Tag: giridih latest news

  • छह सूत्री मांगों को लेकर नगर निगम कर्मियों का एक दिवसीय भूख हड़ताल, सरकार के खिलाफ गूंजे नारे

    गिरिडीह :- झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लॉइज फेडरेशन के आह्वान पर सोमवार को गिरिडीह नगर निगम के कर्मियों ने निगम कार्यालय परिसर में एक दिवसीय भूख हड़ताल की। इस दौरान कर्मियों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को पूरा करने की अपील की।

    फेडरेशन नेताओं का कहना है कि सरकार ने कई बार लिखित आश्वासन दिया, लेकिन अब तक किसी भी मांग को लागू नहीं किया गया। कर्मियों की छह सूत्री मांगों में सबसे अहम मांग दैनिक वेतनभोगी कर्मियों की सेवा को नियमित करने से जुड़ी है। फेडरेशन नेता अशोक सिंह ने कहा कि दो मंत्रियों के साथ लिखित समझौता होने के बावजूद सरकार ने वादाखिलाफी की है।

    भूख हड़ताल के कारण नगर निगम का पूरा कामकाज दिनभर बाधित रहा। बड़ी संख्या में कर्मचारी कार्यालय परिसर में डटे रहे और प्रदर्शन करते रहे।

    नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन और तेज होगा। 21 अगस्त को जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद 29 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास के समक्ष धरना-प्रदर्शन होगा। यदि तब भी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो 12 सितंबर से राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी।

    कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक लिखित समझौते को लागू कर उनकी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हड़ताल में नगर निगम के अधिकांश कर्मचारी शामिल हुए और उन्होंने एकजुटता का परिचय दिया।

  • गिरिडीह में सजीं भजनों व झांकियों की शाम, यादव महासभा द्वारा धूमधाम से मनाया गया जन्माष्टमी महोत्सव

    गिरिडीह :- शहर के हुट्टी बाजार स्थित संकट मोचन मंदिर में रविवार की रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया गया। यादव महासभा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालु उमड़े और देर रात तक पूरे मंदिर परिसर में भक्ति का माहौल बना रहा।

    कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की आरती और पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद भक्ति जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें बाहर से आए कलाकारों ने एक से बढ़कर एक कृष्ण भजन प्रस्तुत किए। भजनों पर श्रद्धालु भी भावविभोर होकर झूम उठे। मंदिर प्रांगण देर रात तक “जय श्रीकृष्ण” और “हरे कृष्णा” के जयकारों से गूंजता रहा।

    इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज को एकजुट करते हैं और युवाओं में भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने की प्रेरणा देते हैं।

    भक्ति गीतों के साथ-साथ कृष्ण रासलीला का मंचन और हनुमान जी व महाकाल की आकर्षक झांकियों ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सभी झांकियों को देखने के लिए मंदिर परिसर और आसपास भारी भीड़ जुटी रही। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होकर जन्माष्टमी के उल्लास का आनंद लेते रहे।

  • चंद्रवंशी समाज द्वारा राजीव रंजन के JPSC सफलता पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन

    जमुआ: चंद्रवंशी समाज ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा 2023 में शानदार सफलता पाने वाले राजीव रंजन के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम जगन्नाथडीह पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार के घर पर हुआ, जिसमें समाज के बड़े-बुजुर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल हुए। राजीव रंजन ने JPSC परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन किया। उनकी मेहनत और सफलता को देखकर समाज ने उन्हें सम्मानित करने का फैसला लिया। समारोह में मौजूद सभी लोगों ने कहा कि राजीव की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है।

    चंद्रवंशी समाज के संरक्षक अजीत कुमार पप्पू और प्रदेश अध्यक्ष भीम रवानी ने अपने भाषण में राजीव की मेहनत और लगन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राजीव ने अपने परिवार ही नहीं, पूरे समाज को गर्व महसूस कराया है। कार्यक्रम में राजीव को शॉल, फूलों का गुलदस्ता और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर राजीव ने अपने अनुभव भी साझा किए और बताया कि कैसे उन्होंने मुश्किल हालात में भी पढ़ाई जारी रखी।

    राजीव ने अपने भाषण में कहा, “यह सफलता मेरे लिए एक सपना पूरा होने जैसा है। यह मेरे परिवार, शिक्षकों और समाज के सहयोग के बिना संभव नहीं था।” उन्होंने युवाओं से कहा कि अगर मेहनत और आत्मविश्वास हो, तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं है। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने राजीव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    समारोह में कई लोगों ने चंद्रवंशी समाज की एकता और सामाजिक कार्यों की सराहना की। समाज के सचिव ने बताया कि समाज हमेशा से शिक्षा और विकास के लिए काम करता आया है। उन्होंने कहा कि राजीव जैसी सफलताएं समाज को नई दिशा देती हैं। कार्यक्रम में दूसरे JPSC अभ्यर्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया जो तैयारी में लगे हुए हैं।

    इस मौके पर चंद्रवंशी समाज ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त कोचिंग की योजना भी पेश की। समाज के कोषाध्यक्ष ने बताया कि मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति और कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसका मकसद है कि समाज के और बच्चे भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हों। समारोह में मौजूद सभी लोगों ने इस पहल की सराहना की।

    राजीव रंजन ने अपने परिवार और समाज को धन्यवाद दिया और कहा कि यह सम्मान उनके लिए एक जिम्मेदारी है। उन्होंने वादा किया कि वे ईमानदारी से काम करेंगे और समाज व देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने राजीव को अपना आदर्श बताया और उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।

    कार्यक्रम के अंत में चंद्रवंशी समाज के अध्यक्ष ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और प्रेरणा फैलाते हैं। यह आयोजन न सिर्फ राजीव रंजन के लिए खास था, बल्कि पूरे चंद्रवंशी समाज के लिए गर्व का पल भी था।

    इस कार्यक्रम ने यह दिखा दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य पाया जा सकता है। चंद्रवंशी समाज ने इस आयोजन के जरिए सिर्फ राजीव की सफलता का जश्न नहीं मनाया, बल्कि दूसरे युवाओं को भी आगे बढ़ने का हौसला दिया। यह समारोह समाज के लिए आने वाले समय में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा।

  • गिरिडीह :रिश्वतखोरी का पर्दाफाश, निदेशक अभिषेक कमल 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

    By The News Post4u

    गिरिडीह: जिले के कल्याणडीह स्थित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरएसईटीआई) में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। संस्थान के निदेशक और बैंक ऑफ इंडिया के सीनियर मैनेजर अभिषेक कमल को सीबीआई की धनबाद टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शुक्रवार को की गई, जिसकी पुष्टि सीबीआई एसपी पी.के. झा ने की है।

    जानकारी के मुताबिक, संस्थान परिसर में कैंटीन संचालित हो रही थी। उसी कैंटीन संचालक से अभिषेक कमल द्वारा नियमित संचालन के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान होकर संचालक ने धनबाद स्थित सीबीआई कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर सीबीआई की टीम ने मामले की गोपनीय जांच की, जिसमें घूसखोरी की पुष्टि हुई।

    जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने शुक्रवार को कल्याणडीह स्थित आरएसईटीआई कार्यालय पर छापा मारा। इस दौरान कैंटीन संचालक द्वारा जैसे ही तयशुदा 20 हजार रुपये की राशि निदेशक को सौंपी गई, टीम ने मौके पर ही अभिषेक कमल को पकड़ लिया। उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

    सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, अभिषेक कमल हजारीबाग जिले के निवासी हैं। चूंकि हजारीबाग रांची के करीब है, इसलिए आगे की छानबीन रांची सीबीआई की टीम कर रही है। अभिषेक के निवास स्थान पर भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

    गौरतलब है कि आरएसईटीआई केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय और राज्य सरकार द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जाता है। इस संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार और कौशल विकास का प्रशिक्षण देना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें। इस संस्थान का प्रबंधन संबंधित क्षेत्रीय बैंक ऑफ इंडिया के जिम्मे होता है।

    इस घूसकांड ने सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि आगे की जांच में और कौन-कौन इस मामले में शामिल पाए जाते हैं।

     

  • गिरिडीह को मिली नई स्वास्थ्य सौगात: मर्सी हॉस्पिटल का भव्य शुभारंभ, एक सपने की हुई पूर्ति

    परवेज़ आलम .

    गिरिडीह : जिलेवासियों के लिए आज का दिन ऐतिहासिक और भावनात्मक दोनों ही रहा। वर्षों से जिस स्वास्थ्य सुविधा की कमी महसूस की जा रही थी, वह आज पूरी हुई। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह के पहले मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल मर्सी हॉस्पिटल का भव्य उद्घाटन किया। समारोह में भारी संख्या में लोग मौजूद रहे और माहौल किसी उत्सव से कम नहीं था।

    स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई उम्मीद.

    मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने उद्घाटन के दौरान अपने संबोधन में कहा, “मर्सी हॉस्पिटल केवल एक इमारत नहीं, बल्कि गिरिडीह और आसपास के जिलों के लिए नई जिंदगी की उम्मीद है। यह अस्पताल वह चिकित्सा सुविधाएं देगा, जो अब तक केवल बड़े शहरों तक सीमित थीं।”

    मर्सी हॉस्पिटल में मरीजों को वही तकनीक और सेवाएं मिलेंगी जो देश के बड़े मेट्रो शहरों में उपलब्ध हैं। इसका लाभ न केवल गिरिडीह के लोग उठाएंगे, बल्कि कोडरमा, हजारीबाग, धनबाद जैसे आसपास के जिले भी इससे लाभान्वित होंगे।

    एक सपने की कहानी: डॉ. अमित गोंड का संकल्प.

    इस अस्पताल की नींव एक स्वप्न पर रखी गई थी — स्वर्गीय डॉ. अमित गोंड का सपना, जो चाहते थे कि गिरिडीह के लोगों को इलाज के लिए बाहर न जाना पड़े। उन्होंने इस सपने के लिए जीवन भर मेहनत की, पर दुर्भाग्यवश, उद्घाटन से ठीक पहले उनका असमय निधन हो गया।

    हालांकि, यह सपना वहीं नहीं रुका। डॉ. गोंड के परिवार ने इसे अपना मिशन बना लिया। रंजीत कुमार गौड, सुमित कुमार गोंड, नीरज शाहबादी, विश्वजीत सिंह (गुड्डू सिंह) और साहिल सलूजा ने अस्पताल के कार्य को आगे बढ़ाया और आज यह दिन उनके प्रयासों और दृढ़ निश्चय का प्रतीक बन गया।

    तीन चरणों में होगी सेवाओं की शुरुआत. 

    मर्सी हॉस्पिटल के सीईओ संजीत नायक ने बताया कि अस्पताल को तीन चरणों में पूरी तरह कार्यशील किया जाएगा:

    1. प्रथम चरण में –
      ओपीडी, अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक लैब, डायलिसिस यूनिट, डेंटल विभाग, सीटी स्कैन, टीएमटी जैसी सेवाएं चालू कर दी गई हैं।
    2. द्वितीय चरण में –
      इमरजेंसी सेवाएं, ऑपरेशन थिएटर, नवजात शिशु और व्यस्क आईसीयू, स्त्री रोग विभाग, एंडोस्कोपी एवं सामान्य सर्जरी यूनिट शुरू की जाएंगी।
    3. तृतीय चरण में –
      कार्डियोलॉजी, एंजियोग्राफी, हार्ट कैथ लैब जैसी सुपर स्पेशलिटी सेवाएं शुरू की जाएंगी, जिससे गिरिडीह मेडिकल सुविधाओं के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सके।

    समाज का व्यापक समर्थन. 

    इस ऐतिहासिक अवसर पर शहर के तमाम गणमान्य नागरिक निर्मल शाहबादी,अभय शाहबादी,रितेश शाहबादी, वैभव शाहबादी, रमेश प्रभकर, दिलीप झा,सईद अख्तर , अजित कुमार पप्पू ,सरदार चरणजीत सिंह , अधिवक्ता परवेज़ आलम ,चुननु कान्त , दीपक सवर्णकार, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, डॉक्टर्स और सैकड़ों की संख्या में आम जनता उपस्थित रही। यह दिन न केवल एक अस्पताल के उद्घाटन का था, बल्कि गिरिडीह के भविष्य की एक नई शुरुआत का प्रतीक भी था।

  • गिरिडीह: महिलाओं के नाम पर 50 लाख का लोन लेकर फरार हुआ पारा शिक्षक, ऐसे पकड़ा गया मामला

    गिरिडीह में 84 महिलाओं से लाखों की ठगी, सहायक अध्यापक पर आरोप

    गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अड़वारा पंचायत में 84 महिलाओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस ठगी का आरोप गांव के ही सहायक अध्यापक पवन सिंह पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार है।

    पीड़ित महिलाओं के अनुसार, पवन सिंह ने आधार कार्ड और वोटर कार्ड अपडेट करने के नाम पर उनके दस्तावेज लिए थे। इसके बाद उसने फिंगरप्रिंट लेकर कहा कि यह पुष्टि के लिए जरूरी है। लेकिन वास्तव में, उसने इन दस्तावेजों का इस्तेमाल माइक्रो फाइनेंस कंपनी से लोन पास कराने के लिए किया और फिर महिलाओं के नाम पर लिए गए लोन की रकम निकालकर फरार हो गया।

    इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब फाइनेंस कंपनी के अधिकारी गांव पहुंचे और महिलाओं से लोन की राशि चुकाने को कहा। महिलाओं ने हैरानी जताई कि उन्होंने कभी लोन के लिए आवेदन ही नहीं किया था, जबकि कंपनी का कहना है कि सभी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं और लोन उन्हीं के नाम पर दिया गया है, इसलिए उन्हें ही भुगतान करना होगा।

    सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक महिला के नाम पर ₹22,000 से लेकर ₹1,00,000 तक का लोन पास किया गया था, जिससे कुल ठगी की रकम ₹50 लाख से अधिक हो गई। पीड़ित महिलाओं ने बगोदर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अवर निरीक्षक अंजन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।

  • इनर व्हील क्लब ने 35वें चार्टर डे पर किया सेवा का महोत्सव

    परवेज़ आलम की रिपोर्ट ……….

    गिरिडीह। इनर व्हील क्लब गिरिडीह ने अपने 35वें चार्टर डे के उपलक्ष्य में सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण पेश किया। इस खास मौके पर क्लब को डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन अलकनंदा बख्शी का आधिकारिक दौरा भी मिला, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया।

    सेवा कार्य बने समारोह की पहचान.
    समाज सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए क्लब ने तीन जरूरतमंद लड़कियों को सिलाई मशीनें प्रदान कीं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। वहीं, एक जरूरतमंद व्यक्ति को व्हीलचेयर देकर उसकी जिंदगी को थोड़ी सहूलियत दी गई।

    होटल गार्डन व्यू में भव्य आयोजन.
    इस अवसर पर होटल गार्डन व्यू में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां शहर के प्रतिष्ठित संस्थानों के कई गणमान्य महिला-पुरुष शामिल हुए। क्लब की अध्यक्ष डॉ. रूपाश्री खैतान ने अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया, जबकि सेक्रेटरी निवेदिता पोद्दार ने अब तक क्लब द्वारा किए गए कार्यों का सारगर्भित विवरण प्रस्तुत किया।

    नई सदस्याओं का स्वागत.
    क्लब में नए सदस्यों के रूप में रिया बादल और नीलम कंधवे को शामिल किया गया। वहीं, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन अलकनंदा बख्शी ने क्लब के सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

    गौरवशाली इतिहास की झलक.
    चार्टर मेम्बर एवं पास्ट इंटरनेशनल एडिटर प्रभा रघुनंदन ने क्लब की 35 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर क्लब की सभी पास्ट प्रेसिडेंट्स को भी सम्मानित किया गया।

    विशेष लॉन्च – डेस्कटॉप कैलेंडर.
    इस यादगार समारोह में इनर व्हील क्लब गिरिडीह के नाम का विशेष डेस्कटॉप कैलेंडर भी लॉन्च किया गया, जो आने वाले वर्षों में क्लब की उपलब्धियों की याद दिलाता रहेगा।

    कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य सदस्य
    इस आयोजन में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन अलकनंदा बख्शी, क्लब अध्यक्ष डॉ. रूपाश्री खैतान, वाईस प्रेसिडेंट हेमा दत्ता, सेक्रेटरी निवेदिता पोद्दार, ट्रेजरर डॉ. पायल वर्मा, एडिटर सोनी कंधवे, सीजीआर रेखा तर्वे, डिस्ट्रिक्ट वाईस चेयरमैन रश्मि गुप्ता, पास्ट इंटरनेशनल एडिटर प्रभा रघुनंदन, पास्ट डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन रुही अहमद समेत अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।

    इनर व्हील क्लब गिरिडीह का यह आयोजन न केवल एक उत्सव था, बल्कि सेवा और समाज उत्थान की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल भी साबित हुआ।

  • नक्सली दंपती गिरफ्तार, सेंट्रल कमेटी के इनामी सदस्य के दस्ते से जुड़े होने का खुलासा

    झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सेंट्रल कमेटी सदस्य और एक करोड़ के इनामी माओवादी नेता विवेक के दस्ते में शामिल पति-पत्नी को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए नक्सलियों की पहचान तालेश्वर हांसदा उर्फ सेरमा और उनकी पत्नी मालती मुर्मू उर्फ गुड़ी उर्फ गुड़िया के रूप में हुई है। तालेश्वर गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के गणियाडीह और मालती मधुबन थाना क्षेत्र के टेसाफुली की रहने वाली है।

    जंगली क्षेत्र में छापेमारी से गिरफ्तारी.

    गिरफ्तारी की पुष्टि गिरिडीह के एएसपी अभियान सुरजीत कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि टेसाफुली के जंगली पहाड़ी इलाके में माओवादी दस्ते की गतिविधियां देखी गई हैं। इसके बाद एसपी और सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।

    टीम में एएसपी अभियान, सीआरपीएफ के सेकंड कमान अधिकारी, एसडीपीओ डुमरी, और डुमरी, पीरटांड व मधुबन के थाना प्रभारियों को शामिल किया गया। छापेमारी के दौरान नक्सली दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से 9 एमएम पिस्टल और गोलियां बरामद की गईं।

    प्रमुख नक्सली दस्ते से जुड़ाव।

    पूछताछ के दौरान दंपती ने स्वीकार किया कि वे प्रतिबंधित नक्सली संगठन के बड़े नेता प्रयाग मांझी उर्फ विवेक उर्फ करण दा के दस्ते के सक्रिय सदस्य थे। एएसपी अभियान ने बताया कि दंपती से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    अभियान में सुरक्षाबलों की प्रभावी भूमिका।

    इस सफल अभियान में एएसपी अभियान सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ के सेकेंड कमान अधिकारी दलजीत सिंह भाटी, एसडीपीओ डुमरी सुमित प्रसाद, सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट मनोज कुमार यादव, मधुबन थाना प्रभारी जगन्नाथ पान, पीरटांड थाना प्रभारी दीपेश कुमार, महिला चौकीदार मैनवा देवी, और सशस्त्र बलों की टीम ने हिस्सा लिया।

    पुलिस की उपलब्धि।

    इस गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। माओवादी संगठन के खिलाफ चल रहे अभियान में यह कार्रवाई सुरक्षाबलों के आत्मविश्वास को और बढ़ाएगी। पूछताछ में मिली जानकारियां संगठन के अन्य सदस्यों और गतिविधियों पर चोट पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती हैं।

    झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में इस तरह के अभियानों से पुलिस और सीआरपीएफ का ऑपरेशन माओवादियों के लिए लगातार चुनौती बनता जा रहा है।

  • 90 करोड़ का प्राइवेट जेट खरीदकर सुर्खियों के केंद्र मे है सुरेश जालान

    परवेज़ आलम की रिपोर्ट ………..

    झारखंड के गिरिडीह जिले के नामचीन उद्योगपति सुरेश जालान इन दिनों हर तरफ चर्चा में हैं। चाहे इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हो या सोशल मीडिया, हर जगह सुरेश जालान और उनके 90 करोड़ के प्राइवेट जेट की बात हो रही है। यह 10 सीटों वाला लग्जरी विमान जब से बोड़ो हवाई अड्डा के हैंगर में पहुंचा है, तभी से सुरेश जालान लाइमलाइट में हैं।

    कौन हैं सुरेश जालान?

    गिरिडीह के निवासी सुरेश जालान न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के जाने-माने उद्योगपति हैं। देश के सबसे अमीर कारोबारियों की सूची में उनकी रैंकिंग 299वें स्थान पर है। उनका कारोबार भारत के पांच राज्यों में फैला हुआ है। उनकी कंपनी विभिन्न प्रकार के उत्पादों का निर्माण करती है और झारखंड के सबसे बड़े कार्बन रिसोर्स अलकतरा कारखाने के मालिक के रूप में वे उद्योग जगत में अपनी खास पहचान रखते हैं।

    सिंगापुर से आया लग्जरी जेट।

    सुरेश जालान का यह प्राइवेट जेट स्विट्जरलैंड से गिरिडीह एयरपोर्ट, जिसे बोड़ो हवाई अड्डा  कहा जाता है, लाया गया। इसके बाद इसे सिंगापुर भेजे जाने की भी खबर है। यह प्राइवेट जेट न केवल उनकी आर्थिक सफलता का प्रतीक है, बल्कि उनके उभरते हुए व्यापार साम्राज्य को भी दर्शाता है।

    कंपनी का विशाल कारोबार।

    सुरेश जालान की कंपनी भारत में इलेक्ट्रोड पेस्ट की सबसे बड़ी और एकमात्र उत्पादक मानी जाती है, जिसकी सालाना उत्पादन क्षमता 1.20 लाख मीट्रिक टन है। इसके अलावा उनकी कंपनी कैल्सिनेड पेट्रोलियम कोक, इलेक्ट्रिकली कैल्सिनेड एन्थ्रेसाइट, रैमिंग पेस्ट, काब्युर्सराइजर और इंजेक्शन कार्बन जैसे उत्पादों का भी निर्माण करती है।

    90 करोड़ का यह प्राइवेट जेट सिर्फ एक विमान नहीं, बल्कि उनकी उपलब्धियों और समृद्धि की उड़ान को दर्शाता है। झारखंड के इस उद्योगपति ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मेहनत, जुनून और सही रणनीति के साथ कोई भी ऊंची उड़ान भर सकता है।

  • गिरिडीह में ब्लास्ट,एक की मौत

    गिरिडीह  : शीतलपुर में देर रात उमेश दास के घर में जबरदस्त ब्लास्ट होने से एक महिला की मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल है । घटना में उमेश दास की सास की मौत हो गई। जबकि उमेश दास, उसकी पत्नी और बेटा गंभीर रूप से घायल है। जिसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है। ब्लास्ट कि वजह का पता नहीं चल पाया है। ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि घर की दीवार से अलग होकर छत ऊपर की ओर उठ गई।