Category: Jharkhand

  • झारखंड का राजनीतिक माहौल गर्म एक-दूसरे पर तीखे हमले

    रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के मतदान में अब केवल छह दिन शेष हैं, और राज्य में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। मंगलवार को ‘इंडिया’ गठबंधन ने अपना घोषणा पत्र जारी किया, जिसमें उन्होंने ‘एक वोट, सात गारंटी’ का वादा किया है। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जैसे प्रमुख नेताओं की जनसभाएं भी आयोजित हुईं, जहां

    भाजपा के राजनाथ सिंह ने विपक्षी दलों झामुमो, कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सभी “विनाश के दूत” हैं, जिन्होंने जनता को धोखा दिया और चुनाव से पहले झूठे वादे कर सत्ता हासिल की, लेकिन किसी भी वादे को अब तक पूरा नहीं किया। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आलमगीर आलम की तुलना औरंगजेब से की। कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खरगे ने भी योगी आदित्यनाथ के “बंटेंगे तो कटेंगे” वाले बयान का जवाब देते हुए कहा कि “बांटने वाले भी तुम हो और काटने वाले भी तुम हो।”

    ऐसे में बुधवार को भी चुनावी सरगर्मियां और जुबानी हमले जारी रहने की संभावना है।

  • छठ पर्व मनाने घर आए युवक की हत्या

    गिरिडीह : गिरिडीह में छठ पर्व मनाने अपने घर आए युवक की हत्या कर दी गई, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है, जहां 30 वर्षीय छोटू दास का शव बुधवार सुबह हेठलापीठ और सिमरियाधोड़ा के बीच मिला। छोटू के गले पर कट के निशान और शरीर पर चाकू के घाव पाए गए हैं, जिससे साफ है कि उसकी निर्मम हत्या की गई।
    घटना की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जीतवाहन उरांव और मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है और हत्या की वजह का पता लगाने में जुट गई है।
    मृतक छोटू बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पतरोडीह में अपने ससुराल में रह रहा था। छठ पर्व के लिए वह अपने बच्चों के साथ हेठलापीठ आया था लेकिन रविवार को बच्चों को छोड़कर ससुराल लौट गया था। उसने अपने परिवार से कहा था कि वह मंगलवार रात को वापस आ जाएगा, लेकिन बुधवार सुबह उसका शव एक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे मिला।
    पुलिस का कहना है कि हत्या की वारदात मंगलवार रात से बुधवार सुबह के बीच हुई है। मुफस्सिल थाना इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो ने बताया कि हत्यारे की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा।

  • नवीन आनंद चौरसिया ने लोगों को JLKM के विजन बताया

    परवेज़ आलम
    गिरिडीह : गिरिडीह विधानसभा से JLKM प्रत्याशी नवीन आनंद चौरसिया ने सोमवार को पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया. हरलाडीह ,सिमरकोढ़ी सहित कई जगहों पर जनसंपर्क किया. यहां JLKM के विजन लोगों को बताया  । जनसंपर्क के दौरान नवीन आनंद चौरसिया ने लोगों को भरोसा देते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी लोग हमारा साथ दें. हर हाल में गिरिडीह की जनता की जीत होगी. उन्हें सभी वर्ग के लोगों का समर्थन मिल रहा है. कहा जनता का आशीर्वाद मिला तो हर वर्ग के लोगों की बात को सदन और सरकार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का समाधान करुंगा. प्रचार अभियान में कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा से जुटे दिखे । दिन-रात 15 घंटे मेहनत कर रहे हैं, ताकि इस चुनाव में चौरसिया को विजयी बना सके । चौरसिया ने जनता से सीधा संवाद किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उनका कहना है कि यह चुनाव उनके लिए नहीं, बल्कि गिरिडीह की जनता के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है। इस बार जनता खुद चुनाव लड़ रही है और जनता ही निर्णायक भूमिका में है। चौरसिया ने जनता से अपील की कि वे इस बार कैंची छाप परवोट देकर क्षेत्र के विकास और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के लिए उन्हें समर्थन दें। उनका संदेश साफ है-इस बार क्षेत्र से ठेकेदारी की राजनीति को समाप्त कर जनता के सच्चे सेवक को चुना जाना चाहिए।इस चुनावी माहौल में चौरसिया का बढ़ता जनसमर्थन निश्चित ही एक संदेश है कि जनता परिवर्तन के लिए तैयार है।

  • बागियों पर भाजपा का बड़ा ऐक्शन

    रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी ने बगावत करने वाले नेताओं पर कड़ा कदम उठाया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी के निर्देश पर महामंत्री वर्मा ने उन 30 नेताओं को पार्टी से बाहर कर दिया, जिन्होंने अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ नामांकन दायर कर दिया था और पार्टी की नीतियों का उल्लंघन किया। पार्टी की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इन नेताओं को 6 वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया गया है। निष्कासित नेताओं में चंद्रमा कुमारी (पलामू), कुमकुम देवी (हजारीबाग), लक्ष्मी देवी (पलामू), जूली यादव (दुमका), बलवंत सिंह (लातेहार), अरविंद सिंह (खरसावां), बटेश्वर मेहता (हजारीबाग), भैय्या बांके बिहारी (हजारीबाग), चितरंजन साव (बोकारो), कर्नल संजय सिंह (पलामू), हर्ष अजमेरा (हजारीबाग), हजारी प्रसाद साहू (रांची ग्रामीण), मिसिर कुजूर (गुमला), मिस्त्री सोरेन (पाकुड़), मुकेश कुमार शुक्ला (पाकुड़), पुष्परंजन (पलामू), और राजकुमार सिंह (जमशेदपुर महानगर) का नाम शामिल है।

  • अवसर मिला तो खेल के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करूँगा- नवीन चौरसिया

    गिरिडीह: गिरिडीह विधानसभा से JLKM प्रत्याशी नवीन आनंद चौरसिया नवाडीह गाँव में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि थे । यहाँ उन्होने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। कार्यक्रम के दौरान सांकृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया था, इसमे भी वे शामिल हुये । उन्हेने कार्यक्रम के दौरान अपने सम्बोधन मे कहा कि इस सम्मान के लिए मैं आप समस्त गाँव वालों और प्रतियोगिता कमेटी का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ, साथ-ही-साथ वादा करता हूँ

     

    कि आगे भी मुझे सेवा का अवसर मिला तो खेल के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करूँगा।

  • झारखंड की जल, जंगल, ज़मीन पर भाजपा की नज़र, मोदी और रघुवर सरकार ने लगातार इसे लूटने की कोशिश की-हेमंत सोरेन

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने फिर से केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा पर असली मुद्दों से भटकने का आरोप लगाया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर कहा कि भाजपा पुरानी हिंदू-मुस्लिम, पाकिस्तान-बांग्लादेश जैसी नफरत भरी राजनीति पर लौट आई है, लेकिन झारखंड के जल, जंगल, जमीन के मुद्दों पर चुप्पी साध रखी है। सोरेन ने मोदी और रघुवर सरकार पर झारखंड के संसाधनों की लूट का आरोप लगाया और कहा कि उनकी सरकार ने आदिवासियों के हक की रक्षा के लिए कई अहम कदम उठाए हैं।

    मुख्यमंत्री ने CNT-SPT कानूनों की सुरक्षा और आदिवासी अधिकारों के संरक्षण पर जोर देते हुए आगे भी “अबुआ राज” की ओर झारखंड को ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।

    मोदी सरकार और रघुवर सरकार ने लगातार इसे लूटने की कोशिश की जिसका हम सब, झारखंडियों, ने जी-जान लगाकर विरोध किया:

    1)आदिवासी-मुलवासियों के सुरक्षा कवच CNT-SPT कानून को ख़तम करने की कोशिश की थी।
    2)CNT-SPT कानून में संशोधन के विरुद्ध और पत्थलगड़ी आन्दोलन करने वाले आदिवासियों पर गोली चलाया और हजारों को देशद्रोह घोषित आर दिया।
    3)भूमि अधिग्रहण कानून, 2013 में संशोधन कर ज़मीन लूटने के लिए दरवाज़ा खोल दिया।
    4)22 लाख एकड़ सामुदायिक ज़मीन को हथिया कर लैंड बैंक बना दिया।
    5)ग्राम सभाओं से जंगल छीन कर कॉर्पोरेट को देने के लिए वन संरक्षण कानून में संशोधन किया।
    6)हाथी उड़ा कर कॉर्पोरेट घरानों को राज्य को लूटने की छूट दे दी थी।
    7)भूमि स्वामित्व कार्ड योजना लागू कर CNT-SPT कानून और खूंटकट्टी व्यवस्था को खतम करने की कोशिश की।
    8)व्यवसायिक खनन नीति लागू कर कोयला भंडार को कॉर्पोरेट घरानों के हवाले किया।

    पिछले पांच सालों में हम जल, जंगल, ज़मीन को बचाने की लड़ाई लड़ते रहे हैं : 

    1)CNT-SPT काननों में कोई संशोधन होने नहीं दिया।
    2)दशकों से आदिवासियों के संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए नेतरहाट फील्ड फायरिंग रेंज परियोजना के अवधि विस्तार पर रोक लगाया।
    3)आदिवासियों के धार्मिक धरोहर लुगु बुरु बाड़ी पहाड़ पर प्रस्तावित DVC पॉवर परियोजना को रोका।
    4)पत्थलगड़ी आन्दोलन और CNT-SPT कानून आन्दोलन के विरुद्ध दर्ज फ़र्ज़ी मामलों को वापिस किया।

    अब अगले पांच सालों में अबुआ सरकार इस संघर्ष को “अबुआ राज” की ओर आगे बढ़ाएगी, जहां: 

    1)CNT-SPT कानून को कड़ाई से लागू किया जायेगा।
    2)गांव की ज़मीन गांव के पास ही रहेगी. भूमि अधिग्रहण कानून (झारखंड) संशोधन 2017 और लैंड बैंक नीति को रद्द किया जायेगा।
    3)विस्थापन एवं पुनर्वास आयोग को पूर्ण रूप से स्थापित करके भूमिहीनों, दलितों और गरीब किसानों को जीवनयापन और आजीविका के लिए जमीन दिया जायेगा।
    4)आदिवासी-मूलवासियों को वन अधिकार कानून के तहत जंगलों पर स्वामित्व के लिए सामुदायिक वन पट्टा का आवंटन किया जायेगा।
    5)भाजपा सरकार के ऑनलाइन भूमि दस्तावेज कार्यक्रम में जो भूमि घोटाला हुआ है, उसे अभियान चलाकर सुधारा जायेगा और दोषियों के विरुद्ध कार्यवाई होगी।
    6)आदिवासी-मूलवासियों की ज़मीन लूटने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाई की जाएगी।

  • आज राजनाथ, योगी और शिवराज चौहान की चुनावी सभाएं

    झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा के प्रचार में आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान झारखंड पहुंचेंगे। योगी आदित्यनाथ और शिवराज सिंह चौहान तीन-तीन जनसभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि राजनाथ सिंह दो जनसभाओं में शामिल होंगे।

    योगी आदित्यनाथ सुबह 10:30 बजे कोडरमा जिले के डोमचांच में चंद्रावती स्कूल ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद हजारीबाग जिले के बड़कागांव में प्लस टू हाई स्कूल मैदान में दोपहर 12:00 बजे और फिर जमशेदपुर के आम बागान ग्राउंड में दोपहर 1:30 बजे जनसभा करेंगे।

    राजनाथ सिंह दोपहर 12:00 बजे रांची जिले के रातु में सी एन राज छोटानागपुर हाई स्कूल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे, फिर दोपहर 1:30 बजे लोहरदगा जिले के समाहरणालय मैदान में जनसभा करेंगे।

    शिवराज सिंह चौहान सुबह 11:00 बजे जामताड़ा जिले के सारठ में तेतुलबांधा मिशन ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे दुमका जिले के मुरहाबहाल मोतीपुर मैदान में और फिर दोपहर 2:00 बजे देवघर जिले के मधुपुर के करौन स्कूल मैदान में जनसभा करेंगे।

  • मल्लिकार्जुन खरगे और सचिन पायलट आज झारखंड में

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और महासचिव सचिन पायलट 5 नवंबर को झारखंड दौरे पर होंगे। इस दौरान खरगे मांडू और कांके में जनसभाएं करेंगे, जबकि पायलट जमशेदपुर पूर्वी में रोड शो में शामिल होंगे।

    कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट एक दिवसीय दौरे पर पांच नवंबर को झारखंड आ रहे हैं। मल्लिकार्जुन खरगे मांडू विधानसभा में पार्टी प्रत्याशी जयप्रकाश भाई पटेल और कांके विधानसभा क्षेत्र में सुरेश बैठा के पक्ष में दो जनसभा को संबोधित करेंगे। मांडू विधानसभा क्षेत्र के किसान मजदूर उच्च विद्यालय दाढ़ी में 12:15 बजे से उनकी पहली सभा होगी। इसके बाद वे कांके विधानसभा क्षेत्र के बुकरू फुटबॉल मैदान नगड़ी में दो बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। वहीं, राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट भी रांची पहुंच रहे हैं। वे जमशेदपुर पूर्वी से प्रत्याशी डॉ अजय कुमार के पक्ष में रोड शो करेंगे और चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। रांची से वे कार से जमशेदपुर जाएंगे। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश समेत अन्य नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लिया।

  • शिमला और मनाली की तरह पारसनाथ को भी देश के मानचित्र पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करेंगे: नवीन आनंद

    परवेज़ आलम

    गिरिडीह: झारखंड विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहे हैं, राजनीतिक दलों के उम्मीदवार अपनी सक्रियता बढ़ाते जा रहे हैं। गिरिडीह विधानसभा से JLKM के उम्मीदवार नवीन आनंद चौरसिया ने सोमवार को पीरटांड़ प्रखंड के कई गांवों का दौरा किया, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। पालगंज, कुम्हारलालो और कठवारा में उन्होंने लोगों से मुलाकात की और उनका समर्थन प्राप्त किया। इस जनसंपर्क अभियान में बड़ी संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और युवा उन्हें सुनने पहुंचे। उन्होंने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और बच्चों के साथ भी घुल-मिल गए।

    नवीन आनंद चौरसिया के स्वागत से यह स्पष्ट हो रहा है कि जयराम महतो का प्रभाव इस क्षेत्र में गहराई से फैला है। पीरटांड़ में आदिवासी और कुर्मी मतदाताओं की बड़ी संख्या है, और यहां चौरसिया का जोरदार स्वागत जयराम महतो की पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। नवीन आनंद चौरसिया भी जनता के इस अपार समर्थन से उत्साहित दिखे।

    जनसंपर्क अभियान के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जिस तरह से जनता का समर्थन मिल रहा है, इससे उनका विश्वास और भी पुख्ता हो गया है कि इस बार जयराम महतो को मुख्यमंत्री बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने बताया कि अगर गिरिडीह विधानसभा की जनता का यह समर्थन वोटों में बदलता है और वे जीतते हैं, तो पीरटांड़ की तस्वीर और तकदीर बदल देंगे। उनकी योजना है कि शिमला और मनाली की तरह पारसनाथ को भी देश के मानचित्र पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया जाएगा।

     

  • धनवार विधानसभा में कल्पना सोरेन ने किया चुनावी सभा निज़ामुद्दीन अंसारी को समर्थन देने कीअपील

    परवेज़ आलम
    गिरिडीह: गांडेय की विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने आज धनवार विधान सभा में एक चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि राज्य के गरीब बच्चों को बेहतर शिक्षा मिले, उनके सपने पूरे हों, और वे आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की मंशा है कि हमारे बच्चे उनके सामने मदद के लिए हाथ फैलाएं और उन पर निर्भर रहें। उन्होंने वादा किया कि उनकी सरकार बनने पर यहां की ढिबरा और माइका की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
    कल्पना ने कहा कि उनकी पार्टी बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए हर संभव प्रयास करेगी और उन्हें वो शिक्षा प्रदान करेगी जो उनके जीवन में उजाला लाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि झारखंड के बच्चे राज्य का गौरव हैं, और उन्हें हर वह अवसर मिलेगा जिसका वे हकदार हैं। सभा में मौजूद लोगों के जोश और समर्थन ने उनका आत्मविश्वास और भी बढ़ा दिया, और उन्होंने आशा जताई कि इस बार धनवार से झामुमो की बड़ी जीत होगी।
    कल्पना ने मंईया सम्मान योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके तहत 18 से 50 वर्ष की सभी महिलाओं को हर साल 30,000 रुपये दिए जाएंगे, जिसमें हर महीने 2,500 रुपये मिलेंगे। उन्होंने बताया कि इस योजना से अब तक 55 लाख महिलाओं को जोड़ा गया है, और लाखों महिलाओं के खातों में इसका पैसा भेजा जा चुका है। इसके अलावा, उन्होंने किसानों के कर्ज माफी और बिजली बिल माफ किए जाने जैसे हेमंत सोरेन सरकार के फैसलों का उल्लेख किया, जिनसे भाजपा को आपत्ति है।
    अंत में, उन्होंने धनवार विधानसभा के उम्मीदवार निजामुद्दीन अंसारी को समर्थन देने की अपील की और कहा कि हेमंत सोरेन खुद धनवार की जनता के लिए 24 घंटे तत्पर रहेंगे।