Category: Jharkhand

  • शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने वाला गिरफ्तार

    गिरिडीह:  गावां थाना क्षेत्र की एक युवती ने 27 वर्षीय मोहम्मद शाहनवाज आलम पर शादी का झांसा देकर पांच साल तक यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

    शादी का वादा, फिर छलावा
    पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि पिछले पांच सालों से वह और आरोपी मोहम्मद शाहनवाज एक रिश्ते में थे। इस दौरान वे अक्सर एक-दूसरे से मिलते और साथ समय बिताते थे। लेकिन जब भी शादी की बात होती, शाहनवाज कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देता था। युवती का आरोप है कि इस दौरान उसने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

    समाज की बैठक में बना था शादी का फैसला। 
    पीड़िता ने यह भी खुलासा किया कि करीब पांच महीने पहले शाहनवाज ने उसे गावां बुलाया और गावां पुल के नीचे उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। जब इस घटना की जानकारी गांव के लोगों को हुई, तो समाज के प्रबुद्ध लोगों ने दोनों परिवारों के बीच बैठक कराई। बैठक में यह तय हुआ कि दोनों 2 नवंबर को कोर्ट मैरिज करेंगे। उस समय शाहनवाज और उसके परिवार ने इस पर सहमति दी थी।

    शादी से किया इनकार, कोर्ट भी नहीं पहुंचा । 
    लेकिन 2 नवंबर के दिन शाहनवाज ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और कोर्ट भी नहीं पहुंचा। युवती के लिए यह बड़ा धोखा था, जिसके बाद उसने गावां थाना में शिकायत दर्ज कराई।

    पुलिस की कार्रवाई
    गावां थाना के एक अधिकारी  ने जानकारी दी कि युवती के आवेदन के आधार पर कांड संख्या 122/2024 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद शाहनवाज आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • Jharkhand: राज्य में आज और कल बारिश होने की संभावना, बढ़ेगी ठंड

    बंगाल की खाड़ी में एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव झारखंड पर दो दिनों तक देखा जा सकता है। इस विक्षोभ के कारण राज्य में दो दिन बारिश होने की संभावना है, जिसके बाद ठंड बढ़ जाएगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी है।

    मौसम केंद्र के प्रभारी निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 8 और 9 दिसंबर को झारखंड के सभी जिलों में बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट और न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना है।

    उन्होंने आगे बताया कि 10 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त हो जाएगा। इसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट और अधिकतम तापमान में मामूली वृद्धि होगी। झारखंड में इसका आंशिक प्रभाव रहेगा, जिससे हल्की बारिश हो सकती है।

    8 दिसंबर को राज्य के 11 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि 9 दिसंबर को गढ़वा, पलामू और लातेहार को छोड़कर शेष 21 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

  • विधायक जयराम महतो नंगे पांव क्यों आए विधान सभा !

    परवेज़ आलम  की रिपोर्ट ………

    झारखंड विधान सभा का विशेष सत्र आज से शुरू हो रहा है।छठे विधान सभा के लिए चुनकर आए विधायकों को आज प्रोटेम स्पीकर शपथ दिलाएंगे। सभी  81 विधायक विधान सभा आयेंगे पर चर्चा विधायक जयराम महतो की शुरू हो गई है । आज वे नंगे पांव विधान सभा पहुंचे तो खबर की सुर्खियां  बन गई । मीडिया ने सवाल किया तो क्या कहा जयराम ने “आप मंदिर,मस्जिद,गुरुद्वारा और गिरजाघर जाते हैं तो चप्पल पहनकर जाते हैं । नहीं न । तो विधानसभा भी लोकतंत्र का मंदिर है जिससे झारखंड के करोड़ों लोगों की आस्था जुड़ी है तो फिर….

    गरीब विधायक जयराम महतो : साधारण जीवनशैली बनी चर्चा का विषय. 

    झारखंड के डुमरी विधानसभा से विधायक और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता जयराम महतो ने अपने सादगी भरे अंदाज से सबका ध्यान खींचा। सोमवार को विधानसभा में प्रवेश करते वक्त जयराम महतो बिना चप्पल-जूते के नंगे पांव पहुंचे। सदन के प्रवेश द्वार पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तर्ज पर मत्था टेककर उन्होंने सदन को ‘प्रमाण’ किया और फिर अंदर गए।

    संघर्षशील विधायक का खास अंदाज. 

    30 वर्षीय जयराम महतो को झारखंड का सबसे गरीब विधायक माना जाता है। सादगी और संघर्ष उनकी पहचान है। विधानसभा में प्रवेश के दौरान भी उनके पैरों में चप्पल नहीं थी, जो उनकी साधारण जीवनशैली को दर्शाता है। उन्होंने जिस अंदाज में सदन के प्रति सम्मान व्यक्त किया, वह उनके समर्थकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है।

    युवाओं की आवाज उठाने का वादा . 

    जयराम महतो ने चुनाव प्रचार से लेकर विधायक बनने तक युवाओं और आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता दी है। उनकी आक्रामक भाषण शैली और गाड़ी के बोनट पर खड़े होकर जनता से संवाद करने का अंदाज उन्हें युवाओं में खासा लोकप्रिय बनाता है। उनके समर्थकों को उम्मीद है कि वह रोजगार, स्थानीय नीति और झारखंड के विकास के मुद्दों को जोर-शोर से सदन में उठाएंगे।

    जेएलकेएम ने बिगाड़ा बीजेपी-आजसू का समीकरण. 

    विधानसभा चुनाव 2024 में जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम ने सिर्फ एक सीट जीती, लेकिन 71 सीटों पर चुनाव लड़कर करीब 12 लाख वोट हासिल किए। इनके कारण बीजेपी और आजसू पार्टी के कई उम्मीदवारों का सियासी गणित बिगड़ गया। जयराम महतो की पार्टी ने झारखंड की राजनीति में हलचल मचा दी है।

    संघर्षों से भरी जिंदगी. 

    जयराम महतो की जिंदगी बचपन से ही संघर्षों से भरी रही है। खुद जयराम बताते हैं कि उनका जीवन मां के गर्भ से ही मुश्किलों में था। जन्म के तुरंत बाद अंधविश्वास के चलते उनकी नानी उन्हें अपने साथ ले गईं। गांव-घर के लोगों का मानना था कि उनके घर पर किसी बुरी शक्ति का साया है, जो बच्चों की मौत का कारण बनती है। जयराम अपनी मां का दूध तक नहीं पी सके।

    सादगी बनी प्रेरणा. 

    झारखंड में 81 विधायकों में जयराम महतो की संपत्ति सबसे कम है। उनका जीवन और संघर्ष आज भी उन्हें जमीन से जोड़े रखता है। विधानसभा में नंगे पांव पहुंचने का उनका यह अंदाज झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में नई प्रेरणा लेकर आया है।

     

  • झारखंड: 59 लाख लोगों का समर्थन पार्टी के पास-बाबू लाल मारंडी

    रांची: झारखंड में विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा अपने संगठन महापर्व को 22 दिसंबर से विधिवत रूप से शुरू करने जा रही है। इस महापर्व के माध्यम से पार्टी ने राज्य के हर कोने तक अपनी पहुंच मजबूत करने का लक्ष्य तय किया है। संगठन के इस बड़े अभियान से पहले 15 और 16 दिसंबर को सभी जिलों में कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिसमें प्रदेश नेतृत्व सक्रिय रूप से भाग लेगा। इसके बाद, 18 और 19 दिसंबर को सभी 515 मंडलों में कार्यशालाएं होंगी।

    अटल जयंती पर विशेष सदस्यता कार्यक्रम
    पार्टी ने झारखंड के निर्माता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती, 25 दिसंबर को, सदस्यता के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह पहल पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और उसकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है।

    “सदस्यता अभियान संगठन का महापर्व है”
    झारखंड सदस्यता अभियान की प्रभारी और आंध्र प्रदेश भाजपा की अध्यक्ष सांसद डी. पुरंदेश्वरी ने कार्यशाला में कहा कि भाजपा का सदस्यता अभियान महज एक आयोजन नहीं, बल्कि एक उत्सव है। उन्होंने इसे पार्टी के “महापर्व” का दर्जा देते हुए कहा, “2014 में जब सदस्यता अभियान शुरू हुआ था, तब हमने 9 करोड़ सदस्यों का लक्ष्य हासिल किया था। आज, देशभर में यह संख्या 11.35 करोड़ तक पहुंच गई है। झारखंड में इस अभियान को फिर से शुरू करने के बाद यह संख्या 14 करोड़ के करीब जा सकती है।”

    पुरंदेश्वरी ने यह भी बताया कि सदस्यता महापर्व का मुख्य उद्देश्य भाजपा को “सर्व स्पर्शी, सर्व व्यापी, और सर्व समावेशी” बनाना है।

    “जनता का आशीर्वाद बना हमारी ताकत”: बाबूलाल मरांडी
    प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पार्टी लोकतंत्र के उत्सव के बाद अब संगठन महापर्व में जुट गई है। उन्होंने बताया कि भले ही विधानसभा चुनावों में संख्या बल में भाजपा पीछे रह गई हो, लेकिनहै।

    उन्होंने कहा, “चुनाव हमारे लिए एक पड़ाव है, लेकिन जनता के साथ हमारा संवाद निरंतर रहेगा। हमारी नीतियां और कार्यक्रम जनता तक बार-बार पहुंचेंगे।” उन्होंने संगठन महापर्व को भाजपा के विचार और दृष्टिकोण को मजबूत करने का सुनहरा अवसर बताया।

    कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. रविंद्र राय और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की विचारधारा भारतीय संस्कृति और मूल्यों से प्रेरित है। उन्होंने इसे समाजवाद, साम्यवाद और पूंजीवाद जैसे विदेशी विचारों से भिन्न बताते हुए पार्टी की जड़ों को और मजबूत करने की अपील की।

    सदस्यता महापर्व: संगठन की नई दिशा
    इस महापर्व के लिए पार्टी ने सभी स्तरों पर विस्तृत योजनाएं बनाई हैं। प्रदेश महामंत्री कर्मवीर सिंह ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से सदस्यता अभियान की रणनीतियों को विस्तार से समझाया।

    भाजपा की इस बड़ी पहल का उद्देश्य न केवल संगठन का विस्तार करना है, बल्कि झारखंड में अपने राजनीतिक प्रभाव को भी नई ऊर्जा देना है। यह स्पष्ट है कि भाजपा इस महापर्व को केवल एक कार्यक्रम के रूप में नहीं, बल्कि एक व्यापक संगठनात्मक आंदोलन के रूप में देख रही है।

     

  • आजसू की समीक्षा बैठक: हार की वजहें, संघर्ष का संकल्प

    रांची: झारखंड की राजनीति में हालिया विधानसभा चुनाव के परिणामों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। इन सवालों के जवाब तलाशने और आगे की रणनीति तय करने के लिए आजसू पार्टी ने अपने केंद्रीय कार्यालय, हरमू में समीक्षा बैठक की। पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने स्पष्ट किया कि जनहित के सकारात्मक मुद्दों पर वे सरकार के साथ खड़े रहेंगे, लेकिन जहां भी जनविरोधी निर्णय होंगे, वहां विपक्ष की धारदार भूमिका निभाई जाएगी।

    “जातीय ध्रुवीकरण चुनाव का आधार”: सुदेश महतो
    सुदेश कुमार महतो ने इंडिया गठबंधन की जीत को जातीय ध्रुवीकरण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा, “यह चुनाव विकास के आधार पर नहीं, बल्कि जातीय ध्रुवीकरण के जरिए लड़ा गया। एनडीए के अंदर समन्वय की कमी भी अप्रत्याशित परिणाम का कारण बनी।”

    बैठक में संसदीय बोर्ड के सदस्य और चुनाव में उतरे प्रत्याशी शामिल हुए। प्रत्याशियों ने चुनावी चूक और स्थानीय स्तर पर कमजोरियों पर खुलकर चर्चा की।

    “जनादेश का सम्मान, संघर्ष जारी रहेगा”
    सुदेश महतो ने कहा कि हार-जीत राजनीति का हिस्सा है, लेकिन उनके संघर्ष की दिशा साफ है। “हम जनादेश का सम्मान करते हैं। लेकिन सरकार को यह याद रखना होगा कि जनता के हित में काम चुनावी वर्ष से नहीं, पहले दिन से शुरू होना चाहिए।”

    उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे झारखंडी, मूलवासी, पिछड़ों और बेरोजगारों के हक की लड़ाई को मुकाम तक पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी इस राज्य की सबसे बड़ी समस्या है, और इसे सुलझाने में सरकार की गंभीरता पर नज़र रखी जाएगी।

    “जनता की भावनाओं को नहीं समझ पाए”: चंद्रप्रकाश चौधरी . 
    बैठक में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी ने चुनाव परिणामों पर आत्ममंथन करते हुए कहा, “हम जनता की भावनाओं को समझने में चूक गए। स्थानीय मुद्दों का चुनावी बहस से गायब होना जनता को पसंद नहीं आया।”

    उन्होंने स्वीकार किया कि सरकार की विफलताओं को जनता तक सही तरीके से पहुंचाने में भी पार्टी विफल रही। “अब हमारी प्राथमिकता जनता का विश्वास दोबारा जीतने की है, और इसके लिए हमारी रणनीति और मजबूत होगी।”

    नई शुरुआत की ओर आजसू . 
    आजसू पार्टी इस समीक्षा बैठक के जरिए चुनावी हार के कारणों को समझने और आने वाले समय में जनता के बीच फिर से अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की योजना बना रही है।

     

  • इंडिया गठबंधन की बैठक में रणनीति और तैयारी पर चर्चा

    रांची: राजनीति की गहमागहमी के बीच झारखंड में इंडिया गठबंधन की एक अहम बैठक हुई, जहां सत्ता पक्ष ने एक बार फिर एकजुटता का परिचय दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधायकों को अपने आवास पर आमंत्रित कर स्पष्ट संदेश दिया—सदन में पूरी तैयारी के साथ उतरना है।

    मुख्यमंत्री ने बैठक में साफ किया कि विपक्ष के वार को उन्हीं की शैली में जवाब देना होगा। उन्होंने कहा, “सरकार ने पिछले कार्यकाल में जनता के लिए कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। सदन के भीतर हमें अपनी उपलब्धियों को मजबूती से रखना होगा।”

    झारखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र 9 दिसंबर से 12 दिसंबर तक चलने वाला है। इसे लेकर सरकार की प्राथमिकता विपक्ष के सवालों का जवाब देने और अपनी योजनाओं को जनता के सामने रखने की है।

    उपाध्यक्ष पद की मांग ने पकड़ा जोर
    बैठक में कांग्रेस विधायकों ने सदन में उपाध्यक्ष पद को लेकर अपनी नाराजगी जताई। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा, “झारखंड विधानसभा में वर्षों से उपाध्यक्ष पद रिक्त है। यह स्थिति संसदीय व्यवस्था को कमजोर करती है। हमें उम्मीद है कि सरकार इस पर जल्द विचार करेगी।”

    गठबंधन के इस बैठक में कांग्रेस की तरफ से कुछ चेहरे नदारद रहे। मंत्री शिल्पा नेहा तिर्की, कांग्रेस विधायक सोना राम सिंकू, और राजद के विधायक संजय सिंह यादव की अनुपस्थिति ने सवाल जरूर खड़े किए, लेकिन गठबंधन की समग्र एकजुटता पर इसका खास असर नहीं दिखा।

    कांग्रेस विधायक दल का नेता: इंतजार अभी बाकी
    कांग्रेस में विधायक दल के नेता का चयन अभी भी अधर में लटका हुआ है। पार्टी के भीतर गहमागहमी है, लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने इस पर अब तक कोई निर्णय नहीं लिया है। हाल ही में प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने इस मुद्दे पर विधायकों से चर्चा की थी, लेकिन अंतिम फैसला दिल्ली में होना बाकी है।

    इस बैठक ने साफ कर दिया कि झारखंड विधानसभा के शीतकालीन सत्र में इंडिया गठबंधन पूरी तैयारी के साथ उतरेगा। सत्ता पक्ष अपनी नीतियों और उपलब्धियों को प्रमुखता से पेश करने के लिए तैयार है।

    आगामी सत्र सिर्फ विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच बहस का मंच नहीं होगा, बल्कि झारखंड की राजनीति में नई दिशा तय करने का अवसर भी बनेगा।

  • झारखंड में खेल विश्वविद्यालय स्थापित की जाएगी -मंत्री

    गिरिडीह : झारखंड के नगर विकास, पर्यटन एवं खेलकूद मंत्री सूदिब्य कुमार सोनू ने आज गिरिडीह मे THE NEWS POST4U से खास मुलाक़ात मे अपने मंत्रालय से जुड़ी कई प्र्स्तवित योजनाओं के बारे मे बताया । मंत्री ने कहा कि झारखंड में खेल विश्वविद्यालय स्थापित करने की उनकी योजना है,जिसे अमली जामा पहनाने की कवायद तेज़ की जाएगी । उनका दावा है कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। हाँकी और तीरंदाजी जैसे खेलों में राज्य के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रौशन किया है ।  मंत्री का वादा है कि अन्य खेलों में भी गुणवत्ता और स्वच्छ माहौल के साथ अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
    शहरी विकास—आत्मनिर्भर नगर निगम बनाने का प्रयास
    सूदिब्य कुमार सोनू ने शहरी विकास को लेकर भी बड़े बदलाव की बात की। उन्होंने कहा कि राज्य के नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषद केsthapaitटैक्स ढांचे की समीक्षा की जाएगी और इन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक स्रोत विकसित किए जाएंगे। उन्होने सवाल के जबाब मे कह कि शहरों मे ट्राफिक जाम  की  एक बड़ी समस्या है । इसके समधान  के लिए पुलिस और निगम को संयुक्त प्रयास करने होगे और इसके लिए पहल शुरू की जाएगी।

    पर्यटन से रोजगार
    मंत्री ने कहा कि झारखंड में पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाओं हैं । उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य के आधार पर राजस्व बढ़ाने और रोजगार सृजन का प्रयास किया जाएगा।
    युवाओं के लिए रोजगार
    मंत्री ने कहा कि झारखंड के युवा रोजगार के लिए बाहर जाते हैं, लेकिन पर्यटन को बढ़ावा देकर उन्हें राज्य में ही रोजगार मिले इस पर वे काम करेंगे ,  साथ ही रीति-रिवाजों और स्थानीय कला-संस्कृति को भी रोजगार का जरिया बनाने का प्रयास होगा ।झारखंड बदलाव की ओर बढ़ रहा है ?
    मंत्री सूदिब्य कुमार सोनू जैसे युवा नेता झारखंड के विकास का नया खाका खींचने का दावा कर रहे हैं। जिससे एक उम्मीद जगी है । क्या सोनू की अगुवाई मे झारखंड  वाकई खेल, पर्यटन और शहरी विकास के क्षेत्र में नई इबारत लिखेगा  ?
    आम जनता असरदार बदलाव की उम्मीद मे है। जिसे पूरा करने की जिम्मेवारी मंत्री जी की है
    परवेज़ आलम की मंत्री सूदिब्य सोनू से खास बातचीत पर आधारित रपट

  • झारखंड के मंत्री संजय यादव को लालू यादव ने क्या दिया टिप्स !

    पटना: झारखंड के नव-नियुक्त श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव ने पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद बिहार की राजधानी पटना में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, और बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव से मुलाकात की। इस खास मुलाकात में लालू यादव ने मंत्री संजय प्रसाद यादव को गरीबों के हक और अधिकार के लिए काम करने का आशीर्वाद दिया।

    गरीबों की तकदीर बदलने का निर्देश। 
    लालू प्रसाद यादव ने कहा, “गरीबों की तकदीर बदलना हमारा मुख्य लक्ष्य होना चाहिए।” उन्होंने संजय यादव को झारखंड के गांव-गांव जाकर गरीबों के दुख-दर्द समझने और उनकी समस्याओं का समाधान करने की सलाह दी। लालू यादव ने कहा कि विरोधियों को जवाब देने का सबसे अच्छा तरीका है विकास कार्य। उन्होंने जोर देकर कहा, “ईमानदारी और निष्ठा से जनता की सेवा करें, यही असली राजनीति है।”

    लालू-राबड़ी से आशीर्वाद लेकर दिखाया समर्पण । 
    पदभार संभालने के बाद मंत्री संजय प्रसाद यादव ने पटना जाकर अपने राजनीतिक गुरु लालू प्रसाद यादव से आशीर्वाद लिया। इस मौके पर राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव भी मौजूद रहे। आरजेडी के झारखंड प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मंत्री ने पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए गरीबों और मजदूरों के लिए समर्पित भाव से काम करने का वादा किया।

    झारखंड में श्रम विभाग की नई उम्मीदें । 
    संजय प्रसाद यादव ने लालू यादव से मुलाकात के दौरान राज्य में श्रम विभाग को नई दिशा देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि झारखंड में श्रमिकों और बेरोजगारों के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर लाने का काम प्राथमिकता पर रहेगा।

    राजनीतिक संदेश और सादगी का मेल । 
    लालू यादव के साथ इस मुलाकात को राजनीतिक संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है। मंत्री ने न केवल पार्टी नेतृत्व से आशीर्वाद लिया, बल्कि इस दौरान राजद की विचारधारा और गरीबों के लिए समर्पण को केंद्र में रखते हुए अपनी जिम्मेदारी को और अधिक गंभीरता से निभाने का संकेत दिया। झारखंड के श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव अब लालू यादव की सलाह और आशीर्वाद को अमल में लाते हुए झारखंड के श्रमिकों और गरीबों की आवाज बनने की तैयारी में हैं। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और विकास कार्यों के जरिए विरोधियों को जवाब देने की इस यात्रा में उनके लिए चुनौतियां और अवसर दोनों हैं।

  • स्वास्थ्य को व्यवसाय समझने वालों की जगह जेल मे होगी- डॉ. इरफान

    धनबाद: झारखंड के नव-नियुक्त स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारने के लिए सख्त कदम उठाने का ऐलान किया है। रविवार को धनबाद के गोविंदपुर के फकीरडीह में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी अस्पतालों की मनमानी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    बिल भुगतान के नाम पर शव रोकने पर रोक.
    डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि अगर किसी मरीज की अस्पताल में मौत होती है, तो अस्पताल प्रबंधन शव को परिजनों को तुरंत सौंपेगा। बिल भुगतान के नाम पर शव रोकने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन को कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “स्वास्थ्य को व्यवसाय समझने वालों की जगह अब जेल होगी।”

    आयुष्मान योजना में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई।
    स्वास्थ्य मंत्री ने आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज में लापरवाही बरतने वाले अस्पतालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे अस्पताल जो फर्जी तरीके से आयुष्मान की मान्यता लेकर गरीबों को लूट रहे हैं, उनकी उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। “अगर कोई अस्पताल मापदंड पूरे नहीं करता, तो उसे सील कर दिया जाएगा और मालिक को जेल होगी,” उन्होंने कहा।

    स्वास्थ्य सेवाओं को दिल्ली मॉडल पर विकसित करने का वादा।
    डॉ. अंसारी ने दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मॉडल की तारीफ करते हुए कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को भी उसी तर्ज पर सुधारा जाएगा। उन्होंने कहा, “दिल्ली में सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता दी है, जिससे वहां का मॉडल देश के लिए उदाहरण बन गया है। मुख्यमंत्री से बात कर झारखंड में भी इसी तरह की सेवाएं लाने की कोशिश होगी।”

    फर्जी डिग्री वालों और बेरोजगारों के लिए योजना।
    स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि फर्जी डिग्री के आधार पर काम कर रहे लोगों पर कड़ी कार्रवाई होगी। उनकी डिग्री की जांच कराई जाएगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा। इसके साथ ही, स्थानीय बेरोजगार युवाओं को स्वास्थ्य विभाग में रोजगार के मौके दिए जाएंगे।

    सरकारी अस्पतालों में सुधार पर जोर
    डॉ. अंसारी ने वादा किया कि सरकारी अस्पतालों में आने वाले हर मरीज को हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।डॉ. इरफान अंसारी के इस बयान ने यह साफ कर दिया है कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लिए अब सख्त कदम उठाए जाएंगे। जनता को बेहतर सुविधाएं और न्याय दिलाने के लिए उन्होंने प्रतिबद्धता जाहिर की है।

  • फर्जी बिजली अधिकारी बनकर ठगी करने वाले तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

    गिरिडीह: गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई में बिजली विभाग के फर्जी अधिकारियों के रूप में ठगी करने वाले तीन शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी गांडेय थाना क्षेत्र के डाकबंगला इलाके में छापेमारी के दौरान हुई।

    एसपी डॉ. विमल कुमार की सक्रियता लाई सफलता.
    गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी डाकबंगला के पास लोगों को फर्जी बिजली अधिकारी बनकर ठगने का काम कर रहे हैं। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस और गांडेय थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाया और तीन अपराधियों को रंगेहाथ पकड़ लिया।

    गिरफ्तार अपराधियों की पहचान और बरामदगी.
    गिरफ्तार किए गए अपराधियों की पहचान पंकज कुमार मंडल, दीपक कुमार मंडल, और कैलाश मंडल के रूप में हुई है, जो अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के पदनिया गांव के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से तीन मोबाइल फोन, तीन सिम कार्ड, और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है।

    कैसे देते थे ठगी को अंजाम?
    एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि ये अपराधी बिजली विभाग के फर्जी अधिकारी बनकर रेंडम फोन नंबर सेलेक्ट करते थे। इसके बाद, सीरियल कॉलिंग के जरिए लोगों को यह धमकी देते थे कि बिजली बिल जमा नहीं करने पर उनका कनेक्शन काट दिया जाएगा। इसी बहाने ये ठग उनसे पैसे ऐंठने का काम करते थे।

    साइबर डीएसपी आबिद खान ने संभाली कमान.
    गुप्त सूचना के आधार पर एसपी ने साइबर डीएसपी आबिद खान को छापेमारी का निर्देश दिया। कार्रवाई इतनी तेज और सटीक थी कि अपराधियों को भागने का मौका तक नहीं मिला।

    एसपी की अपील.
    प्रेस वार्ता में एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि आम जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने आग्रह किया कि अगर कोई व्यक्ति फोन पर इस तरह की धमकी देकर पैसे की मांग करता है, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

    गिरिडीह पुलिस की यह कार्रवाई न केवल साइबर अपराध पर कड़ा प्रहार है, बल्कि अपराधियों को यह संदेश भी कि ठगी के इस खेल का अंत अब सुनिश्चित है।