयोजित किया जाएगा। इस दौरान दिल्ली से आए साइबर विशेषज्ञ विभिन्न साइबर अपराधों के आधुनिक तरीकों और उनसे बचाव के उपायों पर प्रकाश डालेंगे। इस विषय की गंभीरता को देखते हुए, गिरिडीह जिला पुलिस उपाधीक्षक (साइबर थाना) और इंस्पेक्टर (साइबर थाना) को भी इस बैठक में आमंत्रित किया जाएगा। इसके अलावा, कुछ प्रमुख बैंकों के प्रबंधकों की उपस्थिति भी सुनिश्चित की जाएगी।

    बैठक के समापन के बाद सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से दोपहर भोजन का आनंद लिया। इस अवसर पर अशोक जैन, अमरजीत सिंह, गुणवंत सिंह, प्रमोद कुमार, निर्मल कुमार, प्रदीप डोकानिया, राजेंद्र बगड़िया, सुनील मोदी, राजेश अग्रवाल, विकास खेतान, सरवन केडिया सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।