कांग्रेस कोटे से मंत्रियों के नाम तय हो गए हैं। राधाकृष्ण किशोर, इरफान, दीपिका, और शिल्पी नेहा को कैबिनेट में शामिल किया जाएगा।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की नई कैबिनेट आज शपथ लेगी। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 12:30 बजे राजभवन में आयोजित होगा। बुधवार रात तक मंत्रियों की सूची राजभवन को नहीं भेजी गई थी, लेकिन गुरुवार सुबह इसे भेजने की योजना है। कांग्रेस कोटे से मंत्रियों के नाम सामने आ गए हैं। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कोटे से राधाकृष्ण किशोर, डॉ. इरफान अंसारी, दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की को मंत्री बनाया जाएगा। इन नेताओं को देर रात इसकी सूचना दी गई। हालांकि, राजद के एक मंत्री के नाम को लेकर अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं है और संशय बना हुआ है।

संतुलन और समीकरण पर विशेष ध्यान

कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। इसमें तय किया गया कि कैबिनेट में सभी वर्गों का संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही, जातीय और राजनीतिक समीकरणों का भी ध्यान रखा जाएगा। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश बुधवार रात दिल्ली से रांची लौटे। दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ चर्चा के बाद ही कांग्रेस के मंत्रियों के नाम तय किए गए। विधायक भी दिल्ली से लौटने के बाद रांची में अपनी नई जिम्मेदारियों को लेकर उत्सुक दिखे।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *