Category: Giridih

  • एक कदम स्वस्थ जीवन की ओर” — गिरिडीह में झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच का वॉकथॉन सफलतापूर्वक संपन्न

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह में रविवार की सुबह कुछ खास रही — जब शहर की सड़कों पर स्वास्थ्य और उत्साह का संगम दिखाई दिया। झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा आयोजित वॉकथॉन कार्यक्रम आज बड़े ही उत्साह और जोश के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

    कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और “स्वस्थ समाज, सशक्त समाज” का संदेश देते हुए कदम से कदम मिलाया। लोगों के चेहरे पर ऊर्जा, जोश और सामाजिक एकता की झलक देखने लायक थी।

    इस वॉकथॉन को सफल बनाने में “मॉर्निंग क्लब”  की भूमिका अहम रही, वहीं कार्यक्रम संयोजक अभिषेक छापरिया की मेहनत और समर्पण सराहनीय रही। उनके अथक प्रयास और टीम भावना के बिना यह आयोजन संभव नहीं होता।

    मौके पर गिरिडीह शाखा के अध्यक्ष सौरभ जलान, सचिव शशांक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सूरज टिबरवाल, उपाध्यक्ष निखिल झुनझुनवाला, पूर्व प्रांतीय उपाध्यक्ष नीलकमल भारतीय, कार्यक्रम संयोजक अभिषेक छापड़िया, रवि गाड़िया, रवि केडिया, अंकित सरावगी, राकेश मोदी, मुकेश जालान, सुबोध मोदी, विकास शर्मा, गौरव केडिया, अमर अग्रवाल, आशीष जलान, अमित तुलस्यान, अंजनी अग्रवाल, विकास बसईवाला, राजेश जैन सहित मंच की पूरी टीम मौजूद रही।

    सभी ने इस आयोजन को सामाजिक जागरूकता और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक पहल बताया। मंच की पूरी टीम और मॉर्निंग क्लब को इस शानदार आयोजन के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी गईं।

    आइए, हम सब मिलकर ऐसे कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएँ — क्योंकि “एक कदम स्वस्थ जीवन की ओर, आपका साथ ही हमारी ताकत है!”

  • गांधी शताब्दी समारोह की गूंज, बच्चों की प्रतिभा और गांधी के विचारों का संगम

    परवेज़ आलम.

    द न्यूज़ पोस्ट4यू.

    गिरिडीह : रविवार का दिन गिरिडीह के लिए इतिहास और प्रेरणा दोनों का संगम लेकर आया। गांधी आगमन शताब्दी समारोह आयोजन समिति की ओर से सर जे.सी. बोस मुख्यमंत्री बालिका उत्कृष्ट विद्यालय का प्रांगण तालियों और जयघोष से गूंज उठा, जब शहर के 25 से अधिक सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों के बच्चों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।

    कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मंच पर मौजूद थीं रामकृष्ण महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधुश्री सान्याल, जेएनवी के पूर्व प्राचार्य के. ठाकुर, विद्यालय के प्रधानाचार्य मुन्ना कुशवाहा, आयोजन समिति के संयोजक कृष्णकांत ,सह संयोजक कृष्ण मुरारी शर्मा व  प्रभाकर कुमार । निर्णायक मंडल में ललित नारायण कुशवाहा, सुचित्रा बोस, राखी झुनझुनवाला और रेणु कुमारी जैसी शिक्षाविद शामिल रहीं।

    डॉ. सान्याल ने अपने संबोधन में कहा —

    “महात्मा गांधी का गिरिडीह आगमन हमारे लिए गौरव का विषय है। यह शताब्दी समारोह केवल एक स्मरण नहीं, बल्कि गांधी के विचारों, दर्शन और उनके मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है।”

    कार्यक्रम के संयोजक सोमनाथ केशरी ने जानकारी दी कि समारोह के तहत कुल 6 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं — भाषण, लेख, कोलाज, चित्रकला, कविता पाठ और रंगोली।
    भाषण प्रतियोगिता में 50 से अधिक बच्चों ने “गांधी के सपनों का भारत” और “वर्तमान समय में गांधी के विचारों की प्रासंगिकता” पर प्रभावशाली विचार रखे।

    कविता पाठ में बच्चों ने अपनी भावनाओं से गांधी के प्रति सम्मान प्रकट किया, वहीं चित्रकला में “गांधी और चरखा” विषय पर बनी कलाकृतियों ने सबका मन मोह लिया। रंगोली प्रतियोगिता में रंगों से सजी गांधी की छवि ने विद्यालय को सच्चे अर्थों में रंगमय बना दिया।

    आयोजन समिति ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को आगामी 7 अक्टूबर को टाउन हॉल में सम्मानित किया जाएगा, जबकि सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।

    गौरतलब है कि 6 और 7 अक्टूबर 1925 को महात्मा गांधी के गिरिडीह और खरगडीहा आगमन के 100 वर्ष पूरे होने पर जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति मिलकर भव्य आयोजन कर रही है। इसमें विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं, खेलकूद कार्यक्रमों के साथ-साथ खरगडीहा से गिरिडीह तक पदयात्रा का भी आयोजन होगा।

    इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सरिता कुमारी, रवि स्वर्णकार, नीरीति केसरी, मनीषा कुमारी, अभिनीत कुमार, पूजा शर्मा, शामली मैडम, श्वेता खंडेलवाल, राजेंद्र बरनवाल, रामजी यादव, दीपाली, अनिता और नैना का विशेष योगदान रहा।

     

  • नवरात्र पर मंत्री सुदीव्य सोनू का पंडाल भ्रमण, व्यवस्था पर विशेष जोर

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : नवरात्र के शुभ अवसर पर शनिवार को गिरिडीह विधायक एवं झारखंड सरकार के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में स्थापित विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष माथा टेकते हुए राज्य और जिले के लोगों की खुशहाली व समृद्धि की कामना की।

    मंत्री सोनू ने न केवल शहरी क्षेत्र, बल्कि गिरिडीह मुफ्फसिल इलाके के कई बड़े पंडालों का भी दौरा किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने पंडालों में सफाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूजा के समय किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व शांतिपूर्ण वातावरण में पूजा करने का अवसर मिलना चाहिए।

    निरीक्षण के दौरान जिले के पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी, नगर निगम प्रतिनिधि और बिजली विभाग के पदाधिकारी मंत्री के साथ मौजूद थे। मंत्री सोनू ने कहा, “दुर्गा पूजा झारखंड सहित पूरे देश की आस्था और संस्कृति का पर्व है। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालु बिना किसी व्यवधान के पूजा-अर्चना कर सकें। इसके लिए सभी विभाग पूरी तरह सतर्क और तैयार रहें।”

    इस मौके पर मंत्री ने कई पंडाल समितियों के सदस्यों से भी मुलाकात की और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुना। पंडाल समितियों ने प्रशासन से सहयोग और व्यवस्था पर संतोष जताया।

  • दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 30 बाइक रैपिड रिस्पांस टीम की तैनाती

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : दुर्गा पूजा और आगामी त्योहारों के दौरान जिले का माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बना रहे, इसके लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय से 30 बाइक रैपिड रिस्पांस टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार मौजूद रहे।

    प्रशासन के मुताबिक, ये बाइक रैपिड रिस्पांस टीम जिले के चारों प्रमंडलों में तैनात की जाएंगी। इन टीमों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि ये सीधे कंट्रोल रूम (CCR) से जुड़ी रहेंगी। बाइक पर सवार सुरक्षा बल पूरी तरह से हथियारों और उपकरणों से लैस होंगे। किसी भी क्षेत्र में अगर तनाव या विवाद की स्थिति उत्पन्न होती है तो तुरंत मौके पर पहुँचकर हालात पर काबू पाएंगे और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल को बुलाया जाएगा।

    दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अलग से 4 अतिरिक्त बाइक ट्रैफिक नियंत्रण दल को भी लगाया है। ये दल खासतौर पर भीड़भाड़ वाले इलाकों और पूजा पंडालों के आसपास यातायात को नियंत्रित करने का काम करेंगे।

    उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से कहा कि जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे बेफिक्र होकर दुर्गा पूजा का आनंद लें। किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा बल लगातार गश्त पर रहेंगे ताकि त्योहारों का उल्लास बिना किसी व्यवधान के पूरा किया जा सके।

  • एसटी दर्जा की मांग पर कुर्मी समाज 20 सितंबर से सड़कों और रेल पटरियों पर उतरेगा

     झारखंड, बंगाल और ओडिशा में “रेल टेका, दहर चेका” आंदोलन.

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    पारसनाथ/रांची/कोलकाता/भुवनेश्वर : अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) में सूचीबद्ध कुर्मी आदिवासी समुदाय ने अपने “लंबित अधिकारों” को लेकर एक बार फिर बड़ा आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। शनिवार, 20 सितंबर से झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई हिस्सों में ट्रेनों और सड़कों को रोककर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू होगा। आंदोलन का नारा है – “रेल टेका, दहर चेका” यानी रेल रोकों, सड़क जाम करो।

    क्या हैं कुर्मी समाज की मांगें?

    कुर्मी समाज की सबसे बड़ी मांग है कि उन्हें अनुसूचित जनजाति (ST) की सूची में शामिल किया जाए। इसके अलावा, उनकी कुर्माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में मान्यता दी जाए और सरना धर्म कोड लागू किया जाए।
    समुदाय का कहना है कि आज़ादी के बाद उन्हें आदिवासी श्रेणी से हटाकर OBC में डालना एक राजनीतिक षड्यंत्र था।

    आंदोलन का इतिहास.

    कुर्मी समाज का यह संघर्ष नया नहीं है।

    • 20 सितंबर 2022 को आंदोलन की शुरुआत हुई थी, जो नौ दिनों तक चला।
    • 2023 में भी यही आंदोलन 20 सितंबर से शुरू हुआ और लगभग आठ दिन चला।
    • 2024 में लोकसभा और विधानसभा चुनाव के चलते आंदोलन स्थगित रहा।
    • इस साल आंदोलन दिल्ली के जंतर-मंतर तक पहुंच गया और अब पूर्वी भारत के तीन राज्यों में फैलने जा रहा है।

    किन जगहों पर होगा अवरोध?

    टोटेमिक कुर्मी विकास मोर्चा (TKVM) के अध्यक्ष शीतल ओहदार ने बताया कि झारखंड में सोनुवा, गम्हरिया, गालूडीह, मुरी, बरकाकाना, गड्डी और पारसनाथ-चंद्रपुरा जैसे रेलवे स्टेशनों पर रेल अवरोध होगा।
    पश्चिम बंगाल के चार और ओडिशा के एक स्थान पर भी प्रदर्शन की योजना बनाई गई है।

    आदिवासी कुर्मी समाज मंच के सदस्य सूरज महतो ने कहा कि आंदोलन में हर घर से लोग शामिल होंगे। प्रदर्शन स्थलों पर ही खाना बनाया जाएगा और अस्थायी शिविर लगाए जाएंगे।

    विरोध और समर्थन.

    जब आंदोलन को लेकर कुछ आदिवासी नेताओं के विरोध पर सवाल किया गया, तो कुर्मी समाज ने साफ कहा कि विरोध करने वाले अधिकतर लोग मिशनरी समूहों से जुड़े हैं और ईसाई धर्म अपना चुके हैं।
    उनका दावा है कि कोल्हान क्षेत्र के संताल और हो समुदाय ने उनकी मांगों का विरोध नहीं किया है।

    आंदोलन की रूपरेखा.

    आदिवासी कुर्मी समाज मंच की केंद्रीय समिति के अध्यक्ष शशांक शेखर महतो ने बताया कि शनिवार सुबह 5 बजे से सरायकेला-खरसावां जिले के सिनी रेलवे स्टेशन से रेल अवरोध की शुरुआत होगी।
    उनके अनुसार –

    1. कुर्मी समाज को एसटी का दर्जा दिया जाए।
    2. कुर्माली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में जगह मिले।
    3. सरना धर्म कोड लागू किया जाए।

    रेलवे और प्रशासन की तैयारियां

    रांची और धनबाद  रेल मंडल पूरी तरह अलर्ट पर है। RPF के एक अधिकारी ने बताया कि सभी संवेदनशील स्थानों पर RPF और राज्य पुलिस का संयुक्त बल तैनात रहेगा।
    भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।
    उन्होंने कहा “ट्रेन रोकने की कोशिश करने वालों पर एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभी तक किसी ट्रेन रूट में बदलाव नहीं किया गया है,” उन्होंने कहा।

    राजनीतिक दलों की दुविधा.

    यह मुद्दा झारखंड और पूर्वी भारत की राजनीति में बेहद संवेदनशील बन गया है। राजनीतिक दल न तो कुर्मी समाज की मांगों का खुलकर समर्थन कर पा रहे हैं और न ही इसका खुला विरोध।

  • मोहनपुर औद्योगिक क्षेत्र में विश्वकर्मा पूजा: श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का संगम

    मोहनपुर औद्योगिक क्षेत्र में विश्वकर्मा पूजा: श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का संगमटफकॉन टीएमटी व लाल स्टील भंडारे का आयोजन किया गया

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह:  जिले के मोहनपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र बुधवार को श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। टफकॉन टीएमटी और लाल स्टील के परिसरों में श्रम और सृजनशीलता के देवता भगवान शिल्प देव विश्वकर्मा की भव्य पूजा-अर्चना की गई। दोनों कंपनियों ने इस अवसर पर प्रतिमा स्थापना कर पूरे परिसर को उत्सवी रंग में रंग दिया।

    टफकॉन टीएमटी के प्रबंध निदेशक  मोहन साव ने इस मौके पर कर्मचारियों, श्रमिकों और आगंतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा श्रम, कौशल और नवाचार के प्रतीक हैं। उनकी कृपा से ही उद्योग और विकास को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती देते हैं बल्कि श्रमिकों और उद्योग जगत के बीच समर्पण और एकता का संदेश भी फैलाते हैं।

    वहीं लाल स्टील के प्रबंध निदेशक  जय प्रकाश लाल ने विश्वकर्मा पूजा को श्रम के प्रति सम्मान और औद्योगिक प्रगति का प्रतीक बताया। उन्होंने परिसर में भंडारे का आयोजन किया, जिसमें स्थानीय लोगों से लेकर कर्मचारियों तक ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। साधारण से लेकर विशिष्ट सभी ने एक साथ प्रसाद ग्रहण कर सामूहिकता और सामाजिक सौहार्द का उदाहरण पेश किया।

    पूजनोत्सव और भंडारे में टफकॉन टीएमटी के निदेशक सूरज कुमार सहित कंपनी के अन्य अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी शामिल हुए। सूरज कुमार ने कहा कि यह परंपरा श्रमिकों और प्रबंधन के बीच सहयोग और पारस्परिक विश्वास को और गहरा करती है।

    दिनभर पूरे मोहनपुर औद्योगिक क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। पूजा के बाद परिसर में भजन-कीर्तन और भक्तिमय संगीत गूंजता रहा, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। रंग-बिरंगी सजावट और दीपमालाओं से कंपनियों के कैंपस जगमगाते रहे और श्रमिकों के बीच हर्षोल्लास का दृश्य देखते ही बन रहा था।

    विश्वकर्मा पूजा के इस आयोजन ने न केवल श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रचा, बल्कि यह भी संदेश दिया कि श्रम ही उद्योग और समाज की सच्ची ताकत है।

  • अपाचे का 20वां वार्षिक उत्सव, नया मॉडल अपाचे 160 4V TFT लॉन्च

    सी.एल.ऑटोमोबाइल्स गिरिडीह में हुआ कार्यक्रम.

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह के हुयूटी बाजार स्थित सी.एल. ऑटोमोबाइल्स टीवीएस शोरूम में मंगलवार को अपाचे बाइक का 20वां वार्षिक उत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर टीवीएस मोटर कॉरपोरेशन ने ग्राहकों के लिए अपाचे 160 4V का नया TFT मॉडल लॉन्च किया।

    कंपनी की ओर से बताया गया कि इस अपग्रेडेड मॉडल को आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है। इसमें 5 इंच का डिजिटल TFT स्पीडोमीटर क्लस्टर दिया गया है, जो ब्लूटूथ और स्मार्ट कनेक्ट फीचर से सुसज्जित है। यह मॉडल खासतौर पर उन युवाओं को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जो बाइक चलाते समय तकनीक और परफॉर्मेंस दोनों का आनंद लेना चाहते हैं।

    लॉन्चिंग समारोह में शोरूम के प्रोपराइटर शंभू जैन और श्रेयांश जैन, मैनेजर मनमोहन प्रसाद तथा टीवीएस क्रेडिट के रीजनल मैनेजर समेत सी.एल. टीवीएस टीम के कई सदस्य मौजूद रहे।

    इस अवसर पर कंपनी के प्रोपराइटर शंभू जैन और श्रेयांश जैन ने जानकारी दी कि आगामी दुर्गा पूजा और धनतेरस को देखते हुए नए मॉडल की अग्रिम बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत सरकार की ओर से जीएसटी में जो छूट ग्राहकों को दी जा रही है, उसका सीधा लाभ कंपनी के उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जा रहा है।

    लॉन्चिंग कार्यक्रम में उपस्थित बाइक प्रेमियों ने नए अपाचे मॉडल की खूबियों की सराहना की और कई लोगों ने मौके पर ही बुकिंग में रुचि दिखाई। इस तरह गिरिडीह में अपाचे के नए मॉडल ने त्योहारों से पहले बाइक बाजार में उत्साह का माहौल बना दिया है।

  • गिरिडीह में महिलाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : विवाह भवन में आध्यात्मिकता, संस्कृति और उत्सव का संगम देखने को मिला।
    शहरवासियों ने सोमवार को एक भव्य समारोह में भाग लिया, जहां वातावरण भक्ति और भारतीय परंपराओं की छटा से सराबोर रहा।

    कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने गरबा और डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों ने सभागार को जीवंत बना दिया और उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।

    कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तब देखने को मिला, जब 251 महिलाओं ने एक साथ गूंजते स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। पूरा विवाह भवन भक्तिमय माहौल में डूब गया। हर श्लोक के साथ वातावरण में सकारात्मक ऊर्जा, आस्था और सामूहिक उत्साह की गूंज सुनाई दी।

    इसी दौरान सक्षम श्री और हितिका केडिया का जन्मोत्सव भी मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, आरती और पारंपरिक विधियों के साथ सम्पन्न इस अवसर ने पूरे समारोह को और भी खास बना दिया।

    समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ओम वैष्णवी नर्सिंग होम के डॉ. श्रवण कुमार उपस्थित रहे।
    इसके अलावा सीआरपीएफ अधिकारी पंकज कुमार, भाजपा नेत्री उषा कुमारी, डॉ. मनीषा जालान, जूली केडिया, तनुजा सहाय और निर्मला कौर सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
    सभी ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम न केवल समाज को जोड़ते हैं बल्कि महिलाओं की भागीदारी और भूमिका को भी सशक्त बनाते हैं।

    इस समारोह की प्रमुख संयोजिका पूनम बरनवाल रहीं, जिन्हें मिन्नी बरनवाल, संध्या बरनवाल, सबिता, सोनी बरनवाल और अल्का बरनवाल का सक्रिय सहयोग मिला। आयोजकों ने बताया कि ऐसे सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन भारतीय परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ सामाजिक एकता और पारस्परिक सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।

  • गिरिडीह में मनाया जाएगा गांधी-शताब्दी समारोह

    महात्मा गांधी के गिरिडीह प्रवास के 100 वर्ष पूरे होने पर होगा विशेष आयोजन, पदयात्रा से लेकर संगोष्ठियों तक कई कार्यक्रम

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : महात्मा गांधी के ऐतिहासिक गिरिडीह प्रवास को सौ वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इसी उपलक्ष्य में अक्टूबर 2025 में ‘गांधी-शताब्दी समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को परिसदन भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में समारोह की तैयारियों की जानकारी साझा की गई।

    समारोह के संयोजक कृष्णकांत और सह-संयोजक कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि महात्मा गांधी 6 अक्टूबर 1925 को देवघर से वर्तमान गिरिडीह जिला के खरगडीहा पहुंचे थे और इसके बाद दो दिनों तक गिरिडीह में प्रवास किया था। 7 अक्टूबर को वे गिरिडीह से मधुपुर के लिए प्रस्थान कर गए थे। इन दो दिनों के दौरान गांधीजी ने खादी, आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता आंदोलन में जनता की भागीदारी पर जोर देते हुए गिरिडीहवासियों को प्रेरित किया था। उनके इस प्रवास ने यहां के स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी थी।

    ऐतिहासिक यात्रा की स्मृतियों को जीवित करने का प्रयास.

    आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 6–7 अक्टूबर 1925 की इस ऐतिहासिक यात्रा को स्मरणीय बनाने के लिए गिरिडीह और खरगडीहा में कई सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रम होंगे। उद्देश्य है कि गांधीजी की शिक्षाओं और स्मृतियों को पुनः जीवित करते हुए युवा पीढ़ी और बच्चों को हमारी समृद्ध विरासत व स्वतंत्रता संग्राम की मूल भावना से जोड़ा जाए।

    समारोह के प्रमुख आकर्षण.

    समारोह के अंतर्गत कई आयोजन प्रस्तावित हैं –

    • गांधी दर्शन और विचारधारा पर संगोष्ठी
    • खेलकूद प्रतियोगिताएं
    • सांस्कृतिक कार्यक्रम
    • दो दिवसीय पदयात्रा – खरगडीहा से पचम्बा तक

    समिति की संरचना और सहयोग.

    समारोह की सफलता सुनिश्चित करने के लिए 31 सदस्यीय केंद्रीय समिति का गठन किया गया है। समिति में शिक्षाविद, पत्रकार, समाजसेवी और बुद्धिजीवी शामिल हैं।
    प्रेस कॉन्फ्रेंस में संयोजक-द्वय के साथ पत्रकार राकेश सिन्हा, लक्ष्मी अग्रवाल, आलोक रंजन, रितेश सराक, प्रभाकर, सुनील मंथन शर्मा, विलियम जैकब, समाजसेवी धरणीधर प्रसाद, शंकर पाण्डेय, राजेश सिन्हा, रामजी यादव, मनुवर हसन बंटी, सैयद सबिह अशरफ, दिलीप मंडल, चंदर वर्मा और दिवस कुमार उपस्थित थे।

    केंद्रीय समिति में सतीश कुंदन, बैद्यनाथ, बैजनाथ प्रसाद बैजू, रामदेव विश्वबंधु, उमेश तिवारी, सुरेश शक्ति, अरुण शर्मा, आलम अंसारी, रोहित दास, जयकुमार मिश्र, बद्री दास, नवीन सिन्हा, प्रो. बलभद्र, प्रो. प्रफुल्ल सिंह सहित अन्य सदस्य भी जुड़े हुए हैं।

    समिति ने अपील की है कि इस ऐतिहासिक अवसर को सफल बनाने में गिरिडीह के सभी नागरिक, बुद्धिजीवी और सामाजिक संगठन सक्रिय सहयोग दें ताकि गांधीजी के आगमन के शताब्दी वर्ष को गरिमामयी और स्मरणीय बनाया जा सके।

     

  • पचम्बा थाना टीम की दमदार जीत, जगमनरायडीह को 3-1 से हराया,डॉ. आई. अहमद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का आज दूसरा दिन

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह जिले के तेलोडीह स्थित गांधी मैदान में सोमवार कोका दूसरा दिन बेहद रोमांचक मुकाबले का गवाह बना। पचम्बा थाना की टीम और जगमनरायडीह की टीम के बीच खेले गए मैच ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। मैदान फुटबॉल प्रेमियों से खचाखच भरा रहा और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

    पहले हाफ में बढ़त.

    मैच की शुरुआत से ही पचम्बा थाना की टीम ने आक्रामक खेल दिखाया। सटीक पासिंग और तेज़ आक्रमणों के बीच टीम ने पहला गोल दागकर 1-0 की बढ़त बना ली। दूसरी ओर, जगमनरायडीह की टीम ने बराबरी करने की भरपूर कोशिश की, लेकिन पचम्बा की मजबूत डिफेंस लाइन और गोलकीपर की सतर्कता के कारण वे पहले हाफ में गोल नहीं कर पाए।

    दूसरे हाफ का निर्णायक खेल.

    दूसरे हाफ में भी पचम्बा थाना की टीम ने दबदबा बनाए रखा। शानदार तालमेल और तेज़ रफ्तार आक्रमण के चलते टीम ने लगातार दो और गोल दागकर बढ़त को 3-0 तक पहुंचा दिया। हालांकि, पीछे चल रही जगमनरायडीह की टीम ने हार नहीं मानी और लगातार दबाव बनाते हुए एक गोल करने में सफल रही। लेकिन अंत तक वे कोई और गोल नहीं कर सके और मुकाबला 3-1 से पचम्बा थाना के नाम रहा।

    नेतृत्व और उत्साह.

    पचम्बा थाना की टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी सह कप्तान राजीव कुमार कर रहे थे, जिन्होंने अपनी टीम को बेहतरीन रणनीति और हौसला दिया। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ खेल का प्रदर्शन किया, जिसकी सराहना दर्शकों ने जोरदार तालियों से की।

    दर्शकों की भीड़ और गणमान्य लोगों की मौजूदगी।

    गांधी मैदान में इस रोमांचक मुकाबले को देखने के लिए न सिर्फ स्थानीय लोग, बल्कि आसपास के गांवों और दूर-दराज़ के इलाकों से भी बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। मैदान फुटबॉल प्रेमियों से खचाखच भरा रहा।
    मौके पर तेलोडीह मुखिया सब्बीर आलम,पाटकर इमरान आलम , समाज सेवी इरफान आलम  समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति और वॉलेंटियरों की भूमिका की सराहना की।

    खेल भावना का उदाहरण.

    टूर्नामेंट का यह दूसरा दिन सिर्फ एक जीत-हार का मुकाबला नहीं रहा, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और सामूहिक उत्साह का भी प्रतीक बना। दर्शकों ने इस टूर्नामेंट को यादगार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।