Tag: mousam vibhag jharkhand

  • झारखंड में मौसम का मिजाज बदला-बदला सा: 24 मई तक बारिश और तेज़ हवाओं की चेतावनी, आकाशीय बिजली से 5 की मौत

    By The NewsPost4u

    झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदलता जा रहा है। दिन में चटक धूप के बाद अचानक बदलता मौसम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट ला रहा है। राज्य के कई इलाकों में दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश हो रही है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है।

    मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 24 मई तक झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

    राजधानी रांची और अन्य इलाकों में राहत, लेकिन पलामू तप रहा है.

    पिछले दो दिनों में रांची और उसके आसपास के इलाकों में दोपहर बाद हुई बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी है। तापमान में पांच से छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, पलामू अब भी भीषण गर्मी की चपेट में है। वहां का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। दूसरी ओर, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम में गर्मी में कुछ राहत मिली है, जहां पारा 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

    23 और 24 मई को फिर बारिश की संभावना.

    मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 23 और 24 मई को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन दो दिनों के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि सोमवार को रांची में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा। कभी-कभी बादल छाए और हल्की हवाएं भी चलीं।

    प्रमुख शहरों का तापमान:

    • रांची – 35.8°C
    • जमशेदपुर – 34.5°C
    • डाल्टनगंज – 42.2°C
    • बोकारो – 34.5°C
    • चाईबासा – 35.4°C

    बीते कुछ दिनों में रांची में खराब मौसम के चलते विमान सेवाएं और ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है। वहीं, कई इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही।

    आकाशीय बिजली का कहर: 5 की मौत, 6 घायल.

    सोमवार को गढ़वा और हजारीबाग जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से पांच लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, गढ़वा में तीन और हजारीबाग में दो लोगों की जान गई है।

    सुरक्षा बल पर भी मौसम का कहर.

    पिछले हफ्ते चाईबासा में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सीआरपीएफ के 46 वर्षीय जवान की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हुए थे।

    मौसम विभाग की सतर्कता जारी.

    मौसम विभाग ने पहले ही 20 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। 23-24 मई को बारिश बढ़ने के कारण तूफान की आशंका कम हो सकती है, लेकिन किसी भी मौसमीय आपातस्थिति से इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए विभाग समय-समय पर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी कर रहा है ताकि लोग सतर्क रहें।

    झारखंड में मौसम की अनिश्चितता लोगों के लिए चुनौती बनती जा रही है। ऐसे में ज़रूरी है कि लोग मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें और सावधानी बरतें, खासकर खुले इलाकों में निकलने से बचें।

  • झारखंड में मौसम ने ली अचानक करवट: तेज आंधी-बारिश से दिन में रात हो गई

    गिरिडीह /रांची।  झारखंड में मौसम ने अप्रत्याशित रूप से करवट ली है। चिलचिलाती धूप और 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान के बीच लोग  बेहाल थे, वहीं अब आसमान में घने काले बादलों ने डेरा जमा लिया है और कई जिलों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश ने लोगों को गर्मी से बड़ी राहत दी है।

    दिन में छाया अंधकार, चालकों को जलानी पड़ी हेडलाइटें.

    हजारीबाग, रांची, धनबाद, गिरिडीह और पाकुड़ समेत झारखंड के कई जिलों में दोपहर के समय ही ऐसा नजारा देखने को मिला मानो दिन में रात उतर आई हो। घने काले बादलों और धूलभरी आंधी के कारण दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे सड़क पर चलने वाले वाहनों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।

    हजारीबाग में स्थिति इतनी विकट हो गई कि तेज तूफान के दौरान एक पेड़ एक चलती कार पर गिर पड़ा, जिससे एक दंपति के घायल होने की खबर है। वहीं, कई इलाकों में बिजली के पोल गिरने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की सूचना भी सामने आई है।

    बारिश और तूफान से तापमान में भारी गिरावट.

    राज्य में तेज हवाओं की गति 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। इसके बाद झमाझम बारिश ने मौसम को ठंडा बना दिया। रांची और इसके आसपास के क्षेत्रों में अचानक बारिश शुरू होने से गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में इसी तरह का मौसम बना रहेगा।

    मौसम विभाग का अलर्ट: अगले कुछ दिन राहत, फिर लौटेगी गर्मी

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही अलर्ट जारी किया था कि झारखंड के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। अब एक नया अपडेट जारी करते हुए मौसम विभाग ने चेताया है कि यह राहत अस्थायी है। मई के दूसरे सप्ताह से एक बार फिर भीषण गर्मी और लू का प्रकोप झारखंड में देखने को मिलेगा, जब तापमान 45 डिग्री के पार जा सकता है।

    गिरिडीह में झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त.

    गिरिडीह में भी तेज हवाओं और बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बाजारों में सन्नाटा पसर गया और सड़कों पर वाहन कम नजर आए।
    झारखंड के मौसम में आया यह अचानक बदलाव न केवल लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दे रहा है, बल्कि कुछ क्षेत्रों में यह नुकसानदेह भी साबित हो रहा है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट रहने की जरूरत है क्योंकि अगले कुछ दिनों में भी मौसम इसी तरह अनिश्चित बना रह सकता है।

  • “सर्दी का झारखंडी कहर: गिरिडीह समेत पूरा प्रदेश ठिठुर रहा, जानिए आगे क्या होगा”

    झारखंड में इस बार ठंड ने रजाई और अलाव की डिमांड बढ़ा दी है। गिरिडीह समेत प्रदेश के ज्यादातर जिलों में ठिठुरन बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में तापमान दो से तीन डिग्री तक गिर गया। गुमला तो ठंड के मामले में सबको पछाड़ते हुए 6.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। और गिरिडीह ? यहां भी 8 डिग्री का कांटा थर-थर कांप रहा है।

    सर्द हवा, घना कुहासा और ठिठुरते झारखंडी। 

    मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर और पश्चिम से आने वाली सर्द हवाओं ने माहौल और ठंडा कर दिया है। सुबह-सुबह कोल्हान में घना कुहासा छाया रहा, और दृश्यता सिर्फ 1000 मीटर की रह गई। जमशेदपुर का हाल भी कुछ खास नहीं। यहां का न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। चाईबासा का तापमान दिन में 25.4 डिग्री रहा, जो झारखंड में सबसे ज्यादा है। लेकिन फिर भी ये सामान्य से नीचे है।

    अगले तीन दिन का हाल। 

    रांची मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने साफ कहा है, “ठंड अभी कम होने वाली नहीं। अगले तीन दिन और ठिठुरने के लिए तैयार रहिए।”  गिरिडीह का न्यूनतम पारा 8-9 डिग्री के आसपास रहेगा। मतलब, रजाई छोड़ने की गलती मत करना।

    झारखंड की कनकनी और आपकी तैयारी।

    चाहे आप गुमला में हो या गिरिडीह  में, ठंड ने सबको अपनी चपेट में ले लिया है। सुबह-सुबह स्कूल जाना हो या ऑफिस, गुनगुनी चाय और स्वेटर साथ रखना ज़रूरी है।

    अब देखते हैं, तीन दिन बाद ये ठंड थोड़ी नरम पड़ती है या नहीं। तब तक, अलाव जलाइए, गर्म कपड़े पहनिए और ठंड का आनंद लीजिए। क्योंकि झारखंड की सर्दी यूं ही नहीं आती, पूरे स्वैग के साथ आती है!

  • झारखंड : नए साल मे कैसा रहेगा ठंड का तेवर,जानिए पूरी खबर

    परवेज़ आलम  खास रिपोर्ट……………

    झारखंड  में  एक बार फिर ठंड ने तेवर दिखाना  शुरू कर दिया है। सुबह-शाम चल रही ठंडी हवाओं ने लोगों की रजाइयों की गहराई बढ़ा दी है। मौसम विभाग की माने, तो 1 जनवरी की सुबह कोहरे की चादर ओढ़ेगी, और दिन चढ़ते ही आसमान साफ हो जाएगा। लेकिन, राज्य के उत्तरी इलाकों में घना कोहरा और ठिठुरन की संभावना है।

    तापमान में गिरावट। 
    रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने साफ कर दिया है—अगले 1-2 दिन न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी रांची समेत कई जिलों का तापमान 10 डिग्री के नीचे जा सकता है। सोमवार को रांची, जमशेदपुर और डालटनगंज में पारा सामान्य से 7 डिग्री तक कम रहा।

    बदल सकता है मौसम का मिजाज। 
    पश्चिमी विक्षोभ के झोंके झारखंड में दस्तक दे रहे हैं। 5 जनवरी के बाद से मौसम का मिजाज फिर पलट सकता है। आसमान पर बादलों की हलचल और सुबह-शाम घने कोहरे की धुंध संभावना को और बढ़ा रही है।

    मौसम वैज्ञानिकों की राय:
    वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया, “उत्तर की ओर बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं झारखंड का तापमान गिरा रही हैं। अगले 2 दिन तक न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी।”

    नए साल के जश्न पर असर। 
    ठंडी हवाएं और कोहरे का कहर नया साल मनाने वालों के उत्साह पर पानी फेर सकता है। पिकनिक के प्लान में ठिठुरन का खलल तय है। लोगों को सलाह दी गई है कि वाहन चलाते वक्त सावधानी बरतें।

    तो दोस्तों, जैकेट, मफलर, और स्वेटर की तैयारी कर लो। ठंडी हवाओं का झारखंड में अब दबदबा है। और याद रखें , कोहरे के साए में सड़कों पर धीरे चलो, क्योंकि सुरक्षा से बढ़कर कुछ नहीं!

     

  • जानिए अगले तीन दिनों तक कैसा रहेगा झारखंड का मौसम

    GIRIDIH: पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से झारखंड के ज्यादातर जिलों में शुक्रवार की सुबह कोहरे की चादर ओढ़े नजर आएगी। हालांकि, जैसे-जैसे सूरज चढ़ेगा, आसमान साफ होता जाएगा। दोपहर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन हल्की हवाओं के चलते ठंड का एहसास बढ़ सकता है। तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।

    बारिश की दस्तक: शनिवार और रविवार को बदल सकता है मौसम। 
    रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने भविष्यवाणी की है कि शुक्रवार के बाद मौसम का रुख बदल सकता है। शनिवार और रविवार को राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे ठंड बढ़ेगी, लेकिन न्यूनतम तापमान स्थिर रहने की उम्मीद है। हालांकि, अधिकतम तापमान में गिरावट आ सकती है।

    28 दिसंबर को झारखंड के पश्चिमी और उत्तरी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, 29 दिसंबर को राज्य के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बारिश के आसार हैं। 30 दिसंबर से मौसम साफ होने का अनुमान लगाया गया है।

    किन जिलों में कब होगी बारिश?
    28 दिसंबर को गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, कोडरमा, हजारीबाग, लोहरदगा, गिरिडीह, गुमला और सिमडेगा जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। 29 दिसंबर को गुमला, सिमडेगा, सिंहभूम और खूंटी जिलों में बारिश होने की संभावना है।

    सर्दी का असर और बढ़ेगा। 
    मौसम विभाग की माने तो बारिश के बाद ठंड और ज्यादा महसूस होगी। ऐसे में गर्म कपड़ों का ख्याल रखना जरूरी होगा। झारखंड के ताजा मौसम से जुड़ी हर जानकारी के लिए ‘द न्यूज़ पोस्ट4यू’ पर बने रहें।

  • झारखंड : बारिश, ठंड और धुंध का मिला-जुला असर

    परवेज़ आलम की रिपोर्ट …………..

    झारखंड मे  इस बार प्रकृति ने अपने अलग-अलग रंग दिखाए हैं।

    बारिश, बादल और राहत की कहानी। 
    पिछले 24 घंटों में झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। खूंटी के तोरपा में सबसे ज्यादा 20.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस बारिश ने ठंड के तेवर थोड़ा नरम कर दिए। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जो चतरा में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सिमडेगा के बानो में 27℃ का अधिकतम तापमान दर्ज हुआ।

    बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया का असर अभी भी झारखंड में नजर आ रहा है। बादलों ने ठंड को थोड़ा काबू में रखा है, लेकिन दिन में धुंध और ठंडी हवाओं ने यह एहसास दिलाया कि सर्दियां अभी खत्म नहीं हुई हैं।

    कोल्हान में कोहरा: येलो अलर्ट जारी।
    कोल्हान क्षेत्र में धुंध और कोहरे का असर बढ़ा है। खासकर पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और सिमडेगा में येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह के वक्त धुंध से विजिबिलिटी कम हो रही है, और लोग ज्यादा ठंड महसूस कर रहे हैं।

    क्रिसमस से पहले बारिश की संभावना। 
    मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 दिसंबर को झारखंड के सात जिलों- गढ़वा, पलामू, चतरा, सिमडेगा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला में हल्की बारिश हो सकती है। जहां बारिश नहीं होगी, वहां भी बादल छाए रहेंगे।

    हालांकि क्रिसमस के दिन मौसम साफ रहने का अनुमान है। इस दिन अधिकतम तापमान 25-26℃ और न्यूनतम तापमान 13℃ के आसपास रहेगा।

    ठंड का नया मिजाज। 
    राज्य के जिन जिलों में एक हफ्ते पहले तापमान 5-7 डिग्री तक गिरा था, वहां अब यह 11 डिग्री तक चढ़ गया है। लेकिन दिन के समय बादल और ठंडी हवाओं की वजह से ठंड का एहसास बना हुआ है। लोहरदगा, धनबाद, चतरा और बोकारो में अधिकतम तापमान गिरा है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।

    तोरपा में रिकॉर्ड बारिश, अन्य जिलों में हल्की बूंदाबांदी। 
    खूंटी के तोरपा में 20.6 मिमी बारिश ने पूरे राज्य में सुर्खियां बटोरीं। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा और मझगांव में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। रांची समेत राज्य के बाकी हिस्सों में बादल छाए रहने का अनुमान है।

    ठंड का बदलता रूप।
    झारखंड में इस बार ठंड का मिजाज बदला-बदला सा है। बारिश और बादलों ने कंपकंपाती ठंड से राहत तो दी है, लेकिन दिन में ठंडी हवाएं और धुंध का असर लोगों को सर्दियों का पूरा एहसास करा रहा है।