Category: Giridih

  • डॉ. सरफराज अहमद ने पीटीएम में कहा—शिक्षा ही समाज की प्रगति की आधारशिला

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : जे.सी. बोस विद्यालय और गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में अभिभावक–शिक्षक बैठक (Parent–Teacher Meeting) का भव्य, अनुशासित और अत्यंत सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि शिक्षा, संवाद और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त मंच बनकर उभरा। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार, उपस्थिति और सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना था। विभिन्न कक्षाओं के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।

    कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज़ अहमद रहे। उनके साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद वसीम अहमद भी उपस्थित थे । विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने  कार्यक्रम का संचालन किया गया।

    मुख्य अतिथि डॉ. सरफराज़ अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला होती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि अभिभावक और शिक्षक मिलकर ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया तथा लक्ष्य निर्धारण, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।

    प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने स्वागत वक्तव्य में अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण, जीवन कौशल और व्यक्तित्व विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नियमित पीटीएम विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत सेतु का कार्य करती है, जिससे विद्यार्थियों की प्रगति को सही दिशा मिलती है।

    बैठक के दौरान विषयवार शिक्षकों ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, परीक्षा परिणाम, कक्षा सहभागिता, गृहकार्य, परियोजना कार्य और उपस्थिति की विस्तृत जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की। कमजोर विद्यार्थियों के लिए सुधारात्मक कक्षाओं, अतिरिक्त मार्गदर्शन और व्यक्तिगत ध्यान की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

    अभिभावकों को विद्यालय में संचालित सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई। अभिभावकों ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, शिक्षकों की मेहनत और बच्चों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उपयोगी सुझाव भी प्रस्तुत किए।

    कार्यक्रम के विशेष क्षण में J.C.E.R.T. द्वारा आयोजित प्री-बोर्ड एवं S.A-1 परीक्षा के टॉपर्स, सीसीए में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं तथा उत्कृष्ट उपस्थिति के लिए विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यालय में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं अंगवस्त्र देकर मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यालय के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने वाले अभिभावकों तथा SMC अध्यक्ष एवं सदस्यों को भी अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

    कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रा प्रगति कुमारी एवं महक परवीन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा, जिसकी उपस्थित अभिभावकों और छात्राओं ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

    इधर, गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में भी अभिभावक–शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। यहां भी मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद तथा डीईओ वसीम अहमद उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का स्वागत प्राचार्य दयानंद कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही।

    इस अवसर पर सांसद और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, परीक्षा परिणाम और शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील भी की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

    डॉ. सरफराज अहमद ने कहा कि झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जनप्रतिनिधि विद्यालयों का दौरा कर शिक्षा की गुणवत्ता, संसाधन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में उठाए जा रहे कदमों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में शिक्षा स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है, जो सभी के लिए गर्व की बात है।

    इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्राचार्य, शिक्षकगण एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोशपूर्ण प्रदर्शन , भाजपा कार्यालय का घेराव

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : केंद्र सरकार पर ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाते हुए सोमवार को कांग्रेस पार्टी ने गिरिडीह जिला मुख्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों पुरुष और महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव कर केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने किया।

    प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक द्वेष की भावना से प्रेरित होकर जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को डराने और दबाने के लिए कर रही है। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां थीं और “तानाशाही नहीं चलेगी”, “ईडी-सीबीआई का दुरुपयोग बंद करो” जैसे नारे लगातार गूंजते रहे।

    सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज को कुचलने का प्रयास कर रही है।
    उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान किया जा रहा है, जो पूरी तरह राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है।

    केडिया ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की बढ़ती लोकप्रियता से घबराई हुई है। इसी डर के कारण वह केंद्रीय एजेंसियों के जरिए नेताओं को फंसाने का काम कर रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि कांग्रेस पार्टी इस तानाशाही रवैये के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
    यदि जांच एजेंसियों का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

    प्रदर्शन में शामिल महिला कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया और जांच एजेंसियों की निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

    इधर, टावर चौक पर भी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदले जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ता “गांधी का नाम मिटाना बंद करो”, “गोडसेवाद मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए टावर चौक पहुंचे।

    टावर चौक पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सतीश केडिया ने कहा कि पहले गांधी जी की हत्या की गई और अब उनकी विचारधारा को मिटाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि गोडसेवादी सोच यह भ्रम पाल रही है कि योजनाओं का नाम बदलकर गांधी के नाम को मिटाया जा सकता है, लेकिन यह उनकी सबसे बड़ी भूल है।

    केडिया ने कहा कि महात्मा गांधी आज पूरी दुनिया के आदर्श हैं। सौ से अधिक देशों में उनकी प्रतिमाएं स्थापित हैं और दुनिया भर से भारत आने वाले राष्ट्राध्यक्ष सबसे पहले गांधी जी को नमन करते हैं। ऐसे में गांधी के नाम पर चल रही योजना का नाम बदलना गांधी के देश में अत्यंत घृणित और अपमानजनक प्रयास है, जिसे कांग्रेस पार्टी और देश कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।

    उन्होंने मनरेगा में प्रस्तावित बदलावों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि 40 प्रतिशत राज्य और 60 प्रतिशत केंद्र के योगदान वाला मॉडल गरीब राज्यों को और गरीब करने की साजिश है, ताकि राज्य इस योजना को सही ढंग से चला न सकें और बड़े उद्योगपतियों को सस्ते मजदूर उपलब्ध कराए जा सकें।
    उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस पार्टी मजदूरों के हक की इस लड़ाई में मजबूती से खड़ी है।

    इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से अशोक विश्वकर्मा, दिनेश विश्वकर्मा, मनोज राय, अभिनंदन प्रताप सिंह, निजामुद्दीन अंसारी, मोहम्मद निजामुद्दीन, धनंजय गोस्वामी, नागेश्वर मंडल, इतवारी वर्मा, गायत्री देवी, लक्ष्मी कुमारी, अशोक कुमार निराला, महेश प्रसाद, अरुण मंगल, प्रभात सिंह, मोहन साह, भोला यादव, यश सिन्हा, मोहम्मद सोहेल, सरफराज अंसारी, विनीत भास्कर, मोहम्मद आलम, अहमद राजा, नूरी जुनेद आलम, गुड्डू मलिक, जोगेश्वर महथा, पंकज सागर,

  • पूजा समितियों को सम्मान , चैंबर की पहल को मंत्री ने बताया प्रेरणादायक

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह: शहर की सांस्कृतिक चेतना, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता को सम्मान देने के उद्देश्य से कोयलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, गिरिडीह की ओर से आज भव्य पूजा समिति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। होटल इव्य्यान पैलेस में आयोजित इस समारोह में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू  मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर दुर्गा पूजा की 48 और छठ पूजा की 28 समितियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

    अलग-अलग श्रेणियों में विशेष सम्मान.

    बेहतर आयोजन और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाली समितियों को विशेष श्रेणियों में सम्मान दिया गया—

    • बेहतर साज-सज्जा: विश्वनाथ मंदिर पूजा समिति
    • बेहतर विधि-व्यवस्था: पचंबा पूजा समिति
    • बेहतर साफ-सफाई: फोरेस्ट कॉलोनी पूजा समिति
    • श्रेष्ठ पंडाल: पपरवाटांड़ पूजा समिति
    • भव्य मेला आयोजन: सिहोडीह पूजा समिति

    वहीं माता की विदाई को परंपरा और गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए बड़की माता, छोटकी माता, विश्वनाथ मंदिर, पचंबा, बनियाडीह और सेंट्रलपीठ पूजा समितियों को भी विशेष सम्मान दिया गया।

    नगर निगम और विसर्जन समिति को भी सराहना.

    शहर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था के लिए नगर निगम, तथा प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन में सहयोग के लिए मानसरोवर तालाब विसर्जन समिति को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

    मंत्री का संदेश.

    अपने संबोधन में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि

    “इस तरह के सम्मान समारोह पूजा समितियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देते हैं और आयोजन को और बेहतर बनाने की प्रेरणा देते हैं।”

    उन्होंने इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे हर वर्ष आयोजित करने की भी अपील की।

    प्रायोजक, निर्णायक और आयोजकों का सम्मान.

    इस अवसर पर मंत्री के हाथों प्रायोजक दिवेन तिवारी, निर्णायक मंडल में शामिल पत्रकाररों को भी सम्मानित किया गया।

    कार्यक्रम में चैंबर के अध्यक्ष राहुल वर्मन, सचिव गोपाल भदानी, कोषाध्यक्ष डॉ. सुमन, संरक्षक संजय सिंह, उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता समेत अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
    कार्यक्रम का संचालन संयोजक अरविंद कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अध्यक्ष राहुल वर्मन ने किया।

    बड़ी संख्या में समितियों की सहभागिता.

    समारोह में कार्यकारी सदस्य राहुल कुमार, सुजीत कपीशवे, सौरव महासेठ, ऋषि सलूजा, संजय कुमार, विकास गुप्ता, धर्म प्रकाश, मसरूर सिद्दीकी, रवि राज, अरुण साह, कृष्णा साहू, सहित सैकड़ों पूजा समिति प्रतिनिधि मौजूद रहे।

     

  • क्रिसमस की खुशियों से सराबोर गिरिडीह, बाजारों में रौनक, गिरजाघर रोशनी से जगमगाए

    परवेज़ आलम.

    गिरिडीह : क्रिसमस की दस्तक के साथ ही गिरिडीह के ईसाई धर्मावलंबियों में उत्साह और उमंग चरम पर है। पर्व में अभी तीन दिन शेष हैं, लेकिन शहर के बाजारों में अभी से क्रिसमस की रौनक देखते ही बन रही है। गिरजाघरों में रोशनी और सजावट इस बात की गवाही दे रही हैं कि क्रिसमस सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि खुशियों का उत्सव है।

    बाजारों में कदम रखते ही सांता क्लॉज की टोपी, रंग-बिरंगी लाइटें, सजावटी सितारे और क्रिसमस ट्री लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। दुकानों में क्रिसमस से जुड़ी हर सामग्री उपलब्ध है और लोग इस पर्व को खास बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

    क्रिसमस कार्ड भी लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं। पारंपरिक संदेशों से लेकर आधुनिक डिज़ाइन वाले कार्ड बाजार में खूब बिक रहे हैं। लोग अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और प्रियजनों को शुभकामनाएं भेजने के लिए उत्साहपूर्वक कार्ड खरीद रहे हैं। वहीं बच्चों के लिए तो बाजार किसी जन्नत से कम नहीं है—खिलौने, मास्क, आकर्षक ड्रेस, सांता सूट और खास गिफ्ट पैक बच्चों को अपनी ओर खींच रहे हैं। माता-पिता भी बच्चों की खुशी के लिए जमकर खरीदारी कर रहे हैं।

    व्यापारियों के अनुसार, इस बार क्रिसमस को लेकर बाजार में खासा उत्साह है। दुकानदारों का कहना है कि बीते कुछ दिनों में बिक्री में तेजी आई है और जैसे-जैसे क्रिसमस नजदीक आ रहा है , रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।

    उधर, गिरिडीह के गिरजाघरों को भी बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। रंगीन लाइटों और आकर्षक सजावट से सजे चर्च दूर से ही लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रार्थना सभाओं और विशेष कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। हर ओर क्रिसमस का उल्लास और उत्साह साफ झलक रहा है। लोग एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे रहे हैं और त्योहार की खुशियों को मिल-बांट रहे हैं।

  • पुलिस–मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित, शांति और सुरक्षा में मीडिया की भूमिका पर जोर

    गिरिडीह: समाज में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में मीडिया की भूमिका को रेखांकित करते हुए शनिवार  को पुलिस केंद्र गिरिडीह स्थित सभागार में पुलिस–मीडिया संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस और प्रेस के बीच सहयोग, विश्वास और पारदर्शिता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

    पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह डॉ बिमल कुमार  की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े बड़ी संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता की। सभागार में सकारात्मक संवाद और आपसी समन्वय का माहौल देखने को मिला।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बीते समय में जिले में संपन्न हुए विभिन्न पर्व-त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में मीडिया के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समय पर, तथ्यात्मक और जिम्मेदार रिपोर्टिंग ने न केवल अफवाहों पर रोक लगाई, बल्कि आम जनता में जागरूकता भी बढ़ाई।

    इस अवसर पर जिले में उत्कृष्ट रिपोर्टिंग और जन-जागरूकता फैलाने वाले पत्रकारों को पुलिस अधीक्षक द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे पत्रकारों का उत्साह और मनोबल बढ़ा।

    कार्यक्रम के दौरान पुलिस और मीडिया के बीच एक खुला संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें पत्रकारों ने जिले में विधि-व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि मीडिया अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए जनहित में जागरूकता फैलाने का कार्य लगातार करता रहेगा।

    पत्रकारों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा—
    “मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। गिरिडीह पुलिस आपकी निर्भीकता और निष्पक्ष पत्रकारिता का सम्मान करती है। हमारा उद्देश्य ऐसा वातावरण बनाना है, जहाँ पुलिस और प्रेस मिलकर जिले को अपराध-मुक्त और सुरक्षित बना सकें।”

    इस तरह के संवादात्मक कार्यक्रमों से पुलिस और पत्रकारों के बीच आपसी विश्वास, समन्वय और सहयोग और अधिक मजबूत होगा, जिसका सीधा लाभ आम जनता को मिलेगा।

  • भोजपुरी फिल्म ‘शिकारी’ का फर्स्ट प्रीमियर शो गिरिडीह में

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह: पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश लेकर आई भोजपुरी फिल्म ‘शिकारी’ ने शुक्रवार को देशभर में एक साथ रिलीज होकर दर्शकों का ध्यान खींचा। फिल्म का फर्स्ट प्रीमियर शो झारखंड के गिरिडीह स्थित सवेरा चित्र मंदिरआयोजित किया गया, जिसने इस मौके को और भी खास बना दिया।

    प्रीमियर शो के दौरान सिनेमा हॉल का माहौल उत्साह, तालियों और गर्व से भरा नजर आया। फिल्म के कलाकार, निर्देशक और निर्माता स्वयं दर्शकों के बीच मौजूद रहे।

    शर्मशी फिल्म्स मीडिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म की शूटिंग गिरिडीह और मुंबई में की गई है। फिल्म में गिरिडीह के प्रसिद्ध झरनों और प्राकृतिक सौंदर्य को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया है, जो न केवल आंखों को सुकून देता है बल्कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी मजबूती से प्रस्तुत करता है।

    फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं सिहोडीह निवासी रोशन शर्मा और बरमसिया के रहने वाले मुकेश ओझा। मुकेश ओझा के लिए यह प्रीमियर बेहद भावुक पल रहा, क्योंकि जिस सवेरा चित्र मंदिर में उनकी पहली फिल्म प्रदर्शित हुई, उसी सिनेमा हॉल से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई थी।

    प्रीमियर शो के उद्घाटन समारोह में निर्देशक-निर्माता मनोज तोमर, कहानी एवं पटकथा लेखक पिंकी घोष के साथ कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।

    मौके पर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने फिल्म की कहानी, सशक्त अभिनय और पर्यावरण संरक्षण के सामाजिक संदेश की जमकर सराहना की। साथ ही गिरिडीह के उभरते कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    भोजपुरी सिनेमा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषय को प्रस्तुत करती फिल्म ‘शिकारी’ न सिर्फ मनोरंजन करती है, बल्कि समाज को एक जरूरी संदेश भी देती है।

  • विश्व अल्पसंख्यक दिवस :अल्पसंख्यक अधिकारों और उर्दू भाषा की रक्षा की उठी आवाज

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस के अवसर पर गुरुवार को झामुमो जिला कार्यालय में एक प्रभावशाली सभा का आयोजन किया गया। सभा में अल्पसंख्यक अधिकारों, उनकी पहचान, भाषा और संस्कृति की सुरक्षा को लेकर गंभीर मंथन हुआ।

    सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस का उद्देश्य धार्मिक और भाषाई अल्पसंख्यकों के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार सभी वर्गों के साथ-साथ अल्पसंख्यकों के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार अल्पसंख्यकों की भाषा, संस्कार और पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

    अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष चाँद रशीद अंसारी ने कहा कि यह दिवस हमें अपनी परंपरा, तहजीब और सांस्कृतिक विरासत को समाज के सामने रखने का अवसर देता है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि अल्पसंख्यकों के विकास को और अधिक गति दी जाए तथा उनकी भाषाओं की संवैधानिक रूप से रक्षा सुनिश्चित की जाए।

    वहीं, झामुमो जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी ने कहा कि झारखंड में मुस्लिम, सिख, बौद्ध और ईसाई समुदाय अल्पसंख्यक के रूप में रहते हैं, जिनमें मुस्लिम समुदाय की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यकों के विकास के लिए योजनाएं चला रही है, लेकिन कुछ अधिकारी बार-बार तकनीकी अड़चनें डालने का प्रयास करते हैं।
    उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि उर्दू हमारी मातृभाषा है, इसके बावजूद उर्दू स्कूलों से उर्दू शिक्षकों के पद समाप्त किए जा रहे हैं, उर्दू की पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं और उर्दू स्कूलों में मुस्लिम त्योहारों की छुट्टियां भी खत्म की जा रही हैं। इन सभी मुद्दों को लेकर जल्द ही एक शिष्टमंडल मुख्यमंत्री से मुलाकात कर अपनी बात रखेगा।

    सभा में जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान एक महिला डॉक्टर का हिजाब खींचे जाने की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे महिला सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता के खिलाफ बताया।

    इस अवसर पर सरफुद्दीन, मनीर अंसारी, अनवर अंसारी, मेहताब, सुमित गुप्ता, सैफ अली, सईद अख्तर, मुस्लिम अंसारी, मो. मुमताज, जिला सह सचिव दिलीप रजक, महानगर अध्यक्ष रॉकी सिंह, भैरो वर्मा, सुमित कुमार, नुरुल हौदा सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
    कार्यक्रम का सफल संचालन असगर अंसारी ने किया।

    सभा का समापन अल्पसंख्यक अधिकारों की रक्षा और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने के संकल्प के साथ हुआ।

     

  • “पढ़ो और लड़ो” के जनक बिनोद बिहारी महतो को झामुमो ने किया याद

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

     

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि बिनोद बिहारी महतो केवल एक नेता नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के प्रतीक थे। उनका सपना था कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति भी सम्मान और अधिकार के साथ जीवन जिए। उन्होंने कहा कि विनोद बाबू का नारा “पढ़ो और लड़ो” आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना उनके समय में था।

    संजय सिंह ने बिनोद बिहारी महतो के जीवन संघर्षों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि वे आजीवन झारखंड के लोगों को शिक्षा और संघर्ष के रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित करते रहे। उनका स्पष्ट संदेश था— “जब तक आप अपना इतिहास नहीं पढ़ेंगे, तब तक अपने अधिकारों के लिए मजबूती से लड़ नहीं पाएंगे।” यही विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।

    इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, नगर अध्यक्ष राकी सिंह, जिला कोषाध्यक्ष सुमित कुमार, जिला सह सचिव दिलीप कुमार रजक सहित चांद रसीद, असगर अंसारी, हसनैन अली, मेहताब मिर्जा, राकेश कुमार रंजन, मुकेश यादव, राकेश गुप्ता समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

    वहीं, पीरटांड़ स्थित बिनोद धाम में भी बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नेताओं ने उन्हें याद किया और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
    कार्यक्रम का समापन उनके संघर्ष, शिक्षा और अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने के आह्वान के साथ हुआ।

  • गिरिडीह में उद्योग–व्यवसाय को लेकर अहम बैठक

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह: उद्योग और कर्मचारियों के हित से जुड़ा एक महत्वपूर्ण संवाद आज गिरिडीह जिला चेंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से स्थानीय मधुबन वेजेस के सभागार में आयोजित किया गया। इस बैठक में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) के स्थानीय जिला प्रबंधक श्री अमर कुमार सिन्हा और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रवर्तन पदाधिकारी श्री सुजीत कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।

    बैठक में कोईलांचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के महासचिव श्री गोपाल भदानी समेत उनके संगठन के सदस्य भी शामिल हुए।
    इस अवसर पर श्री अमर कुमार सिन्हा ने 31 दिसंबर 2025 तक कर्मचारियों का निबंधन कराने वाले नियोजकों को ESIC द्वारा दी जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उद्योगपतियों और व्यवसायियों से अपील की कि वे तय समय सीमा के भीतर ESIC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें, ताकि कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का पूरा लाभ मिल सके।

    वहीं EPFO के प्रवर्तन अधिकारी श्री सुजीत कुमार ने 30 अप्रैल 2026 तक अधिक से अधिक कर्मचारियों के ऑनलाइन पंजीकरण पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री विकसित भारत योजना के तहत उद्यमियों और व्यवसायियों के निबंधन की आवश्यकता बताते हुए इससे मिलने वाले दीर्घकालिक लाभों पर भी प्रकाश डाला।

    बैठक के दौरान चेंबर सदस्यों ने अपनी शंकाओं और जिज्ञासाओं को खुलकर अधिकारियों के सामने रखा, जिनका समाधान अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक किया। संवादात्मक माहौल में हुई यह बैठक उद्योग जगत के लिए न सिर्फ उपयोगी रही, बल्कि कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

    इस बैठक में जीडीसीसी अध्यक्ष के साथ-साथ डॉ. सज्जन डोकानिया, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष विकास खेतान, ध्रुव संथालिया, पंकज राठी, संजय भुडौलिया, मनोज डालमिया, निर्मल सलामपुरिया सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

  • गिरिडीह प्रदूषण के खिलाफ ग्रामीणों की आवाज़, प्रशासन के आश्वासन पर थमा आंदोलन

    परवेज़ आलम. द न्यूज़ पोस्ट4यू

    गिरिडीह औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण से त्रस्त ग्रामीणों का सब्र आखिरकार मंगलवार की सुबह प्रशासनिक आश्वासन के बाद थमता नजर आया। अतिवीर इंडस्ट्रीज कंपनी लिमिटेड, निरंजन मेटेलिक और वेंकटेश्वर स्पंज एंड आयरन के खिलाफ चल रहा अनिश्चितकालीन गेट जाम और धरना-प्रदर्शन सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीकांत यशवंत विस्पुते के हस्तक्षेप के बाद समाप्त कर दिया गया।

    धरना समाप्त होने से पहले अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय में हुई अहम वार्ता में एसडीओ ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदूषण के मामले में जिला प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के भीतर झारखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, धनबाद के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा सभी स्पंज आयरन फैक्ट्रियों का गहन निरीक्षण कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रदूषण से प्रभावित इलाकों का भी दौरा कर विस्तृत जांच रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जाएगी।

    वार्ता के दौरान ग्रामीणों का दर्द खुलकर सामने आया। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से वे प्रदूषण के खिलाफ लगातार आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन संबंधित उद्योगों की ओर से अब तक कोई ठोस सुधार नहीं किया गया। फैक्ट्रियों से निकलने वाले धुएं और कचरे से गांवों की हवा, पानी और खेती बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

    ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी भी दी कि यदि जिला प्रशासन और प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है।

    एसडीओ के साथ हुई इस वार्ता में विजय विशाल राय, शुभांकर कुमार, कालेश्वर सोरेन, आजाद आलम, शिंकु मरांडी, प्रकाश टुडू, अजय तूरी, धनेश्वर राय, सुमन राय, विकाश राय, प्रदीप राय समेत कई ग्रामीण प्रतिनिधि मौजूद थे।

    फिलहाल प्रशासनिक आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित हुआ है, लेकिन अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या वाकई निरीक्षण और कार्रवाई धरातल पर उतरती है या प्रदूषण से जूझ रहे ग्रामीणों का संघर्ष फिर तेज़ होगा।