मर्सी हॉस्पिटल का निःशुल्क जांच शिविर, 150 से अधिक ग्रामीणों को मिला लाभ

द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

गिरिडीह :  जिले के सुगासार गांव में मर्सी हॉस्पिटल, गिरिडीह द्वारा सामाजिक परिवर्तन संस्थान के सहयोग से एक  निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस जनहितकारी पहल में 150 से अधिक मरीजों की निःशुल्क जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवाइयों का वितरण किया गया, जिससे ग्रामीणों के चेहरे पर राहत और संतोष साफ नजर आया।

शिविर में मर्सी हॉस्पिटल के अनुभवी चिकित्सक डॉ. पी. एच. मिश्रा एवं डॉ. प्रियंका ने मरीजों की गहन जांच की। सामान्य बीमारियों से लेकर अन्य स्वास्थ्य समस्याओं तक का समुचित परीक्षण किया गया। जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही आवश्यक दवाइयाँ निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। इतना ही नहीं, फॉलोअप के लिए आने वाले मरीजों को जांच व इलाज में 20 प्रतिशत की विशेष छूट देने की घोषणा भी की गई।

ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। ग्रामीणों ने इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे शिविर उनके लिए वरदान साबित होते हैं, जहां उन्हें शहर गए बिना विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं मिल जाती हैं।

इस अवसर पर सामाजिक परिवर्तन संस्थान की नियोती एवं संस्था के सचिव  उमेश तिवारी ने कहा कि

“ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए मर्सी हॉस्पिटल का यह प्रयास बेहद महत्वपूर्ण है। भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।”

कार्यक्रम में गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) के महाप्रबंधक  अनिल कुमार की विशेष उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमा प्रदान की।

मर्सी हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. पी. एच. मिश्रा ने कहा—

“हमारा उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। जनसेवा में लगी संस्थाओं के साथ मिलकर मर्सी हॉस्पिटल आगे भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित करता रहेगा।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *