दिवाली के बाद राज्य में दिग्गज नेताओं का जमावड़ा देखने को मिलेगा।

Written by

in

रांची :एनडीए और इंडिया गठबंधन ने दीपावली के बाद झारखंड में जोरदार चुनाव प्रचार की योजना बना ली है। दिवाली के बाद राज्य में दिग्गज नेताओं का जमावड़ा देखने को मिलेगा। कांग्रेस पहले ही अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर चुकी है, वहीं एनडीए के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के चुनावी दौरों का शेड्यूल भी तैयार हो गया है। भाजपा के चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी कि 4 नवंबर को पीएम मोदी झारखंड में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे, जबकि 3 नवंबर को गृह मंत्री अमित शाह तीन जगहों पर जनसभा करेंगे। अमित शाह की सभाएं घाटशिला, बरकट्ठा और सिमरिया में होंगी, वहीं पीएम मोदी 4 नवंबर को चाईबासा और गढ़वा में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे।

शिवराज सिंह चौहान ने इन रैलियों की जानकारी देते हुए कहा कि पीएम मोदी की झारखंड यात्रा एक नई शुरुआत का संकेत देगी, जहां “अंधेरा हटेगा और कमल खिलेगा।” हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस, और राजद की मौजूदा सरकार ने जनता से किए वादे पूरे नहीं किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने चार साल दस महीने तक झारखंड की जनता को ठगा है और अब चुनाव नजदीक आते ही वादे कर रही है, लेकिन महिलाओं के खातों में 2500 रुपये तक नहीं पहुंचे।

शिवराज सिंह ने आगे कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो राज्य सरकार के खाली पदों को भरने का प्रस्ताव पहली कैबिनेट बैठक में ही लाया जाएगा। इसके अलावा, हर महीने की 11 तारीख को झारखंड की बहनों के खाते में 2100 रुपये दिए जाएंगे और गैस सिलेंडर की कीमत 500 रुपये होगी। त्योहारों के अवसर पर दो मुफ्त सिलेंडर भी दिए जाएंगे। साथ ही, झारखंड में लगभग 21 लाख लोगों को घर बनाने के लिए मुफ्त बालू और आवास की सुविधा प्रदान की जाएगी।

शिवराज सिंह चौहान ने भरोसा दिलाया कि झारखंड में “लूट का राज” समाप्त होगा और राज्य में एक नई रोशनी, सुशासन का उदय होगा। उन्होंने कहा, “4 नवंबर को प्रधानमंत्री के आह्वान पर झारखंड में अंधकार मिटेगा और कमल खिलेगा।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *