गिरिडीह (धनवार)। गिरिडीह जिले के धनवार इलाके से बैंक डकैती की एक बड़ी वारदात सामने आई है। यहां यूको बैंक की शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर 04 करोड़ों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 10 नकदी लूट लिए। दिन के उजाले में हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
बाइक से पहुंचे आधा दर्जन हथियारबंद अपराधी
बैंक प्रबंधक राहुल कुमार गौड़ के अनुसार, लगभग आधा दर्जन अपराधी बाइक पर सवार होकर बैंक पहुंचे थे। सभी अपराधियों के पास आधुनिक हथियार थे। बैंक में प्रवेश करते ही उन्होंने हथियारों के बल पर कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया।
अपराधियों ने बैंक परिसर में मौजूद लोगों को डराने के लिए हथियारों का इस्तेमाल किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। अचानक हुई इस घटना से बैंक के भीतर अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और ग्राहकों के बीच भय का माहौल बन गया। अपराधियों ने कुछ ही समय में बैंक की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए लूटपाट शुरू कर दी।

कैश काउंटर से स्ट्रॉन्ग रूम तक लूटपाट
बैंक प्रबंधक के मुताबिक, अपराधियों ने बैंक के अलग-अलग हिस्सों को निशाना बनाया। इस दौरान कैश काउंटर पर रखे लगभग 10 लाख रुपये नकद लूट लिए गए। इसके अलावा बैंक में मौजूद दो ग्राहकों से भी जबरन नकदी छीनने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि अपराधियों ने बैंक के स्ट्रॉन्ग रूम और लॉकर तक पहुंच बनाकर वहां रखे सोने-चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान पर भी हाथ साफ कर दिया। इनकी अनुमानित कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है।
वारदात के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
दिनदहाड़े बैंक में इतनी बड़ी डकैती की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और बैंक परिसर का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
अपराधियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए बैंक के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में लगे दूसरे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि अपराधियों की गतिविधियों और उनके भागने की दिशा का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की निगरानी कर रहे हैं।
बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
धनवार में हुई इस घटना ने एक बार फिर बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों का बैंक में प्रवेश करना, कर्मचारियों और ग्राहकों को बंधक बनाना तथा स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंचकर करोड़ों रुपये के आभूषण लूट लेना सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोग अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी और बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी कौन हैं और वे बैंक से करोड़ों की संपत्ति लेकर किस रास्ते से फरार हुए? पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज से इस सनसनीखेज डकैती के कई अहम पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।
इधर पुलिस कप्तान डॉ बिमल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि तिन से चार करोड़ के सोने कि लूट हुई है . पुलिस सघन छापामारी कर रही है जल्दी ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त मे होंगें .


