Blog

  • सलैया स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग ने पकड़ा जोर

    स्थानीय यात्रियों का कहना – “हर दिन हजारों लोग परेशान, अब समय आ गया है कि रेल मंत्रालय हमारी आवाज सुने”

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : सलैया स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव दिलाने की मांग अब जोर पकड़ चुकी है। इसी मुद्दे को लेकर सलैया रेल पैसेंजर यूनियन का प्रतिनिधि मंडल हाल ही में भाजपा नेत्री श्रीमती शालिनी बैसखियार के नेतृत्व में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मिला। यूनियन ने मांग रखी कि गोड्डा–नई दिल्ली एक्सप्रेस और हटिया–आसनसोल इंटरसिटी ट्रेनों को न्यू गिरिडीह के साथ-साथ सलैया स्टेशन पर भी ठहराया जाए। साथ ही, गिरिडीह से कोलकाता तक सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध कराई जाए और उसका ठहराव भी सलैया में दिया जाए। शालिनी बैसखियार सोमवार को गिरिडीह मे  मीडिया से मुखातिब थी ।

    यात्रियों की दुश्वारी.

    शालिनी बैसखियार ने बताया कि सलैया और आसपास के कस्बों से प्रतिदिन हजारों यात्री पढ़ाई, नौकरी और व्यापार के लिए दिल्ली, कोलकाता तथा रांची जैसे शहरों की यात्रा करते हैं।

    • लेकिन ट्रेन ठहराव न होने से उन्हें मजबूरन न्यू गिरिडीह या पारसनाथ स्टेशन तक जाना पड़ता है।
    • इससे यात्रा का समय 2 से 3 घंटे तक बढ़ जाता है और अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है।
    • विद्यार्थी वर्ग ने कहा कि परीक्षा और एडमिशन के समय यह समस्या और भी गंभीर हो जाती है।

    रेल मंत्री ने सुनी समस्या.

    रेल मंत्री ने इस मुद्दे को गंभीरता से सुना और कहा कि सलैया जैसे छोटे लेकिन महत्वपूर्ण स्टेशन पर ठहराव के लिए सभी पहलुओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिलाया कि यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाएगा।

    यूनियन की भूमिका और अब तक का संघर्ष.

    यूनियन के सक्रिय सदस्य गौतम सोनी ने बताया –
    “ट्रेनों का परिचालन शुरू होने के साथ ही हमने यह मांग उठाई थी। कई बार स्थानीय विधायक, सांसद और रेलवे अधिकारियों को आवेदन सौंपे, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इस बार भाजपा नेत्री शालिनी बैसखियार की पहल से हमें रेल मंत्री से मिलने का मौका मिला और हमने अपनी बात सीधे उनके सामने रखी।”

    बैठक में शामिल प्रतिनिधि.

    प्रेसवार्ता में गौतम सोनी, निशु सिंह, आयुष कुमार कंधवे, रवि डालमिया, बिरेंद्र पांडेय, अमित साहू, मिथिलेश पांडेय, अमित छपरिया, तुलसी राणा, रवि पांडा, किसफिल अहमद, संतोष पांडेय, मुकेश चंद्रवंशी, प्रमोद कंधवे, डब्लू (मेहताब मिर्ज़ा), अनुभव और सुंदर समेत कई लोग उपस्थित थे।  अब यह मसला क्षेत्र के यात्रियों और व्यापारियों के जनजीवन से जुड़ा हुआ बन चुका है। यूनियन का कहना है कि अगर मांग जल्द नहीं मानी गई तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।

     

  • साल का आख़िरी पूर्ण चंद्रग्रहण: देशभर से दिखा अद्भुत नज़ारा

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    वर्ष 2025 का अंतिम पूर्ण चंद्रग्रहण रविवार रात से शुरू हो चुका है और यह देशभर में लोगों के लिए आकाशीय अद्भुत नज़ारा लेकर आया। भारतीय समयानुसार, चंद्रग्रहण रात 9 बजकर 57 मिनट पर आरंभ हुआ और यह सोमवार तड़के 1 बजकर 26 मिनट तक जारी रहेगा।

    हिंदू पंचांग के अनुसार यह ग्रहण भाद्रपद माह की पूर्णिमा तिथि पर हो रहा है, जिस कारण धार्मिक दृष्टिकोण से भी इसका महत्व बढ़ गया है। देशभर के कई मंदिरों में ग्रहण के दौरान विशेष पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार का आयोजन किया गया।

    वहीं, खगोल विज्ञान प्रेमियों और आम लोगों के लिए यह रात यादगार बन गई। जैसे ही ग्रहण शुरू हुआ, लोग घरों की छतों, खुले मैदानों और पार्कों में दूरबीन व मोबाइल कैमरों के जरिए इस खगोलीय घटना को देखने जुट गए।

    एक न्यूज़ एजेंसी द्वारा साझा की गई तस्वीरों और वीडियो में चेन्नई (तमिलनाडु), गुवाहाटी (असम), कोलकाता (पश्चिम बंगाल) और जयपुर (राजस्थान) सहित कई बड़े शहरों से चंद्रग्रहण के दृश्य सामने आए हैं। आसमान में चांद के धीरे-धीरे ढकने और फिर पुनः उजागर होने का यह अद्भुत नजारा लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहा है।

    विशेषज्ञों के अनुसार, इस ग्रहण का वैज्ञानिक दृष्टि से भी काफी महत्व है। यह धरती, चंद्रमा और सूर्य की सटीक स्थिति को दर्शाता है, जब धरती सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है। इससे चांद की चमक फीकी पड़ जाती है और वह तांबे जैसी लालिमा लिए दिखाई देने लगता है, जिसे “ब्लड मून” भी कहा जाता है।

    बता दें कि है कि यह साल का अंतिम पूर्ण चंद्रग्रहण है, अगला मौका लोगों को अब अगले वर्ष ही मिलेगा।

    IMAGE CREATED BY AI

  • पूर्व सांसद रविंद्र राय ने सूर्या हासदा मौत मामले पर उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह :गिरिडीह-कोडरमा के पूर्व सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र राय ने रविवार को नया परिषदन भवन में प्रेसवार्ता आयोजित की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, नगर अध्यक्ष हरमिंदर सिंह बग्गा, भाजपा नेता संजीत सिंह पप्पु, सुभाष चंद्र सिन्हा और जिला मीडिया प्रभारी कामेश्वर पासवान भी उपस्थित रहे।

    सूर्या हासदा की मौत पर गंभीर आरोप

    प्रेसवार्ता में रविंद्र राय ने हाल ही में हुई सूर्या हासदा की मौत को फर्जी एनकाउंटर करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मृतक सूर्या हासदा पहले से ही गंभीर बीमारियों से जूझ रहा था, लेकिन बाद में उसे कुख्यात अपराधी बताकर गोली मार दी गई। राय ने कहा कि भाजपा की जांच टीम ने घटनास्थल पर जाकर तथ्यों की पुष्टि की है, जिससे साफ होता है कि एनकाउंटर पूरी तरह संदिग्ध है।

    उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर राज्य सरकार अपनी साख बचाना चाहती है, तो इस मामले की सीबीआई जांच की अनुशंसा करनी चाहिए।

    जीएसटी सुधारों की सराहना

    वहीं, जीएसटी मुद्दे पर बोलते हुए रविंद्र राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि “मोदी जी ने जब से GST स्लैब में कटौती की है, तब से विपक्ष की बोलती बंद हो गई है। यह फैसला देश की अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा कदम है और आम लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।”

    उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से कैंसर समेत 33 जीवन रक्षक दवाओं को जीएसटी से बाहर कर दिया है। इसके अलावा बीमा सेवाओं और कई खाद्य पदार्थों को भी जीएसटी के दायरे से मुक्त किया गया है। राय का कहना था कि इन फैसलों से समाज के हर तबके को फायदा मिलेगा और जनता की जेब पर बोझ कम होगा।

    भाजपा की रणनीति का संकेत

    प्रेसवार्ता के दौरान रविंद्र राय ने स्पष्ट किया कि भाजपा जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी और हेमंत सरकार की नाकामी को बेनकाब करती रहेगी। सूर्या हासदा प्रकरण को लेकर पार्टी आंदोलन की तैयारी भी कर सकती है।

     

  • गिरिडीह में सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण का आगाज़, पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान में चलेगा विशेष सत्र


    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह। सर जेसी बॉस बालिका उच्च विद्यालय के प्रांगण में रविवार से पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के तत्वावधान तथा भारत स्वाभिमान न्यास (पतंजलि परिवार) गिरिडीह की ओर से सह-योग शिक्षक प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ।यह प्रशिक्षण कार्यक्रम योग ऋषि स्वामी रामदेव जी महाराज की पहल पर आयोजित किया जा रहा है।

    21 दिनों तक चलेगा प्रशिक्षण
    यह विशेष प्रशिक्षण 100 घंटे का होगा, जो 21 दिनों तक चलेगा। इसमें प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों के साथ-साथ आयुर्वेद, स्वदेशी चिकित्सा पद्धति, भारतीय धर्म-दर्शन और भारतीय संस्कारों की गहराई से जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण का संचालन पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के अनुभवी योग आचार्य करेंगे। साथ ही, राज्य स्तरीय प्रशिक्षक भी ऑनलाइन और प्रत्यक्ष रूप से सत्र देंगे।

    प्रमाण पत्र और भविष्य की संभावनाएँ
    प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को “सह-योग शिक्षक” का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। यह प्रमाण पत्र उन्हें योगा सर्टिफिकेशन बोर्ड (YCB) द्वारा आयोजित लेवल 1, 2 और 3 की परीक्षा में सहायक सिद्ध होगा।
    भारत सरकार द्वारा योग को खेल का दर्जा दिए जाने के बाद योग प्रशिक्षकों और योगाभ्यासियों के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई संभावनाओं के द्वार खुल गए हैं। इस प्रशिक्षण से तैयार होने वाले प्रतिभागी भविष्य में राज्य से लेकर एशियाई और ओलंपिक खेलों तक में हिस्सा लेने की क्षमता विकसित कर सकेंगे।

    मुख्य संचालन और सहयोग
    इस कार्यक्रम का मुख्य संचालन भारत स्वाभिमान न्यास गिरिडीह के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह कर रहे हैं। कार्यक्रम में संगठन मंत्री देवेंद्र सिंह, उत्कर्ष गुप्ता, पुष्पा शक्ति, अविनाश प्रसाद, प्रभात खेतान, पिंकी खेतान सहित कई सदस्य सक्रिय सहयोग कर रहे हैं।

    उत्साह से जुड़ रहा पतंजलि परिवार
    प्रशिक्षण के उद्घाटन अवसर पर पतंजलि परिवार की बड़ी संख्या मौजूद रही। इसमें शिवानी कुमारी, अनीता गंगा, सरिता प्रसाद, प्रेमलता अग्रवाल, प्रेमा केडिया, राजेंद्र तर्व, सुनीता बरनवाल, ममता कांधेवे, गीता साहू, गीता बर्नवाल, अनुपमा, सोनी, मुन्नी, मनिता, पूनम, सुरेश प्रसाद, सतीश जी समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

    आयोजकों का मानना है कि यह प्रशिक्षण न केवल प्रतिभागियों को योग और स्वास्थ्य के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाएगा, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की दिशा में भी एक अहम कदम साबित होगा।

  • फेडरेशन ऑफ़ झारखंड चैंबर ऑफ़ कॉमर्स चुनाव: टीम तुलसी पटेल ने गिरिडीह में मतदाताओं से की सीधी अपील

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : फेडरेशन ऑफ़ झारखंड चैंबर ऑफ़ कॉमर्स, रांची, के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज़ हो गई है। 21 सितंबर को होने वाले इस चुनाव से पूर्व रविवार को टीम तुलसी पटेल के 22 में से 20 सदस्य गिरिडीह पहुँचे। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य यहाँ के करीब 100 मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और समर्थन जुटाना था।

    कार्यक्रम की शुरुआत गिरिडीह चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद टीम तुलसी पटेल के प्रत्याशियों ने बारी-बारी से अपना परिचय दिया और गिरिडीह के व्यवसायिक समुदाय के सामने अपने विज़न को साझा किया।

    इस अवसर पर फेडरेशन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष गुणवंत सिंह मोंगिया, उद्योगपति अरविंद राजगढ़िया और राजेंद्र भारतीय समेत कई वरिष्ठ सदस्यों ने गिरिडीह की स्थानीय समस्याओं को सामने रखा। व्यापारियों ने विशेष रूप से कर नीति, परिवहन, स्थानीय उद्योगों की दिक्कतें और सरकारी प्रक्रियाओं की जटिलताओं पर प्रत्याशियों का ध्यान आकृष्ट किया।

    प्रत्याशियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से सुना। फेडरेशन के वर्तमान अध्यक्ष परेश गट्टानी और टीम लीडर तुलसी पटेल ने समस्याओं के समाधान पर अपने विचार रखे और भरोसा दिलाया कि उनकी टीम व्यापारी समुदाय की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि फेडरेशन का उद्देश्य केवल बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि छोटे और मध्यम व्यापारियों की समस्याओं को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

    गिरिडीह में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में लगभग 70 मतदाता शामिल हुए और उन्होंने टीम तुलसी पटेल के प्रत्याशियों से कई सवाल भी पूछे। बातचीत का माहौल आत्मीय और सकारात्मक रहा।

    कार्यक्रम के समापन पर गिरिडीह चैंबर के सचिव प्रमोद कुमार ने सभी प्रत्याशियों, स्थानीय सदस्यों और मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम न केवल चुनावी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि व्यवसायिक जगत को आपस में जोड़ने और समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक सोच विकसित करने का भी अवसर प्रदान करते हैं।

     

  • गायत्री परिवार ने श्रद्धा और भक्ति से मनाया माता भगवती देवी शर्मा का महाप्रयाण दिवस

    जिलेभर में हुए अखंड जप और सामूहिक महायज्ञ.

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क

    गिरिडीह:  अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से रविवार को गिरिडीह जिले के विभिन्न हिस्सों में माता भगवती देवी शर्मा के महाप्रयाण दिवस पर भक्ति और श्रद्धा से परिपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के कई केंद्रों पर सुबह 7 बजे से 11 बजे तक श्रद्धालुओं ने एक घंटे का अखंड जप और सामूहिक गायत्री महायज्ञ सम्पन्न किया। उपस्थित साधकों ने राष्ट्र के कल्याण, समाज की समृद्धि और व्यक्तिगत जीवन में स्वास्थ्य, सुख तथा उज्ज्वलता की मंगलकामना करते हुए सामूहिक प्रार्थना की।

    गायत्री परिवार गिरिडीह के प्रमुख कामेश्वर सिंह ने बताया कि माता भगवती देवी शर्मा का महाप्रयाण वर्ष 1994 में भाद्रपद पूर्णिमा के दिन हुआ था। पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के महाप्रयाण के उपरांत चार वर्षों तक उन्होंने मिशन का नेतृत्व किया और देश-विदेश में अनेक अश्वमेध महायज्ञों का आयोजन किया। उन्होंने महिलाओं को आध्यात्मिक और सामाजिक नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नारी जागरण अभियान की शुरुआत की। महिला मंडलों को महायज्ञ संचालन का अधिकार देना उनकी दूरदर्शिता का प्रमाण है, जिसके परिणामस्वरूप आज लाखों महिलाएं नियमित रूप से गायत्री उपासना और सामाजिक जागरण के कार्यों में सक्रिय हैं।

    महाप्रयाण दिवस के अवसर पर गिरिडीह जिले के ग्राम लेदा और ग्राम गुरहा में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें साप्ताहिक गायत्री महायज्ञ, सामूहिक जप और मंत्र लेखन अभियान का शुभारंभ हुआ। इन आयोजनों का उद्देश्य समाज में सकारात्मक सोच, आध्यात्मिक जागरण और एकजुटता का संदेश फैलाना रहा।

    कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेश कुमार राम, भवानी प्रसाद वर्मा, किशोरी शर्मा, राम प्रसाद नायक, संजय चौरसिया, काशी प्रसाद, बुधन चंद यादव, किशुन महतो, शिवप्रसाद राम, विशेश्वर साव, मनोज शर्मा, अनिल कुमार साव, बलराम विश्वकर्मा, रेखा देवी, संगीता साव, सरिता साव, माधुरी गुप्ता, स्नेहलता देवी, पूनम गुप्ता और पूनम देवी सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

  • गर्ल्स हाई स्कूल, पचंबा में छात्राओं के लिए स्वास्थ्य एवं जागरूकता पर विशेष सत्र

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह जिले के पचंबा स्थित गर्ल्स हाई स्कूल में शनिवार को छात्राओं के लिए एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस सत्र का संचालन समाजसेवी श्रीमती भावना सहाय और श्रीमती पूनम सहाय ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को यौन, प्रजनन, मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाना था।

    नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (एनएबी) दिल्ली की डायरेक्टर कम्युनिकेशन, श्रीमती भावना सहाय ने छात्राओं को यौन और प्रजनन स्वास्थ्य की बारीकियों से परिचित कराया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में समझाया कि किशोरावस्था में जागरूकता और सही जानकारी का होना बेहद जरूरी है। इस क्रम में उन्होंने छात्राओं को ‘अदिति एआई चैटबॉट’ से भी रूबरू कराया। यह चैटबॉट एनएबी दिल्ली की निःशुल्क सेवा है, जो महिलाओं और लड़कियों को यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य संबंधी विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराती है।

    श्रीमती सहाय ने छात्राओं को चैटबॉट के उपयोग की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की। उन्होंने बताया कि महिलाएँ और किशोरियाँ इस सेवा का लाभ व्हाट्सऐप नंबर 80765 51617 पर आसानी से उठा सकती हैं।

    इसी दौरान श्रीमती पूनम सहाय ने मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर चर्चा करते हुए संतुलित जीवनशैली के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने छात्राओं को तनाव प्रबंधन, नियमित व्यायाम और पौष्टिक आहार से जुड़ी व्यवहारिक टिप्स साझा किए।

    कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राएँ बेहद उत्साहित दिखीं। कई छात्राओं ने सवाल पूछे और जिज्ञासापूर्वक चैटबॉट के इस्तेमाल के बारे में जानकारी ली। सत्र के अंत में उपस्थित सभी ने माना कि इस तरह के कार्यक्रम किशोरियों के आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ाने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं।

  • विकास की हकीकत: गर्भवती महिला फिर खाट पर ढोई गई अस्पताल

    परवेज़ आलम.

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह जिले के देवरी प्रखंड से एक बार फिर झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोलने वाली तस्वीर सामने आई है। सड़क और एंबुलेंस सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को गर्भवती महिला को खाट पर डालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तिसरी तक पहुंचाना पड़ा।

    यह घटना सप्ताह भर में दूसरी बार हुई है। इससे पहले सलगी सोरेन को खाट पर टांगकर अस्पताल पहुंचाया गया था और अब तालको मरांडी को भी उसी स्थिति का सामना करना पड़ा। दोनों ही मामलों में ग्रामीणों ने खाट को स्ट्रेचर और अपने कंधों को एंबुलेंस का पहिया बनाकर महिला को कई किलोमीटर तक ढोया।

    सवालों के घेरे में स्वास्थ्य व्यवस्था.
    ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में न तो सड़कें ठीक हैं और न ही एंबुलेंस समय पर मिलती है। मजबूरी में खाट पर मरीजों को ले जाना पड़ता है। लोग कटाक्ष करते हुए कह रहे हैं कि अब “खटिया ही एंबुलेंस” बन चुकी है।

    सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने बढ़ाई किरकिरी.
    इधर, सोशल मीडिया पर एंबुलेंस से “रील्स” बनाने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब मरीजों के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं है, तो रील्स बनाने के लिए एंबुलेंस कैसे उपलब्ध हो जाती है?

    राजनीतिक प्रतिक्रिया.
    नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने भी इस वायरल वीडियो को साझा कर राज्य सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि यह दृश्य बताता है कि स्वास्थ्य सेवाएँ कितनी लचर हो चुकी हैं। जब मरीजों के लिए एंबुलेंस नहीं है और उन्हें खाट पर लादकर अस्पताल ले जाया जा रहा है, तब “विकास” का असली चेहरा साफ दिखाई देता है।

  • गिरिडीह सहित पूरे झारखंड में धूमधाम से मनाया गया मिलाद-उन-नबी

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : आज पूरे झारखंड, खासकर गिरिडीह जिले में मिलाद-उन-नबी का पर्व बड़े ही अकीदत और जोश-ओ-ख़रोश के साथ मनाया गया। इस्लामी कैलेंडर के तीसरे महीने रबी-उल-अव्वल की 12वीं तारीख को पैगंबर हज़रत मोहम्मद सलल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन की खुशी में यह पर्व मनाया जाता है।

    सुबह से ही शहर की गलियों और चौक-चौराहों पर जश्न का माहौल देखने को मिला। मौलाना आज़ाद चौक, बीबीसी रोड, स्टेशन रोड, विट्टी बाज़ार, कोल्डीहा, भंडारीडीह, मोहनपुर, बरवाडीह और बुढ़ियाखाद समेत जिलेभर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़े-बड़े जुलूस निकाले। इन जुलूसों में नन्हें बच्चे से लेकर बुज़ुर्ग तक शामिल हुए और इस्लामी परचम लहराते नज़र आए।

    गिरिडीह के विधायक और राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू भी मौलाना आज़ाद चौक से लेकर बरवाडीह करबला मैदान तक जुलूस में शरीक हुए और क़ियादत की। उनके साथ इरशाद अहमद वारिस, हाजी सईद अख़्तर, मो. चाँद सहित कई अन्य मुस्लिम रहनुमा भी मौजूद थे।

    करबला मैदान में एक भव्य जलसे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उलेमा, इमाम और वक्ताओं ने लोगों को संबोधित किया। उन्होंने पैगंबर मोहम्मद सलल्लाहु अलैहि वसल्लम की शिक्षाओं को मानवता के लिए अनमोल बताया। वक्ताओं ने कहा कि पैगंबर का जीवन इंसानियत, समानता, मोहब्बत और भाईचारे की मिसाल है, जिसे अपनाना आज के समय की सबसे बड़ी ज़रूरत है।

    इतिहास के पन्नों को देखें तो 570 ईस्वी में मक्का की पवित्र धरती पर हज़रत मोहम्मद सलल्लाहु अलैहि वसल्लम का जन्म हुआ था। उन्होंने ताउम्र लोगों को नफरत छोड़कर अमन और इंसाफ़ की राह अपनाने की शिक्षा दी।

    आज के दिन मस्जिदों और मदरसों में कुरान-ख़्वानी हुई, विशेष दुआएं की गईं और जुलूसों के ज़रिए मोहब्बत और भाईचारे का संदेश दिया गया। पूरा शहर रोशनी और सजावट से जगमगाता नज़र आया। बच्चे, नौजवान और बुज़ुर्ग सभी ने इस दिन को उत्साह और श्रद्धा से मनाया और यह संकल्प लिया कि पैगंबर के बताए रास्ते पर चलकर समाज में मोहब्बत और इंसानियत को बढ़ावा देंगे।

    आज जब दुनिया में नफरत और बंटवारे की आवाज़ें तेज हो रही हैं, मिलाद-उन-नबी हमें यह याद दिलाता है कि मोहम्मद साहब की असल तालीम अमन, बराबरी और इंसानियत के लिए थी।

  • जीएसटी दरों में कटौती से जनता को राहत और व्यापार की तरक्की का रास्ता-शलिनी

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : भारतीय जनता पार्टी की नेत्री शालिनी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में की गई जीएसटी (वस्तु एवं सेवा कर) दरों में कमी का सीधा असर अब देश की अर्थव्यवस्था और आम नागरिकों के जीवन पर देखने को मिलेगा। यह फैसला महँगाई पर नियंत्रण के साथ-साथ जनता की जेब पर पड़ रहे अतिरिक्त बोझ को कम करेगा और व्यापारिक गतिविधियों को नई रफ़्तार देगा. शालिनी आज मीडिया से बात कर रही थी ।

    उन्होने कहा कि रोज़मर्रा की ज़रूरत की वस्तुएँ और सेवाएँ अब पहले से सस्ती हो जाएँगी। खाद्य सामग्री, घरेलू सामान और कई उपभोक्ता वस्तुओं पर घटे हुए टैक्स का लाभ सीधे लोगों तक पहुँचेगा। इससे महँगाई के दबाव से जूझ रही आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।

    व्यापार और कारोबार में बढ़ावा

    जीएसटी दरों में कमी से बिक्री में तेजी आने की संभावना है। बाज़ार में माँग बढ़ेगी, जिससे उद्योग जगत और छोटे कारोबारियों को नई ऊर्जा मिलेगी। यह कदम ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस को भी मजबूत करेगा और निवेश का माहौल बेहतर बनाएगा।

    रोजगार सृजन की संभावना

    उत्पादन बढ़ने के साथ-साथ उद्योगों में नए अवसर पैदा होंगे। मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस और सप्लाई चेन से जुड़े क्षेत्रों में रोजगार के अवसरों में इज़ाफा होगा, जिससे बेरोजगारी कम करने में मदद मिलेगी।

    आर्थिक मजबूती की दिशा में कदम

    हालाँकि अल्पकाल में सरकार का राजस्व घट सकता है, लेकिन दीर्घकाल में उपभोग और व्यापार के बढ़ने से टैक्स संग्रह में इज़ाफा होगा। इससे देश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

    सरकार का जनहितैषी निर्णय

    शालिनी का मानना है कि यह निर्णय सरकार की जन-हितैषी नीति को दर्शाता है और भारत की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला ऐतिहासिक कदम है। इससे जहाँ एक ओर सामाजिक संतुलन कायम रहेगा, वहीं दूसरी ओर देश को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में भी यह बड़ा योगदान साबित होगा।