मोहनपुर औद्योगिक क्षेत्र में विश्वकर्मा पूजा: श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का संगम

मोहनपुर औद्योगिक क्षेत्र में विश्वकर्मा पूजा: श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का संगमटफकॉन टीएमटी व लाल स्टील भंडारे का आयोजन किया गया

द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

गिरिडीह:  जिले के मोहनपुर स्थित औद्योगिक क्षेत्र बुधवार को श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। टफकॉन टीएमटी और लाल स्टील के परिसरों में श्रम और सृजनशीलता के देवता भगवान शिल्प देव विश्वकर्मा की भव्य पूजा-अर्चना की गई। दोनों कंपनियों ने इस अवसर पर प्रतिमा स्थापना कर पूरे परिसर को उत्सवी रंग में रंग दिया।

टफकॉन टीएमटी के प्रबंध निदेशक  मोहन साव ने इस मौके पर कर्मचारियों, श्रमिकों और आगंतुक अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा श्रम, कौशल और नवाचार के प्रतीक हैं। उनकी कृपा से ही उद्योग और विकास को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूती देते हैं बल्कि श्रमिकों और उद्योग जगत के बीच समर्पण और एकता का संदेश भी फैलाते हैं।

वहीं लाल स्टील के प्रबंध निदेशक  जय प्रकाश लाल ने विश्वकर्मा पूजा को श्रम के प्रति सम्मान और औद्योगिक प्रगति का प्रतीक बताया। उन्होंने परिसर में भंडारे का आयोजन किया, जिसमें स्थानीय लोगों से लेकर कर्मचारियों तक ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। साधारण से लेकर विशिष्ट सभी ने एक साथ प्रसाद ग्रहण कर सामूहिकता और सामाजिक सौहार्द का उदाहरण पेश किया।

पूजनोत्सव और भंडारे में टफकॉन टीएमटी के निदेशक सूरज कुमार सहित कंपनी के अन्य अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी शामिल हुए। सूरज कुमार ने कहा कि यह परंपरा श्रमिकों और प्रबंधन के बीच सहयोग और पारस्परिक विश्वास को और गहरा करती है।

दिनभर पूरे मोहनपुर औद्योगिक क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। पूजा के बाद परिसर में भजन-कीर्तन और भक्तिमय संगीत गूंजता रहा, जिससे वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया। रंग-बिरंगी सजावट और दीपमालाओं से कंपनियों के कैंपस जगमगाते रहे और श्रमिकों के बीच हर्षोल्लास का दृश्य देखते ही बन रहा था।

विश्वकर्मा पूजा के इस आयोजन ने न केवल श्रद्धा और भक्ति का वातावरण रचा, बल्कि यह भी संदेश दिया कि श्रम ही उद्योग और समाज की सच्ची ताकत है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *