
रांची और बंगाल की खाड़ी में भूकंप के झटके, कोई नुकसान की खबर नहीं
झारखंड की राजधानी रांची में सुबह 6 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। हालांकि, अब तक भूकंप की तीव्रता का आधिकारिक रिकॉर्ड सामने नहीं आया है और न ही किसी तरह के नुकसान की सूचना मिली है। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अक्षांश 19.52 उत्तर और देशांतर 88.55 पूर्वी पर स्थित था। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्क रहना जरूरी है।
इसी के साथ, बंगाल की खाड़ी में भी मंगलवार सुबह 6:10 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.1 मापी गई। पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में इस भूकंप के झटके महसूस किए गए, हालांकि किसी तरह के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है।
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में आया भूकंप 91 किलोमीटर की गहराई पर था। विशेषज्ञों का कहना है कि जब भूकंप का केंद्र सतह से अधिक गहराई पर होता है, तो उसका प्रभाव कम होता है। वहीं, अगर भूकंप का केंद्र 5 से 10 किलोमीटर की गहराई में हो, तो इससे ज्यादा नुकसान होने की आशंका रहती है। हालांकि, नुकसान की गंभीरता भूकंप की तीव्रता पर निर्भर करती है।