Tag: RAMDAS SOREN

  • झारखंड में 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति रास्ता साफ, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी

    चाईबासा। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद झारखंड में 26 हजार शिक्षकों की बहाली का रास्ता साफ हो गया है। इससे राज्य के विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस संबंध में झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन ने चाईबासा परिसदन में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के सुधार के लिए लगातार प्रयासरत है।

    मंत्री ने बताया कि विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है, लेकिन कई बार तकनीकी अड़चनों के कारण इसे पूरी तरह से हल नहीं किया जा सका। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी आदेश के बाद अब झारखंड में 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का मार्ग पूरी तरह साफ हो गया है।

    शिक्षकों की कमी होगी दूर

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि जल्द ही इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर हो सके। उन्होंने बताया कि सरकार का लक्ष्य छात्र-शिक्षक अनुपात को संतुलित करना है। 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति के बाद भी इस दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा ताकि राज्य की शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

    पूर्ववर्ती सरकार पर हमला

    मंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार, विशेष रूप से भाजपा, पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने राज्य की शिक्षा व्यवस्था को बिगाड़कर रख दिया था। शिक्षकों को 16-17 वर्षों से प्रमोशन नहीं मिलने के कारण माध्यमिक और उच्च विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों की भारी कमी हो गई है। लेकिन अब इस स्थिति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर शिक्षा सुधार की दिशा में ठोस कार्य शुरू किया जा चुका है।

    नई शिक्षा नीति के तहत सुधार

    मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के तहत विभिन्न सुधारों को लागू कर रही है। क्षेत्रीय भाषाओं में शिक्षा की शुरुआत की जा चुकी है। शिक्षकों को गैर-शिक्षण कार्यों में लगाए जाने की परंपरा बिहार सरकार के समय से चली आ रही थी, लेकिन अब इसमें बदलाव किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। राज्य के प्रत्येक प्रखंड में मॉडल स्कूल संचालित किए जा रहे हैं, जबकि सीएम एक्सीलेंस स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न की पढ़ाई शुरू हो चुकी है। सरकार बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

    इससे पहले उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी राज टोप्पो और जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार ने शिक्षा मंत्री का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। बैठक के दौरान शिक्षा विभाग से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं और मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

  • झारखंड के पारा शिक्षकों को नये साल का तोहफा, जनवरी से मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय

    RANCHI:झारखंड के 59 हजार पारा शिक्षकों के लिए नये साल की शुरुआत खुशखबरी लेकर आई है। राज्य सरकार ने इन सहायक अध्यापकों के मानदेय में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। जनवरी 2025 से लागू होने वाली इस बढ़ोतरी से पारा शिक्षकों को उनके श्रेणी और योग्यता के आधार पर अलग-अलग मानदेय मिलेगा।

    बढ़ा हुआ मानदेय: जानिए, किसे कितना मिलेगा
    कक्षा 6 से 8 तक (TET पास शिक्षक):
    अब तक: ₹24,300
    जनवरी 2025 से: ₹25,200
    कक्षा 1 से 5 तक (TET पास शिक्षक):
    अब तक: ₹22,680
    जनवरी 2025 से: ₹23,530
    प्रशिक्षित शिक्षक (कक्षा 6 से 8 तक):
    अब तक: ₹19,656
    जनवरी 2025 से: ₹20,384
    आकलन परीक्षा पास शिक्षक (कक्षा 6 से 8 तक):
    अब तक: ₹21,008
    जनवरी 2025 से: ₹21,788
    प्रशिक्षित शिक्षक (कक्षा 1 से 5 तक):
    अब तक: ₹18,144
    जनवरी 2025 से: ₹18,816
    आकलन परीक्षा पास शिक्षक (कक्षा 1 से 5 तक):
    अब तक: ₹19,392
    जनवरी 2025 से: ₹20,112
    आने वाले तीन साल का खाका तैयार
    स्कूली शिक्षा विभाग ने 2027 तक पारा शिक्षकों के लिए मानदेय वृद्धि की योजना तय कर दी है। इससे पारा शिक्षकों को भविष्य की स्पष्टता और आर्थिक स्थिरता मिलेगी।

    मानदेय की गणना: किस आधार पर हो रही है?
    पारा शिक्षकों के मासिक मानदेय की गणना आकलन परीक्षा के परिणाम (29 सितंबर 2023) के आधार पर की गई है। इससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि मानदेय में पारदर्शिता बनी रहे।

    सरकार का यह कदम पारा शिक्षकों के योगदान को मान्यता देने और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पारा शिक्षकों ने इसे नए साल का शानदार तोहफा बताया है और अपने शिक्षण कार्य को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने का वादा किया है।

    झारखंड सरकार के इस निर्णय से राज्य के शिक्षा क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।