By The News Post4u
गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र से एक आदिवासी युवती के अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि युवती को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।
क्या है पूरा मामला ?
गिरिडीह एसपी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस बयान के अनुसार, 25 जून को भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के रहने वाले सुनील हेम्ब्रोम, पिता बड़कु हेम्ब्रोम ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने गांव के ही लकड़मरवा निवासी जुबेर अंसारी उर्फ कारू अंसारी, पिता मुमताज अंसारी पर आरोप लगाया कि उसने उनकी बहन को शादी का झांसा देकर अपहरण कर लिया।
शिकायत मिलने के बाद भेलवाघाटी थाना ने तत्काल थाना कांड संख्या 10/25 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही युवती को भी सकुशल बरामद किया गया।
पुलिस की तत्परता से मिली राहत.
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों को राहत मिली है। युवती को मेडिकल जांच के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं आरोपी को गिरिडीह न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
एसपी ने क्या कहा ?
गिरिडीह एसपी कार्यालय के मुताबिक, महिला सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह गंभीर है और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने चेतावनी भी दी है कि महिलाओं के साथ धोखाधड़ी या जबरदस्ती करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर गंभीरता से सोचने की जरूरत पर बल दिया है।
Leave a Reply