कल्पना सोरेन का गांडेय दौरा: महिलाओं को आत्मनिर्भरता की सौगात, विकास योजनाओं की झलक

बिनोद कुमार.

Edited By : परवेज़ आलम.

For The News Poat4u.

गिरिडीह, झारखंड:  गांडेय विधानसभा क्षेत्र में गुरुवार का दिन विकास, महिला सशक्तिकरण और प्रेरणा से भरा रहा, जब क्षेत्रीय विधायक और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन ने एक दिवसीय दौरे के दौरान कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने गांव-गांव जाकर न केवल विकास कार्यों का जायजा लिया, बल्कि युवाओं और महिलाओं से संवाद कर उन्हें आत्मनिर्भरता और शिक्षा के लिए प्रेरित किया।

महिलाओं के हाथों में आर्थिक मजबूती की बागडोर.

दौरे की शुरुआत कर्णपुरा पंचायत में सखी मंडल  की दीदियों द्वारा संचालित आटा उत्पादन केंद्र के निरीक्षण से हुई। कल्पना सोरेन ने झारखंड सरकार की “अबुआ सरकार” की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और आज वे अपने पैरों पर खड़ी होकर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं।

इस दौरान चपुआडीह पंचायत भवन  में जेएसएलपीएस के तहत गठित सखी मंडलों के बीच 2 लाख 63 हजार रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। इसके अलावा जेएलपीएस  द्वारा निर्मित आटा मील और वन विभाग द्वारा बनाए गए रेस्ट हाउस का भी उद्घाटन किया गया।

24.90 करोड़ की लागत से बनेगा महिला इंटर कॉलेज, स्टेडियम की भी सौगात.

गांडेय विधानसभा के अंतर्गत बेंगाबाद प्रखंड के महुआर गांव  में कल्पना सोरेन ने 24.90 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले महिला इंटर कॉलेज  की आधारशिला रखी। वहीं कर्णपुरा पंचायत  में 6 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिनी स्टेडियम का शिलान्यास भी किया गया।

ग्रामीणों के बीच 10 लाख रुपये  की परिसंपत्ति का वितरण कर कल्पना सोरेन ने यह भी संदेश दिया कि झारखंड सरकार गांवों के विकास और महिलाओं की आर्थिक मजबूती को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

बेंगाबाद +2 स्कूल में छात्रों से संवाद: शिक्षा ही असली ताकत.

दौरे का एक अहम पड़ाव रहा बेंगाबाद +2 उच्च विद्यालय, जहां कल्पना सोरेन ने विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। एक मोटिवेशनल सत्र  के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास ही सफलता की असली कुंजी हैं।

“जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। पढ़ाई के प्रति ईमानदारी और निरंतर प्रयास ही आपको आगे ले जा सकते हैं,” – कल्पना सोरेन ने विद्यार्थियों से कहा।

छात्रों ने भी खुलकर सवाल पूछे और कल्पना सोरेन ने सहजता से हर सवाल का उत्तर देकर उनका आत्मबल बढ़ाया। यह सत्र छात्रों के लिए प्रेरणादायक साबित हुआ।

अधिकारियों के साथ समन्वय और योजनाओं की समीक्षा.

गिरिडीह पहुंचने के बाद कल्पना सोरेन ने सबसे पहले परिषदन भवन  में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर ज़रूरतमंद तक समयबद्ध रूप से पहुँचे।

उपस्थित रहे कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि.

इस मौके पर उपायुक्त राम निवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार, डीडीसी स्मृता कुमारी, डीएसई वसीम अहमद, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, प्रणव वर्मा  समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षकगण और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनता से जुड़ाव और सकारात्मक माहौल.

कल्पना सोरेन का यह दौरा केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह लोगों के बीच एक भावनात्मक जुड़ाव और भरोसे का प्रतीक भी बना। चाहे सखी मंडल की दीदियों से बातचीत हो, बच्चों को प्रेरणा देना हो या अधिकारियों से योजनाओं की समीक्षा – हर पहलु में कल्पना सोरेन का जमीनी जुड़ाव झलका।

गांडेय में यह दौरा महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण विकास के लिए एक सार्थक कदम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना और अब आने वाले समय में इसके प्रभाव भी ज़मीन पर नज़र आएंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *