Tag: jharkhand weather

  • क्या झारखंड में बारिश डाल देगी दुर्गा पूजा के उत्सव पर खलल ?

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    रांची : नवरात्र के अवसर पर झारखंड का हर शहर आस्था और भक्ति से सराबोर है। राजधानी रांची से लेकर कोल्हान, संताल और पलामू तक दुर्गा पूजा की रौनक नजर आ रही है। जगह-जगह भव्य पंडाल सज चुके हैं और मां दुर्गा की प्रतिमाएं भक्तों के दर्शन के लिए स्थापित की जा चुकी हैं। अधिकांश पंडालों के पट शुक्रवार को ही खोल दिए गए थे, जबकि शेष पंडाल शनिवार से भक्तों के लिए सुलभ हो गए हैं।

    लेकिन इस उत्साह के बीच एक सवाल हर किसी के मन में उठ रहा है—क्या बारिश पूजा की खुशी पर पानी फेर देगी?

    रुक-रुक कर हो रही बारिश ने बढ़ाई चिंता.

    पिछले दो दिनों से झारखंड के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इस कारण पंडालों की भव्य सजावट और रोशनी पर असर पड़ रहा है। कई जगह श्रद्धालुओं को पूजा स्थलों तक पहुंचने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। गिरिडीह ,धनबाद, बोकारो और रांची में शुक्रवार को झमाझम बारिश के कारण पंडालों में भीड़ अपेक्षाकृत कम रही।

    मौसम विभाग की चेतावनी और उम्मीद.

    मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव का असर झारखंड पर भी देखने को मिल रहा है। इसके चलते राज्य के दक्षिणी और मध्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और गुमला समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

    हालांकि राहत की बात यह है कि 28 सितंबर से मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और नवरात्र के शेष दिनों में श्रद्धालु बिना किसी रुकावट के मां दुर्गा की आराधना कर सकेंगे।

    श्रद्धालुओं में उत्साह बरकरार.

    मौसम की मार के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है। सुबह-शाम भक्ति गीतों और ढाक की धुनों से पंडालों का वातावरण गूंज रहा है। जगह-जगह अष्टमी और नवमी के भोग की तैयारी जोर-शोर से हो रही है।

  • झारखंड में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा: 24 मई तक बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी, आकाशीय बिजली से 5 की मौत

    By The NewsPost4u

    झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। दिन में चटक धूप के बाद अचानक बदलता मौसम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट ला रहा है। राज्य के कई इलाकों में दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है।

    मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 24 मई तक झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

    राजधानी रांची और अन्य इलाकों में राहत, लेकिन पलामू तप रहा है.

    पिछले दो दिनों में रांची और उसके आसपास के इलाकों में दोपहर बाद हुई बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी है। तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, पलामू अब भी भीषण गर्मी की चपेट में है। वहां का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दूसरी ओर, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में गर्मी में कुछ राहत मिली है, जहां पारा 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

    23 और 24 मई को फिर बारिश की संभावना.

    मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 23 और 24 मई को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन दो दिनों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि सोमवार को रांची में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा। कभी-कभी बादल छाए और हल्की हवाएं भी चलीं।

    प्रमुख शहरों का तापमान:

    • रांची – 35.8°C
    • जमशेदपुर – 34.5°C
    • डाल्टनगंज – 42.2°C
    • बोकारो – 34.5°C
    • चाईबासा – 35.4°C

    बीते कुछ दिनों में रांची में खराब मौसम के चलते विमान सेवाएं और ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। वहीं, कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही।

    आकाशीय बिजली का कहर: 5 की मौत, 6 घायल.

    सोमवार को गढ़वा और हजारीबाग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, गढ़वा में तीन और हजारीबाग में दो लोगों की जान गई है।

    सुरक्षा बल पर भी मौसम का कहर.

    पिछले हफ्ते चाईबासा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सीआरपीएफ के 46 वर्षीय जवान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हुए थे।

    मौसम विभाग की सतर्कता जारी.

    मौसम विभाग ने पहले ही 20 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। 23-24 मई को बारिश बढ़ने के कारण तूफान की आशंका कम हो सकती है, लेकिन किसी भी मौसमीय आपातस्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए विभाग समय-समय पर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर रहा है ताकि लोग सतर्क रहें।

    झारखंड में मौसम की अनिश्चितता लोगों के लिए चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में ज़रूरी है कि लोग मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और सावधानी बरतें, खासकर खुले इलाकों में निकलने से बचें।

  • पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदलेगा झारखंड का मौसम, अगले 5 दिनों तक बारिश की संभावना

    झारखंड में मौसम बदलाव के संकेत, अगले पांच दिन बारिश और बिजली गिरने की संभावना

    पश्चिमी विक्षोभ के पूर्व की ओर बढ़ने के कारण झारखंड में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राज्य में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे गर्मी का अहसास होगा।

    मौसम विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि 19 फरवरी से झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है। मंगलवार से राज्य के अधिकांश इलाकों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

    सोमवार को जारी मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार, बीते 24 घंटों में राज्यभर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। हालांकि, चतरा में यह 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी रांची में यह 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है।

    रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि मंगलवार से झारखंड के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और निचले स्तरों पर उत्तर-दक्षिणी गर्त बनने के कारण 19 और 20 फरवरी को हल्की बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। वहीं, बिजली गिरने और छिटपुट बारिश की गतिविधियां 23 फरवरी तक जारी रहने की संभावना है।

  • झारखंड में आज से बढ़ेगी गर्मी, 4 डिग्री तक बड़ सकता है तापमान

    झारखंड में बढ़ेगी गर्मी, तापमान में उछाल

    झारखंड में आज से गर्मी का असर तेज़ी से महसूस किया जाएगा। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। राज्य के चार जिलों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है।

    मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में अधिकतम तापमान 33 डिग्री, पश्चिम सिंहभूम में 34 डिग्री और सिमडेगा में 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने यह भी पूर्वानुमान जताया है कि झारखंड के सभी जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

    पिछले 24 घंटे में सरायकेला राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, चतरा में सबसे कम 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक और बीते 24 घंटे में 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

  • Jharkhand: राज्य में आज और कल बारिश होने की संभावना, बढ़ेगी ठंड

    बंगाल की खाड़ी में एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव झारखंड पर दो दिनों तक देखा जा सकता है। इस विक्षोभ के कारण राज्य में दो दिन बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद ठंड बढ़ जाएगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी है।

    मौसम केंद्र के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 8 और 9 दिसंबर को झारखंड के सभी जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है।

    उन्होंने आगे बताया कि 10 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त हो जाएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि होगी। झारखंड में इसका आंशिक प्रभाव रहेगा, जिससे हल्की बारिश हो सकती है।

    8 दिसंबर को राज्य के 11 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 9 दिसंबर को गढ़वा, पलामू और लातेहार को छोड़कर शेष 21 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।