Tag: giridh news

  • गिरिडीह: सुभाष इंस्टीट्यूट के BBA-BCA छात्रों ने फिर लहराया परचम

    गिरिडीह :सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गिरिडीह के BBA और BCA चतुर्थ सेमेस्टर (सत्र 2022-25) का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस बार भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। संस्थान का रिजल्ट 100% रहा। कुल 46 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 13 BBA और 33 BCA के छात्र शामिल थे।

    BCA में 4 छात्रों को 8 SGPA, 12 को 7 SGPA और 17 छात्रों को 6 SGPA मिला। वहीं BBA में नूरी परवीन ने 9 SGPA और 504 अंक के साथ कॉलेज टॉप किया। नीलू कुमारी ने 8.83 SGPA (505 अंक) लाकर दूसरा और मो. हसमुख ने 8.83 SGPA (490 अंक) के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

    BBA ब्रांच में तसबीह परवीन 8.30 SGPA (471 अंक) के साथ टॉपर बनीं। आदित्य राज और तनीषा गुप्ता ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर टॉप-3 में जगह बनाई।

    संस्थान के निदेशक डॉ. बिजय सिंह ने सभी छात्रों को बधाई दी और कहा कि संस्थान पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रहा है। विभागाध्यक्ष सुधाकर शरण और मकबूल आलम ने शिक्षकों को सफलता का श्रेय दिया।

  • गिरिडीह : ज्वेलर्स लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, छह अपराधी गिरफ्तार, हथियार और जेवरात बरामद

    By The News Post4U

    गिरिडीह : जमुआ थाना क्षेत्र के पोबी मोड़ के पास 22 मई को ज्वेलर्स से हुई लूट और गोलीबारी की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गिरिडीह पुलिस को इस मामले में बड़ी सफलता मिली है। इस कांड में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।

    पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने आज मीडिया को  जानकारी दी कि घटना के तुरंत बाद एसडीपीओ खोरीमहुआ राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम गठित की गई थी। टीम ने त्वरित और गुप्त कार्रवाई कर मामले में संलिप्त सभी छह आरोपियों को धर दबोचा।

    गौर तलब है कि 22 मई 2025 की शाम को विशाल ज्वेलर्स के मालिक विशाल कुमार सोनी, अपनी दुकान बंद कर द्वारपहरी चौक से घर लौट रहे थे, पोबी मोड़ के आगे सुनसान रास्ते पर तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका। अपराधी एक सफेद रंग की Apache बाइक पर सवार थे। उन्होंने पिस्टल दिखाकर विशाल को डराया और उनके पास से ₹5000 नकद और कीमती जेवरात से भरा बैग लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने उन पर गोली चला दी, जिससे विशाल घायल हो गए। इसके बाद अपराधी बैग लेकर फरार हो गए।

    घटना की प्राथमिकी जमुआ थाना कांड संख्या 102/2025, दिनांक 22.05.2025 को धारा 300(5) BNS 2023 और 27 Arms Act के तहत दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिरिडीह पुलिस ने जांच को तेज़ किया।

    कई पुराने मामलों का भी खुलासा:
    गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अन्य तीन घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें शामिल हैं:

    1. जमुआ थाना कांड संख्या 60/2025, दिनांक 29.03.2025, धारा 300(4) BNS 2023
    2. जमुआ थाना कांड संख्या 90/2025, दिनांक 14.05.2025, धारा 304(2)/62/134/307 BNS 2023 एवं 27 Arms Act
    3. धनवार थाना कांड संख्या 43/2025, दिनांक 16.02.2025, धारा 309(4) BNS 2023

    बरामदगी:
    गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर लूट के जेवरात, दो देसी पिस्तौल, और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। इनका इस्तेमाल अपराध में किया गया था।
    गिरफ्तार सभी छह अभियुक्तों को 14 जून 2025 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस शेष एक फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी अभियान चला रही है।

    इस कार्रवाई ने गिरिडीह में लूट और गोलीबारी जैसे अपराधों पर लगाम कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित किया है। पुलिस अधीक्षक ने जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

  • गिरिडीह: महिलाओं के नाम पर 50 लाख का लोन लेकर फरार हुआ पारा शिक्षक, ऐसे पकड़ा गया मामला

    गिरिडीह में 84 महिलाओं से लाखों की ठगी, सहायक अध्यापक पर आरोप

    गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड के अड़वारा पंचायत में 84 महिलाओं के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस ठगी का आरोप गांव के ही सहायक अध्यापक पवन सिंह पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार है।

    पीड़ित महिलाओं के अनुसार, पवन सिंह ने आधार कार्ड और वोटर कार्ड अपडेट करने के नाम पर उनके दस्तावेज लिए थे। इसके बाद उसने फिंगरप्रिंट लेकर कहा कि यह पुष्टि के लिए जरूरी है। लेकिन वास्तव में, उसने इन दस्तावेजों का इस्तेमाल माइक्रो फाइनेंस कंपनी से लोन पास कराने के लिए किया और फिर महिलाओं के नाम पर लिए गए लोन की रकम निकालकर फरार हो गया।

    इस धोखाधड़ी का खुलासा तब हुआ जब फाइनेंस कंपनी के अधिकारी गांव पहुंचे और महिलाओं से लोन की राशि चुकाने को कहा। महिलाओं ने हैरानी जताई कि उन्होंने कभी लोन के लिए आवेदन ही नहीं किया था, जबकि कंपनी का कहना है कि सभी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं और लोन उन्हीं के नाम पर दिया गया है, इसलिए उन्हें ही भुगतान करना होगा।

    सूत्रों के अनुसार, प्रत्येक महिला के नाम पर ₹22,000 से लेकर ₹1,00,000 तक का लोन पास किया गया था, जिससे कुल ठगी की रकम ₹50 लाख से अधिक हो गई। पीड़ित महिलाओं ने बगोदर पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अवर निरीक्षक अंजन कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।