गोगो दीदी योजना: JMM का BJP पर तीखा हमला

रांची से रिपोर्ट ………………

झारखंड में सियासी पारा चढ़ता जा रहा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेता सुप्रियो भट्टाचार्य ने गोगो दीदी योजना में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जोरदार निशाना साधा है। शनिवार को मीडिया से बात करते हुये उन्होंने भाजपा पर जनता से पैसे वसूलने का गंभीर आरोप लगाया।

वसूले गए पैसों की रिकवरी कराएगी सरकार।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा, “चुनाव से पहले भाजपा ने गोगो दीदी योजना के नाम पर जनता को ठगा। 500-500 रुपये लेकर फॉर्म भरवाए गए, लेकिन यह योजना केवल छलावा थी। अब हमारी सरकार उन पैसों की रिकवरी कराएगी। साथ ही, हम केंद्र सरकार से मांग करते हैं कि गोगो दीदी योजना को पूरे देश में लागू किया जाए और महिलाओं को हर महीने ₹2100 दिए जाएं।”

महिलाओं को आर्थिक मजबूती देने का वादा।
JMM  नेता ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। “हमने दिसंबर से मंईयां सम्मान राशि को ₹2500 करने का वादा किया था, जो पूरा किया गया। झारखंड देश का पहला राज्य है, जिसने 56 लाख महिलाओं को प्रतिमाह ₹2500 की आर्थिक सहायता दी है। जिन महिलाओं के खातों में दिसंबर का पैसा नहीं पहुंचा, उनके खातों में एक साथ ₹5000 डाले जाएंगे।”

बाबूलाल मरांडी पर निशाना।
सुप्रियो ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर कटाक्ष करते हुए कहा, भाजपा विधानसभा गठन के बाद भी विधायक दल के नेता का चयन नहीं कर पाई है । अपने कार्यकाल में भाजपा ने कभी एमएसपी पर धान की खरीद नहीं की। किसानों को केवल झूठे सपने दिखाए गए, और सैकड़ों किसानों ने अपनी जान गंवाई।

भाजपा के कुचक्र से बचने की अपील।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने युवाओं से भाजपा के कुचक्र में न फंसने की अपील की। उन्होंने कहा, “सरकार इस वर्ष सभी सरकारी नियुक्तियां पूरी करेगी। युवाओं को हर छोटी-बड़ी बात पर न्यायालय जाने की जरूरत नहीं है। अगर ठोस सबूत हो, तो राज्य सरकार को अवगत कराएं। नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू होगी, और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।”

भाजपा पर ‘भ्रमजाल’ फैलाने का आरोप।
सुप्रियो ने कहा कि भाजपा झारखंड में केवल भ्रम फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अपने कुचक्र और झूठे वादों से राज्य में विकास कार्यों को बाधित करने का प्रयास कर रही है।

झारखंड की जनता जागरूक हो रही है।
सुप्रियो ने कहा कि झारखंड की जनता अब भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि JMM सरकार महिलाओं, किसानों और युवाओं के हितों को सर्वोपरि रखते हुए विकास के लिए काम करती रहेगी।
झारखंड की राजनीति में गोगो दीदी योजना को लेकर JMM और BJP  के बीच तीखी तकरार जारी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *