-मोबाइल ऐप के ज़रिए करते थे बैंक अकाउंट से पैसे गायब.
For The News Post4u.
GIRIDIH: गिरिडीह जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह गांव के डंगाल इलाके में शुक्रवार को साइबर अपराधियों के एक सक्रिय नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। पुलिस अधीक्षक को प्रतिबिम्ब पोर्टल के माध्यम से प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह साइबर थाना की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी कर दो साइबर ठगों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी –देवघर से है.
पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष कुमार मंडल और मिथुन कुमार मंडल के रूप में हुई है। दोनों आरोपी झारखंड के देवघर जिले के मारगोमुण्डा थाना क्षेत्र स्थित खिजुरियाटाड़ गांव के निवासी हैं।
फर्जी मोबाइल एप्स बना था ठगी का हथियार.
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों युवक फर्जी मोबाइल ऐप्स जैसे:
- Delhi Jal Board Update.apk
- Electricity Bill Update.apk
- NDMC Bill Update.apk
…को आम नागरिकों के मोबाइल पर भेजते थे। जब लोग इन ऐप्स को डाउनलोड करते थे, तो उनके फोन हैक हो जाते थे। इसके बाद अपराधी उनके मोबाइल के माध्यम से बैंक खाते से पैसे निकाल लेते थे। यह एक सोची-समझी और तकनीकी रूप से अत्याधुनिक साइबर ठगी की साजिश थी।
तकनीकी सबूत भी बरामद.
पुलिस ने आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन और 9 सक्रिय सिम कार्ड बरामद किए हैं। जब्त मोबाइल नंबरों की जांच में पता चला है कि इन पर कम से कम 7 साइबर ठगी के मामले पहले से दर्ज हैं, जिससे स्पष्ट है कि आरोपी लंबे समय से इस नेटवर्क का संचालन कर रहे थे।
कानूनी कार्रवाई जारी.
इस पूरे मामले में गिरिडीह साइबर थाना मे मामला दर्ज की गई है। पुलिस इन आरोपियों से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी जांच कर रही है और इनके गिरोह में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश जारी है। इस छापेमारी दल का नेतृत्व साइबर क्राइम डीएसपी आबिद खान ने किया। गिरिडीह पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अनजान लिंक या मोबाइल एप्लिकेशन को डाउनलोड करने से बचें। यदि कोई संदिग्ध मैसेज या कॉल आता है, तो तुरंत नजदीकी साइबर थाना या हेल्पलाइन पर इसकी सूचना दें।







