Tag: ESI Registration

  • गिरिडीह में उद्योग–व्यवसाय को लेकर अहम बैठक

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह: उद्योग और कर्मचारियों के हित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संवाद आज गिरिडीह जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से स्थानीय मधुबन वेजेस के सभागार में आयोजित किया गया। इस बैठक में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के स्थानीय जिला प्रबंधक श्री अमर कुमार सिन्हा और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रवर्तन पदाधिकारी श्री सुजीत कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।

    बैठक में कोईलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव श्री गोपाल भदानी समेत उनके संगठन के सदस्य भी शामिल हुए।
    इस अवसर पर श्री अमर कुमार सिन्हा ने 31 दिसंबर 2025 तक कर्मचारियों का निबंधन कराने वाले नियोजकों को ESIC द्वारा दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उद्योगपतियों और व्यवसायियों से अपील की कि वे तय समय सीमा के भीतर ESIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का पूरा लाभ मिल सके।

    वहीं EPFO के प्रवर्तन अधिकारी श्री सुजीत कुमार ने 30 अप्रैल 2026 तक अधिक से अधिक कर्मचारियों के ऑनलाइन पंजीकरण पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत उद्यमियों और व्यवसायियों के निबंधन की आवश्यकता बताते हुए इससे मिलने वाले दीर्घकालिक लाभों पर भी प्रकाश डाला।

    बैठक के दौरान चेंबर सदस्यों ने अपनी शंकाओं और जिज्ञासाओं को खुलकर अधिकारियों के सामने रखा, जिनका समाधान अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक किया। संवादात्मक माहौल में हुई यह बैठक उद्योग जगत के लिए न सिर्फ उपयोगी रही, बल्कि कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

    इस बैठक में जीडीसीसी अध्यक्ष के साथ-साथ डॉ. सज्जन डोकानिया, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष विकास खेतान, ध्रुव संथालिया, पंकज राठी, संजय भुडौलिया, मनोज डालमिया, निर्मल सलामपुरिया सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।