Tag: giridih news update

  • गिरिडीह में चला सड़क सुरक्षा अभियान — “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” संदेश के साथ लोगों को किया गया जागरूक

    The News Post4u Desk.

    गिरिडीह : जिले में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला परिवहन विभाग की ओर से विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” थीम पर आधारित इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और मोटरयान निरीक्षक ने किया। यह जागरूकता कार्यक्रम जी.टी. रोड (NH-19) के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किया गया, जहां वाहनों की आवाजाही सबसे अधिक रहती है।

    अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी और कहा कि रफ़्तार पर नियंत्रण ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने अपील की कि वाहन चालकों को हमेशा निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाना चाहिए ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में वाहन को नियंत्रित किया जा सके और जान-माल की हानि से बचा जा सके।

    इसके साथ ही लोगों को हिट एंड रन तथा गुड सेमैरिटन योजना की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि दुर्घटना के शिकार लोगों की मदद करने वाले नागरिकों को अब कानूनी कार्रवाई से डरने की जरूरत नहीं है, बल्कि सरकार ऐसे मददगारों को प्रोत्साहन राशि देती है।

    अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई चालक तय गति सीमा से बाहर वाहन चलाते हुए पकड़ा जाता है, तो उस पर मोटरयान अधिनियम 2019 की धारा 183 के तहत जुर्माना लगाया जा सकता है। वहीं, सड़क पर रेसिंग या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों को धारा 189 के तहत पाँच हजार रुपये तक का जुर्माना या तीन महीने की सजा या दोनों हो सकती हैं।

    अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने राहगीरों और वाहन चालकों के बीच रोड सेफ्टी हैंडबुक, पम्पलेट्स और “रफ़्तार घटाओ, सुरक्षा बढ़ाओ” संदेश से जुड़ी अन्य सामग्री भी वितरित की।

    स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएँ तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी आ सकती है और लोगों में यातायात अनुशासन की भावना विकसित होगी।

    मुख्य उद्देश्य:

    • सड़क सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना

    • रफ़्तार नियंत्रित कर दुर्घटनाओं में कमी लाना

    • हिट एंड रन और गुड सेमैरिटन योजनाओं की जानकारी देना

    • ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना

  • फेडरेशन ऑफ़ झारखंड चैंबर ऑफ़ कॉमर्स चुनाव: टीम तुलसी पटेल ने गिरिडीह में मतदाताओं से की सीधी अपील

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह : फेडरेशन ऑफ़ झारखंड चैंबर ऑफ़ कॉमर्स, रांची, के आगामी चुनाव को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज़ हो गई है। 21 सितंबर को होने वाले इस चुनाव से पूर्व रविवार को टीम तुलसी पटेल के 22 में से 20 सदस्य गिरिडीह पहुँचे। उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य यहाँ के करीब 100 मतदाताओं से सीधा संवाद स्थापित करना और समर्थन जुटाना था।

    कार्यक्रम की शुरुआत गिरिडीह चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला द्वारा सभी अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके बाद टीम तुलसी पटेल के प्रत्याशियों ने बारी-बारी से अपना परिचय दिया और गिरिडीह के व्यवसायिक समुदाय के सामने अपने विज़न को साझा किया।

    इस अवसर पर फेडरेशन के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल, चैंबर के पूर्व अध्यक्ष गुणवंत सिंह मोंगिया, उद्योगपति अरविंद राजगढ़िया और राजेंद्र भारतीय समेत कई वरिष्ठ सदस्यों ने गिरिडीह की स्थानीय समस्याओं को सामने रखा। व्यापारियों ने विशेष रूप से कर नीति, परिवहन, स्थानीय उद्योगों की दिक्कतें और सरकारी प्रक्रियाओं की जटिलताओं पर प्रत्याशियों का ध्यान आकृष्ट किया।

    प्रत्याशियों ने इन मुद्दों को गंभीरता से सुना। फेडरेशन के वर्तमान अध्यक्ष परेश गट्टानी और टीम लीडर तुलसी पटेल ने समस्याओं के समाधान पर अपने विचार रखे और भरोसा दिलाया कि उनकी टीम व्यापारी समुदाय की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि फेडरेशन का उद्देश्य केवल बड़े उद्योगों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि छोटे और मध्यम व्यापारियों की समस्याओं को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

    गिरिडीह में आयोजित इस संवाद कार्यक्रम में लगभग 70 मतदाता शामिल हुए और उन्होंने टीम तुलसी पटेल के प्रत्याशियों से कई सवाल भी पूछे। बातचीत का माहौल आत्मीय और सकारात्मक रहा।

    कार्यक्रम के समापन पर गिरिडीह चैंबर के सचिव प्रमोद कुमार ने सभी प्रत्याशियों, स्थानीय सदस्यों और मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम न केवल चुनावी दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण हैं, बल्कि व्यवसायिक जगत को आपस में जोड़ने और समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक सोच विकसित करने का भी अवसर प्रदान करते हैं।

     

  • समाज और सुरक्षा का सेतु बना रक्षाबंधन पर्व, महिला परिषद ने पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

    The News Post4u.

    गिरिडीह: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर इस बार एक विशेष सामाजिक संदेश के साथ पर्व को मनाया गया। अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय महिला परिषद और ओजस्विनी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में गिरिडीह के मुफ्फसिल थाना और पचंबा थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों और जवानों को राखी बांधकर उनके समर्पण और सेवा को सम्मानित किया गया।

    इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला परिषद की अध्यक्ष पूनम सिन्हा ने कहा, “यह राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि समाज की ओर से प्रेम, सम्मान और विश्वास की डोर है। हम सभी ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर उनके कर्तव्यनिष्ठा और सेवा के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। बदले में उन्होंने भी हमें सुरक्षा देने और हमेशा साथ निभाने का वचन दिया।”

    उन्होंने कहा कि त्योहारों और पारिवारिक जीवन से दूर रहकर भी जो लोग समाज की सुरक्षा में लगे रहते हैं, उनका सम्मान करना हमारा नैतिक दायित्व है।

    कार्यक्रम के दौरान पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो को भी राखी बांधकर अभिनंदन किया गया। दोनों अधिकारियों ने महिला परिषद की इस पहल की सराहना की और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों को और अधिक ईमानदारी से निभाने का संकल्प दोहराया।

    यह अभिनव पहल न सिर्फ रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक सरोकार से जोड़ती है, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और आत्मीयता की डोर को और मजबूत करती है।

  • सावन की पहली सोमवारी: भोलेनाथ की भक्ति में डूबा गिरिडीह

    – शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

    बिनोद कुमार

    Edited by: परवेज़ आलम

    For The News Post4u.

    गिरिडीह : सावन के पावन महीने की पहली सोमवारी को गिरिडीह जिले में शिवभक्ति की एक अद्भुत छवि देखने को मिली। शहर की फिजा “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठी। जिले के विभिन्न शिवालयों में सुबह होते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं, जो भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए घंटों से इंतज़ार कर रहे थे।

    शिवभक्ति में लीन दिखे श्रद्धालु.
    सुबह से ही श्रद्धालु अपने परिवार व मित्रों के साथ शिव मंदिरों का रुख करने लगे। पूरे जिले में शिवालयों की घंटियां बज रही थीं और भक्तों की भीड़ भक्तिभाव के साथ शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध, गंगाजल और फूल चढ़ा रही थी। विशेष रूप से सदर प्रखंड के उदनाबाद स्थित प्रसिद्ध दुःखहरणनाथ मंदिर में अपार भीड़ उमड़ी। यहां की मान्यता है कि सावन में जो भी सच्चे मन से भोलेनाथ का पूजन करता है, उसकी सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

    पुजारी ने बताया सावन सोमवारी का महत्व.
    दुःखहरणनाथ मंदिर के पुजारी सर्वेश पांडेय ने बताया कि सावन मास शिव उपासना के लिए अत्यंत शुभ और प्रभावकारी माना जाता है। खासकर सोमवारी के दिन बेलपत्र, गंगाजल और दूध से भगवान शिव का अभिषेक करने से समस्त दोष समाप्त हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस पावन दिन पर यदि श्रद्धालु महामृत्युंजय मंत्र या गायत्री मंत्र का जाप करते हुए अभिषेक करें, तो जीवन के समस्त कष्टों का नाश होता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।

    सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद.
    सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त रखी गई थी। मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात किए गए थे ताकि भीड़ में कोई अव्यवस्था न हो। नगर निगम की ओर से साफ-सफाई और जल की व्यवस्था भी की गई थी।

    भक्ति, आस्था और अनुशासन का अद्भुत संगम.
    सावन की पहली सोमवारी ने गिरिडीह में भक्ति, आस्था और अनुशासन का ऐसा अद्भुत संगम दिखाया, जो वर्षों तक लोगों की स्मृतियों में रहेगा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर शिवभक्ति की चमक और मन में विश्वास का उजाला साफ नजर आ रहा था।

    यह दिन शिवभक्तों के लिए केवल पूजा-पाठ का नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और प्रभु से जुड़ाव का भी पर्व बन गया।

  • झारखंड में भारी बारिश की चेतावनी, 13 से 15 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी

    – मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह

    Edited By: परवेज़ आलम

    For The News Post4u.

    रांची:  झारखंड में 13 से 15 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई हिस्सों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

    छह जिलों में येलो अलर्ट.

    IMD के अनुसार, 13 जुलाई को गुमला, खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की आशंका है। इन जिलों के निवासियों को निचले इलाकों में जलभराव और वज्रपात से सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

    झारखंड के मध्य और पूर्वी जिलों पर असर.

    14 जुलाई को गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में येलो अलर्ट लागू रहेगा। इन क्षेत्रों में लगातार बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है।

    उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश की संभावना

    मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 15 जुलाई को देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज में भारी बारिश हो सकती है। स्थानीय प्रशासन को अलर्ट रहने और राहत इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा गया है।

    औसत से 69% अधिक वर्षा

    रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद के मुताबिक, “1 जून से 12 जुलाई के बीच राज्य में 499.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य औसत 296.4 मिमी होती है। यह सामान्य से लगभग 69 प्रतिशत अधिक है।”

    इन जिलों में रिकॉर्डतोड़ बारिश

    • पूर्वी सिंहभूम: सामान्य से 157% अधिक वर्षा
    • रांची: सामान्य से 150% अधिक बारिश
    • सरायकेला-खरसावां: 130% ज्यादा वर्षा

    इन पांच जिलों में बारिश में कमी.

    हालांकि झारखंड के देवघर, गढ़वा, गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ जिलों में अब तक 21% से 29% तक कम वर्षा दर्ज की गई है, जिससे वहां खेती और जलस्तर को लेकर चिंता जताई जा रही है।

    IMD की लोगों को सलाह.

    • बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों से दूर रहें।
    • बिजली के खंभों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें।
    • यात्रा करने से पहले मौसम अपडेट चेक करें।

    मौसम विभाग की मानें तो झारखंड में अगले तीन दिन मूसलधार बारिश और तेज हवाओं के साथ चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ऐसे में सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे मजबूत उपाय है।

  • सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती शिबू सोरेन की तबीयत में आया सुधार

    परवेज़ आलम. For The News Post4u

    दिल्ली/रांची:  झारखंड की राजनीति के पितामह और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन   की तबीयत में सुधार की खबर ने पूरे राज्य में राहत की सांस ली है। दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से भर्ती 81 वर्षीय वरिष्ठ नेता ने रविवार को अपनी आंखें खोलीं। यह क्षण न केवल उनके परिवार के लिए भावनात्मक रहा, बल्कि पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए भी बेहद सुखद रहा।

    प्रार्थनाओं का असर: मंदिरों से अस्पताल तक दुआओं का सिलसिला. 

    बीते कई दिनों से झारखंड के कोने-कोने में उनके स्वास्थ्य लाभ की कामनाओं के साथ पूजा-अर्चना का दौर जारी था। जेएमएम और कांग्रेस के कार्यकर्ता मंदिरों, गुरुद्वारों और मस्जिदों में जाकर शांति और शक्ति की कामना कर रहे थे। रांची में रथयात्रा के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन की तस्वीर के साथ  प्रार्थना सभा आयोजित कर उनके दीर्घायु और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष पूजा की। मंत्री  सुदिव्य कुमार सोनू ने फ़ेस बुक बॉल पर लिखा आदरणीय बाबा दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी अस्वस्थ हैं और वर्तमान में दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है। झामुमो के कार्यकर्ताओं और राज्य के वंचित वर्गों के लिए, वे एक महत्वपूर्ण आशा की किरण हैं।  इस चुनौतीपूर्ण समय में, मरांग बुरु दिशोम मांझी थान में मरांग बुरु संस्थान, आदिवासी समाज और उनके समर्पित कार्यकर्ताओं द्वारा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए बोंगा बुरु (पूजा पाठ) का आयोजन किया गया है। हमारी ईश्वर से प्रार्थना है कि बाबा जल्द स्वस्थ होकर हमारे बीच वापस आएं। मंत्री ने पुजा करते कार्यकर्ताओं की तस्वीर भी साझा की है ।

    दिल्ली में परिवार जुटा, गुरुजी की सेवा में दिन-रात लगे हैं हेमंत सोरेन. 

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी और दुमका से विधायक कल्पना सोरेन, तथा परिवार के अन्य सदस्य बीते सप्ताह भर से दिल्ली में मौजूद हैं और अस्पताल में लगातार उनके साथ समय बिता रहे हैं।
    राजनीतिक सीमाओं से परे जाकर कांग्रेस, भाजपा, आरजेडी, वाम दलों के नेताओं ने सर गंगाराम अस्पताल पहुंचकर गुरुजी की तबीयत की जानकारी ली और उनका हालचाल जाना।

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की मुलाकात, कहा – ‘गुरुजी जल्द स्वस्थ हों‘

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी सर गंगा राम अस्पताल पहुंचीं और उन्होंने शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। राष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया और दिशोम गुरु के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना की।

    हल्के पैरालिटिक अटैक के बाद हुए थे भर्ती, मेडिकल निगरानी में जारी है इलाज. 

    जानकारी के अनुसार, शिबू सोरेन को कुछ दिन पहले हल्का पैरालाइसिस अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें फौरन दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह पहले से ही किडनी से जुड़ी बीमारी और कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। अस्पताल के न्यूरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम लगातार उनकी देखभाल कर रही है।
    शिबू सोरेन न सिर्फ झारखंड आंदोलन का चेहरा रहे हैं, बल्कि जनजातीय अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई के प्रतीक भी हैं। उनके स्वास्थ्य में सुधार की खबर उनके लाखों समर्थकों और राज्य की जनता के लिए एक नई उम्मीद की किरण बनकर आई है।

     

  • इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने ‘आभार’ समारोह में रचा इतिहास

     By The News Post4u.

    देवघर : देवघर में आयोजित डिस्ट्रिक्ट अवॉर्ड फंक्शन ‘आभार’  में इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने अपने उत्कृष्ट कार्यों, समाज सेवा के प्रति समर्पण और प्रेरणादायक टीमवर्क के बल पर कई पुरस्कार हासिल कर नया इतिहास रच दिया। इस कार्यक्रम में क्लब को “आउटस्टैंडिंग क्लब” के खिताब से सम्मानित किया गया, जो कि क्लब के लिए एक गर्व का क्षण रहा।

    कार्यक्रम में क्लब की अध्यक्ष सोनाली तरवे को “बेस्ट प्रेसिडेंट”, सचिव राखी झुनझुनवाला को “बेस्ट सेक्रेटरी”, कोषाध्यक्ष स्मृति आनंद को “आउटस्टैंडिंग ट्रेज़रर”, और एडवोकेट सुनीता शर्मा को “एफिशिएंट ISO” का अवार्ड मिला। इसके अतिरिक्त दीप्ति सिन्हा को “आउटस्टैंडिंग एडिटर” के रूप में सम्मानित किया गया।

    प्रोजेक्ट आधारित विशेष सम्मान :

    क्लब की सेवा भावना और रचनात्मक पहलों को देखते हुए उन्हें निम्नलिखित सामाजिक प्रोजेक्ट्स के लिए भी सम्मानित किया गया:

    • मियावाकी फॉरेस्ट प्रोजेक्ट के लिए पुरस्कार
    • कार रैली में सक्रिय भागीदारी के लिए सम्मान
    • साड़ी वॉकाथॉन के लिए विशेष पुरस्कार
    • वाटर कूलर प्रोजेक्ट में उत्कृष्ट कार्य
    • यूनिक प्रोजेक्ट के लिए विशेष प्रशंसा
    • डिस्ट्रिक्ट 329 के साथ संयुक्त परियोजना में योगदान के लिए सम्मान

    क्लब की प्रेरणा और समर्पण:

    क्लब की अध्यक्ष सोनाली तरवे ने मंच से कहा, “यह उपलब्धि सिर्फ पुरस्कारों की नहीं, बल्कि समाज सेवा के क्षेत्र में किए गए समर्पित कार्यों की पहचान है। हमारे हर सदस्य का योगदान अतुलनीय है।”

    उन्होंने विशेष रूप से PDC पूनम सहाय जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी सतत प्रेरणा और मार्गदर्शन के बिना यह सफर इतना सफल नहीं हो सकता था।

    क्लब की सचिव राखी झुनझुनवाला ने भी मंच से अपने वक्तव्य में कहा, “हमारी पूरी टीम ने एक परिवार की तरह मिलकर हर योजना को साकार किया है, यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।”

    इनर व्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की यह सफलता न केवल क्लब के लिए, बल्कि पूरे गिरिडीह के लिए गर्व का विषय है। यह साबित करता है कि जब समर्पण, नेतृत्व और सेवा की भावना मिलती है, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

  • गिरिडीह: ‘मन की बात’ की 123वीं कड़ी का आयोजन, जनभागीदारी और राष्ट्र भावना का दिखा उत्साह

    By The News Post4u

    गिरिडीह: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणास्पद मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’  की 123वीं कड़ी का सीधा प्रसारण रविवार को गिरिडीह में बेहद उत्साह, गरिमा और राष्ट्र भावना के साथ आयोजित किया गया।

    कार्यक्रम में जिले के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवा कार्यकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण और गर्व का क्षण तब आया जब गिरिडीह सीधे पूरे देश के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा। यह गिरिडीहवासियों के लिए न सिर्फ एक विशेष अवसर था, बल्कि यह क्षण उन्हें राष्ट्र के साथ जुड़ने का गौरव भी प्रदान कर गया।  इस अवसर ने गिरिडीह में लोकतांत्रिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जनजागरूकता को नई ऊर्जा दी। आयोजन सिर्फ एक रेडियो प्रसारण भर नहीं था, बल्कि यह एक प्रेरणादायक सामाजिक मिलन बन गया जिसमें सभी ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना और आत्मसात किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, बिनय सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, उद्योगपति अमरजीत सिंह सलूजा,चैम्बर ऑफ कॉमर्स के निर्मल झुनझुनवाला, मुकेश जालान, विकास खेतान,निर्मल स्लामपुरिया,संजीव कुमार व साहिल शर्मा उपस्थित थे ।

  • दुबई में फंसे झारखंड के 15 मजदूरों ने भेजा भावुक संदेश, भारत वापसी की लगाई गुहार

    भोजन के लाले, बीमारियां बढ़ीं, ठेकेदार ने झाड़ा पल्ला, अब सरकार ही आखिरी उम्मीद

    परवेज़ आलम. By The News Post4u.

    झारखंड के गिरिडीह, धनबाद और हजारीबाग जिलों से दुबई में काम की तलाश में गए 15 मजदूर इन दिनों बेहद मुश्किल हालात में जी रहे हैं। दुबई की “मसाई कांट्रैक्टिंग एलएलसी” नामक कंपनी में काम करने गए इन मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर केंद्र और राज्य सरकार से मदद की भावुक अपील की है। मजदूरों का कहना है कि बीते तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिस कारण भुखमरी की नौबत आ गई है।

    वीडियो में मजदूरों ने रोते हुए बताया कि अब उनके पास दो वक्त की रोटी तक का इंतजाम नहीं है। कुछ मजदूर बीमार भी हैं लेकिन उनके पास इलाज के लिए पैसे नहीं हैं। उन्होंने बताया कि वहां उन्हें न खाना सही मिल रहा है, न रहने की उचित व्यवस्था है। जिन उम्मीदों के साथ वे विदेश गए थे, अब वही उम्मीदें दम तोड़ रही हैं।

    ठेकेदार ने भी छोड़ा साथ.
    मजदूरों ने बताया कि वे एक ठेकेदार के भरोसे दुबई पहुंचे थे। शुरुआत में ठेकेदार ने उन्हें अच्छे वेतन और सुविधाओं का आश्वासन दिया था, लेकिन अब ठेकेदार ने भी उनसे मुंह मोड़ लिया है। कंपनी ने पिछले तीन महीने से सैलरी नहीं दी और काम के बदले बस इंतजार थमा दिया है।

    इन मजदूरों की सूची में शामिल हैं:

    • हजारीबाग जिले से: चुरामन महतो, चंद्रिका महतो, कैलाश महतो, विष्णु महतो, जगन्नाथ सिंह, लाखन सिंह, सुखदेव सिंह, अर्जुन महतो, त्रिलोकी महतो, बालेश्वर महतो
    • गिरिडीह जिले से: बैजनाथ महतो, महेंद्र महतो, सीताराम महतो, मूरत महतो
    • धनबाद जिले से: संजय कुमार महतो

    भूख से मौत की आशंका, सरकार से सीधी अपील.

    वीडियो में मजदूरों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधा अनुरोध करते हुए कहा, “अब बस एक ही आस बची है—कृपया हमें जल्द से जल्द अपने देश वापस लाने का इंतजाम करें। यहां हर दिन हमारी हालत बद से बदतर होती जा रही है। अगर अब भी देरी हुई, तो कुछ मजदूर भूख से दम तोड़ देंगे।”

    नाइजर में गिरिडीह के 5 मजदूर पहले से अगवा.
    इस बीच, गिरिडीह जिले के बगोदर इलाके से अफ्रीकी देश नाइजर में पहले से ही 5 मजदूर अगवा हैं और अब दुबई में यह नया संकट सामने आया है। ऐसे में राज्य में चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं।

    परिवारों की बढ़ती चिंता, प्रशासन अब तक मौन.
    इन मजदूरों के परिजन झारखंड में बेहद चिंतित हैं। रोजाना कोई न कोई रिश्तेदार सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान या पहल सामने नहीं आई है। यह चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है।

    अब देखना यह होगा कि सरकार इन मजलूम मजदूरों की पुकार को कब तक अनसुना करती है और क्या कोई ठोस कदम जल्द उठाया जाएगा या नहीं। मजदूरों की जिंदगी अब सरकार की संवेदनशीलता पर टिकी है।

     

  • गिरिडीह में आदिवासी युवती के अपहरण का मामला: आरोपी गिरफ्तार, युवती सकुशल बरामद

    By The News Post4u

    गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र से एक आदिवासी युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

    क्या है पूरा मामला ?

    गिरिडीह एसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस बयान के अनुसार, 25 जून को भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के रहने वाले सुनील हेम्ब्रोम, पिता बड़कु हेम्ब्रोम ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने गांव के ही लकड़मरवा निवासी जुबेर अंसारी उर्फ कारू अंसारी, पिता मुमताज अंसारी पर आरोप लगाया कि उसने उनकी बहन को शादी का झांसा देकर अपहरण कर लिया।

    शिकायत मिलने के बाद भेलवाघाटी थाना ने तत्काल थाना कांड संख्या 10/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही युवती को भी सकुशल बरामद किया गया।

    पुलिस की तत्परता से मिली राहत.

    पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों को राहत मिली है। युवती को मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं आरोपी को गिरिडीह न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

    एसपी ने क्या कहा ?

    गिरिडीह एसपी कार्यालय के मुताबिक, महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह गंभीर है और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी भी दी है कि महिलाओं के साथ धोखाधड़ी या जबरदस्ती करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

    इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर गंभीरता से सोचने की जरूरत पर बल दिया है।