झारखंड चुनाव में गड़बड़ी का आरोप: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने उठाए सवाल

परवेज़ आलम
GIRIDIH:झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 38 सीटों पर मतदान जारी है। इस दौरान गांडेय विधानसभा सीट पर मतदान प्रक्रिया को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री और कोडरमा से भाजपा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने सोशल मीडिया के माध्यम से गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है।

अन्नपूर्णा देवी ने एक वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया कि गांडेय विधानसभा के डोकीडीह प्रखंड के बूथ नंबर 282 पर अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं को समूह में मतदान करने की अनुमति दी जा रही है। उन्होंने इसे गुप्त मतदान के नियमों का उल्लंघन बताया और कहा कि यह सब प्रशासन की मिलीभगत से हो रहा है।

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “चुनाव आयोग को तुरंत इस गंभीर मुद्दे पर संज्ञान लेना चाहिए। डोकीडीह में तो यह हो रहा है, लेकिन ऐसी ही अनियमितताएं अन्य स्थानों पर भी देखने को मिल रही हैं।”

वीडियो ने खड़ा किया विवाद
केंद्रीय मंत्री द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कथित तौर पर अल्पसंख्यक महिलाओं को एक साथ मतदान करते हुए दिखाया गया है। वीडियो के वायरल होने के बाद यह मामला और गरमा गया है।

क्या कहता है प्रशासन?
प्रशासन की ओर से अभी तक इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। हालांकि, यह मुद्दा चुनाव आयोग के लिए एक चुनौती बन सकता है, क्योंकि गुप्त मतदान लोकतंत्र की बुनियादी शर्तों में से एक है।

अन्नपूर्णा देवी के आरोपों ने चुनावी माहौल को गर्मा दिया है, और सभी की नजरें अब इस पर टिकी हैं कि चुनाव आयोग क्या कदम उठाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *