Tag: BJP Protest

  • नगर निकाय चुनाव पार्टी आधारित कराए जाए-भाजपा

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह: नगर निकाय चुनाव में लगातार हो रही देरी के खिलाफ मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने सड़कों पर उतरकर राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शहर की सड़कों पर पैदल मार्च निकालते हुए जिला समाहरणालय तक जोरदार प्रदर्शन किया। उपायुक्त कार्यालय के समक्ष कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाते हुए जल्द से जल्द नगर निकाय चुनाव कराने की मांग की।

    इस विरोध प्रदर्शन में भाजपा के कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। पूर्व सांसद रविंदर राय, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, पूर्व  महापौर सुनील पासवान, जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, विनय सिंह और नगर अध्यक्ष हरविंदर सिंह बग्गा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लेकर सड़कों पर उतरे। “लोकतंत्र बचाओ”, “चुनाव कराओ” जैसे नारों से शहर का माहौल गूंज उठा।

    प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। नेताओं ने कहा कि सरकार जानबूझकर नगर निकाय चुनाव को टाल रही है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर हो रही है। लंबे समय से नगर निकाय संस्थाएं भंग पड़ी हैं, जिसका सीधा असर शहरी विकास कार्यों पर पड़ रहा है। सड़क, नाली, साफ-सफाई और नागरिक सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हैं, लेकिन सरकार को जनता की परेशानियों से कोई लेना-देना नहीं है।

    भाजपा नेताओं ने स्पष्ट मांग की कि नगर निकाय चुनाव अविलंब, पारदर्शी और पार्टी आधारित कराए जाएं। साथ ही मतदान प्रक्रिया में ईवीएम के प्रयोग की भी मांग की गई। नेताओं का कहना था कि पार्टी आधारित चुनाव से जनता अपने चुने हुए प्रतिनिधियों से सीधे जवाब मांग सकेगी और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा।

    प्रदर्शन के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नगर निकाय चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो भाजपा चरणबद्ध तरीके से व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता की आवाज को सड़क से लेकर सदन तक बुलंद करती रहेगी और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।

     

  • गिरिडीह में भाजपा का धरना: चाईबासा कांड के विरोध में फूटा गुस्सा, मंत्री की बर्खास्तगी की मांग

    THE NEWS POST4U.

    गिरिडीह:झारखंड के चाईबासा में एचआईवी संक्रमित रक्त चढ़ाए जाने की घटना ने पूरे राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को गिरिडीह जिला भाजपा ने सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर विरोध दर्ज कराया।

    धरना का नेतृत्व जिला अध्यक्ष महादेव दुबे ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिला मोर्चा की सदस्याएं और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने राज्य सरकार की कथित लापरवाही और भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी की।

    धरना को संबोधित करते हुए महादेव दुबे ने कहा कि — “चाईबासा की यह घटना सिर्फ एक अस्पताल की गलती नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की सड़ांध को उजागर करती है।” उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल में अस्पतालों की व्यवस्था चरमराई हुई है, दवा आपूर्ति से लेकर उपकरण खरीद तक में भ्रष्टाचार व्याप्त है।

    दुबे ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में टेंडर कमीशनखोरी के आधार पर दिए जा रहे हैं, जिससे घटिया सामग्री और सेवाएं मरीजों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने इसे राज्य की जनता के जीवन से खिलवाड़ बताते हुए मुख्यमंत्री और राज्यपाल से स्वास्थ्य मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।

    भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर राज्य सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ेगी। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जनता अब इस लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगी — हर अस्पताल में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करनी होगी।

    धरना के अंत में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें राज्य की बिगड़ती स्वास्थ्य व्यवस्था की उच्च स्तरीय जांच की मांग की गई।