Category: Giridih

  • श्री कबीर ज्ञान मंदिर में सद्गुरु विवेक साहब निर्वाण महोत्सव का शुभारंभ, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब

    चंदन पांडे की रिपोर्ट…………

    गिरिडीह : श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरे माहौल में श्री कबीर ज्ञान मंदिर में सद्गुरु विवेक साहब निर्वाण महोत्सव का दो दिवसीय आयोजन बड़े श्रद्धा भाव से आरंभ हुआ। संत कबीर साहब द्वारा रचित साखीग्रंथ के अखंड पाठ के साथ इस महोत्सव की शुरुआत हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया।

    समाधि पर चादर अर्पण, भजन-कीर्तन से गूंजा मंदिर परिसर।

    प्रातः कालीन सत्र के पश्चात श्रद्धालुओं ने सद्गुरु विवेक साहब की पावन समाधि पर चादर अर्पित कर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। वहीं, शाम के सत्र में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भक्ति भाव से ओत-प्रोत भावनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। साथ ही ‘जागो हिंदू जागो’ नाटक का मंचन किया गया, जिसने हिंदू संस्कृति पर आक्रमण और भारत भूमि पर मुगल आक्रांताओं की विभीषिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

    महोत्सव में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा सद्गुरु मां का दिव्य भजन, जिसे सुनकर भक्तजन भक्ति भाव में डूब गए। इसके बाद महा आरती और भंडारे के साथ प्रथम दिवस का समापन किया गया।

    गुरु गोविंद धाम मंदिर की वर्षगांठ, 21 वर्षों का आध्यात्मिक सफर।

    इस शुभ अवसर पर बताया गया कि श्री कबीर ज्ञान मंदिर परिसर में स्थित ‘गुरु गोविंद धाम मंदिर’ का आज 21वां स्थापना दिवस भी है। मंदिर, जहां भगवान नारायण और सद्गुरु कबीर के भव्य विग्रह विराजमान हैं, इस खास मौके पर दिव्य और भव्य साज-सज्जा से जगमगा रहा है।

    सद्गुरु मां का संदेश: समाज और राष्ट्र को मजबूत करने का आह्वान

    इस दौरान सद्गुरु मां ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक कार्यक्रम समाज में नई चेतना और जागृति लाते हैं। उन्होंने कहा, “हमारा धर्म, हमारा समाज और हमारा राष्ट्र मजबूत हो, यही संतों का संकल्प है। आज का दिन एक दिव्य दिवस है, और हम सब इसके साक्षी बन रहे हैं।”

    उन्होंने आगे कहा कि सद्गुरु विवेक साहब एक अलौकिक संत थे, और वे भक्तजन सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें उनका सानिध्य प्राप्त हुआ।

    भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक जागरण का संगम

    संपूर्ण आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति, भक्ति संगीत, धार्मिक अनुष्ठान और आध्यात्मिक संदेशों का अद्भुत समागम देखने को मिला। आयोजन समिति ने बताया कि महोत्सव के दूसरे दिन भी कई भक्ति कार्यक्रम और प्रवचन आयोजित किए जाएंगे, जिसमें दूर-दूर से श्रद्धालु भाग लेंगे।

    धर्म, श्रद्धा और संस्कृति की इस दिव्य यात्रा में सम्मिलित होने का सौभाग्य जिन श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ, वे स्वयं को भाग्यशाली मान रहे हैं।

  • स्वास्थ्य जांच एवं सीपीआर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने दी अहम जानकारियाँ

    चंदन पांडे की रिपोर्ट……….

    गिरिडीह:  सेहत और जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कदम बढ़ाते हुए रोटरी गिरिडीह, इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनसाइन और श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को स्वास्थ्य जांच एवं सीपीआर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन गिरिडीह मे किया गया। इस शिविर में जया प्रभा सुपर स्पेशलिस्ट मेदांता, पटना से आए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने न सिर्फ लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, बल्कि उन्हें सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) की अहमियत और सही तकनीक के बारे में भी विस्तार से बताया।

    शिविर में डॉ. किशोर झुनझुनवाला, डॉ. आशीष सप्रे, डॉ. विकास बंसल, डॉ. राहुल कुमार और डॉ. रवि कुमार ने उपस्थित लोगों का ब्लड प्रेशर, शुगर और ईसीजी जांच की, जिसमें करीब 200 से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई और 70 से अधिक मरीजों का ईसीजी परीक्षण किया गया।

    सीपीआर प्रशिक्षण: जीवन बचाने की अहम तकनीक। 

    इस दौरान, मेदांता हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने सीपीआर प्रशिक्षण भी दिया। डॉक्टरों ने समझाया कि दिल का दौरा पड़ने की स्थिति में मरीज के जीवन को कैसे बचाया जा सकता है। उन्होंने प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन के जरिए बताया कि अगर किसी को हार्ट अटैक आए, तो उसके शुरुआती लक्षणों की पहचान कैसे करें और आपातकालीन स्थिति में किस तरह से छाती पर दबाव देकर और मुंह से सांस देकर व्यक्ति को जीवित रखा जा सकता है।

    हृदय रोग विशेषज्ञों का मानना है कि सीपीआर जैसी तकनीकों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों को होनी चाहिए, जिससे अचानक होने वाले हृदयाघात से जान बचाई जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि अटैक के बाद शुरुआती कुछ मिनट बेहद अहम होते हैं, इसलिए समय रहते डॉक्टर से संपर्क कर उचित इलाज कराना जरूरी है।

    शिविर में रही इनकी विशेष उपस्थिति। 

    इस अवसर पर इनर व्हील क्लब की पास्ट डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन पूनम सहाय बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रोटरी गिरिडीह के अध्यक्ष रवि चूड़ीवाला, सचिव मयंक राजगढ़िया, इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनसाइन की अध्यक्षा सोनाली तर्वे, सचिव राखी झुनझुनवाला, शिविर संयोजक अमित अग्रवाल, मनीष बर्नवाल, अभिषेक जैन, अमित गुप्ता, नरेंद्र सिंह, देवेंद्र सिंह, प्रमोद अग्रवाल, तरणजीत सिंह, कविता राजगढ़िया, स्मृति आनंद, मोना चूड़ीवाला, सुमन गौरीसरिया, चरणजीत सिंह, नवीन सेठी, गुरप्रीत सिंह, प्रशांत बगडिया, मनीष तर्वे और नरेंद्र सिंह सहित कई अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

    इस तरह यह स्वास्थ्य शिविर गिरिडीह में जागरूकता और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम  है  आयोजकों का मानना है कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे आमजन को स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारियां समय पर मिल सकें।

  • रोटरी क्लब  द्वारा सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का आयोजन

     

    गिरिडीह, 30 जनवरी 2025 – रोटरी क्लब गिरिडीह कपल ने नवजीवन नर्सिंग होम के सहयोग से निर्मला गर्ल्स हाई स्कूल, महेशमुंडा में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण अभियान का आयोजन किया। इस अभियान के तहत 312 छात्राओं को निःशुल्क टीका लगाया गया। क्लब ने इस पहल को अन्य स्कूलों में भी विस्तार देने की योजना बनाई है, जिससे अधिक से अधिक छात्राओं को इस गंभीर बीमारी से बचाया जा सके।

    इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का संचालन रोटरी क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन सिद्धार्थ गौरिसरिया, सचिव रोटेरियन सिद्धार्थ जैन, तथा परियोजना की चेयरपर्सन रोटेरियन स्वाती बगाड़िया के नेतृत्व में किया गया। इसके अलावा, रोटेरियन आशिका जैन, रोटेरियन रश्मि सलूजा, रोटेरियन तरनजीत सलूजा, रोटेरियन अविषेक बगाड़िया, रोटेरियन समीर सरोगी, रोटेरियन जोराबर सिंह सलूजा, रोटेरियन रमणप्रीत सलूजा, रोटेरियन नम्रता सरोगी, रोटेरियन शालू जैन, रोटेरियन विकास जैन, रोटेरियन गुरविंदर सिंह सलूजा, रोटेरियन शीतल गौरिसरिया और रोटेरियन दिव्या अग्रवाल ने भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी

    रोटरी क्लब गिरिडीह कपल की इस पहल को समुदाय में व्यापक सराहना मिली है, और आने वाले समय में इसे और अधिक विद्यालयों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

     

  • रोजगार मेला 2025′ का भव्य आयोजन, युवाओं को रोजगार का सुनहरा अवसर

    मनमोहन की रिपोर्ट ………….

    गिरिडीह के झंडा मैदान में श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड, रांची के तत्वावधान में ‘दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला-2025′ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता विजय सिंह बिरुआ, अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुटे और जिला नियोजन पदाधिकारी मो. इमरान फारूकी ने दीप प्रज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।

    इस रोजगार मेले में बड़ी संख्या में शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों ने भाग लिया। कुल 27 प्रतिष्ठानों और कंपनियों ने इसमें शिरकत की, जिनमें FACTORYKAAM (New Delhi), 2 COMS CONSULTING PVT LTD (Kolkata), MRF LTD (Telangana), COBRA LINE SECURITY & SERVICES PVT LTD (Giridih) शामिल थीं। इस मेले में कुल 145 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया, जिनमें से 10 युवाओं को मौके पर ही विशिष्ट अतिथियों द्वारा ऑफर लेटर सौंपे गए। वहीं, अन्य 379 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जिन्हें आगे की प्रक्रिया के बाद चयनित किया जाएगा।

    युवाओं के भविष्य को संवारने की पहल.

    उप विकास आयुक्त  स्मृता कुमारी ने रोजगार मेले की सफलता पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि गिरिडीह के युवाओं को बेहतर से बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ऐसे आयोजनों की निरंतरता बनी रहेगी। उन्होंने कहा कि बड़ी-बड़ी कंपनियों को जिले में आमंत्रित कर यहां के प्रतिभाशाली युवाओं को रोजगार दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे न केवल युवाओं का भविष्य उज्ज्वल होगा, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ेगा।

    उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जो अभ्यर्थी इस बार चयनित नहीं हो सके, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। जिला प्रशासन लगातार ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन करेगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को सुनहरे भविष्य की राह मिले।

    इस अवसर पर जिला नियोजन पदाधिकारी मो. इमरान फारूकी के नेतृत्व में रोजगार मेला का सफल आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी बेरोजगार युवाओं के लिए इस तरह के मेले आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें।

    “दत्तोपंत ठेंगड़ी रोजगार मेला-2025″ ने न केवल सैकड़ों युवाओं को रोजगार दिलाने की दिशा में एक अहम कदम है , बल्कि जिले में रोजगार सृजन के नए द्वार भी खोले।

     

  • साइबर अपराधियों पर कड़ा प्रहार, फुरसोडीह गांव से तीन गिरफ्तार

    मनमोहन की रिपोर्ट………..

    गिरिडीह पुलिस साइबर अपराध के खिलाफ लगातार मोर्चा खोले हुए है, और एक बार फिर इस मुहिम में बड़ी सफलता मिली है। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के फुरसोडीह गांव में प्रतीबिंब पोर्टल के माध्यम से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन कुख्यात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

    गिरफ्तार अपराधियों में अदालत अंसारी, समीर अंसारी उर्फ इसाक अंसारी और समसुद अंसारी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से चार मोबाइल फोन और पांच सिमकार्ड बरामद किए हैं। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने मीडिया को र इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी।

    गर्भवती महिलाओं को बनाते थे शिकार।

    गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। ये गिरोह गर्भवती महिलाओं को मातृत्व राशि दिलाने के नाम पर ठगी करता था। इतना ही नहीं, एयरटेल पेमेंट बैंक का अधिकारी बनकर लोगों से ठगी करना भी इनका तरीका था।

    छापेमारी टीम में कौन-कौन थे शामिल?

    इस सफल ऑपरेशन में साइबर डीएसपी आबिद खान, विजय कुमार (साइबर थाना प्रभारी), पुनित कुमार गौतम, गुंजन कुमार, गजेन्द्र कुमार, सोनू कुमार नाग, मो. फिरोज आलम समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

    गिरिडीह पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साइबर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा!

  • कबीर ज्ञान मंदिर में शुरू होगा सद्गुरु विवेक साहब निर्वाण महोत्सव, श्रद्धालुओं का उमड़ेगा जनसैलाब

    By Chandan Pandey

    गिरिडीह के पावन धरा पर एक बार फिर आध्यात्मिक आस्था का सैलाब उमड़ने वाला है। श्री कबीर ज्ञान मंदिर में सद्गुरु विवेक साहब निर्वाण महोत्सव का भव्य दो दिवसीय आयोजन गुरुवार से प्रारंभ हो रहा है। श्रद्धालु संत कबीर साहब के साखी पाठ के साथ इस महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।

    महोत्सव का प्रमुख आकर्षण सद्गुरु मां का दिव्य उद्बोधन होगा, जो भक्तों को अध्यात्म और भक्ति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगा। इसके साथ ही ‘जागो हिंदू जागो’ नामक नाट्य मंचन भी होगा, जो उपस्थित श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देगा।

    इस आयोजन में गिरिडीह, झारखंड, बिहार सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में आने की संभावना जताई जा रही है। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है, जिससे पूरा परिसर एक अद्भुत दिव्यता का अनुभव करा रहा है।

    ब्रह्मलीन संत विवेक साहब: एक दिव्य संत

    सद्गुरु विवेक साहब महाराज पूर्ण आत्मज्ञानी, त्रिकालदर्शी और दिव्यद्रष्टा संत थे। उनके हृदय में समस्त मानवता के लिए प्रेम और करुणा का भाव था। भक्तों के बीच वे ‘सरकार प्रभु’ के नाम से प्रसिद्ध थे। वर्ष 2000 में उन्होंने गिरिडीह में अपने शरीर का त्याग किया था।

    उनकी समाधि श्री कबीर ज्ञान मंदिर प्रांगण में स्थित है, जहां हर वर्ष निर्वाण तिथि—माघ शुक्ल पक्ष द्वितीया के दिन श्रद्धालु श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए एकत्रित होते हैं।

    इस बार भी श्रद्धा, भक्ति और दिव्यता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा!

  • स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों ने सदर अस्पताल के समक्ष किया धरना प्रदर्शन

    चंदन पांडे की रिपोर्ट ………

    गिरिडीह: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के बैनर तले बुधवार को स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सदर अस्पताल के समक्ष धरना प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन की अगुवाई JLKM के जिला अध्यक्ष सलमान अंसारी ने की।

    धरना दे रहे कर्मियों का आरोप है कि जिला स्वास्थ्य विभाग, गिरिडीह में आउटसोर्सिंग कर्मियों के मासिक मानदेय और EPF में गड़बड़ी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सभी कर्मियों को उनके बढ़े हुए मानदेय के अनुरूप भुगतान किया जाए, EPF और ESI कार्ड उपलब्ध कराया जाए, हर माह सैलरी स्लिप दी जाए, और जिन कंप्यूटर ऑपरेटरों को हटाकर एमएसडब्ल्यू बना दिया गया है, उन्हें पुनः उनके पद पर बहाल किया जाए। साथ ही, कर्मचारियों ने शिकायत की कि यदि वे अपनी समस्याओं पर सवाल उठाते हैं तो कंपनी के सुपरवाइजर उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी देते हैं।

    659 कर्मियों को नहीं मिल रहा पूरा वेतन!

    बताया गया कि जिला स्वास्थ्य विभाग में बालाजी डिटेक्टिव फोर्स प्राइवेट लिमिटेड और शिवाजी डिटेक्टिव फोर्स प्राइवेट लिमिटेड के अंतर्गत लगभग 659 कर्मी कार्यरत हैं। लेकिन इन कंपनियों द्वारा मासिक मानदेय में कटौती की जा रही है, और तय राशि के अनुरूप वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा। EPF में भी भारी गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं।

    कर्मचारियों ने JLKM के नेतृत्व में सिविल सर्जन से इन सभी अनियमितताओं को दूर करने की मांग की। इस धरना प्रदर्शन में JLKM के केंद्रीय सचिव नागेंद्र चंद्रवंशी, केंद्रीय महामंत्री रॉकी शेख, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जिशान अहमद, दिग्विजय सिंह, आकाश विश्वकर्मा, अर्जुन पंडित, ताज हुसैन, मिहिर चंद्रवंशी, नूर हसन, इमरान अंसारी समेत कई अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

  • इनर व्हील क्लब ने 35वें चार्टर डे पर किया सेवा का महोत्सव

    परवेज़ आलम की रिपोर्ट ……….

    गिरिडीह। इनर व्हील क्लब गिरिडीह ने अपने 35वें चार्टर डे के उपलक्ष्य में सेवा और समर्पण का अनूठा उदाहरण पेश किया। इस खास मौके पर क्लब को डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन अलकनंदा बख्शी का आधिकारिक दौरा भी मिला, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ गया।

    सेवा कार्य बने समारोह की पहचान.
    समाज सेवा के अपने संकल्प को आगे बढ़ाते हुए क्लब ने तीन जरूरतमंद लड़कियों को सिलाई मशीनें प्रदान कीं, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। वहीं, एक जरूरतमंद व्यक्ति को व्हीलचेयर देकर उसकी जिंदगी को थोड़ी सहूलियत दी गई।

    होटल गार्डन व्यू में भव्य आयोजन.
    इस अवसर पर होटल गार्डन व्यू में एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां शहर के प्रतिष्ठित संस्थानों के कई गणमान्य महिला-पुरुष शामिल हुए। क्लब की अध्यक्ष डॉ. रूपाश्री खैतान ने अतिथियों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया, जबकि सेक्रेटरी निवेदिता पोद्दार ने अब तक क्लब द्वारा किए गए कार्यों का सारगर्भित विवरण प्रस्तुत किया।

    नई सदस्याओं का स्वागत.
    क्लब में नए सदस्यों के रूप में रिया बादल और नीलम कंधवे को शामिल किया गया। वहीं, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन अलकनंदा बख्शी ने क्लब के सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

    गौरवशाली इतिहास की झलक.
    चार्टर मेम्बर एवं पास्ट इंटरनेशनल एडिटर प्रभा रघुनंदन ने क्लब की 35 वर्षों की प्रेरणादायक यात्रा पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर क्लब की सभी पास्ट प्रेसिडेंट्स को भी सम्मानित किया गया।

    विशेष लॉन्च – डेस्कटॉप कैलेंडर.
    इस यादगार समारोह में इनर व्हील क्लब गिरिडीह के नाम का विशेष डेस्कटॉप कैलेंडर भी लॉन्च किया गया, जो आने वाले वर्षों में क्लब की उपलब्धियों की याद दिलाता रहेगा।

    कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य सदस्य
    इस आयोजन में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन अलकनंदा बख्शी, क्लब अध्यक्ष डॉ. रूपाश्री खैतान, वाईस प्रेसिडेंट हेमा दत्ता, सेक्रेटरी निवेदिता पोद्दार, ट्रेजरर डॉ. पायल वर्मा, एडिटर सोनी कंधवे, सीजीआर रेखा तर्वे, डिस्ट्रिक्ट वाईस चेयरमैन रश्मि गुप्ता, पास्ट इंटरनेशनल एडिटर प्रभा रघुनंदन, पास्ट डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन रुही अहमद समेत अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।

    इनर व्हील क्लब गिरिडीह का यह आयोजन न केवल एक उत्सव था, बल्कि सेवा और समाज उत्थान की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल भी साबित हुआ।

  • नक्सली दंपती गिरफ्तार, सेंट्रल कमेटी के इनामी सदस्य के दस्ते से जुड़े होने का खुलासा

    झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों को एक बड़ी कामयाबी मिली है। नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के सेंट्रल कमेटी सदस्य और एक करोड़ के इनामी माओवादी नेता विवेक के दस्ते में शामिल पति-पत्नी को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए नक्सलियों की पहचान तालेश्वर हांसदा उर्फ सेरमा और उनकी पत्नी मालती मुर्मू उर्फ गुड़ी उर्फ गुड़िया के रूप में हुई है। तालेश्वर गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र के गणियाडीह और मालती मधुबन थाना क्षेत्र के टेसाफुली की रहने वाली है।

    जंगली क्षेत्र में छापेमारी से गिरफ्तारी.

    गिरफ्तारी की पुष्टि गिरिडीह के एएसपी अभियान सुरजीत कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार को सूचना मिली थी कि टेसाफुली के जंगली पहाड़ी इलाके में माओवादी दस्ते की गतिविधियां देखी गई हैं। इसके बाद एसपी और सीआरपीएफ 154 बटालियन के कमांडेंट के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।

    टीम में एएसपी अभियान, सीआरपीएफ के सेकंड कमान अधिकारी, एसडीपीओ डुमरी, और डुमरी, पीरटांड व मधुबन के थाना प्रभारियों को शामिल किया गया। छापेमारी के दौरान नक्सली दंपती को गिरफ्तार कर लिया गया। इनके पास से 9 एमएम पिस्टल और गोलियां बरामद की गईं।

    प्रमुख नक्सली दस्ते से जुड़ाव।

    पूछताछ के दौरान दंपती ने स्वीकार किया कि वे प्रतिबंधित नक्सली संगठन के बड़े नेता प्रयाग मांझी उर्फ विवेक उर्फ करण दा के दस्ते के सक्रिय सदस्य थे। एएसपी अभियान ने बताया कि दंपती से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    अभियान में सुरक्षाबलों की प्रभावी भूमिका।

    इस सफल अभियान में एएसपी अभियान सुरजीत कुमार, सीआरपीएफ के सेकेंड कमान अधिकारी दलजीत सिंह भाटी, एसडीपीओ डुमरी सुमित प्रसाद, सीआरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट मनोज कुमार यादव, मधुबन थाना प्रभारी जगन्नाथ पान, पीरटांड थाना प्रभारी दीपेश कुमार, महिला चौकीदार मैनवा देवी, और सशस्त्र बलों की टीम ने हिस्सा लिया।

    पुलिस की उपलब्धि।

    इस गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। माओवादी संगठन के खिलाफ चल रहे अभियान में यह कार्रवाई सुरक्षाबलों के आत्मविश्वास को और बढ़ाएगी। पूछताछ में मिली जानकारियां संगठन के अन्य सदस्यों और गतिविधियों पर चोट पहुंचाने में मददगार साबित हो सकती हैं।

    झारखंड के नक्सल प्रभावित इलाकों में इस तरह के अभियानों से पुलिस और सीआरपीएफ का ऑपरेशन माओवादियों के लिए लगातार चुनौती बनता जा रहा है।

  • झारखंड: मनचाही पोस्टिंग और ट्रांसफर कराने का झांसा देने वाला गिरोह का भंडाफोड़  

    परवेज़ आलम की खास रिपोर्ट ………..

    झारखंड में पुलिस-प्रशासन के अफसरों को मनचाही पोस्टिंग और ट्रांसफर का झांसा देकर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। रांची पुलिस ने इस गिरोह के पाँच शातिर सदस्यों को हिरासत में लिया था पर फिलवक्त इन आरोपियों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया है । इस गिरोह ने  कई आईपीएस, डीएसपी और दारोगा को अपना शिकार बनाया है। पुलिस ने आरोपियों के व्हाट्सएप चैट और लेन-देन के सबूत खंगालने रही है।

    गुप्त सूचना से हुआ खुलासा.

    रांची कोतवाली थाने में दर्ज एक सनहा के आधार पर पुलिस ने इस गिरोह का पर्दाफाश किया है । खबर थी कि यह गिरोह अधिकारियों के तबादले, पोस्टिंग और ठेका मैनेज करने का झांसा देकर बड़ी रकम वसूल रहा था। इसके बाद हिंदपीढ़ी और चुटिया थाना क्षेत्रों में दबिश देकर गिरोह के प्रमुख सदस्य सज्जाद उर्फ मुन्ना और कैप्टन सिंह सलूजा को हिरासत में लिया गया। इनसे पूछताछ के बाद जमशेदपुर के अयान सरकार, हल्दीपोखर के चंदन लाल और रांची के सूर्य प्रभात को भी गिरफ्तार किया गया।

    राजनीतिक कनेक्शन से जुड़े तार।

    पुलिस की पहली जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों का राजनीतिक कनेक्शन है। अयान सरकार भाजपा नेता बाबूलाल सोरेन के कारोबारी साझेदार बताए जा रहे हैं। चंदन लाल भी सोरेन के साथ मिलकर काम करता है। वहीं, सूर्य प्रभात भाजपा युवा मोर्चा का पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुका है, जबकि कैप्टन सिंह सलूजा भाजपा के एक राज्यसभा सदस्य के करीबी माने जाते हैं।

    डेढ़ करोड़ की ठगी का शक।

    सूत्रों के मुताबिक, गिरोह ने अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग के नाम पर अब तक करीब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी की है। हालांकि फंसने के डर से कोई भी पीड़ित अधिकारी सामने नहीं आ रहा है, जिससे पुलिस के लिए जांच को आगे बढ़ाना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।

    मोबाइल और चैट की जांच जारी।

    पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। व्हाट्सएप चैट और कॉल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है ताकि पता चल सके कि किन-किन अधिकारियों को ठगा गया है और यह गिरोह किस तरह से काम कर रहा था।

    सीआईडी जांच की संभावना।

    पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी से जांच कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस गिरोह के खिलाफ और भी ठोस सबूत जुटाए जा सकते हैं।

    आरोपियों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया।

    फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपियों को पीआर बॉन्ड पर छोड़ दिया गया है, लेकिन जांच जारी है। पुलिस इस गिरोह से जुड़े हर पहलू को खंगालने में जुटी है ताकि झारखंड में ऐसी ठगी के खेल पर लगाम लगाई जा सके।

    झारखंड में अधिकारियों को निशाना बनाकर चल रहे इस ठगी के खेल के भडाफोड़ ने  प्रशासनिक महकमे मे खलबली मचा दी है ।