Tag: jharkhand latest news

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायकों के लिए निर्माणाधीन आवास का किया निरीक्षण

    मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया निर्माणाधीन विधायक आवासीय परिसर, दिए महत्वपूर्ण निर्देश

    रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज राजधानी के जगन्नाथपुर स्थित निर्माणाधीन विधायक आवासीय परिसर का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवास, हेल्थ सेंटर, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, चिल्ड्रन पार्क, प्ले ग्राउंड, बिजली, पानी, सड़क, वाहन पार्किंग, और सीवरेज-ड्रेनेज सिस्टम समेत अन्य कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि इसे जल्द पूरा कर विधायकों को आवास अलॉट किए जा सकें।

    मुख्यमंत्री के साथ मौजूद कंस्ट्रक्शन कंपनी ने बताया कि निर्माण कार्य जून माह तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

    विधायकों को मिलेगा सुविधाजनक और व्यवस्थित आवास

    मुख्यमंत्री ने परिसर में बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने का निर्देश देते हुए कहा कि विधायकों के लिए अभी आवासीय व्यवस्था अलग-अलग क्षेत्रों में बिखरी हुई है। विधायक आवासीय परिसर के बन जाने से सभी विधायकों को एक जगह, सुविधाजनक और व्यवस्थित आवासीय व्यवस्था उपलब्ध होगी।

    इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, भवन निर्माण विभाग के सचिव अरवा राजकमल और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

  • गणतंत्र दिवस 2025: आपके जिले में झंडोत्तोलन कौन करेगा,यहाँ जानिए  

      गणतंत्र दिवस 2025 के खास मौके पर झारखंड में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ तिरंगा फहराया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के मंत्रीगण विभिन्न जिलों के मुख्यालयों में झंडोत्तोलन करेंगे। मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने झंडोत्तोलन कार्यक्रम की सूची जारी कर दी है।

    कौन कहां फहराएगा तिरंगा?

    • राधाकृष्ण किशोर: पलामू (डाल्टनगंज)
    • सुदिव्य कुमार: गिरिडीह
    • दीपक बिरुवा: पश्चिमी सिंहभूम
    • चमरा लिंडा: गुमला
    • संजय प्रसाद यादव: पाकुड़
    • रामदास सोरेन: पूर्वी सिंहभूम
    • इरफ़ान अंसारी: जामताड़ा
    • हाफिजुल हसन: देवघर
    • श्रीमती दीपिका पांडे सिंह: गोड्डा
    • योगेंद्र प्रसाद: बोकारो
    • श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की: लोहरदगा

    धूमधाम से मनाया जाएगा पर्व।
    राज्य सरकार के निर्देशानुसार, जिला मुख्यालयों में झंडोत्तोलन के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत और झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी।

    गणतंत्र दिवस का संदेश।
    झारखंड के मुख्यमंत्री ने नागरिकों से गणतंत्र दिवस पर अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया है। पूरे राज्य में शांति और भाईचारे के साथ इस राष्ट्रीय पर्व को मनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।

     

  • मंईयां सम्मान योजना: कब आएगी जनवरी माह की राशि?

    परवेज़ आलम की रिपोर्ट ………..

    झारखंड में मुख्यमंत्री के लाभार्थी इस वक्त असमंजस और इंतजार की स्थिति में हैं। जनवरी माह की किस्त का पैसा अब तक लाभार्थी के अकाउंट  में ट्रांसफर नहीं हुआ है, जिससे 58 लाख से अधिक लाभार्थियों के बीच सवाल उठ रहे हैं कि आखिर देरी की वजह क्या है।

    अगस्त से शुरू हुई है योजना।
    मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत अगस्त 2024 में हुई थी। योजना के तहत अगस्त से नवंबर तक लाभार्थियों को हर माह ₹1,000 दिए गए। दिसंबर से इस राशि को बढ़ाकर ₹2,500 प्रति माह कर दिया गया।
    6 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नामकुम में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में ₹2,500 की पहली बढ़ी हुई राशि 56,61,791 लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की थी। मात्र दिसंबर माह में ₹1,415 करोड़ 44 लाख 77 हजार 500 रुपये का वितरण हुआ। इसके बाद से जनवरी की किस्त का इंतजार बढ़ता जा रहा है।

    कहां फंसा है पेंच?
    योजना के तहत हर माह की 15 तारीख तक राशि लाभार्थियों के खातों में क्रेडिट हो जानी चाहिए, लेकिन इस बार प्रक्रिया में देरी हुई है।

    1. प्रखंड स्तर पर सत्यापन प्रक्रिया
      हर महीने नए लाभार्थियों को जोड़ा जा रहा है और 50 वर्ष की आयु पूरी कर चुके लाभार्थियों को सूची से हटाया जा रहा है। जनवरी में 10 लाख से अधिक नए आवेदन आए, जिनमें से डेढ़ लाख का सत्यापन पूरा हो चुका है।
    2. पोर्टल की तकनीकी समस्याएं
      योजना का पोर्टल बार-बार तकनीकी खामियों का सामना कर रहा है। आवेदन अद्यतन और सत्यापन प्रक्रिया बाधित हो रही है। इसका सीधा असर राशि ट्रांसफर पर पड़ रहा है।

    क्या कह रहा है विभाग?
    जिला स्तर पर नोडल बैंकों और प्रखंड स्तर के अधिकारियों के सहयोग से सत्यापन प्रक्रिया जारी है। विभाग का कहना है कि जैसे ही प्रक्रिया पूरी होगी, लाभार्थियों के खातों में राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी।

    लाभार्थियों को संदेश।
    जनवरी माह की राशि में हो रही देरी के बावजूद सरकार ने मार्च तक की राशि पहले ही आवंटित कर दी है। विभागीय अधिकारी तकनीकी खामियों को दूर करने और सत्यापन प्रक्रिया को तेज करने के लिए काम कर रहे हैं।

  • झारखंड : 5 लाख का कैशलेस इलाज, 10 लाख गंभीर बीमारियों के लिए, जानिए किसको मिलेगा

    झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में मंगलवार को  रांची में हुई कैबिनेट बैठक ने राज्य कर्मियों और पेंशनरों के लिए बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य बीमा योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत, राज्य कर्मियों और उनके आश्रितों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये और गंभीर बीमारियों के लिए 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा।

    1.75 लाख कर्मियों और 2.25 लाख पेंशनरों को होगा फायदा।
    कैबिनेट सचिव वंदना डाडेल ने बैठक के बाद बताया कि इस योजना के तहत राज्य के 1.75 लाख कर्मियों और 2.25 लाख सेवानिवृत्त कर्मियों को लाभ मिलेगा। योजना में शामिल होने वाले कर्मियों के वेतन से हर महीने 500 रुपये काटे जाएंगे, जबकि पेंशनभोगियों को सालाना 6,000 रुपये जमा करने होंगे। योजना का कवरेज इतना ही नहीं रुकता। इसमें अखिल भारतीय सेवाओं के सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारी, विधानसभा के पूर्व सदस्य, और राज्य के विभिन्न बोर्ड-निगमों के कर्मी भी अपनी इच्छा से जुड़ सकते हैं।

    टाटा एआईजी से हुआ करार।
    इस योजना के सफल कार्यान्वयन के लिए राज्य सरकार ने टाटा एआईजी जनरल इंश्योरेंस कंपनी के साथ करार किया है। 150 करोड़ रुपये आकस्मिकता निधि से और 50 करोड़ रुपये बफर स्टॉक के रूप में आरोग्य सोसायटी के ट्रस्ट में रखे जाएंगे।

    हालांकि, यह योजना पिछले साल 31 जुलाई 2023 को घोषित की गई थी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों की वजह से इसे लागू नहीं किया जा सका। अब, संशोधन के बाद, यह योजना कर्मियों और पेंशनरों के लिए वरदान साबित होगी।

    दुमका से उड़ान सेवा का रास्ता साफ।
    कैबिनेट ने दुमका हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इंडियन एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ संचार, नेविगेशन और एयर ट्रैफिक मैनेजमेंट सेवाओं के लिए एमओयू के ड्राफ्ट को मंजूरी दी गई है। इसके बाद क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना ‘उड़ान’ के तहत दुमका हवाई अड्डे से नियमित उड़ानें शुरू होंगी।

    हॉस्पिटलों में नए पद और शिक्षा क्षेत्र में सुधार।
    राज्य के मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पतालों में सीनियर मैनेजर, फाइनेंस मैनेजर, और आईटी एग्जीक्यूटिव जैसे नए पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा, मिडिल स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा के लिए ज्ञानोदय योजना के तहत 94.50 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है।

    सरकार के कदमों से उम्मीदें बढ़ीं।
    झारखंड सरकार के ये निर्णय न केवल स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों को मजबूत करेंगे बल्कि राज्य के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगे।

  • पारा शिक्षकों को हाईकोर्ट से तगड़ा झटका, क्वालिफाइंग मार्क्स में छूट देने का नियम खत्म किया गया।

    झारखंड हाईकोर्ट ने सहायक शिक्षक भर्ती से जुड़ी याचिका पर अहम फैसला सुनाया है। शुक्रवार को कोर्ट ने कहा कि पारा शिक्षकों को क्वालिफाइंग मार्क्स में छूट देना उचित नहीं है। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने इस छूट को लेकर बनाए गए नियम को रद्द कर दिया है। यह याचिका कृष्ण कुमार हलदर द्वारा भर्ती प्रक्रिया को चुनौती देते हुए दायर की गई थी। मामले में सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रखा था।

    इस मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस और जस्टिस दीपक रौशन की बेंच ने की। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता शुभम कुमार मिश्रा, कुमार पवन और शिवम उत्कर्ष सहाय ने पक्ष रखा, जबकि JSSC की ओर से अधिवक्ता संजोय पिपरवाल और राज्य सरकार की ओर से अधिवक्ता राहुल साबू ने अपनी दलीलें प्रस्तुत कीं।

    हाईकोर्ट के इस फैसले से पारा शिक्षकों को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि अब उन्हें क्वालिफाइंग मार्क्स में कोई छूट नहीं मिलेगी। यह फैसला झारखंड में 26,000 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकता है।

  • झारखंड में होगा राज्य स्तरीय युवा महोत्सव- सुदिव्य कुमार सोनू

    RANCHI: झारखंड के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद व युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने घोषणा की है कि राज्य सरकार झारखंड में भी राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन करेगी। इसमें पूरे राज्य से युवा प्रतिभागी शामिल होंगे और अपनी प्रतिभा और विचारों से राज्य के विकास में योगदान देंगे।   मंत्री सोनू ने नई दिल्ली में 10 से 12 जनवरी 2025 तक आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेकर लौटे झारखंड के प्रतिभागियों का बुधवार को सम्मान समारोह आयोजित कर प्रतिभागियों को अंग वस्त्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।

    राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने वाले युवाओं की सराहना करते हुए उन्होंने कहा, “आपने न केवल झारखंड का नाम रोशन किया है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा भी बने हैं। आपकी मेहनत और समर्पण ने यह साबित किया है कि झारखंड के युवा किसी से कम नहीं।”

    मंत्री ने कहा, “झारखंड के युवाओं में असीमित प्रतिभा है। उनके पास हर क्षेत्र में परचम लहराने की क्षमता है। जरूरत है केवल सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन की। राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि युवाओं को उनके लक्ष्य तक पहुँचने में मदद मिले।”

    युवाओं को दी किताबों से दोस्ती करने की सलाह।

    मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने युवाओं को किताबों से दोस्ती करने की सलाह देते हुए कहा, “ज्ञान प्राप्त करने का सबसे सरल और प्रभावी तरीका किताबें हैं। ये न केवल हमारी सोच को व्यापक बनाती हैं, बल्कि हमें सही निर्णय लेने की क्षमता भी देती हैं। आज का युवा बहुत तेज है। उसे तर्क और सवाल करने की आदत विकसित करनी चाहिए। युवाओं का उत्साह और ऊर्जा राज्य और देश के विकास की नींव है।” उन्होंने यह भी कहा, “जब तक हमारे गांव, शहर और राज्य मजबूत नहीं होंगे, तब तक देश को मजबूती नहीं मिल सकती। राज्य के विकास के बिना देश के विकास की कल्पना अधूरी है।”

    प्रतिभागियों ने बढ़ाया झारखंड का मान।

    इस महोत्सव में दुमका की स्वाति राज ने भाषण प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, गुमला की शुभांगी क्षितिजा सौरभ और जमशेदपुर के ऋषित ने प्रधानमंत्री के समक्ष “विकास भी, विरासत भी” विषय पर प्रस्तुति दी। मंत्री ने इन प्रतिभागियों और उनकी टीम के लीडर्स को विशेष रूप से सम्मानित किया।

    मंत्री ने इन सभी युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां झारखंड के हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। “आपकी मेहनत और सफलता झारखंड की ताकत है। हम चाहते हैं कि आने वाले समय में और भी युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर राज्य का नाम रोशन करें।”

  • पत्रकार पर हमले के विरोध में प्रेस क्लब का सांकेतिक धरना

    गिरिडीह: पत्रकारिता के पेशे को सुरक्षित रखने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रेस क्लब ने सोमवार को गिरिडीह में सांकेतिक धरना दिया। यह धरना पत्रकार अमरनाथ सिन्हा और अन्य दो पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में आयोजित किया गया।

    प्रेस क्लब की एकजुटता
    इस धरने का नेतृत्व प्रेस क्लब के अध्यक्ष पत्रकार राकेश सिन्हा ने किया, जबकि संचालन महासचिव अरविंद कुमार के हाथों में रहा। इस विरोध प्रदर्शन में गिरिडीह के प्रमुख पत्रकार लक्ष्मी अग्रवाल, अमरनाथ सिन्हा,श्रीकांत सिंह,मृणाल सिंहा, सूरज सिन्हा, अविनाश प्रसाद, आलोक रंजन, अंजनी सिन्हा,  समेत कई अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।

    क्या है मामला?
    बताया गया कि हाई कोर्ट के आदेश के बावजूद नगर निगम के टोल टैक्स पॉइंट से अवैध वसूली को लेकर थी। इस अवैध वसूली की कवरेज के दौरान अमरनाथ सिन्हा और अन्य पत्रकारों पर हमला किया गया। इस मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, लेकिन टोल टैक्स संवेदक के खिलाफ अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

    मंत्री का आश्वासन और धरने का समापन
    धरने की सूचना पाकर नगर विकास मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू मौके पर पहुंचे और संवेदक पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। मंत्री के सकारात्मक रुख और भरोसे के बाद प्रेस क्लब ने धरना समाप्त किया।

    पत्रकारिता पर हमला लोकतंत्र पर हमला
    प्रेस क्लब के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि यह विरोध केवल पत्रकारों पर हमले का नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा के लिए है। पत्रकारों ने मांग की कि इस घटना से जुड़े सभी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

    यह धरना गिरिडीह के पत्रकारों की एकजुटता और उनकी आवाज को दबाने के खिलाफ उनके साहस का प्रतीक है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पत्रकारिता न केवल सच की तलाश है, बल्कि इसके लिए खड़ा होना भी उतना ही जरूरी है।

     

  • अबुआ आवास का जियो टैग अब पंचायत सचिव करेंगे, मंत्री शिल्पी नेहा ने दिया निर्देश।

    Ranchi:
    चान्हो में अबुआ आवास के जियो टैगिंग का कार्य अब पंचायत स्वयंसेवकों के बजाय पंचायत सचिव द्वारा किया जाएगा। इस संबंध में मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, मंत्री ने जनसेवक (VLW) को कृषि से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी संभालने का भी आदेश दिया है।

  • रामगढ़ में दर्दनाक सड़क दुर्घटना, स्कूल वैन और ट्रक की टक्कर में 4 बच्चों की जान गई।

    Ramgarh:

    रामगढ़ जिले के गोला क्षेत्र में स्थित झिंझरीटांड़ दामोदर रेस्टोरेंट के पास बुधवार सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना घटी। इस हादसे में एक आलू से लदा ट्रक, नियंत्रण खोने के बाद, ऑटो पर पलट गया। इस घटना में चार स्कूली बच्चों और ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा, आधा दर्जन बच्चे घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

    सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह एक निजी स्कूल के छात्र ऑटो में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। जब ऑटो झिंझरीटांड़ दामोदर रेस्टोरेंट के पास पहुंचा, तो आलू लदा ट्रक अनियंत्रित हो गया और ऑटो के ऊपर पलट गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कई बच्चों को ऑटो से बाहर निकालकर उनकी जान बचाई। लेकिन, हादसे में चार बच्चों और ऑटो चालक की दर्दनाक मौत हो गई।

    गौरतलब है कि राज्य सरकार ने शीतलहर को देखते हुए सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया था। इसके बावजूद, गोला स्थित गुड विल पब्लिक स्कूल के संचालक ने आदेश का उल्लंघन करते हुए स्कूल खुला रखा, जिसके चलते यह भयावह घटना हुई और चार मासूम बच्चों की जान चली गई। घटना के बाद बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    वहीं, घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर ट्रक चालक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही, मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की भी मांग की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने और लोगों को शांत करने में जुटे हुए हैं।

  • झारखंड: कैबिनेट बैठक में 9 अहम फैसलों पर लगी मुहर

    रांची:  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में सोमवार को कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें 9 प्रमुख एजेंडों पर मंजूरी दी गई। इन फैसलों में राज्य के बजट सत्र की तारीख से लेकर शिक्षा और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय शामिल हैं।

    24 फरवरी से शुरू होगा बजट सत्र।

    कैबिनेट ने 24 फरवरी से 27 मार्च तक बजट सत्र के आयोजन के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इस सत्र में राज्य का बजट पेश किया जाएगा और विभिन्न विभागीय मुद्दों पर चर्चा होगी। राज्य के आर्थिक विकास और नीतिगत फैसलों पर यह सत्र महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

    हर प्रखंड में होंगे शिक्षा प्रसार पदाधिकारी।

    झारखंड के 265 प्रखंडों में शिक्षा प्रसार पदाधिकारी नियुक्त करने का फैसला लिया गया है। इससे राज्य के दूर-दराज के इलाकों में शिक्षा की पहुंच मजबूत होगी। झारखंड शिक्षा अवर सेवा के तहत इन पदों की संख्या बढ़ाई जाएगी। यह निर्णय शिक्षा क्षेत्र में सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम है।

    डीजी और आईजी चयन के लिए नई नियमावली।

    पुलिस महानिदेशक (डीजी) और महानिरीक्षक (आईजी) के चयन के लिए कैबिनेट ने नई नियुक्ति नियमावली को मंजूरी दी। अब इन पदों पर नियुक्ति राज्य में गठित एक समिति के माध्यम से होगी। इस समिति में दो सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और एक सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक शामिल होंगे। पहले यह चयन केंद्र के माध्यम से होता था।

    देवघर एम्स के संचालन के लिए एमओयू।

    देवघर में एम्स के संचालन को लेकर झारखंड सरकार और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच एमओयू के प्रारूप को मंजूरी दी गई। यह फैसला राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई ऊंचाई देगा।

    झारखंड परिचारिका नियमावली 2025 को स्वीकृति।

    कैबिनेट ने झारखंड परिचारिका गैर-शैक्षणिक संवर्ग (नियुक्ति, प्रोन्नति एवं अन्य सेवाशर्त) नियमावली, 2025 के गठन को स्वीकृति दी। यह नियमावली स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद करेगी।

    प्री-बजट कार्यशाला के लिए नॉलेज पार्टनर चयनित।

    प्री-बजट कार्यशाला के आयोजन के लिए वित्त नियम को शिथिल करते हुए संत जेवियर कॉलेज की सहायक प्रोफेसर डॉ. सीमा अखौरी और उनकी टीम को नॉलेज पार्टनर के रूप में चयनित किया गया है।

    ऊर्जा विकास निगम में संशोधन।

    झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड और इसकी अनुषंगी कंपनियों में प्रबंध निदेशक और निदेशक पदों की नियुक्ति के लिए प्रावधानों में आंशिक संशोधन के प्रस्ताव पर भी घटनोत्तर स्वीकृति दी गई।

    कैबिनेट के फैसले झारखंड के लिए बड़ी उपलब्धि।

    कैबिनेट के ये फैसले राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुधार के लिए मील का पत्थर साबित हो सकते हैं। बजट सत्र की तैयारियों के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए ये सुधार झारखंड की विकास यात्रा को गति देंगे।