तीन युवाओं का राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हुआ चयन, जानिए कहाँ का है मामला

गिरिडीह: गिरिडीह जिले के राजधनवार प्रखंड के रौनक कुमार मिश्रा, मोहम्मद जुबेर अहमद और गिरिडीह प्रखंड के प्रिंस कुमार पांडे ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा से जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। ये तीनों युवा 12 जनवरी 2025 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव में हिस्सा लेंगे।

इनकी इस सफलता पर जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा और जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

रौनक कुमार मिश्रा ने जिला खेल कार्यालय और नेहरू युवा केंद्र, गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव के भाषण प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद उन्होंने प्रमंडलीय और राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः उपविजेता और दूसरा स्थान प्राप्त किया। अब वे झारखंड के 60 सदस्यीय दल के साथ राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2025 में भाग लेने के लिए तैयार हैं।

मोहम्मद जुबेर अहमद और प्रिंस कुमार पांडे ने “विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग” ऑनलाइन प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी सफलता ने उन्हें झारखंड टीम के हिस्से के रूप में राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने का अवसर दिलाया।

इन तीनों युवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी ने न केवल गिरिडीह जिले को गर्व महसूस कराया है, बल्कि जिले के अन्य युवाओं को भी प्रेरित किया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *