Tag: gunwant singh mongia

  • गुरू गोबिंद सिंह जी के 358वें प्रकाश पर्व पर उमड़ी आस्था की बयार

    GIRIDIH :  358वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सिख धर्म के दसवें गुरू, खालसा पंथ के संस्थापक, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारों में सुबह से ही शबद-कीर्तन की गूंज सुनाई दी और लंगर की सेवा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

    गिरिडीह के गुरुद्वारा में इस मौके पर विशेष दीवान सजाया गया। आकर्षक फूलों और रोशनी से सजे गुरुद्वारे में देहरादून के प्रसिद्ध रागी जत्था भाई हरप्रीत सिंह और उनकी टीम ने अपनी भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कीर्तन के माध्यम से संदेश दिया कि जीवन में सुख-शांति पाने के लिए हमें जाति-पाति का भेद मिटाकर एकता की ओर अग्रसर होना चाहिए।

    गुरुद्वारा के प्रधान मुख्य सेवक डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया और सचिव सम्मी सलूजा ने बताया कि गुरु गोबिंद सिंह जी की जयंती को लेकर 4 जनवरी को अखंड पाठ आरंभ किया गया था, जिसका समापन प्रकाश पर्व पर हुआ। 31 दिसंबर से 5 जनवरी तक प्रभात फेरियां निकाली गईं।

    डॉ. मोंगिया ने गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि वे केवल सिख धर्म के गुरु ही नहीं थे, बल्कि एक महान दार्शनिक, प्रख्यात कवि, निडर योद्धा और संगीत प्रेमी भी थे। उन्होंने मात्र 9 वर्ष की आयु में सिखों के नेतृत्व का भार संभाला और समाज में व्याप्त बुराइयों के खिलाफ एक मजबूत आवाज बनकर खालसा पंथ की स्थापना की।

    इस आयोजन की विशेषता रही कि लंगर की पूरी व्यवस्था झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा की गई थी। उनकी धर्मपत्नी श्वेता शर्मा ने अपनी पुत्री के साथ माथा टेका और गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। लंगर में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और प्रसाद ग्रहण किया।

    मौके पर डॉ. अमरजीत सिंह सलूजा, चरणजीत सिंह सलूजा, राजेंद्र सिंह, गुरविंदर सिंह समेत समाज के कई गणमान्य सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस आयोजन ने सभी को एकता, प्रेम और सेवा की भावना से जोड़ते हुए गुरु गोबिंद सिंह जी के उपदेशों की याद दिलाई।

  • गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व कल , प्रभात फेरी जारी

    गिरिडीह : सिखों के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व को लेकर गिरिडीह में भक्तिमय उत्सव का दौर जारी है। रविवार को प्रभात फेरी के पांचवें दिन गिरिडीह के पंजाबी मोहल्ला गुरुद्वारा से प्रभात फेरी का आयोजन हुआ। यह फेरी शहर के विभिन्न मार्गों – मकतपुर, कालीबाड़ी चौक, मुस्लिम बाजार, बड़ा चौक होते हुए मुख्य गुरुद्वारा स्टेशन रोड तक पहुंची।

    इस दौरान सिख समुदाय के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। भक्तगण भजन-कीर्तन करते हुए पूरे माहौल को भक्ति रस से सराबोर कर रहे थे। गिरती हुई ठंड और ठिठुरन भी श्रद्धालुओं के उत्साह को कम नहीं कर सकी।

    मुख्य गुरुद्वारा पहुंचने पर प्रभात फेरी का स्वागत पुष्प वर्षा और निशान साहब पर माल्यार्पण के साथ किया गया। इसके बाद स्थानीय रागी जत्थों द्वारा शब्द-कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की भी विशेष व्यवस्था की गई थी।

    गुरुद्वारा प्रबंधन का विशेष योगदान।
    इस आयोजन पर श्री गुरु सिंह सभा गिरिडीह के प्रधान डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया ने बताया कि प्रकाश पर्व को लेकर गुरुद्वारे में अखंड पाठ लगातार जारी है। पांच दिनों तक प्रभात फेरी के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। सोमवार को मुख्य गुरुद्वारे में सुबह से ही शब्द-कीर्तन और लंगर का आयोजन होगा। उन्होंने गिरिडीह वासियों से गुरुद्वारे में आकर गुरुवाणी का श्रवण करने की अपील की।

    इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया, सचिव सरदार नरेंद्र सिंह सम्मी, डॉ. अमरजीत सिंह सलूजा, सरदार चरणजीत सिंह सलूजा, सरदार देवेंद्र सिंह, सरदार कुंवरजीत सिंह, सरदार भूपेंद्र सिंह, सरदार गुरु भेज सिंह कालरा, सतविंदर सिंह सलूजा, सरदार परमजीत सिंह और सरदार अजिंदर सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।