मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को दिसंबर से 2500 रुपए

RANCHI : महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत महिलाओं को दिसंबर से 2500 रुपएकी राशि मिलनी शुरू हो जाएगी। उन्होंने सोमवार को प्रोजेक्ट भवन में मीडिया से बात करते हुए बताया कि योजना की तैयारी पूरी हो चुकी है।

सचिव ने कहा कि नवंबर तक जिन महिलाओं के आवेदन स्वीकृत हो चुके थे, उन्हें योजना का लाभ प्रदान किया जा चुका है। दिसंबर में नए आवेदनों की संख्या में वृद्धि होने की उम्मीद है। बीडीओ और सीओ स्तर पर आवेदनों की स्वीकृति का कार्य जारी है। विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार ने इस योजना के तहत 2500 रुपए की सहायता राशि देने का फैसला लिया था।

पेंशन योजनाओं का भुगतान भी जारी
मनोज कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित सभी पेंशन योजनाओं का भुगतान नवंबर तक कर दिया गया है। इसमें यूनिवर्सल पेंशन योजनाएं भी शामिल हैं। वहीं, केंद्र प्रायोजित योजनाएं, जैसे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना, के तहत सितंबर तक का भुगतान हो चुका है।

हालांकि, अक्टूबर और नवंबर की राशि केंद्र सरकार से अभी तक नहीं मिली है, जिसके कारण इन महीनों का भुगतान रुका हुआ है। इस मुद्दे को हल करने के लिए राज्य सरकार केंद्र से संपर्क कर रही है। सचिव ने कहा कि दिसंबर से मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना और अन्य योजनाओं का लाभ लाभुकों को समय पर मिले, इसके लिए विभाग पूरी तरह सक्रिय है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *