द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह : बच्चों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन लगातार सकारात्मक पहल कर रहा है। इसी क्रम में क्लब की ओर से बरगंडा स्थित ब्लूमिंग बड्स प्ले स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय था – “गुड टच और बैड टच”
सत्र के दौरान विशेषज्ञों और क्लब की सदस्याओं ने बच्चों को सरल और संवेदनशील ढंग से समझाया कि कौन सा स्पर्श प्यार, देखभाल और सुरक्षा का प्रतीक है (गुड टच), और कौन सा स्पर्श उन्हें असहज या असुरक्षित महसूस करा सकता है (बैड टच)। इस जागरूकता का उद्देश्य नन्हें बच्चों में आत्मविश्वास जगाना और उन्हें यह सिखाना था कि किसी भी अनुचित परिस्थिति में कैसे सतर्क रहें और भरोसेमंद व्यक्तियों को तुरंत जानकारी दें।
कार्यक्रम में बच्चों को न केवल सुरक्षा संबंधी जानकारी दी गई, बल्कि उनके शिक्षा-सहयोग के लिए स्टेशनरी सामग्री भी भेंट की गई। पेन, कॉपियां, पेंसिल और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामान पाकर बच्चे उत्साहित दिखे।
इस मौके पर क्लब की पीडीसी पूनम सहाय, प्रेसिडेंट कविता राजगढ़िया, सचिव स्मृति आनंद और सदस्य तनुजा भूषण मौजूद रहीं। सभी ने बच्चों से संवाद करते हुए यह संदेश दिया कि समाज की जिम्मेदारी है कि हम अपने बच्चों को सुरक्षित माहौल दें और उनकी मानसिक-शारीरिक सेहत का ध्यान रखें।
इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन की यह पहल न केवल बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का भी एक प्रेरक उदाहरण है।
Inner Wheel Club of Giridih Sunshine conducted a special awareness session on ‘Good Touch and Bad Touch’ at Blooming Buds Play School, Barganda, to sensitize children about personal safety. The club also distributed stationery items to support students’ education.







