गिरिडीह:सलेया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग तेज

 

 ZRUCC सदस्य अरुण जोशी ने GM को लिखा पत्र

द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

गिरिडीह:  गिरिडीह-कोडरमा रेलखंड पर स्थित सलेया रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। दक्षिण पूर्व रेलवे के ZRUCC सदस्य Arun Kumar Joshi ने पूर्व-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह को पत्र लिखकर ट्रेन संख्या 13513/14 आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस तथा 14049/10 गोड्डा-दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस का ठहराव सलेया स्टेशन पर सुनिश्चित करने की मांग की है।

अपने पत्र में अरुण जोशी ने कहा है कि सलेया स्टेशन गिरिडीह शहर के पंचबा क्षेत्र में स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जिसके आसपास लगभग पचास से अधिक गांव बसे हुए हैं। यह क्षेत्र घनी आबादी वाला होने के साथ-साथ शहर से भी काफी नजदीक है, जिसके कारण यहां यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने बताया कि स्टेशन तक पहुंचने के लिए टेंपो और ई-रिक्शा जैसी सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को आवागमन में काफी सहूलियत होती है। बावजूद इसके, रांची और नई दिल्ली की ओर जाने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनें यहां से गुजरती तो हैं, लेकिन उनका ठहराव नहीं होने से हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि सलेया स्टेशन नया होने के बावजूद शुरुआत से ही यहां ट्रेनों के ठहराव की मांग की जाती रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि लंबी दूरी की ट्रेनों का ठहराव यहां शुरू किया जाता है, तो इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और रेलवे के राजस्व में भी इजाफा होगा।

अरुण जोशी ने जनहित का हवाला देते हुए महाप्रबंधक से आग्रह किया है कि गिरिडीह-कोडरमा रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेन संख्या 13513/14 आसनसोल-हटिया एक्सप्रेस और 14049/10 गोड्डा-दिल्ली साप्ताहिक एक्सप्रेस का ठहराव सलेया स्टेशन पर जल्द से जल्द दिया जाए, ताकि गिरिडीह और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिल सके।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *