Category: Giridih

  • शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाला गिरफ्तार

    गिरिडीह:  गावां थाना क्षेत्र की एक युवती ने 27 वर्षीय मोहम्मद शाहनवाज आलम पर शादी का झांसा देकर पांच साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

    शादी का वादा, फिर छलावा
    पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि पिछले पांच सालों से वह और आरोपी मोहम्मद शाहनवाज एक रिश्ते में थे। इस दौरान वे अक्सर एक-दूसरे से मिलते और साथ समय बिताते थे। लेकिन जब भी शादी की बात होती, शाहनवाज कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था। युवती का आरोप है कि इस दौरान उसने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

    समाज की बैठक में बना था शादी का फैसला। 
    पीड़िता ने यह भी खुलासा किया कि करीब पांच महीने पहले शाहनवाज ने उसे गावां बुलाया और गावां पुल के नीचे उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। जब इस घटना की जानकारी गांव के लोगों को हुई, तो समाज के प्रबुद्ध लोगों ने दोनों परिवारों के बीच बैठक कराई। बैठक में यह तय हुआ कि दोनों 2 नवंबर को कोर्ट मैरिज करेंगे। उस समय शाहनवाज और उसके परिवार ने इस पर सहमति दी थी।

    शादी से किया इनकार, कोर्ट भी नहीं पहुंचा । 
    लेकिन 2 नवंबर के दिन शाहनवाज ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और कोर्ट भी नहीं पहुंचा। युवती के लिए यह बड़ा धोखा था, जिसके बाद उसने गावां थाना में शिकायत दर्ज कराई।

    पुलिस की कार्रवाई
    गावां थाना के एक अधिकारी  ने जानकारी दी कि युवती के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 122/2024 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शाहनवाज आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • झारखंड में खेल विश्वविद्यालय स्थापित की जाएगी -मंत्री

    गिरिडीह : झारखंड के नगर विकास, पर्यटन एवं खेलकूद मंत्री सूदिब्य कुमार सोनू ने आज गिरिडीह मे THE NEWS POST4U से खास मुलाक़ात मे अपने मंत्रालय से जुड़ी कई प्र्स्तवित योजनाओं के बारे मे बताया । मंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने की उनकी योजना है,जिसे अमली जामा पहनाने की कवायद तेज़ की जाएगी । उनका दावा है कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हाँकी और तीरंदाजी जैसे खेलों में राज्य के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रौशन किया है ।  मंत्री का वादा है कि अन्य खेलों में भी गुणवत्ता और स्वच्छ माहौल के साथ अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
    शहरी विकास—आत्मनिर्भर नगर निगम बनाने का प्रयास
    सूदिब्य कुमार सोनू ने शहरी विकास को लेकर भी बड़े बदलाव की बात की। उन्होंने कहा कि राज्य के नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद केsthapaitटैक्स ढांचे की समीक्षा की जाएगी और इन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक स्रोत विकसित किए जाएंगे। उन्होने सवाल के जबाब मे कह कि शहरों मे ट्राफिक जाम  की  एक बड़ी समस्या है । इसके समधान  के लिए पुलिस और निगम को संयुक्त प्रयास करने होगे और इसके लिए पहल शुरू की जाएगी।

    पर्यटन से रोजगार
    मंत्री ने कहा कि झारखंड में पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाओं हैं । उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य के आधार पर राजस्व बढ़ाने और रोजगार सृजन का प्रयास किया जाएगा।
    युवाओं के लिए रोजगार
    मंत्री ने कहा कि झारखंड के युवा रोजगार के लिए बाहर जाते हैं, लेकिन पर्यटन को बढ़ावा देकर उन्हें राज्य में ही रोजगार मिले इस पर वे काम करेंगे ,  साथ ही रीति-रिवाजों और स्थानीय कला-संस्कृति को भी रोजगार का जरिया बनाने का प्रयास होगा ।झारखंड बदलाव की ओर बढ़ रहा है ?
    मंत्री सूदिब्य कुमार सोनू जैसे युवा नेता झारखंड के विकास का नया खाका खींचने का दावा कर रहे हैं। जिससे एक उम्मीद जगी है । क्या सोनू की अगुवाई मे झारखंड  वाकई खेल, पर्यटन और शहरी विकास के क्षेत्र में नई इबारत लिखेगा  ?
    आम जनता असरदार बदलाव की उम्मीद मे है। जिसे पूरा करने की जिम्मेवारी मंत्री जी की है
    परवेज़ आलम की मंत्री सूदिब्य सोनू से खास बातचीत पर आधारित रपट

  • फर्जी बिजली अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

    गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में बिजली विभाग के फर्जी अधिकारियों के रूप में ठगी करने वाले तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गांडेय थाना क्षेत्र के डाकबंगला इलाके में छापेमारी के दौरान हुई।

    एसपी डॉ. विमल कुमार की सक्रियता लाई सफलता.
    गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी डाकबंगला के पास लोगों को फर्जी बिजली अधिकारी बनकर ठगने का काम कर रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस और गांडेय थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और तीन अपराधियों को रंगेहाथ पकड़ लिया।

    गिरफ्तार अपराधियों की पहचान और बरामदगी.
    गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान पंकज कुमार मंडल, दीपक कुमार मंडल, और कैलाश मंडल के रूप में हुई है, जो अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पदनिया गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।

    कैसे देते थे ठगी को अंजाम?
    एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि ये अपराधी बिजली विभाग के फर्जी अधिकारी बनकर रेंडम फोन नंबर सेलेक्ट करते थे। इसके बाद, सीरियल कॉलिंग के जरिए लोगों को यह धमकी देते थे कि बिजली बिल जमा नहीं करने पर उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसी बहाने ये ठग उनसे पैसे ऐंठने का काम करते थे।

    साइबर डीएसपी आबिद खान ने संभाली कमान.
    गुप्त सूचना के आधार पर एसपी ने साइबर डीएसपी आबिद खान को छापेमारी का निर्देश दिया। कार्रवाई इतनी तेज और सटीक थी कि अपराधियों को भागने का मौका तक नहीं मिला।

    एसपी की अपील.
    प्रेस वार्ता में एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि आम जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने आग्रह किया कि अगर कोई व्यक्ति फोन पर इस तरह की धमकी देकर पैसे की मांग करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

    गिरिडीह पुलिस की यह कार्रवाई न केवल साइबर अपराध पर कड़ा प्रहार है, बल्कि अपराधियों को यह संदेश भी कि ठगी के इस खेल का अंत अब सुनिश्चित है।

  • कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री सुदिव्य सोनू का किया भव्य स्वागत

    परवेज़ आलम की कलम से …..
    गिरिडीह: रविवार को झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गिरिडीह कांग्रेस भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री का फूलों के बुके और शॉल देकर भव्य स्वागत किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धनंजय सिंह ने मंत्री को सम्मानित करते हुए कहा कि उनका पार्टी कार्यालय में आना कार्यकर्ताओं के प्रति उनके सम्मान और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

    मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने इस मौके पर कहा, “कांग्रेस मेरा परिवार है, और मैं हमेशा आपके लिए उपलब्ध रहूंगा। कांग्रेस कार्यालय आकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। कार्यकर्ताओं की मेहनत और सम्मान को बनाए रखना मेरी प्राथमिकता है।”

    उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी एक पार्टी के नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और महागठबंधन के मंत्री हैं। “मेरी जिम्मेदारी है कि मैं हर कार्यकर्ता की भावनाओं का सम्मान करूं और किसी को निराश न होने दूं। गिरिडीह और झारखंड के विकास के लिए मैं पूरी तरह प्रतिबद्ध हूं,” उन्होंने कहा।

    जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह ने मंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा, “मंत्री बनने के तुरंत बाद कांग्रेस कार्यालय आना यह दर्शाता है कि सोनू जी कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशील हैं। उनकी मेहनत और सहयोग से ही गठबंधन सरकार बनी है, और हमें विश्वास है कि वे इसे ध्यान में रखेंगे।”

    प्रदेश सचिव अजय सिन्हा मंटू ने मंत्री सोनू की मिलनसार प्रवृत्ति की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान किया है। उनके मंत्री बनने से गिरिडीह की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है।

    इस कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें कार्यकारी अध्यक्ष सतीश केडिया, मदन लाल विश्वकर्मा, जेएमएम नेता मो. हसनैन अली, शाहनवाज़ अंसारी, प्रो. कमाल नयन, और प्रो. मंजूर अंसारी जैसे प्रमुख नाम शामिल थे।

    कार्यक्रम का माहौल उत्साह और एकजुटता से भरा हुआ था, जो दर्शाता है कि झारखंड कांग्रेस का यह गठबंधन मजबूती से आगे बढ़ने के लिए तैयार है।

  • गिरिडीह में सुदिव्य कुमार सोनू का भव्य स्वागत, मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे गृह ज़िले

    परवेज़ आलम की रिपोर्ट…….

    गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू  शनिवार को मंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह जिले का दौरा किया। उनके आगमन पर गिरिडीह में एक उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। झामुमो और इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न संगठनों ने उनका भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से सजे सोनू का काफिला जैसे ही गिरिडीह-डुमरी पथ पर पहुंचा, समर्थकों ने जोरदार आतिशबाजी और नारेबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।

    सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब
    महिला, पुरुष और बच्चे सुबह से ही मंत्री के स्वागत के लिए सड़कों के किनारे खड़े थे। चमरखो मोड़ से लेकर उत्सव उपवन तक हर जगह उनके स्वागत की तैयारियां जोरों पर थीं। जैसे ही उनका काफिला पहुंचा, कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। सोनू ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उपस्थित लोगों से मुलाकात की।

    परिवार ने किया पारंपरिक स्वागत
    अपने आवास पहुंचने पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का परिवारिक सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। उनकी पत्नी श्वेता शर्मा ने तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया। सोनू सबसे पहले अपने आवासीय मंदिर में पूजा-अर्चना करने गए, जहां से वह उत्सव उपवन में आयोजित सभा की ओर रवाना हुए।

    आवास पर मिले पार्टी के वरिष्ठ नेता

    आवास पहुंचने पर झामुमो के राज्य सभा सदस्य डॉ सरफराज अहमद, पूर्व विधायक केदार हाजरा, निजामुद्दीन अंसारी आदि ने मंत्री से मुलाकात कर उन्हें गुलदस्ता देकर अपनी खुशी का इजहार किया.

    डुमरी में भी हुआ भव्य स्वागत
    रांची से गिरिडीह के सफर के दौरान मंत्री का डुमरी चौक पर भी जोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जो दायित्व दिया है, उसे पूरी निष्ठा से निभाऊंगा। जगरनाथ बाबू की धरती के लोगों की समस्याओं का समाधान करना मेरी प्राथमिकता है।”

    सुरक्षा और आयोजन रहा भव्य
    पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम थे। कोलडीहा, तिनकोनिया मोड़, बड़ा चौक, तिरंगा चौक समेत विभिन्न जगहों पर कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। मंत्री ने हर जगह रुककर समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।

    प्रमुख चेहरे रहे मौजूद
    मंत्री के स्वागत में झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, झामुमो नेता इरशाद अहमद वारिस, प्रमिला मेहरा, शहनवाज अंसारी, सुमित कुमार,कांग्रेस नेता सतीश केडिया, तेजलाल मंडल, प्रमिला मेहरा, शिवम आजाद, अशोक विश्वकर्मा, गोपाल विश्वकर्मा, नूर अहमद अंसारी, अनिल राम, मदनलाल विश्वकर्मा, कृष्णमुरारी शर्मा, जगत पासवान, टुन्ना सिंह, रामजी यादव, मुमताज अंसारी, मो. युसूफ, मो.सदाब, समीर राज चौधरी, विकास सिन्हा, मुन्ना सिंह, राकेश कुमार, रॉकी सिंह, सईद अख्तर, पप्पू रजक, मोंगिया टीएमटी के चेयरमैन गुणवंत सिंह सलुजा, डीपीएस के निदेशक ऋषि सलुजा, चरणजीत सिंह, समेत कई प्रमुख नेताओं और शिक्षाविदों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

    गिरिडीह के नागरिकों ने जिस आत्मीयता से अपने नेता का स्वागत किया, उससे स्पष्ट है कि मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू न केवल सरकार में, बल्कि जनता के दिलों में भी खास जगह बना चुके हैं।

  • पुण्यतिथि पर बाबा साहेब डॉ.अंबेडकर को नमन

    गिरिडीह: बाबा साहेबकी 69वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्रीय अनुसूचित जाति एकता मंच के द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। शहर के ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित डॉ. अंबेडकर भवन सह पुस्तकालय में मंच के सदस्यों ने माल्यार्पण कर बाबा साहेब को नमन किया।

    कार्यक्रम में मंच के जिलाध्यक्ष और प्रख्यात रेडियोलॉजिस्ट डॉ. शैलेंद्र कुमार चौधरी के साथ कमल दास, गुलाब दास, मधु राव, ललन नागवंशी समेत कई प्रमुख लोग मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने की प्रतिबद्धता जताई।

    लेकिन सवाल उठता है कि क्या बाबा साहेब की विरासत का सही अर्थों में सम्मान हो रहा है? डॉ. चौधरी ने कहा, “मंच का उद्देश्य अनुसूचित जातियों को एकजुट करना है। आज समाज के लोग बंटे हुए हैं, लेकिन मंच के माध्यम से सभी को एकता के सूत्र में पिरोने का प्रयास किया जाएगा।”

    यह कहना आसान है कि हम अंबेडकर के आदर्शों को मानते हैं, लेकिन हकीकत में उनकी राह पर चलना कितना मुश्किल है? सामाजिक एकता के लिए मंच की यह पहल स्वागत योग्य है, लेकिन क्या यह महज़ एक औपचारिकता भर है या वाकई उनके सपनों को सच करने की एक गंभीर कोशिश?

    बाबा साहेब का भारत एक ऐसा भारत था, जहाँ समानता और न्याय हर नागरिक का हक़ हो। इस पुण्यतिथि पर माल्यार्पण के साथ यह सोचने की ज़रूरत है कि क्या हमने उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में सही कदम उठाए हैं, या उनके विचार महज़ एक भाषण का हिस्सा बनकर रह गए हैं?

    समाज को बदलने के लिए मंच की यह कोशिश कितना असर डाल पाएगी, यह तो समय ही बताएगा। लेकिन गिरिडीह की इस पहल ने एक सवाल हर मन में ज़रूर छोड़ा है—क्या बाबा साहेब का भारत हमारे प्रयासों का हिस्सा है?

  • ‘मांझी थान और जाहेर थान सिर्फ पूजा स्थल नहीं हैं, यह पहचान हैं-मराण्डी

    गिरिडीह : झारखंड की मिट्टी में बसे एक ऐसे सांस्कृतिक विरासत की बात बताते हैं , जो सिर्फ पूजा स्थल नहीं, बल्कि एक पूरे समाज की पहचान है। संथाल समाज की आत्मा, उनकी परंपरा, और उनकी जड़ों का प्रतीक—मांझी थान और जाहेर थान।  और इस चर्चा के केंद्र में हैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी।”

    आज बाबूलाल मरांडी अपने गांव कोदईबांक में पहुंचे। गांव के मुहाने पर मांझीथान के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। यह महज एक कार्यक्रम नहीं था, बल्कि उस समाज के प्रति एक संवेदनशील दृष्टिकोण था, जो अपनी सांस्कृतिक धरोहर को बचाने के लिए संघर्षरत है।

    “बाबूलाल मरांडी ने कहा,। अगर ये समाप्त हो गए, तो समझिए, हमारी पहचान भी समाप्त हो जाएगी।’”

    संथाल समाज की परंपरा में मांझी थान और जाहेर थान का महत्व सिर्फ धार्मिक नहीं है। यह उनके इतिहास का जीवंत दस्तावेज है। मांझी थान उस धरती से जुड़ाव का प्रतीक है, जहां यह समाज अपने रीति-रिवाजों और परंपराओं के साथ बसता है।

    “बाबूलाल मरांडी ने स्पष्ट कहा, ‘हम तभी तक संथाल हैं, जब तक जाहेर थान और मांझी थान की पूजा करते हैं। यह हमारी पहचान है, हमारी जड़ें हैं।’”

    बाबूलाल मरांडी ने अपने इस कदम से एक बड़ी बात कही। यह केवल आस्था का सवाल नहीं, बल्कि एक समुदाय की सांस्कृतिक आत्मा को बचाने की पहल है।

     

  • मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू हेमंत सोरेन के भरोसेमंद ,आवाम के विश्वास पर खरा उतरना असली कसौटी

    गिरिडीह से परवेज़ आलम की रिपोर्ट …….

    बात झारखंड की राजनीति में उभरते हुए उस चेहरे की, जिसे हेमंत सोरेन के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है—सुदिव्य कुमार सोनू । मंत्री पद की शपथ लेने वाले इस नेता का सफर राजनीति की ऊंचाइयों और संघर्षों का दिलचस्प दस्तावेज़ है।”

    गिरिडीह के इस विधायक ने झामुमो के टिकट पर पहली बार 2009 में चुनाव लड़ा। तब छठे स्थान पर रहे। आठ हजार वोट हासिल कर राजनीति में एक छोटे कदम से शुरुआत की। लेकिन यही कदम धीरे-धीरे उस शख्सियत को आकार देने लगे, जिसे आज गिरिडीह की जनता अपने ‘जनप्रतिनिधि’ के रूप में देखती है।

    “पर राजनीति में हर कदम आसान नहीं होता। 2014 में मोदी लहर के बीच वे बीजेपी के विधायक निर्भय कुमार शहबादी से हार गए। लेकिन हार का यह घाव उनकी जिजीविषा को और तीखा कर गया।”

    2019 का चुनाव आया। कहानी बदल गई। सुदिव्य कुमार सोनू ने वही सीट जीती, जहां से 2014 में हारकर लौटे थे। 15 हजार से ज्यादा वोटों से बीजेपी के उसी प्रत्याशी को हराया। यह जीत सिर्फ जीत नहीं थी। यह उस संघर्ष का नतीजा था, जो राजनीति में धैर्य और मेहनत से लिखा गया।

    “गौर करने वाली बात यह है कि सुदिव्य कुमार का ग्राफ हर चुनाव के साथ बढ़ता गया। 2009 में छठा स्थान। 2014 में दूसरे स्थान पर छलांग। और 2019 में विजय। यह सिर्फ आंकड़ों की कहानी नहीं है। यह उस जमीनी राजनीति का सबूत है, जो धीरे-धीरे जनता के दिलों में जगह बनाती है।”

    हेमंत सोरेन सरकार में मंत्री बनने वाले सुदिव्य कुमार सोनू का नाम उनकी मुखरता और सियासी सूझबूझ के लिए भी जाना जाता है। विधानसभा में उनकी आवाज़ झामुमो के लिए एक ताकत मानी जाती है। लेकिन राजनीति में सवाल सिर्फ पद का नहीं होता। सवाल यह है कि यह पद जनता के लिए कितना सार्थक साबित होता है।

    “तो क्या गिरिडीह के इस नेता का यह नया कद झारखंड की जनता के सपनों को पूरा करने का जरिया बनेगा? या फिर यह भी सिर्फ सत्ता की सियासत का एक और नाम होगा?”

    शपथ लेने के बाद अब नजरें उनके अगले कदमों पर हैं। गिरिडीह की जनता उनके साथ है। लेकिन राजनीति में जनता का विश्वास सबसे बड़ी चुनौती होती है। इस पर खरा उतरना ही असली कसौटी है।

    “आप सवाल पूछते रहिए। क्योंकि लोकतंत्र की ताकत सवालों में ही है।”

  • गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू बने मंत्रिमंडल का हिस्सा ।

    गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू बने मंत्रिमंडल का हिस्सा ।

  • शपथ ग्रहण से पहले आई मंत्रियों की सूची

    झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कैबिनेट का विस्तार गुरुवार को दोपहर 12 बजे होने वाला है। राजभवन के बिरसा मंडप में हेमंत सोरेन के 11 मंत्री शपथ ग्रहण करेंगे। शपथ ग्रहण से पहले हेमंत सोरेन के मंत्रियों की सूची में कौन-कौन से विधायक शपथ ग्रहण करेंगे-

    संजय प्रसाद यादव (राजद )
    दीपिका पांडेय (कांग्रेस )
    शिल्पी नेहा तिर्की (कांग्रेस )
    इरफ़ान अंसारी (कांग्रेस )
    राधाकृष्ण किशोर (कांग्रेस)
    दीपक बिरुआ (झामुमो)
    रामदास सोरेन (झामुमो)
    सुदिव्य सोनू (झामुमो )
    चमरा लिंडा (झामुमो)
    योगेंद्र महतो (झामुमो )
    हफ़ीजुल हसन (झामुमो)