Tag: Durga Puja 2025

  • क्या झारखंड में बारिश डाल देगी दुर्गा पूजा के उत्सव पर खलल ?

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    रांची : नवरात्र के अवसर पर झारखंड का हर शहर आस्था और भक्ति से सराबोर है। राजधानी रांची से लेकर कोल्हान, संताल और पलामू तक दुर्गा पूजा की रौनक नजर आ रही है। जगह-जगह भव्य पंडाल सज चुके हैं और मां दुर्गा की प्रतिमाएं भक्तों के दर्शन के लिए स्थापित की जा चुकी हैं। अधिकांश पंडालों के पट शुक्रवार को ही खोल दिए गए थे, जबकि शेष पंडाल शनिवार से भक्तों के लिए सुलभ हो गए हैं।

    लेकिन इस उत्साह के बीच एक सवाल हर किसी के मन में उठ रहा है—क्या बारिश पूजा की खुशी पर पानी फेर देगी?

    रुक-रुक कर हो रही बारिश ने बढ़ाई चिंता.

    पिछले दो दिनों से झारखंड के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इस कारण पंडालों की भव्य सजावट और रोशनी पर असर पड़ रहा है। कई जगह श्रद्धालुओं को पूजा स्थलों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। गिरिडीह ,धनबाद, बोकारो और रांची में शुक्रवार को झमाझम बारिश के कारण पंडालों में भीड़ अपेक्षाकृत कम रही।

    मौसम विभाग की चेतावनी और उम्मीद.

    मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का असर झारखंड पर भी देखने को मिल रहा है। इसके चलते राज्य के दक्षिणी और मध्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और गुमला समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

    हालांकि राहत की बात यह है कि 28 सितंबर से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और नवरात्र के शेष दिनों में श्रद्धालु बिना किसी रुकावट के मां दुर्गा की आराधना कर सकेंगे।

    श्रद्धालुओं में उत्साह बरकरार.

    मौसम की मार के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। सुबह-शाम भक्ति गीतों और ढाक की धुनों से पंडालों का वातावरण गूंज रहा है। जगह-जगह अष्टमी और नवमी के भोग की तैयारी जोर-शोर से हो रही है।

  • दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 30 बाइक रैपिड रिस्पांस टीम की तैनाती

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों के दौरान जिले का माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बना रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय से 30 बाइक रैपिड रिस्पांस टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार मौजूद रहे।

    प्रशासन के मुताबिक, ये बाइक रैपिड रिस्पांस टीम जिले के चारों प्रमंडलों में तैनात की जाएंगी। इन टीमों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि ये सीधे कंट्रोल रूम (CCR) से जुड़ी रहेंगी। बाइक पर सवार सुरक्षा बल पूरी तरह से हथियारों और उपकरणों से लैस होंगे। किसी भी क्षेत्र में अगर तनाव या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत मौके पर पहुँचकर हालात पर काबू पाएंगे और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल को बुलाया जाएगा।

    दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अलग से 4 अतिरिक्त बाइक ट्रैफिक नियंत्रण दल को भी लगाया है। ये दल खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास यातायात को नियंत्रित करने का काम करेंगे।

    उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बेफिक्र होकर दुर्गा पूजा का आनंद लें। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा बल लगातार गश्त पर रहेंगे ताकि त्योहारों का उल्लास बिना किसी व्यवधान के पूरा किया जा सके।