Category: Jharkhand

  • झारखंड: 1000 से ज्यादा NGOs पर लटक रही मान्यता रद्द होने की तलवार!

    GIRIDIH:झारखंड में निबंधन नियमावली का पालन न करने पर 1000 से अधिक संस्थाओं का पंजीकरण सस्पेंड कर दिया है। इन संस्थाओं को नोटिस जारी कर पूछा गया है—“क्यों न आपकी मान्यता समाप्त कर दी जाए?”

    यह कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि सरकार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई संस्थाएं कागजों पर चल रही हैं, वार्षिक रिपोर्ट जमा नहीं कर रहीं, पते बदलने जैसी जानकारियां सरकार से छिपा रही हैं। झारखंड के राजस्व, निबंधन और भूमि सुधार विभाग ने इन आरोपों के आधार पर कड़ा कदम उठाया है।

    नोटिस का जवाब नहीं दिया तो खत्म होगी मान्यता. 
    सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए इन संस्थाओं की गतिविधियों पर रोक लगा दी है। सस्पेंड रजिस्ट्रेशन के दौरान ये संस्थाएं कोई भी चल-अचल संपत्ति ट्रांसफर नहीं कर सकेंगी। उन्हें 31 दिसंबर 2024 तक अंतिम मौका दिया गया है कि वे अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। ऐसा न करने पर एकतरफा कार्रवाई करते हुए उनकी मान्यता रद्द कर दी जाएगी।

    नियम तोड़ने के आरोप, दस्तावेजों में गड़बड़ी. 
    सरकार की समीक्षा में यह सामने आया कि कई संस्थाएं नियमों का पालन नहीं कर रही थीं। इनमें से कई संस्थाएं ऐसी हैं, जिन्होंने रजिस्ट्रेशन के बाद से कभी भी वार्षिक रिपोर्ट नहीं सौंपी। कुछ ने नियमों का उल्लंघन करते हुए अनुदान प्राप्त किया। सोसायटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 के तहत निबंधित इन संस्थाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं मिली हैं।

    सवाल उठते हैं, जवाब नहीं मिलते. 
    क्या ये संस्थाएं वाकई समाज सेवा के लिए थीं या सिर्फ कागजी दांवपेंच के सहारे सरकारी संसाधनों का दोहन कर रही थीं? और अगर सरकार को इतने वर्षों तक इनकी गतिविधियों की जानकारी नहीं थी, तो क्या यह सरकारी तंत्र की विफलता नहीं है?

    संस्थाओं का अस्तित्व और विश्वास का सवाल. 
    अब सवाल सिर्फ 1000 संस्थाओं की मान्यता का नहीं है। सवाल झारखंड में NGO के अस्तित्व और उनके प्रति जनता के विश्वास का है। क्या ये संस्थाएं अपनी पारदर्शिता साबित कर पाएंगी? या यह अध्याय झारखंड में स्वयंसेवी संस्थाओं की नई परिभाषा गढ़ने का आगाज होगा? सरकार की इस कार्रवाई ने झारखंड के NGO क्षेत्र में भूचाल ला दिया है। 31 दिसंबर 2024 की समयसीमा न सिर्फ इन संस्थाओं के भविष्य का फैसला करेगी, बल्कि यह भी तय करेगी कि झारखंड में सामाजिक कार्यों की साख कितनी मजबूत है।

  • विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों पर मुकदमा

    झारखंड के डुमरी  के विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों पर सीसीएल के क्वार्टर पर कब्जा करने, सरकारी काम में बाधा डालने और क्वार्टर में रखें सामान की चोरी करने के आरोप लगे हुए हैं. बोकारो जिले के चंद्रपुरा थाने में सीसीएल के ढोरी क्षेत्र, फुसरो (बोकारो) में सुरक्षा पदाधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों पर केस दर्ज करवाया है. पुलिस ने बताया कि डी /02 सेंट्रल कॉलोनी, ढोरी, मकोली के एक क्वार्टर पर जेएलकेएम पार्टी के विधायक जयराम महतो के समर्थकों ने कब्जा कर लिया था. इतना ही नहीं विधायक के समर्थकों ने कथित तौर पर वहां रह रहे प्रशिक्षु पदाधिकारियों को  जबरन भागया और उनका सामान हटा दिया. इधर जैसे ही मामले की सूचना सुरक्षा पदाधिकारी को मिली तो वह मौके पर पहुंचे. जेएलकेएम पार्टी के 20 से 25 अज्ञात कार्यकर्ता हंगामा कर रहे थे और बार-बार कह रहे थे कि डुमरी के विधायक जयराम महतो के निर्देश पर वे लोग यहां क्वार्टर पर कब्जा करने आए हैं.

    सीसीएल के क्वार्टर के अंदर जबरन प्रवेश कर चुके जेएलकेएम पार्टी के कार्यकर्ताओं को सुरक्षाकर्मी निकल रहे थे. मामला बिगड़ता देख वहां चंद्रपुरा थाना प्रभारी अमन कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और उपद्रव मचा रहे युवकों को शांत कराने की कोशिश की. हालांकि उपद्रवी लड़के कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थे. इसके बाद प्रखंड कार्यालय बेरमो से प्रशासनिक अमला पहुंचा और उपद्रवियों को बाहर निकालने का निर्देश दिया.

    देर रात डुमरी के जयराम महतो भी मौके पर पहुंचे और प्रशासन को सहयोग करने के बजाय उपद्रवी लड़कों का सहयोग करते हुए पुलिस पदाधिकारियों भिड़ने लगे. सीसीएल ढोरी क्षेत्र के सुरक्षा पदाधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने हंगामे के बाद विधायक जयराम महतो और उनके करीब 30-40 समर्थकों के खिलाफ क्वार्टर में जबरन घुसने, वहां रह रहे प्रशिक्षुओं का सामान गायब करने, सरकारी काम में बाधा डालने, उपस्थित मजिस्ट्रेट, पुलिस कर्मी, सीसीएल कर्मी और सीआईएसएफ कर्मी के साथ गाली-गलौज करने सहित कई आरोप लगाते हुए चंद्रपुरा थाना में शिकायत दी है.

  • मनमोहन सिंह: सादगी का महानायक, भारतीय राजनीति की सबसे शांत आवाज़ का मौन होना

    परवेज़ आलम की रिपोर्ट …………

    डॉ. मनमोहन सिंह – एक ऐसा नाम जिसने भारतीय राजनीति को न सिर्फ नई दिशा दी बल्कि अपने व्यक्तित्व से राजनीति की परिभाषा भी बदली। गुरुवार, 26 दिसंबर 2024, देश के लिए एक ऐसा दिन जब उसने अपनी सबसे शांत और विनम्र आवाज़ को खो दिया। एम्स दिल्ली में 92 साल की उम्र में इस पूर्व प्रधानमंत्री का निधन हुआ, और उनके साथ खत्म हुआ एक युग। गुरशरण कौर और अपनी तीन बेटियों के साथ सादगी से भरा उनका जीवन सिर्फ उनकी पारिवारिक सीमाओं तक नहीं था। डॉ. मनमोहन सिंह का हर कदम, हर निर्णय, सादगी और गहराई से परिभाषित था।

    वो सफर अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत से दिल्ली तक।
    26 सितंबर 1932 को अविभाजित भारत के पंजाब प्रांत  में जन्मे मनमोहन सिंह ने बंटवारे के बाद भारत को अपना घर बनाया। उनकी शिक्षा की कहानी भारत की हर महत्वाकांक्षी आत्मा के लिए प्रेरणा है। पंजाब विश्वविद्यालय से शुरुआत, फिर कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड – शिक्षा के हर पड़ाव ने उनके विचारों को और निखारा।

    आर्थिक सुधारों का महानायक। 
    1991 का वो दौर जब भारत आर्थिक संकट से जूझ रहा था। वित्त मंत्री के रूप में डॉ. सिंह ने जो फैसले लिए, उन्होंने भारत को आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया। उदारीकरण के जरिए उन्होंने देश के लिए वैश्विक अवसरों के दरवाजे खोले।

    प्रधानमंत्री: सत्ता से परे एक दृष्टिकोण। 
    2004 से 2014 तक के दो कार्यकाल में मनमोहन सिंह ने देश को सामाजिक योजनाओं और आर्थिक सुधारों के जरिए मजबूत करने का प्रयास किया। वो शायद पहले ऐसे प्रधानमंत्री थे जो सत्ता में रहते हुए भी “सत्ता” से दूर थे।

    एक आदर्श जिसने राजनीति को मानवीय बनाया। 
    मनमोहन सिंह कभी भी उग्र भाषणों के लिए नहीं जाने गए। लेकिन उनकी चुप्पी अक्सर विरोधियों के शोर से भारी पड़ी। उनका हर निर्णय गहराई और देश की भलाई को प्राथमिकता देता था।

    आज जब पूरा देश शोक में है, तब ये याद रखना जरूरी है कि उनका जीवन सिर्फ एक नेता का नहीं, बल्कि एक आदर्श का था। सादगी, ईमानदारी, और निष्ठा का जो संदेश उन्होंने छोड़ा है, वो हमेशा भारतीय राजनीति को राह दिखाता रहेगा।

  • अहिबरन जयंती की धूम: एकता, शिक्षा और संघर्षशीलता का संदेश

    गिरिडीह का बरनवाल सेवा सदन गुरुवार को एकता, उल्लास और उमंग से सराबोर दिखा। मौका था अहिबरन जयंती सह परिवार मिलन समारोह का, जिसे बरनवाल सेवा समिति ने पूरे जोर-शोर से आयोजित किया। कार्यक्रम की शुरुआत महाराजा अहिबरन की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुई। मंच पर झारखंड प्रदेश अध्यक्ष लखन लाल बरनवाल, महामंत्री इंद्रजीत लाल, लौह व्यवसायी जयप्रकाश लाल और डॉक्टर विकास लाल समेत अन्य विशिष्ट जन मौजूद थे।

    शोभायात्रा में गूंजा जयकारा. 
    जयंती समारोह से पहले निकली शोभायात्रा ने गिरिडीह की सड़कों को बरनवाल समाज की एकता से भर दिया। महिला, पुरुष, बच्चे—हर उम्र के लोग हाथों में जयकारे के साथ चलते दिखे। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए बंगाल सेवा सदन में संपन्न हुई।

    प्रतियोगिताओं में दिखा बच्चों का उत्साह. 
    समारोह के दौरान बरनवाल धर्मशाला में बच्चों के लिए कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। चित्रांकन प्रतियोगिता ने खासा ध्यान खींचा। विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन समिति के सचिव राजेंद्र लाल बरनवाल ने कुशलता से किया।

    नेताओं के संदेश: शिक्षित और संगठित बनें. 

    • लखन लाल बरनवाल ने समाज को शिक्षित, संगठित और संघर्षशील बनने का संदेश दिया। उन्होंने ऐलान किया कि समाज के कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति और कन्या विवाह में सहयोग हेतु एक विशेष समिति का गठन किया जाएगा।
    • इंद्रजीत लाल ने कुरीतियों को छोड़ने और अच्छी नीतियों को अपनाने की बात कही।
    • जयप्रकाश लाल ने कहा, “संगठन में ही शक्ति है। यदि हम संगठित रहेंगे, तो समाज का उत्थान निश्चित है।”

    संगठन की शक्ति का प्रदर्शन. 
    समारोह में शामिल बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों और बच्चों ने यह दिखा दिया कि बरनवाल समाज में एकता और उत्साह की कोई कमी नहीं है। यह आयोजन सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि समाज को मजबूत बनाने की दिशा में एक कदम था।

    सफल आयोजन के पीछे ये चेहरे.
    कार्यक्रम को सफल बनाने में सुबोध कुमार बरनवाल, संजय कुमार बरनवाल, राकेश रंजन, विनोद कुमार बरनवाल, प्रदीप बरनवाल, अभिलाष आनंद, आयुष राज, शंकर बरनवाल, ललिता बरनवाल, सरिता बरनवाल और सीमा बरनवाल का योगदान सराहनीय रहा।

    अगला कदम: समाज के लिए नई योजनाएं. 
    समारोह ने यह स्पष्ट कर दिया कि बरनवाल समाज संगठित होकर अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रतिबद्ध है। जयंती की यह धूम समाज को एक नई दिशा और ऊर्जा देने में कामयाब रही।

  • रघुवर दास की घर वापसी:बीजेपी की राजनीति में फिर इंट्री !

    RANCHI : ओडिशा के राज्यपाल पद से इस्तीफा देने के बाद जब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास गुरुवार को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे, तो नजारा देखने लायक था। बीजेपी कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके स्वागत में उमड़ पड़ा। जैसे ही दास एयरपोर्ट से बाहर आए, फूल-मालाओं से उन्हें लाद दिया गया। जमशेदपुर से भी कई समर्थक इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने पहुंचे थे।

    अव्यवस्था के बीच नेता-कार्यकर्ताओं का मिलन। 
    एयरपोर्ट के बाहर भीड़ इतनी अधिक थी कि कुछ देर के लिए अव्यवस्था का माहौल बन गया। लेकिन रघुवर दास ने सब्र से 15 मिनट तक कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। चेहरे पर मुस्कान और दिल में आभार लिए, दास वहां से अपने सरकारी आवास के लिए रवाना हुए।

    गार्ड ऑफ ऑनर और भव्य स्वागत। 
    एयरपोर्ट पर गार्ड ऑफ ऑनर से उनका सम्मान किया गया। यह स्वागत उनके लिए किसी विजय यात्रा से कम नहीं था। शुक्रवार को उनके जमशेदपुर रवाना होने की खबर है, जहां जोर-शोर से उनके स्वागत की तैयारियां चल रही हैं।

    बीजेपी में वापसी के संकेत। 
    सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को रघुवर दास फिर से बीजेपी की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं। संवैधानिक बाध्यताओं के चलते राज्यपाल बनने से पहले उन्हें पार्टी से इस्तीफा देना पड़ा था। अब उनके लिए बीजेपी के दरवाजे फिर खुल रहे हैं। हालांकि, आधिकारिक ऐलान का इंतजार है।

    राजभवन का वादा निभाया। 
    ओडिशा से विदाई के पहले रघुवर दास ने एक और दिल जीतने वाला कदम उठाया। झारखंड के 1000 आदिवासी बच्चों को उन्होंने भुवनेश्वर स्थित राजभवन की सैर कराई। यह वही वादा था, जो उन्होंने बच्चों से किया था।

    दास ने इन बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, “आगे बढ़ने के लिए बड़े सपने देखना जरूरी है। अपना लक्ष्य तय करें और उसे पाने के लिए जुट जाएं। समर्पित प्रयास ही सफलता की कुंजी है।”

    क्या कहते हैं संकेत?
    रघुवर दास कीवापसी  झारखंड में फिर से राजनीतिक सक्रियता की ओर इशारा करता है, बल्कि उनकी नेतृत्व क्षमता और कार्यकर्ताओं के बीच लोकप्रियता को भी साबित करता है। बीजेपी में उनकी वापसी एक नया राजनीतिक अध्याय खोल सकती है।

  • हेमंत सोरेन का न्यू ईयर गिफ्ट क्या है ? …..और किसके लिए !

    परवेज़ आलम की रिपोर्ट …………

    जेल में बंद कैदियों के लिए खुशखबरी ! झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन न्यू ईयर पर कैदियों के लिए बड़ा तोहफा देने की तैयारी में हैं। अब बंदियों को जेल की बोरिंग थाली से राहत मिलेगी, क्योंकि खाने में मांसाहारी और शाकाहारी दोनों के लिए खास बदलाव होने जा रहा है।

    कैसा होगा नया मेन्यू?
    अब तक जेल में कैदियों को हफ्ते में सिर्फ एक दिन मांसाहार का स्वाद चखने को मिलता था। लेकिन नए प्रस्ताव के मुताबिक, मांसाहारी कैदियों को हफ्ते में चार दिन स्पेशल ट्रीट मिलेगी। मांसाहारी बंदियों को 3 दिन 200 ग्राम चिकन, 1 दिन 2 अंडे शाकाहारी बंदियों को 3 दिन 100 ग्राम सोयाबीन बड़ी, 1 दिन पनीर की सब्जी और खीर तो पहले से मिल ही रही थी।

    सीएम हेमंत सोरेन की जेल की यादें बनीं प्रेरणा।
    यह कदम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जेल के अनुभवों से प्रेरित है। हेमंत सोरेन ने जेल में रहने के दौरान जेल की खान-पान व्यवस्था को करीब से देखा। कुछ बंदियों से भी फीडबैक लिया। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने अधिकारियों से जेल में खानपान में सुधार को लेकर ठोस योजना बनाने संबंधित दिशा-निर्देश दिया था।

    मटन की विदाई, चिकन का स्वागत!
    अब कैदियों की थाली से मटन गायब होगा। वजह ? मटन की क्वालिटी पर कैदियों की शिकायतें। उसकी जगह अब चिकन और अंडा से भरपूर प्रोटीन का इंतजाम किया गया है।

    प्रोटीन बढ़ेगा, सेहत सुधरेगी।
    इस बदलाव का उद्देश्य सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि सेहत भी है। नए साल में कैदियों की थाली न सिर्फ स्वादिष्ट होगी, बल्कि हेल्दी भी। यह कदम जेल प्रशासन के 2012 के डायट चार्ट को अपग्रेड करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

    कैसे मिलेगा हरी झंडी ?
    कारा महानिरीक्षक ने इस प्रस्ताव को विभागीय मंत्री हेमंत सोरेन के पास भेजा है। उनके अनुमोदन के बाद यह प्रस्ताव कैबिनेट में जाएगा। वहां से मंजूरी मिलने पर इसे लागू किया जाएगा।

    तो क्या कहें?
    कैदियों के लिए यह बदलाव सिर्फ खाने की थाली तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके जीवन में एक सकारात्मक संदेश भी है। अब जेल में बंद बंदी सिर्फ सजा नहीं काटेंगे, बल्कि सेहतमंद जिंदगी की ओर भी कदम बढ़ाएंगे।

  • वीर बाल दिवस : बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश

    GIRIDIH : भारतीय जनता पार्टी, जिला गिरिडीह द्वारा नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष दिनेश प्रसाद यादव के आवासीय कार्यालय, धरियाडीह में वीर बाल दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि धनबाद विधायक राज सिन्हा ने वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यह दिन उन वीर बालकों के बलिदान को समर्पित है जिन्होंने कभी अपने दुश्मनों के सामने झुकना स्वीकार नहीं किया। उनका जीवन हमें सिखाता है कि सत्य और धर्म के लिए अंत तक संघर्ष करना ही सच्ची वीरता है।”

    कार्यक्रम में भागीदारी:
    इस अवसर पर भाजपा के प्रमुख कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से दिनेश यादव, महादेव दुबे, विनय सिंह, कामेश्वर पासवान, संगीता सेठ, प्रकाश दास, और सिंकू सिन्हा की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बनाया।

    संदेश और प्रेरणा:
    कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल वीर बालकों के बलिदान को याद करना था, बल्कि वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को उनके साहस और आत्मबलिदान से प्रेरणा देने का भी था।

  • मंत्री सोनू ने किया मृतक दामोदर के परिवार को आर्थिक मदद

    गिरिडीह : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चिलगा गांव में बीते दिनों हुई चाकूबाजी की घटना में मारे गए दामोदर यादव के परिवार को नगर विकास और पर्यटन मंत्री सुदिब्य कुमार सोनू ने तीन लाख रुपये की आर्थिक मदद दी गई। मंत्री सोनू ने पीड़ित परिवार से मिलकर पहुंचे और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया । इसके अलावा मंत्री के निर्देश पर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने ₹50,000 और सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) की ओर से ₹2.5 लाख की भी मदद पीड़ित परिवार को दी गयी । मंत्री ने अम्बेडकर आवास योजना के तहत घर, बेटी की शिक्षा का खर्च और बेटे को नौकरी दिलाने का आश्वासन भी दिया।

    बता दें कि अपराधियों द्वारा चाकूबाजी की घटना में घायल दामोदर यादव का इलाज के दौरान बीते दिनों निधन हो गया था। यह घटना पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का कारण बनी थी और विरोधी दल इसपर राजनीति भी शुरू कर दिया था पर मंत्री और स्थानीय विधायक सोनू की इस पहल ने विरोधियों की मंशा को फुस्स कर दिया ।
    मंत्री जी के दौरे के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौजूद थे । परिवार ने सरकारी मदद और मंत्री के आश्वासनों पर आभार व्यक्त किया। वहीं, ग्रामीणों ने भी मंत्री को धन्यवाद देते हुए अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
    यह पहल पीड़ित परिवार को राहत देने के साथ ही सरकार की संवेदनशीलता को भी दर्शाती है।

     

  • ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा : मंत्री का सख्त निर्देश

     

    गिरिडीह : गिरिडीह में ग्रामीण विकास विभाग और पंचायती राज विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक मंत्री श्रीमती दीपिका पांडे सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में उप विकास आयुक्त, सदर अनुमंडल पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता समेत जिले के सभी प्रमुख अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।

    बैठक में मंत्री ने विभागीय योजनाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्धारित लक्ष्यों को समय पर और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने मनरेगा, अबुआ आवास योजना, और झारखंड मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना की प्रगति की विशेष रूप से समीक्षा की।

    मुख्य निर्देश और चर्चा के बिंदु:

    1. मनरेगा और आवास योजना: मंत्री ने इन योजनाओं के तय लक्ष्य को शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए।
    2. लाभुकों को समय पर लाभ: उन्होंने जोर दिया कि योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के साथ लाभुकों तक पहुंचे।
    3. झारखंड मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना: 28 तारीख को आयोजित कार्यक्रम में लाभुकों की संख्या सुनिश्चित करने के लिए प्रखंड अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

    बैठक के दौरान सभी बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को जवाबदेह बनाने की बात कही गई। श्रीमती दीपिका पांडे सिंह ने पारदर्शी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा, “ग्रामीण विकास योजनाएं ग्रामीणों के जीवन में बदलाव लाने का माध्यम हैं, और इन्हें समय पर पूरा करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।”

    ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभाग की योजनाओं की सफलता सुनिश्चित करने के लिए यह बैठक एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखी जा रही है।

     

  • नेतरहाट स्कूल के प्रशासनिक अधिकारी रिश्वत लेते गिरफ्तार: एसीबी की बड़ी कार्रवाई

    रांची : झारखंड के प्रतिष्ठित नेतरहाट आवासीय विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी रोशन कुमार बक्शी को 50,000 रुपये रिश्वत लेते हुए  एसीबी की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम का हिस्सा थी।

    पलामू एसीबी के एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि आरोपी अधिकारी स्कूल में दूध सप्लाई करने वाले एक व्यक्ति को बिल भुगतान के एवज में रिश्वत देने के लिए लगातार परेशान कर रहा था। तंग आकर शिकायतकर्ता ने एसीबी से मदद मांगी।

    कैसे रची गई गिरफ्तारी की योजना?
    शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने मामले की जांच की। जांच में पुष्टि हुई कि अधिकारी रिश्वत की मांग कर रहे थे। इसके बाद गुरुवार को एसीबी ने शिकायतकर्ता को पैसे देकर अधिकारी के पास भेजा।

    रोशन कुमार बक्शी ने शिकायतकर्ता को अपने घर बुलाकर रिश्वत ली। जैसे ही पैसे उनके हाथ में आए, निगरानी टीम ने वहां पहुंचकर उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया।

    क्या कहते हैं एसीबी अधिकारी?
    पलामू एसीबी के एसपी अंजनी अंजन ने बताया, “प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। हमारी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से उन्हें गिरफ्तार किया है। रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”

    नेतरहाट स्कूल का इतिहास और साख.
    नेतरहाट आवासीय विद्यालय, झारखंड का प्रतिष्ठित संस्थान है, जहां से अब तक 500 से अधिक आईएएस, आईपीएस और अन्य प्रशासनिक अधिकारी शिक्षा प्राप्त कर चुके हैं। इस घटना ने स्कूल की प्रतिष्ठा पर सवालिया निशान खड़े किए हैं।

    ‘द न्यूज़ पोस्ट4यू’ से जुड़े रहें, झारखंड  से जुड़ी हर अपडेट के लिए।