Category: Giridih

  • पर्यावरण संरक्षण की दिशा में CIO की पहल: बच्चों ने लिया हरित भविष्य का संकल्प

    By The News Post4u.

    गिरिडीह: पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक सराहनीय कदम उठाते हुए चिल्ड्रेन इस्लामिक ऑर्गनाइजेशन (CIO) ने गिरिडीह के बिशुनपुर स्थित होली एंजेल्स पब्लिक स्कूल में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन “मिट्टी  में हाथ, दिल वतन के साथ” नामक राष्ट्रीय अभियान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य देशभर में 10 लाख पौधे लगाने का है।

    यह हरित अभियान 25 जून से 25 जुलाई तक चलाया जा रहा है, और इसी क्रम में विद्यालय परिसर में दर्जनों पौधे रोपे गए। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार भी व्यक्त किए।

    कार्यक्रम की प्रमुख झलकियाँ.

    • स्कूल के निदेशक कामरान अख्तर ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना इंसान की ज़िम्मेदारी है।
    • छात्राओं ने भी अपनी बात रखते हुए पर्यावरण के विभिन्न पहलुओं पर रोशनी डाली:
      • हेबा कुलसुम ने इस्लाम में पर्यावरण के महत्व को बताया।
      • साफिया राशिदा ने वृक्षों से मिलने वाले लाभों की चर्चा की।
      • तसनिम सबा ने हरियाली और स्वास्थ्य के गहरे संबंध पर विचार रखे।

    करीब 40 बच्चों ने मिलकर पौधे लगाए और भविष्य में एक स्वच्छ, हरा-भरा वातावरण बनाने का संकल्प लिया।

    कार्यक्रम संचालन और सहयोग.

    इस कार्यक्रम का संचालन हुम्मना नोमान और ईंशा हासमी ने किया। आयोजन की सफलता में सरफराज अख्तर सैफी, रसिद आलम, मोईन अख्तर, लईक अहमद अंसारी, नवेद अंजुम अजमी, प्रवेजुल हसन काजमी और मो. रीज़वान की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

    सकारात्मक संदेश.

    CIO और GIO द्वारा की गई यह पहल न सिर्फ बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा कर रही है, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे रही है कि “अगर आज एक पौधा लगाया जाए, तो कल एक बेहतर दुनिया बन सकती है।”

    इस अभियान के माध्यम से यह साबित हो रहा है कि छोटे-छोटे कदम भी बड़े बदलाव की दिशा में अहम भूमिका निभा सकते हैं — और इसकी शुरुआत बच्चों से हो, तो भविष्य और भी उज्जवल नज़र आता है।

  • गिरिडीह: तैलिक साहू सभा ने सावन मिलन समारोह में सजाई सांस्कृतिक और महिला सशक्तिकरण की रंगारंग झलक

    By: चंदन पांडेय

    Edited By: परवेज़ आलम

    For The News Post4u.

    गिरिडीह, 19 जुलाई 2025
    गिरिडीह जिला तैलिक साहू सभा (महिला प्रकोष्ठ) द्वारा शनिवार को हुट्टी बाजार प्रांगण में सावन मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। पारंपरिक उल्लास और सामाजिक एकता से सराबोर यह कार्यक्रम सावन के पावन अवसर पर महिलाओं के लिए एक खास संगम साबित हुआ।

    दीप प्रज्वलन और पुष्पांजली के साथ हुई शुरुआत.

    समारोह की शुरुआत महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष सुचिता देवी के नेतृत्व में दीप प्रज्ज्वलन और समाज के महान दानवीर भामाशाह जी की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर महिला महासचिव विनीता देवी समेत तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहीं। इसके बाद सुरम्य गणेश वंदना से कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन हुआ, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

    सावन की पवित्रता और सांस्कृतिक सौंदर्य पर प्रकाश.

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुचिता देवी ने सावन माह की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह महीना आध्यात्मिक ऊर्जा और प्रकृति के सौंदर्य का प्रतीक होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखते हैं, बल्कि महिलाओं को एकजुट कर उनके भीतर नेतृत्व और सामाजिक भागीदारी की भावना भी जागृत करते हैं।

    खेल, सौंदर्य प्रतियोगिता और सम्मान समारोह.

    समारोह के दौरान विभिन्न मनोरंजक खेल और सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनमें विशेष उत्साह और आत्मबल देखा गया।

    सक्रिय भागीदारी ने बनाया आयोजन सफल.

    कार्यक्रम की सफलता में महिला प्रकोष्ठ की सभी सदस्याओं ने मिलकर योगदान दिया। मीरा देवी, गीता देवी, मधु देवी, नीतू साहू, उपाध्यक्ष खुशबू कुमारी, सचिव पिंकी साह, शिल्पी साह, रूबी शाह, सुष्मिता शाह, रानी कुमारी, युवा अध्यक्ष सोनी साह, संगठन मंत्री डोली कुमारी, सुनीता देवी, सरस्वती देवी, कंचन कुमारी, किरण देवी, जयंती देवी, रंजू देवी, सीमा देवी, प्रमिला देवी और दीपा कुमारी जैसी सक्रिय कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने इस समारोह को यादगार बना दिया।

    महिला सशक्तिकरण की दिशा में सशक्त कदम.

    यह आयोजन महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ। मंच संचालन सोनी साह ने अत्यंत आकर्षक और प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि कोषाध्यक्ष माधुरी गुप्ता और पूनम साव ने आयोजन की व्यवस्था को सफलतापूर्वक संभाला।

    उल्लेखनीय उपस्थिति.

    कार्यक्रम में करीब 100 महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही, जिन्होंने सावन के इस पावन अवसर को भक्ति, उत्सव और मेल-मिलाप के रंगों से भर दिया।

    यह समारोह समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त करने और पारंपरिक मूल्यों को जीवंत रखने की दिशा में एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर सामने आया।

  • आम जनता में सुरक्षा का भाव बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता-एसपी

    For The News Post4u.

    गिरिडीह, 19 जुलाई 2025.
    पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभागार में आज मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक  डॉक्टर बिमल कुमार  ने जिले भर के पुलिस पदाधिकारियों के साथ विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। गोष्ठी का उद्देश्य अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन और आम जन की सुरक्षा सुनिश्चित रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है ।

    1. लंबित कांडों की समीक्षा और निष्पादन.
      बैठक के दौरान जिले में लंबित आपराधिक मामलों की गहन समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि ऐसे मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए सभी थाना प्रभारी गंभीर प्रयास करें और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
    2. जन शिकायतों पर संवेदनशीलता.
      जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेने और उनका शीघ्र समाधान करने पर बल दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि लोगों की भरोसा कायम रखने के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर पारदर्शिता और उत्तरदायित्व जरूरी है।
    3. श्रावण मास और कांवर यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था.
      आगामी श्रावण मास को देखते हुए कांवरियों के आवागमन के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि कांवरियों को रास्ते में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिला पुलिस द्वारा सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं।
    4. पुलिस हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार.
      पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि जिले के प्रमुख सड़कों पर फ्लैक्स लगवाए जाएं, जिन पर गिरिडीह पुलिस के संपर्क नंबर अंकित हों, ताकि आमजन आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।
    5. विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु अन्य निर्देश.
      इसके अतिरिक्त शहर और ग्रामीण इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और सामूहिक आयोजनों के दौरान सतर्कता बरतने जैसे अन्य अहम निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।

    गोष्ठी में सभी थाना प्रभारियों, डीएसपी स्तर के अधिकारियों तथा विशेष शाखा के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में जुलाई माह की आपराधिक घटनाओं, अनुसंधान प्रगति, और आगामी धार्मिक आयोजनों को लेकर समेकित रणनीति पर चर्चा की गई।

    पुलिस अधीक्षक ने दोहराया कि कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखना और आम जनता में सुरक्षा का भाव बनाए रखना जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

     

  • गिरिडीह:साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़, दो आरोपी गिरफ्तार

    -मोबाइल ऐप के ज़रिए करते थे बैंक अकाउंट से पैसे गायब. 

    For The News Post4u.

    GIRIDIH: गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह गांव के डंगाल इलाके में शुक्रवार को साइबर अपराधियों के एक सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। पुलिस अधीक्षक को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह साइबर थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया।

    गिरफ्तार आरोपी –देवघर से है.

    पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष कुमार मंडल और मिथुन कुमार मंडल  के रूप में हुई है। दोनों आरोपी झारखंड के देवघर जिले के मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र स्थित खिजुरियाटाड़ गांव के निवासी हैं।

    फर्जी मोबाइल एप्स बना था ठगी का हथियार.

    पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों युवक फर्जी मोबाइल ऐप्स जैसे:

    • Delhi Jal Board Update.apk
    • Electricity Bill Update.apk
    • NDMC Bill Update.apk

    …को आम नागरिकों के मोबाइल पर भेजते थे। जब लोग इन ऐप्स को डाउनलोड करते थे, तो उनके फोन हैक हो जाते थे। इसके बाद अपराधी उनके मोबाइल के माध्यम से बैंक खाते से पैसे निकाल लेते थे। यह एक सोची-समझी और तकनीकी रूप से अत्याधुनिक साइबर ठगी की साजिश थी।

    तकनीकी सबूत भी बरामद.

    पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 9 सक्रिय सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल नंबरों की जांच में पता चला है कि इन पर कम से कम 7 साइबर ठगी के मामले पहले से दर्ज हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से इस नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।

    कानूनी कार्रवाई जारी.

    इस पूरे मामले में गिरिडीह साइबर थाना मे  मामला दर्ज की गई है। पुलिस इन आरोपियों से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है और इनके गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है। इस छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर क्राइम डीएसपी आबिद खान  ने किया। गिरिडीह पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अनजान लिंक या मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड करने से बचें। यदि कोई संदिग्ध मैसेज या कॉल आता है, तो तुरंत नजदीकी साइबर थाना या हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दें।

     

  • सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में आपदा प्रबंधन के तहत फायर मॉक ड्रिल आयोजित, छात्रों ने सीखा आग से निपटने का तरीका

    By : बिनोद कुमार

    For The News Post4u.

    गिरिडीह : सलूजा गोल्ड इंटरनेशनल स्कूल में एक फायर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य छात्रों और स्टाफ को आग लगने जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करना था। यह कार्यक्रम विद्यालय के वार्षिक आपदा प्रबंधन अभ्यास का हिस्सा था।

    कार्यक्रम में अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने अहम भूमिका निभाई। फायर ऑफिसर रंजीत कुमार पांडेय और अग्निशमन पदाधिकारी शशिभूषण सिंह के नेतृत्व में दमकलकर्मियों की टीम ने छात्रों और शिक्षकों को आग बुझाने की तकनीक, आग लगने के कारण और उससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि सही तकनीक और संयम का पालन किया जाए, तो किसी भी अग्निकांड पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

    मॉक ड्रिल के दौरान छात्रों को आग बुझाने वाले उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही एलपीजी सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में क्या करें, इसके बारे में एक लाइव डेमो के माध्यम से विस्तार से समझाया गया। अग्निशमन दल ने यह भी बताया कि ऐसी स्थिति में घबराने की बजाय सीढ़ियों का उपयोग करना चाहिए, लिफ्ट से बचना चाहिए और तुरंत 101 या 112 नंबर पर कॉल कर सूचना देनी चाहिए।

    स्कूल की प्राचार्या ममता शर्मा ने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस प्रकार के अभ्यास छात्रों और कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति में न सिर्फ आत्मरक्षा बल्कि दूसरों की भी रक्षा करने योग्य बनाते हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के प्रति सजग रहना आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है।

    फायर ब्रिगेड की टीम ने शॉर्ट सर्किट, गैस लीक और अन्य संभावित कारणों से होने वाली आग के विषय में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि कैसे सामान्य और स्थानीय रूप से उपलब्ध वस्तुओं की मदद से आग पर प्रारंभिक नियंत्रण पाया जा सकता है।

    विद्यालय के प्रबंध निदेशक जोरावर सलूजा ने कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी अग्निशमन अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार का व्यावहारिक प्रशिक्षण न केवल बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करता है, बल्कि भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में उनसे सजग और जिम्मेदार नागरिक बनने की उम्मीद की जा सकती है।

    फायर मॉक ड्रिल में स्कूल के सभी शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उत्साहपूर्वक शामिल हुए और अग्नि सुरक्षा के दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए मॉक ड्रिल में भाग लिया।

  • चेक बाउंस मामले में रविन्द्र कुमार पांडेय गिरफ्तार, श्री लंगटा बाबा स्टील की शिकायत पर हुई कार्रवाई

    गिरिडीह : श्री लंगटा बाबा स्टील प्राइवेट लिमिटेड उदनाबाद को फर्जी चेक भुगतान के मामले में अनमोल ट्रेडर्स के संचालक डुमरी के राँगामाटी निवासी रविन्द्र कुमार पांडेय को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरिडीह कोर्ट से वारंट जारी होने के बाद शुक्रवार को डुमरी थाना क्षेत्र से उनकी गिरफ्तारी हुई।

    आरोप है कि अनमोल ट्रेडर्स के संचालक रविन्द्र कुमार पांडेय ने श्री लंगटा बाबा स्टील प्राइवेट लिमिटेड से छड़ की खरीदारी के बदले आठ लाख सत्तर हजार पांच सौ बासठ रुपये का चेक दिया था, जो बार-बार बैंक में जमा करने के बावजूद बाउंस हो गया।

    मामले में कंपनी के प्रतिनिधि हिमांशु प्रियदर्शी ने आरोपी के खिलाफ 138 एनआई एक्ट के तहत न्यायालय में वाद दायर किया था। चेक बाउंस की घटना 4 अप्रैल 2024 से लेकर 24 जून 2024 तक कई बार दोहराई गई।

    बताया गया कि कई बार मौखिक और कानूनी नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने पर अदालत में मामला दाखिल किया गया। इसके बाद न्यायालय से वारंट जारी हुआ और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और जल्द ही अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

  • तरुण गुप्ता की भाजपा में वापसी: संथाल में संगठन को मजबूती देने का संकल्प

    By The News Post4u.

    गिरिडीह, झारखंड: जामताड़ा विधानसभा से चुनाव लड़ चुके एवं वर्तमान में बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष तरुण गुप्ता ने गुरुवार को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने अपने कई समर्थकों के साथ गिरिडीह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

    बरगंडा में हुआ सदस्यता समारोह.

    यह कार्यक्रम गिरिडीह के बरगंडा पावर हाउस स्थित बाबूलाल मरांडी के आवास पर संपन्न हुआ। मौके पर जामताड़ा जिला भाजपा अध्यक्ष सुमित शरण समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। पार्टी में पुनः शामिल होते हुए तरुण गुप्ता ने स्पष्ट किया कि वे भाजपा की नीतियों और सिद्धांतों से प्रभावित होकर ही फिर से पार्टी में लौटे हैं।

    मरांडी बोले – तरुण की वापसी से पार्टी को मिलेगा नया जोश.

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने इस मौके पर कहा –

    “तरुण गुप्ता जैसे कर्मठ, जुझारू और सामाजिक सरोकारों से जुड़े नेता की वापसी न केवल जामताड़ा बल्कि पूरे संथाल परगना और झारखंड में संगठन को नई ऊर्जा देगी। वे हमेशा से गरीबों, वंचितों और ज़रूरतमंदों की आवाज़ बनते रहे हैं।”

    मरांडी ने यह भी विश्वास जताया कि आने वाले समय में तरुण गुप्ता पार्टी की मजबूती में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

    तरुण गुप्ता का संकल्प – संथाल को बनाएंगे भाजपा का गढ़.

    पार्टी में शामिल होने के बाद तरुण गुप्ता ने कहा:

    “मैं भाजपा की विचारधारा, राष्ट्रवाद और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से प्रेरित होकर पार्टी में लौटा हूं। अब मेरा लक्ष्य जामताड़ा ही नहीं, बल्कि पूरे संथाल परगना क्षेत्र में पार्टी को नई मजबूती देना है।”

    उन्होंने यह भी कहा कि वे ज़मीनी स्तर पर जनता से जुड़कर संगठन को मजबूत करेंगे और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को निर्णायक सफलता दिलाने के लिए काम करेंगे।

    पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह, वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी.

    इस मौके पर कई भाजपा नेता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से बिनय सिंह ,महादेव दुबे, अशोक उपाध्याय, महेंद्र वर्मा, सुभाष सिन्हा, नवीन सिन्हा, मनोज संघई, रंजीत रॉय और कुमार गौरव शामिल थे। सभी नेताओं ने एक स्वर में तरुण गुप्ता का स्वागत करते हुए उन्हें पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया।

    राजनीतिक मायने.

    तरुण गुप्ता की भाजपा में वापसी को संथाल क्षेत्र में पार्टी के विस्तार की रणनीति के हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है। जामताड़ा जैसे क्षेत्र जहां भाजपा अब तक अपेक्षाकृत कमजोर रही है, वहां उनके जैसे लोकप्रिय चेहरे की सक्रियता पार्टी को बड़ा राजनीतिक फायदा दिला सकती है।

     

  • कल्पना सोरेन का गांडेय दौरा: महिलाओं को आत्मनिर्भरता की सौगात, विकास योजनाओं की झलक

    बिनोद कुमार.

    Edited By : परवेज़ आलम.

    For The News Poat4u.

    गिरिडीह, झारखंड:  गांडेय विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार का दिन विकास, महिला सशक्तिकरण और प्रेरणा से भरा रहा, जब क्षेत्रीय विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन ने एक दिवसीय दौरे के दौरान कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने गांव-गांव जाकर न केवल विकास कार्यों का जायजा लिया, बल्कि युवाओं और महिलाओं से संवाद कर उन्हें आत्मनिर्भरता और शिक्षा के लिए प्रेरित किया।

    महिलाओं के हाथों में आर्थिक मजबूती की बागडोर.

    दौरे की शुरुआत कर्णपुरा पंचायत में सखी मंडल  की दीदियों द्वारा संचालित आटा उत्पादन केंद्र के निरीक्षण से हुई। कल्पना सोरेन ने झारखंड सरकार की “अबुआ सरकार” की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और आज वे अपने पैरों पर खड़ी होकर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।

    इस दौरान चपुआडीह पंचायत भवन  में जेएसएलपीएस के तहत गठित सखी मंडलों के बीच 2 लाख 63 हजार रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके अलावा जेएलपीएस  द्वारा निर्मित आटा मील और वन विभाग द्वारा बनाए गए रेस्ट हाउस का भी उद्घाटन किया गया।

    24.90 करोड़ की लागत से बनेगा महिला इंटर कॉलेज, स्टेडियम की भी सौगात.

    गांडेय विधानसभा के अंतर्गत बेंगाबाद प्रखंड के महुआर गांव  में कल्पना सोरेन ने 24.90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले महिला इंटर कॉलेज  की आधारशिला रखी। वहीं कर्णपुरा पंचायत  में 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिनी स्टेडियम का शिलान्यास भी किया गया।

    ग्रामीणों के बीच 10 लाख रुपये  की परिसंपत्ति का वितरण कर कल्पना सोरेन ने यह भी संदेश दिया कि झारखंड सरकार गांवों के विकास और महिलाओं की आर्थिक मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

    बेंगाबाद +2 स्कूल में छात्रों से संवाद: शिक्षा ही असली ताकत.

    दौरे का एक अहम पड़ाव रहा बेंगाबाद +2 उच्च विद्यालय, जहां कल्पना सोरेन ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। एक मोटिवेशनल सत्र  के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी हैं।

    “जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। पढ़ाई के प्रति ईमानदारी और निरंतर प्रयास ही आपको आगे ले जा सकते हैं,” – कल्पना सोरेन ने विद्यार्थियों से कहा।

    छात्रों ने भी खुलकर सवाल पूछे और कल्पना सोरेन ने सहजता से हर सवाल का उत्तर देकर उनका आत्मबल बढ़ाया। यह सत्र छात्रों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।

    अधिकारियों के साथ समन्वय और योजनाओं की समीक्षा.

    गिरिडीह पहुंचने के बाद कल्पना सोरेन ने सबसे पहले परिषदन भवन  में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर ज़रूरतमंद तक समयबद्ध रूप से पहुँचे।

    उपस्थित रहे कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि.

    इस मौके पर उपायुक्त राम निवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी, डीएसई वसीम अहमद, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, प्रणव वर्मा  समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

    जनता से जुड़ाव और सकारात्मक माहौल.

    कल्पना सोरेन का यह दौरा केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह लोगों के बीच एक भावनात्मक जुड़ाव और भरोसे का प्रतीक भी बना। चाहे सखी मंडल की दीदियों से बातचीत हो, बच्चों को प्रेरणा देना हो या अधिकारियों से योजनाओं की समीक्षा – हर पहलु में कल्पना सोरेन का जमीनी जुड़ाव झलका।

    गांडेय में यह दौरा महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण विकास के लिए एक सार्थक कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना और अब आने वाले समय में इसके प्रभाव भी ज़मीन पर नज़र आएंगे।

  • गिरिडीह: सुभाष इंस्टीट्यूट के BBA-BCA छात्रों ने फिर लहराया परचम

    गिरिडीह :सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, गिरिडीह के BBA और BCA चतुर्थ सेमेस्टर (सत्र 2022-25) का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। इस बार भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। संस्थान का रिजल्ट 100% रहा। कुल 46 छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 13 BBA और 33 BCA के छात्र शामिल थे।

    BCA में 4 छात्रों को 8 SGPA, 12 को 7 SGPA और 17 छात्रों को 6 SGPA मिला। वहीं BBA में नूरी परवीन ने 9 SGPA और 504 अंक के साथ कॉलेज टॉप किया। नीलू कुमारी ने 8.83 SGPA (505 अंक) लाकर दूसरा और मो. हसमुख ने 8.83 SGPA (490 अंक) के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।

    BBA ब्रांच में तसबीह परवीन 8.30 SGPA (471 अंक) के साथ टॉपर बनीं। आदित्य राज और तनीषा गुप्ता ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर टॉप-3 में जगह बनाई।

    संस्थान के निदेशक डॉ. बिजय सिंह ने सभी छात्रों को बधाई दी और कहा कि संस्थान पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रहा है। विभागाध्यक्ष सुधाकर शरण और मकबूल आलम ने शिक्षकों को सफलता का श्रेय दिया।

  • सावन की पहली सोमवारी: भोलेनाथ की भक्ति में डूबा गिरिडीह

    – शिवालयों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

    बिनोद कुमार

    Edited by: परवेज़ आलम

    For The News Post4u.

    गिरिडीह : सावन के पावन महीने की पहली सोमवारी को गिरिडीह जिले में शिवभक्ति की एक अद्भुत छवि देखने को मिली। शहर की फिजा “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठी। जिले के विभिन्न शिवालयों में सुबह होते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं, जो भगवान भोलेनाथ पर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए घंटों से इंतज़ार कर रहे थे।

    शिवभक्ति में लीन दिखे श्रद्धालु.
    सुबह से ही श्रद्धालु अपने परिवार व मित्रों के साथ शिव मंदिरों का रुख करने लगे। पूरे जिले में शिवालयों की घंटियां बज रही थीं और भक्तों की भीड़ भक्तिभाव के साथ शिवलिंग पर बेलपत्र, दूध, गंगाजल और फूल चढ़ा रही थी। विशेष रूप से सदर प्रखंड के उदनाबाद स्थित प्रसिद्ध दुःखहरणनाथ मंदिर में अपार भीड़ उमड़ी। यहां की मान्यता है कि सावन में जो भी सच्चे मन से भोलेनाथ का पूजन करता है, उसकी सारी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

    पुजारी ने बताया सावन सोमवारी का महत्व.
    दुःखहरणनाथ मंदिर के पुजारी सर्वेश पांडेय ने बताया कि सावन मास शिव उपासना के लिए अत्यंत शुभ और प्रभावकारी माना जाता है। खासकर सोमवारी के दिन बेलपत्र, गंगाजल और दूध से भगवान शिव का अभिषेक करने से समस्त दोष समाप्त हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस पावन दिन पर यदि श्रद्धालु महामृत्युंजय मंत्र या गायत्री मंत्र का जाप करते हुए अभिषेक करें, तो जीवन के समस्त कष्टों का नाश होता है और मानसिक शांति प्राप्त होती है।

    सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद.
    सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था भी सख्त रखी गई थी। मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात किए गए थे ताकि भीड़ में कोई अव्यवस्था न हो। नगर निगम की ओर से साफ-सफाई और जल की व्यवस्था भी की गई थी।

    भक्ति, आस्था और अनुशासन का अद्भुत संगम.
    सावन की पहली सोमवारी ने गिरिडीह में भक्ति, आस्था और अनुशासन का ऐसा अद्भुत संगम दिखाया, जो वर्षों तक लोगों की स्मृतियों में रहेगा। श्रद्धालुओं के चेहरों पर शिवभक्ति की चमक और मन में विश्वास का उजाला साफ नजर आ रहा था।

    यह दिन शिवभक्तों के लिए केवल पूजा-पाठ का नहीं, बल्कि आत्मिक शांति और प्रभु से जुड़ाव का भी पर्व बन गया।