Category: Giridih

  • गिरिडीह:जल्द शुरू होगी शराब दुकानों की ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया,लक्ष्य 109 करोड़.

    संवाददाता The News Post4U

    गिरिडीह : झारखंड सरकार की नई उत्पाद नीति लागू होने के बाद गिरिडीह में भी शराब दुकानों की ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। इस संबंध में उत्पाद विभाग अधिकारियों ने नई व्यवस्था से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ मीडिया से साझा कीं।

    उत्पाद अधीक्षक महेंद्र देव सिंह, निरीक्षक रवि रंजन और कुमार महेंद्र ने बताया कि आगामी तीन दिनों के भीतर जिले में शराब दुकानों के लिए ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू की जा सकती है।

    बाहरी लोगों पर लगेगी रोक, स्थानीयों को प्राथमिकता.

    अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस बार टेंडर प्रक्रिया को पारदर्शी और स्थानीय सहभागिता आधारित बनाने की कोशिश की जाएगी। इसके लिए विभागीय स्तर पर कड़ी निगरानी की व्यवस्था की गई है ताकि बाहरी लोगों की भागीदारी को सीमित किया जा सके।

    45 समूहों में होंगी 100 शराब दुकानें शामिल.

    जानकारी के अनुसार, जिले में इस बार 7 देशी शराब दुकानें और 93 कम्पोजिट दुकानें चिह्नित की गई हैं, जिन्हें 45 समूहों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक समूह में दो दुकानें शामिल होंगी। विभाग ने अनुमान जताया है कि एक समूह की औसत टेंडर राशि 4 करोड़ रुपये के आसपास हो सकती है।

    राजस्व लक्ष्य 109 करोड़ रुपये.

    उत्पाद विभाग ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में 104 करोड़ रुपये की आमदनी हुई थी, जबकि इस वर्ष 109 करोड़ रुपये का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार, नई नीति लागू होने से पहले ही चार महीने की राजस्व वसूली हो चुकी है, जिससे लक्ष्य को हासिल करना संभव लगता है।

    बिक्री पर 12% कमीशन, कोटा पूरा न करने पर जुर्माना.

    अधिकारियों ने बताया कि इस बार शराब दुकान संचालकों को बिक्री पर 12 प्रतिशत तक का कमीशन दिया जाएगा। हालांकि यदि कोई संचालक निर्धारित कोटा पूरा नहीं करता, तो उस पर 5 प्रतिशत का जुर्माना भी लगाया जाएगा।

    नई नीति से पारदर्शिता.

    उत्पाद अधीक्षक ने उम्मीद जताई कि इस पूरी प्रक्रिया से पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय लोगों को आर्थिक अवसर मिलेंगे। साथ ही, नीति के बेहतर क्रियान्वयन से राजस्व वृद्धि और व्यवस्थागत सुधार संभव होगा।

  • राधास्वामी संगठन का सामाजिक परिवर्तन का संकल्प

    गढ़वा और पलामू से ‘आपकी संगठन, आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत

    संवाददाता The News Post4U

    राधास्वामी संगठन ने अपने विशेष जनसंपर्क कार्यक्रम ‘आपकी संगठन, आपके द्वार’ के तहत आज झारखंड के दो ज़िलों – गढ़वा और पलामू – से इस अभियान का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अभियान की अगुवाई झारखंड प्रदेश अध्यक्ष मुकेश कुमार सिन्हा ने की, जबकि इसे सफल बनाने में संगठन के सभी कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

    हर अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का लक्ष्य.

    इस अवसर पर संगठन की मीडिया प्रभारी अनीशा सिन्हा ने बताया कि राधास्वामी संगठन का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े हर व्यक्ति तक संगठन की योजनाओं की जानकारी पहुँचे, जिससे वह आर्थिक रूप से सशक्त बन सके।

    उन्होंने कहा कि आज भी कई ग्रामीण परिवार आर्थिक तंगी, बेटियों की शादी, बच्चों की पढ़ाई और आवास जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में राधास्वामी संगठन कन्यादान योजना, आवास योजना, छात्रवृत्ति योजना, वाहन योजना, गैस सब्सिडी योजना, और एफएमसीजी योजना जैसी योजनाओं के ज़रिए उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का काम कर रहा है।

    आजादी के 78 साल बाद भी हालात जस के तस

    अनीशा सिन्हा ने कहा, “देश को आज़ाद हुए 78 साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी गाँवों में झोपड़ियां हैं, बेटियों की शादी में कठिनाइयाँ हैं, बच्चों की शिक्षा अधूरी है। इन सबके बीच राधास्वामी संगठन आर्थिक और सामाजिक रूप से लोगों को मज़बूत करने में जुटा है।”

    उन्होंने यह भी कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य केवल योजनाएं देना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना है — जहां सामाजिक कुरीतियों का अंत हो और हर नागरिक को गरिमापूर्ण जीवन मिले।

    20 से 30 करोड़ सदस्यों का लक्ष्य.

    अनीशा सिन्हा ने बताया कि संगठन राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक शर्मा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में निरंतर आगे बढ़ रहा है। उनका सपना है कि पूरे भारतवर्ष में 20 से 30 करोड़ लोगों को संगठन से जोड़ा जाए, जिससे एक सशक्त सामाजिक आंदोलन खड़ा किया जा सके।

    उन्होंने कहा, “हम सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा के साथ इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम पहले भी तैयार थे, आज भी तैयार हैं और भविष्य में भी हर चुनौती के लिए तैयार रहेंगे।”

    एक सशक्त समाज की ओर बढ़ता कदम.

    राधास्वामी संगठन का यह अभियान केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक जनचेतना आंदोलन बनकर उभर रहा है, जिसका लक्ष्य है — सशक्त, समृद्ध और कुरीति-मुक्त भारत।

  • राशन डीलरों का फूटा आक्रोश, आपूर्ति विभाग के खिलाफ धरना

    संवाददाता, The News Post4U

    गिरिडीह : जिले के राशन डीलरों ने शुक्रवार को जिला आपूर्ति विभाग की नीतियों और कार्यशैली के खिलाफ कड़ा विरोध दर्ज कराते हुए समाहरणालय परिसर में एकदिवसीय धरना दिया। डीलरों ने सात सूत्री मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया और विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए।

    समय पर स्टॉक नहीं, फिर भी दबाव में वितरण.

    डीलर संघ के प्रतिनिधि राजा बंसल और पंकज पांडेय के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन में डीलरों ने स्पष्ट कहा कि विभाग केवल वितरण के आंकड़ों को लेकर सख्ती करता है, लेकिन उन्हें समय पर स्टॉक ही उपलब्ध नहीं कराया जाता। इसके अलावा, वर्षों से लंबित बकाया कमीशन का भुगतान न होने से डीलरों की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है।

    उन्होंने कहा कि, “जब तक कम से कम एक महीने का राशन स्टॉक एडवांस में उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, तब तक शत-प्रतिशत वितरण संभव नहीं है। केवल टारगेट देना समाधान नहीं है।”

    कोविड काल से लंबित हैं कमीशन की राशि.

    डीलरों ने आरोप लगाया कि कोविड-19 महामारी के दौरान राशन वितरण के कार्यों में भाग लेने के बावजूद अधिकांश डीलरों को अब तक कमीशन का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने बताया कि कुछ खास डीलरों को ही आंशिक भुगतान मिला है, जबकि शेष डीलर लगातार विभाग के चक्कर काट रहे हैं।

    आधुनिकीकरण के दावे, लेकिन व्यवस्था अब भी जर्जर.

    डीलर संघ के एक सदस्य ने व्यंग्य करते हुए कहा, “देश 5जी की ओर बढ़ गया है, लेकिन झारखंड में अब भी राशन व्यवस्था 2जी की तरह धीमी और अपारदर्शी बनी हुई है।“ उन्होंने कहा कि डिजिटल प्रणाली के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है, जबकि जमीनी स्तर पर डीलरों को अभी भी मूलभूत समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

    मांगे नहीं मानी गई तो होगा उग्र प्रदर्शन.

    धरना में राजेश बंसल, अमित कुमार, राजेश राज, कैदन बरनवाल समेत दर्जनों राशन डीलर मौजूद रहे। सभी ने एक सुर में चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अगली बार जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करेंगे और आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह ठप करने पर भी विचार करेंगे। डीलरों की सात सूत्री प्रमुख मांगों में शामिल हैं, बकाया कमीशन का शीघ्र भुगतान,प्रत्येक माह राशन स्टॉक की समय पर आपूर्ति,कार्य संचालन में पारदर्शिता,डीलरों पर अनावश्यक दबाव बंद किया जाए,कोविड काल के सभी लंबित भुगतान निपटाए जाएं,तकनीकी खामियों को शीघ्र दूर किया जाए,विभागीय संवाद प्रणाली को प्रभावी बनाया जाए.

  • डीसी ने नवोदय विद्यालय का किया निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था व छात्रों की सुविधाओं का लिया जायजा

    The News Post4u.

    गिरिडीह: उपायुक्त रामनिवास यादव ने गांडेय प्रखंड स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय का आज औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की संपूर्ण शैक्षणिक और भौतिक व्यवस्था का गहन अवलोकन किया और छात्रों की शिक्षा, सुविधाएं, उपस्थिति और भोजन व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की।

    शिक्षा की गुणवत्ता और छात्रों से संवाद.

    निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कक्षाओं में जाकर छात्रों से उनकी पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी और सीखने में आ रही चुनौतियों को लेकर संवाद किया। उन्होंने शिक्षकों से भी शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के उपायों पर चर्चा की। उपायुक्त ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ समुचित मार्गदर्शन भी मिले।

    मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान.

    उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में उपलब्ध पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, स्वच्छता, रसोईघर (किचन शेड), और भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले भोजन को स्वयं परखा और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि पोषणयुक्त भोजन छात्रों के स्वास्थ्य के लिए अत्यंत जरूरी है।

    अभिलेखों की जांच और उपस्थिति पर नजर.

    निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय में रखे उपस्थिति पंजी, सामग्री पंजी, स्टॉक रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। उन्होंने कहा कि सभी अभिलेख अद्यतन और पारदर्शी तरीके से संधारित होने चाहिए, जिससे प्रशासनिक निगरानी में किसी प्रकार की बाधा न हो।

    शिक्षा को बताया देश के भविष्य की नींव.

    उपायुक्त रामनिवास यादव ने विद्यालय के शिक्षकों से कहा कि छात्रों का मानसिक, बौद्धिक और नैतिक विकास सुनिश्चित करना सिर्फ स्कूल की नहीं, बल्कि पूरे समाज, अभिभावकों और प्रशासन की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही वह मजबूत आधार है जिस पर राज्य और देश का भविष्य टिका है। इसलिए हर छात्र तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना हमारा कर्तव्य है।”

    अधिकारियों की उपस्थिति.

    निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी, गोपनीय प्रभारी और अन्य संबंधित अधिकारी भी उपायुक्त के साथ मौजूद रहे। सभी को विद्यालय की आवश्यकताओं और सुधार की संभावनाओं पर मिलकर कार्य करने के निर्देश दिए गए। यह निरीक्षण न सिर्फ विद्यालय के संचालन की निगरानी का हिस्सा था, बल्कि छात्रों के संपूर्ण विकास के लिए प्रशासन की प्रतिबद्धता का भी प्रतीक है।

  • चंद्रवंशी समाज द्वारा राजीव रंजन के JPSC सफलता पर भव्य सम्मान समारोह का आयोजन

    जमुआ: चंद्रवंशी समाज ने झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) परीक्षा 2023 में शानदार सफलता पाने वाले राजीव रंजन के सम्मान में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम जगन्नाथडीह पंचायत के मुखिया रंजीत कुमार के घर पर हुआ, जिसमें समाज के बड़े-बुजुर्ग, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल हुए। राजीव रंजन ने JPSC परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन कर समाज का नाम रोशन किया। उनकी मेहनत और सफलता को देखकर समाज ने उन्हें सम्मानित करने का फैसला लिया। समारोह में मौजूद सभी लोगों ने कहा कि राजीव की सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है।

    चंद्रवंशी समाज के संरक्षक अजीत कुमार पप्पू और प्रदेश अध्यक्ष भीम रवानी ने अपने भाषण में राजीव की मेहनत और लगन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि राजीव ने अपने परिवार ही नहीं, पूरे समाज को गर्व महसूस कराया है। कार्यक्रम में राजीव को शॉल, फूलों का गुलदस्ता और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर राजीव ने अपने अनुभव भी साझा किए और बताया कि कैसे उन्होंने मुश्किल हालात में भी पढ़ाई जारी रखी।

    राजीव ने अपने भाषण में कहा, “यह सफलता मेरे लिए एक सपना पूरा होने जैसा है। यह मेरे परिवार, शिक्षकों और समाज के सहयोग के बिना संभव नहीं था।” उन्होंने युवाओं से कहा कि अगर मेहनत और आत्मविश्वास हो, तो कोई भी लक्ष्य मुश्किल नहीं है। समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने राजीव के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    समारोह में कई लोगों ने चंद्रवंशी समाज की एकता और सामाजिक कार्यों की सराहना की। समाज के सचिव ने बताया कि समाज हमेशा से शिक्षा और विकास के लिए काम करता आया है। उन्होंने कहा कि राजीव जैसी सफलताएं समाज को नई दिशा देती हैं। कार्यक्रम में दूसरे JPSC अभ्यर्थियों को भी प्रोत्साहित किया गया जो तैयारी में लगे हुए हैं।

    इस मौके पर चंद्रवंशी समाज ने शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त कोचिंग की योजना भी पेश की। समाज के कोषाध्यक्ष ने बताया कि मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति और कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसका मकसद है कि समाज के और बच्चे भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हों। समारोह में मौजूद सभी लोगों ने इस पहल की सराहना की।

    राजीव रंजन ने अपने परिवार और समाज को धन्यवाद दिया और कहा कि यह सम्मान उनके लिए एक जिम्मेदारी है। उन्होंने वादा किया कि वे ईमानदारी से काम करेंगे और समाज व देश का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने राजीव को अपना आदर्श बताया और उनसे प्रेरणा लेने की बात कही।

    कार्यक्रम के अंत में चंद्रवंशी समाज के अध्यक्ष ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और प्रेरणा फैलाते हैं। यह आयोजन न सिर्फ राजीव रंजन के लिए खास था, बल्कि पूरे चंद्रवंशी समाज के लिए गर्व का पल भी था।

    इस कार्यक्रम ने यह दिखा दिया कि मेहनत और लगन से हर लक्ष्य पाया जा सकता है। चंद्रवंशी समाज ने इस आयोजन के जरिए सिर्फ राजीव की सफलता का जश्न नहीं मनाया, बल्कि दूसरे युवाओं को भी आगे बढ़ने का हौसला दिया। यह समारोह समाज के लिए आने वाले समय में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा।

  • गिरिडीह में नकली अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई, एक गिरफ्तार, दो फरार

    The News Post4u.

    GIRIDIH : गिरिडीह पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक सिल्वर रंग की मारुति ओमनी वैन से 300 बोतल नकली अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।

    इस संबंध में खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने मीडिया को बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन के जरिए नकली शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई और डोमनपहाड़ी चौक के पास वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।

    वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मारुति ओमनी (नं. JH11H 8087) को रोककर तलाशी ली, जिसमें से रॉयल गोल्ड कप ब्रांड की 25 पेटियों में भरी 300 बोतल (750 एमएल) नकली अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके पर वाहन चालक गोपाल साहु (उम्र 45 वर्ष), निवासी गढ़पट्टी, थाना पचंबा को गिरफ्तार कर लिया गया।

    पूछताछ के दौरान गोपाल साहु ने खुलासा किया कि वह यह शराब बासुदेव साव (निवासी सोनापहाड़ी, थाना बगोदर) और मनोज यादव (निवासी पेटहंडी, थाना जमुआ) के साथ मिलकर अवैध रूप से तस्करी कर रहा था। फिलहाल पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

    पुलिस का कहना है कि गिरिडीह में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।

  • झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट: अगले कुछ दिन सतर्क रहने की जरूरत

    13 जिलों में तेज हवाओं और वज्रपात की चेतावनी.

    The News Post4u.

    रांची  : झारखंड में सक्रिय मानसून के चलते राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग ने 28 जुलाई 2025 से लेकर आगामी दिनों तक राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी है। इसके तहत राज्य के 13 जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

    इन जिलों में बारिश का कहर मचा सकता है मुश्किल.

    मौसम विभाग की ओर से जिन 13 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है, उनमें रांची, रामगढ़, हजारीबाग, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, कोडरमा, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज शामिल हैं। कई इलाकों में तेज हवाएं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

    तेज बारिश और वज्रपात की आशंका.

    राज्य के पूर्वी और दक्षिणी जिलों—जैसे सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, साहिबगंज, दुमका और गोड्डा—में विशेष रूप से भारी वर्षा के साथ वज्रपात की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने लोगों को सतर्क रहने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।

    तापमान में उतार-चढ़ाव बना रहेगा.

    28 से 30 जुलाई के बीच झारखंड में मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि, अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

    किसानों के लिए राहत, लेकिन सतर्कता भी जरूरी.

    बारिश की यह रफ्तार जहां आम जनजीवन को प्रभावित कर सकती है, वहीं किसानों के लिए यह राहत की खबर भी है। कृषि वैज्ञानिकों के अनुसार, नियमित बारिश से धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आई है। खेतों में नमी बनी रहने से फसलों को पर्याप्त पानी मिल रहा है। हालांकि, अत्यधिक जलभराव और वज्रपात के कारण किसानों को सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।

    अभी तक सामान्य से 53 फीसदी अधिक बारिश.

    इस बार झारखंड में मानसून काफी सक्रिय रहा है। 1 जून से 28 जुलाई 2025 तक राज्य में औसतन 478.3 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक 732.7 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो कि सामान्य से करीब 53% अधिक है। इस बीच धनबाद के पूर्वी टुंडी में बीते 24 घंटे में सबसे अधिक 82 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

    अनावश्यक यात्रा से बचें – मौसम विभाग की अपील.

    भारतीय मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और मौसम संबंधी निर्देशों का पालन करें। विशेष रूप से खुले मैदान, जलजमाव वाले क्षेत्र और पेड़ों के नीचे वज्रपात के दौरान जाने से बचने की सलाह दी गई है।

    झारखंड में मानसून इस समय अपने सक्रिय रूप में है। जहां यह कृषि के लिए वरदान साबित हो रहा है, वहीं इसके साथ आने वाले खतरे—जैसे तेज बारिश, बिजली गिरने की घटनाएं और तेज हवाएं—जनजीवन के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। ऐसे में सभी नागरिकों को सावधानी और सजगता बरतने की जरूरत है।

  • गिरिडीह: सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को लेकर डीसी ने दिए सख्त निर्देश

    खाद्यान्न वितरण से लेकर ई-केवाईसी तक की गहन समीक्षा.

    The News Post4u.

    गिरिडीह समाहरणालय के सभागार में सोमवार को उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिला स्तर पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), मुख्यमंत्री दाल-भात योजना, चना दाल वितरण, डाकिया योजना, ग्रीन राशन कार्ड योजना, पीवीटीजी परिवारों के लिए विशेष पहल, सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना जैसे कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं के अद्यतन क्रियान्वयन की गहराई से समीक्षा की गई।

    खाद्यान्न वितरण की समयबद्धता पर विशेष जोर:

    उपायुक्त ने अप्रैल से जुलाई 2025 तक के खाद्यान्न वितरण की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए शत-प्रतिशत समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को चेताया कि खाद्यान्न के उठाव और वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

     JSFSS और NFSA योजनाएं:

    NFSA के अंतर्गत लाभुकों को राशन वितरण की स्थिति की पड़ताल की गई और JSFSS योजना के तहत हो रहे अनाज वितरण पर भी फीडबैक लिया गया। संबंधित अधिकारियों को प्रगति रिपोर्ट में तेजी लाने और लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    पीवीटीजी परिवारों को डाकिया योजना से लाभ:

    पीवीटीजी (अत्यंत पिछड़ा जनजातीय समूह) परिवारों तक डाकिया योजना के तहत राशन समय पर पहुंचे, इसके लिए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    ई-केवाईसी में तेजी:

    बैठक में छूटे हुए लाभुकों का जल्द से जल्द ई-केवाईसी पूरा कराने पर बल दिया गया। उपायुक्त ने बताया कि “Mera eKYC” ऐप के ज़रिए आधार आधारित ई-केवाईसी की प्रक्रिया बेहद सरल है। प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर आधार नंबर डालना, OTP डालना, कैप्चा भरना और फेस स्कैन के बाद ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूरा हो जाएगा।

    खाद्य सामग्री का गुणवत्ता परीक्षण:

    गिरिडीह डीसी ने निर्देश दिया कि गोदाम में मौजूद किसी भी पुराने खाद्यान्न की उपयोगिता की जांच खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी से कराई जाए और उपयुक्त प्रमाणपत्र मिलने के बाद ही उसका विभागीय विनिष्टीकरण किया जाए।

    अन्य योजनाएं और निर्देश:

    • मुख्यमंत्री दाल-भात योजना के संचालन की स्थिति की समीक्षा
    • चना दाल, चीनी और नमक की आपूर्ति और वितरण की स्थिति
    • सोना-सोबरन धोती-साड़ी योजना में सभी पात्र लाभुकों तक वितरण सुनिश्चित करना
    • PGMS पोर्टल पर लंबित शिकायतों का शीघ्र निष्पादन
    • सुसुप्त राशन कार्ड और ग्रीन टू NFSA कार्ड कन्वर्जन की प्रक्रिया में तेजी
    • e-PoS मशीनों की कार्यशीलता की समीक्षा

    उपायुक्त ने बैठक के समापन पर कहा कि “राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक और पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे, यही प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।” उन्होंने सभी पदाधिकारियों से उत्तरदायित्व निभाने और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील की।

    बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी सहायक गोदाम प्रबंधक समेत संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

  • नन्हें कदमों से भक्ति का बड़ा संदेश: शिव आराधना में डूबे बच्चों ने किया जलाभिषेक

    The News Poat4u.

    गिरिडीह में आज भक्ति और संस्कार का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब मासूम हाथों ने शिवभक्ति की अलौकिक अनुभूति को साकार किया। मारवाड़ी युवा मंच गिरिडीह प्रेरणा शाखा द्वारा अरगाघाट रोड स्थित सूर्य मंदिर में एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें छोटे-छोटे बच्चों ने पूरे श्रद्धा भाव से नदी से जल उठाकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया।

    ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयकारों के बीच मंदिर परिसर शिवमय हो उठा। नन्हे-मुन्नों के भोले मन से की गई पूजा ने भक्तों के हृदय को छू लिया और हर ओर भक्ति की ऊर्जा प्रवाहित होने लगी। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों के भीतर सेवा, श्रद्धा और सांस्कृतिक मूल्यों का रोपण करना था, जो इस प्रयास में पूर्णतः सफल रहा।

    कार्यक्रम के दौरान बच्चों की भक्ति व उत्साह को प्रोत्साहित करने के लिए ‘बेस्ट ड्रेस अप‘, ‘सर्वश्रेष्ठ ड्रेस अप‘ और ‘बेस्ट परफॉर्मेंस अवार्ड‘ जैसे विशेष सम्मानों की भी व्यवस्था की गई। ये पुरस्कार श्रीमती उषा खंडेलवाल और श्रीमती श्वेता बगड़िया द्वारा प्रदान किए गए। सम्मान पाने वाले बच्चों के चेहरे की मुस्कान ने यह दर्शा दिया कि उनके मन में शिवभक्ति कितनी गहराई से समाई है।

    कार्यक्रम की सफलता में जिन व्यक्तियों का विशेष योगदान रहा, उनमें शामिल हैं:

    • मारवाड़ी युवा मंच मंडल-5 की उपाध्यक्ष रिया अग्रवाल
    • गिरिडीह प्रेरणा शाखा की अध्यक्ष श्रीमती सोनू चौधरी
    • सचिव श्रीमती बरखा बालासिया
    • कोषाध्यक्ष श्रीमती स्वीटी अग्रवाल
    • तथा समर्पित महिला टीम, जिनके सतत प्रयासों से यह आयोजन सफल हुआ।

    इस तरह का आयोजन न केवल धार्मिक भावना को प्रोत्साहित करता है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम बनता है।

  • भक्ति और सेवा का संगम: कांवरियों का जत्था बाबा धाम के लिए हुआ रवाना

    By The News Post4u.

    गिरिडीह : श्रावण मास की भक्ति और आस्था से ओतप्रोत माहौल में आज भंडारीडीह स्थित राधाकृष्ण मंदिर परिसर से कांवरियों का एक श्रद्धालु जत्था बाबा धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। इस अवसर पर प्रो. विनीता कुमारी एवं उनकी टीम ने लगभग 30 से 35 कांवरियों को अंगवस्त्र एवं फल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदा किया।

    प्रो. विनीता कुमारी ने बताया कि यह सेवा कार्य हर वर्ष श्रावण महीने में पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ किया जाता है। श्रद्धालु सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर कांवर यात्रा पर निकलते हैं और बाबा भोलेनाथ को जल अर्पित करते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार एक महिला और चार छोटे बच्चे भी कांवर लेकर बाबा के दरबार में जल चढ़ाने जा रहे हैं, जो भक्ति की भावना को और भी अद्वितीय बनाता है।

    इस पुण्य अवसर पर नगर के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। नगर मंत्री समीर दीप, अमित आर्या, सुरेश गुप्ता, शुभ दीप, सोनु साईं, रितिक पासवान, बीरु वर्मा, मुकेश मंडल, मुकेश कुमार और रोमण पाठक जैसे सक्रिय समाजसेवियों की उपस्थिति ने वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया।

    श्रद्धा, सेवा और सहयोग की इस सुंदर मिसाल ने यह संदेश दिया कि समाज जब साथ आता है, तो भक्ति का मार्ग और भी मंगलमय हो जाता है।