Category: Jharkhand

  • भयमुक्त होकर मतदान करें: एसपी । मतदान के दिन अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें-डीसी नमन प्रियेश लकड़ा

    परवेज़ आलम

    GIRIDIH : एसपी डॉ. विमल कुमार ने मीडिया से  बातचीत में लोगों से अपील की कि वे बिना किसी डर के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। उन्होंने बताया कि शांति और निष्पक्षता से चुनाव कराने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो। मतदान केंद्रों का निरीक्षण अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने संयुक्त रूप से किया है, जिससे किसी भी समस्या से बचा जा सके।

    जिले में 2393 बूथ और 20.58 लाख मतदाताओं के लिए तैयारियां पूरी
    जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए 2393 बूथ बनाए गए हैं, जहां 20,58,716 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार बूथों की संख्या इस प्रकार है:

    • धनवार: 424
    • बगोदर: 454
    • जमुआ: 400
    • गांडेय: 375
    • गिरिडीह: 367
    • डुमरी: 373

    क्षेत्रवार जनसंख्या और मतदाताओं की संख्या:

    विधानसभा क्षेत्र जनसंख्या पुरुष वोटर महिला वोटर कुल वोटर
    धनवार 5,76,694 1,90,946 1,80,104 3,71,050
    बगोदर 5,86,359 1,97,482 1,89,800 3,87,282
    जमुआ 5,47,389 1,85,617 1,73,717 3,59,334
    गांडेय 5,06,232 1,64,926 1,54,982 3,19,908
    गिरिडीह 4,70,640 1,53,764 1,51,133 3,04,897
    डुमरी 4,99,226 1,61,210 1,55,035 3,16,245

    रंगोली कार्यक्रम से मतदान जागरूकता का प्रयास
    लोकतंत्र के महापर्व में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समाहरणालय परिसर में “मतदान महोत्सव” के तहत रंगोली कार्यक्रम आयोजित किया गया। रंगोली के जरिए “वोट करेगा गिरिडीह” और “वोट गिरिडीह वोट” जैसे संदेश लिखे गए। जिला निर्वाचन पदाधिकारीने लोगों से मतदान के दिन अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस बार बूथों पर छाया, पानी, शौचालय, दिव्यांगजन और बुजुर्गों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कतार से मुक्ति के लिए स्वयंसेवक भी तैनात होंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपने परिवार के साथ बूथ पर पहुंचें और मतदान के बाद सेल्फी अपलोड कर दूसरों को प्रेरित करें। लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।

  • कल्पना सोरेन ने चुनावी सभाओं का शतक किया पूरा

    परवेज़ आलम 

    GIRIDIH : बुधवार को दूसरे चरण की 38 सीटों पर मतदान होना है । सभी राजनीतिक दलों ने 19 दिनों तक चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। एनडीए की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने कमान संभाली, जबकि इंडिया गठबंधन से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने जोरदार प्रचार किया।

    हेमंत सोरेन ने 18 नवंबर तक लगभग 100 चुनावी सभाएं कीं, और कल्पना सोरेन ने चुनावी सभाओं का शतक  पूरा किया । प्रधानमंत्री मोदी ने झारखंड के गढ़वा, गुमला, घाटशिला, चाईबासा, गोड्डा, और सारठ में छह चुनावी सभाएं कीं और रांची में एक रोड शो किया। गृह मंत्री अमित शाह ने 16 सभाओं को संबोधित किया।

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने भी प्रचार में हिस्सा लिया। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने 50 से अधिक सभाएं कीं।

    केंद्रीय मंत्रियों में राजनाथ सिंह और शिवराज सिंह चौहान ने भी चुनाव प्रचार किया। शिवराज सिंह चौहान ने करीब 50 सभाएं कीं। कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने पहले और दूसरे चरण के दौरान कुल 12 सभाओं को संबोधित किया। कांग्रेस नेता इमरान प्रतापगढ़ी और गुलाम अहमद मीर ने भी 12 से अधिक सभाएं कीं।

    राजद के लालू प्रसाद यादव ने एक सभा की, जबकि तेजस्वी यादव ने लगभग 23 सभाएं कीं। भाकपा माले के दीपंकर भट्टाचार्य और सीपीएम की वृंदा करात ने भी कई सभाएं कीं। वृंदा करात ने लगभग एक दर्जन सभाएं कीं।

  • एनडीए सरकार का आना तय – चंपाई सोरेन

    गिरिडीह : झारखंड के पूर्व मुख्य मंत्री चंपाई सोरेन ने सोमवार को पीरटांड़ के सोबरनपुर मे चुनावी सभा को संबोधित करते हुये गिरिडीह से भाजपा उम्मीदवार निर्भय शाहबादी को विजयी बनाने की अपील की । उन्होने कहा कि हेमंत सरकार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं। राज्य की जनता बदलाव के लिए तैयार है और एनडीए सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उनका विश्वास है कि 23 तारीख को गठन होगा।निर्भय शाहबादी ने भी सभा को संबोधित किया । इस मौके पर संथाल समाज के लोगों के साथ जम कर नाते और मंदार भी बजाई ।

  • झारखंड में एनडीए सरकार बनाने को जनता तैयार: हिमंता बिस्वा सरमा

    GIRIDIH: झारखंड में सत्तारूढ़ जेएमएम सरकार के दिन अब गिने-चुने रह गए हैं। राज्य की जनता बदलाव के लिए तैयार है और एनडीए सरकार बनाने का मन बना चुकी है। असम के मुख्यमंत्री और झारखंड भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा ने डुमरी में एक पदयात्रा के दौरान यह बातें कही। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार ने झारखंड को हर मोर्चे पर निराश किया है और समाज के सभी वर्गों को धोखा दिया है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण में जनता ने एनडीए को अपना समर्थन दिया है, और यही रुझान दूसरे चरण में भी दिखेगा। उनका विश्वास है कि 23 तारीख को एनडीए सरकार का गठन होगा।

    गिरिडीह के डुमरी में आयोजित रोड शो  में बड़ी  संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। इस दौरान गिरिडीह के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने भी राज्य के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि झारखंड को उसकी पूरी क्षमता तक ले जाने के लिए एनडीए सरकार का बनना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को रोजगार, महिलाओं को अधिकार और बुजुर्गों को सम्मान देने का वादा किया। उन्होंने जनता से अपील की कि वे एनडीए उम्मीदवार यशोदा देवी को भारी मतों से विजयी बनाएं ताकि डुमरी की तस्वीर बदली जा सके। एनडीए उम्मीदवार यशोदा देवी ने भी रोड शो और जनसभा में आए लोगों का  धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि डुमरी की जनता ने अपने मन की बात स्पष्ट कर दी है। उन्होंने वादा किया कि डुमरी, जो लंबे समय से विकास से वंचित रहा है, अब विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ही डुमरी और झारखंड के हर गांव और हर घर में विकास का प्रकाश ला सकती है।

     

  • वोटिंग से पहले जमुआ विधानसभा में बड़ा खेला

    GIRIDIH : जमुआ के पूर्व विधायक बलदेव हाजरा की पुत्र वधु गीता हाजरा सोमवार देर शाम भाजपा में शामिल हो गयी । गीता हाजरा लगातार दो बार देवरी से जिला परिषद् सदस्य रह चुकी है । गीता हाजरा के भाजपा में शामिल होने को झामुमो उम्मीदवार केदार हाजरा के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। गीता हाजरा को बाबूलाल मरांडी ने  पार्टी में शामिल कराया । मौके पर कोडरमा की सांसद व केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी मौजूद थीं।

  • झारखंड की सियासी जंग: योगी के ‘हिंदू’ बयान और सुप्रियो का तीखा वार

    परवेज़ आलम
    GIRIDIH: झारखंड के चुनावी अखाड़े में आज गिरिडीह में झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने प्रेस वार्ता में बीजेपी और योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा।

    सुप्रियो ने कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ झारखंड में घूम-घूमकर हर बार की तरह इस बार भी हिंदू धर्म का राग अलाप रहे हैं। उनके मुताबिक, योगी ने प्रचार में कहा कि “अयोध्या, मथुरा और काशी में हिंदू बंटे तो नुकसान हुआ, लेकिन जब एक हुए तो फायदा मिला। इसलिए एक रहना है और सेफ रहना है।”

    सुप्रियो का सवाल:
    “क्या 2014 में बीजेपी की सरकार बनने के बाद ही हिंदू धर्म खतरे में आ गया? उससे पहले तो कभी ये बात सुनने में नहीं आई। क्या ये केवल चुनावी हथकंडा है?”

    ‘घुसपैठ’ पर BJP को घेरा:
    2024 आते-आते ‘घुसपैठ’ का नया शब्द चर्चा में आया। सुप्रियो ने कहा, “गृह मंत्री अमित शाह खुद मानते हैं कि घुसपैठ हुई है। असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा और सुप्रीम कोर्ट ने भी इस बात को स्वीकारा। तो अगर घुसपैठ हो रही है, तो गृह मंत्री अपने पद पर क्यों टिके हुए हैं? उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।”

    सुप्रियो का तंज:
    “2014 से पहले घुसपैठ पर कोई चर्चा नहीं होती थी। अब इसे चुनावी हथियार बना लिया गया है। सवाल है कि जो जिम्मेदार हैं, वे अपनी जिम्मेदारी कब लेंगे?”

    तो चुनावी रणभूमि में मुद्दे क्या हैं? धर्म, सुरक्षा और ‘घुसपैठ’ की चर्चा के बीच जनता से जुड़ी असली बातें कहां गायब हो गईं?

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का बीजेपी पर ‘व्हिस्पर कैंपेन’ का आरोप: झूठी बातें, नकली डर, और खुला मुकाबला

    परवेज़ आलम

    सुनिए! ये कहानी है झारखंड के मैदान से, जहां सियासत के खेल में ‘व्हिस्पर कैंपेन’ का नया अध्याय लिखा जा रहा है।

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने अंदाज में बीजेपी पर तीखा प्रहार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए एक वीडियो में उन्होंने बीजेपी की रणनीति पर सवाल खड़े किए। उनके मुताबिक, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बंगाल से लोग झारखंड की चुनावी चौपालों पर ‘व्हिस्पर कैंपेन’ चलाने आ रहे हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में इसके लिए करोड़ों खर्च हो रहे हैं।

    हेमंत सोरेन का खुला आरोप:
    “वे अपने काम की बातें नहीं करेंगे। वे आएंगे और आपको झूठी कहानियों से डराएंगे। नकली डर दिखाएंगे। उनके पास कोई असली मुद्दा नहीं है, बस आपकी सोच को बरगलाने की कोशिश करेंगे।”

    उन्होंने बीजेपी पर इलेक्टोरल बॉन्ड, नकली दवाइयों और वैक्सीन के जरिए देश के लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ करने का भी आरोप लगाया।

    झारखंडियों से अपील:
    “झारखंड वासियों, हमारा स्वभाव है बेखौफ बोलने का। बीजेपी का ये ‘व्हिस्पर कैंपेन’ हमें डराने की कोशिश कर रहा है, लेकिन झारखंड चुप रहने वालों में से नहीं है। मैं आप सबसे अपील करता हूं कि मेरे लिए खुलकर कैंपेन करें। हम डरने वाले नहीं हैं।”

    तो सवाल ये है, क्या झारखंड की जमीन पर ‘व्हिस्पर कैंपेन’ की ये हवा चल पाएगी? या फिर जनता की आवाज इतनी जोर से गूंजेगी कि फुसफुसाहट दबकर रह जाएगी?

  • यादव महासभा और राष्ट्रीय यादव सेना का गिरिडीह के तीन सीटों पर यादव उम्मीदवारों को समर्थन

     

    गिरिडीह: अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा और राष्ट्रीय यादव सेना गिरिडीह के पदाधिकारियों ने आज एक संयुक्त प्रेस बयान जारी करते हुए यादव समाज से अपील की है कि आगामी विधानसभा चुनाव में धनवार से भाकपा माले के उम्मीदवार राजकुमार यादव, गांडेय से फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार राजेश यादव, और बगोदर से निर्दलीय उम्मीदवार दिनेश यादव के पक्ष में मतदान करें।

    महासभा और सेना के जिला अध्यक्ष एवं सचिव ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि इन तीन विधानसभा क्षेत्रों में यादव समाज के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए समाज के हर एक वोट का महत्व है। उन्होंने कहा, “यह चुनाव यादव समाज की एकता, सम्मान और प्रतिष्ठा का प्रतीक है। इसलिए यह ज़रूरी है कि समाज के सभी लोग इन उम्मीदवारों को समर्थन देकर सामाजिक एकता को मजबूत करें।”

    यादव समाज की नाराजगी

    पदाधिकारियों ने एनडीए और इंडिया महागठबंधन दोनों पर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना था कि गिरिडीह जिले की छह विधानसभा सीटों में से किसी भी गठबंधन ने यादव समाज के किसी उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया, जबकि जिले में लगभग चार लाख यादव मतदाता हैं। इसे यादव समाज के लिए अपमानजनक बताया गया और कहा गया कि इस बार समाज को अपनी ताकत दिखानी होगी।

    महासभा का निर्णय

    अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा और राष्ट्रीय यादव सेना ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि धनवार से राजकुमार यादव, गांडेय से राजेश यादव, और बगोदर से दिनेश यादव को पूरा समर्थन दिया जाएगा। इससे न केवल सामाजिक एकता मजबूत होगी, बल्कि यादव समाज की ताकत का एहसास भी करवाया जा सकेगा।

    पदाधिकारियों की उपस्थिति

    प्रेस वार्ता में यादव महासभा के जिला अध्यक्ष धनेश्वर यादव, वरीय अधिवक्ता कामेश्वर प्रसाद यादव, यादव ट्रस्ट ऑफ इंडिया के सदस्य संजय यादव, महासभा के महेश प्रसाद निराला और राजेश यादव, राष्ट्रीय यादव सेना के जिला अध्यक्ष सह प्रदेश संगठन मंत्री धर्मेंद्र यादव, और जिला सचिव इंद्रदेव यादव समेत अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

    यादव महासभा ने यादव समाज के बुद्धिजीवियों, छात्रों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों से अपील की है कि वे इस चुनाव को सामाजिक सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई समझकर इन तीनों उम्मीदवारों को विजयी बनाएं।

  • दूसरे चरण में 38 सीटों पर होगी वोटिंग, आज थम जाएंगे चुनाव प्रचार

    झारखंड के 38 विधानसभा क्षेत्रों में आज चुनाव प्रचार थम जाएगा। आज शाम 5 बजे के बाद प्रत्याशियों को प्रचार की अनुमति नहीं होगी। वह केवल डोर टू डोर जनसंपर्क कर सकेंगे।
    राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रविकुमार ने कहा है कि मतदान समाप्ति के 48 घंटे पहले से साइलेंट पीरियड में किसी भी प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं से अपील वाले मैसेज का प्रसारण नहीं किया जा सकता है। मीडिया के प्रतिनिधि प्रत्याशियों के मतदान का कवरेज कर सकते हैं। लेकिन उनके द्वारा किसी प्रकार की अपील अथवा राजनीतिक बयान का प्रसारण नहीं करना है।

    बता दें कि 20 नवंबर को राजमहल, बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, पाकुड़, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, नाला, जामताड़ा, दुमका, जामा, जरमुंडी, मधुपुर, सारठ, देवघर, पोड़ैयाहाट, गोड्डा, महागामा, रामगढ़, मांढ़ू, धनवार, बगोदर, जमुआ, गांडेय, गिरिडीह, डुमरी, गोमिया, बेरमो, बोकारो, चंदमकियारी, सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी, बाघमारा, सिल्ली व खिजरी में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा।

  • गिरिडीह: भाजपा महिला सम्मेलन में सरकार पर तीखे हमले, वोट देने की अपील

    परवेज़ आलम
    GIRIDIH : गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रधान कार्यालय में रविवार को महिला सम्मेलन और जनसभा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वर्ण चित्र मंदिर के सभागार में आयोजित किया गया, जिसमें छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा, कोडरमा विधायक नीरा यादव, राजस्थान के भरतपुर के पूर्व सांसद रंजीत कोहली और भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी ने भाग लिया।

    महिलाओं को योजनाओं से अवगत कराया
    सभा को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने महिला सुरक्षा, फ्री सिलेंडर योजना और गोगो दीदी योजना जैसे मुद्दों पर चर्चा की। इसके साथ ही झामुमो सरकार की मइया सम्मान योजना को आड़े हाथों लिया। नेताओं ने आरोप लगाया कि यह योजना महिलाओं को केवल ठगने के लिए शुरू की गई है।

    झामुमो सरकार पर हमला
    भाजपा वक्ताओं ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में सिर्फ तीन महीने के लिए मइया सम्मान योजना के तहत महिलाओं को एक-एक हजार रुपये देकर उन्हें लुभाने की कोशिश की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव से पहले बड़े वादे किए, लेकिन पांच वर्षों में उन वादों को पूरा करने में विफल रही। नेताओं ने यह भी कहा कि अब जब चुनाव नजदीक हैं, तो सरकार ने महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर वोट बटोरने की कोशिश शुरू कर दी है। उन्होंने झारखंड के लोगों से इस बार बदलाव की लहर में भाजपा को समर्थन देने की अपील की।

    सत्ता परिवर्तन की अपील
    सभा में भाजपा नेताओं ने गिरिडीह के भाजपा प्रत्याशी निर्भय शाहाबादी को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार की लोकलुभावन योजनाओं को नकारते हुए प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का समय आ गया है।

    कार्यक्रम में भारी भीड़
    इस अवसर पर भाजपा नेत्री शालिनी वैशखियार, सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और हजारों की संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।