Tag: dohra hatay

  • गिरिडीह : दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड

    गिरिडीह : दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड

    पत्नी की हत्या के बाद पति को ससुरालवालों ने पीट-पीटकर मार डाला

    By The News Post4u

    गिरिडीह जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत लुकईया गांव में बुधवार की देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने पहले अपनी पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और फिर ससुरालवालों के हाथों खुद भी मौत का शिकार हो गया। पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड की जांच शुरू कर दी है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।

    क्या है पूरा मामला ?

    जानकारी के अनुसार, लुकईया गांव निवासी मीणा हांसदा की शादी करीब आठ साल पहले मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ही एक गांव के रहने वाले छोटेलाल हांसदा से हुई थी। कुछ समय से मीणा अपने मायके में रह रही थी। बुधवार की रात छोटेलाल अपनी पत्नी को ससुराल से वापस ले जाने के इरादे से वहां पहुंचा था। इस दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

    मीणा के पिता चंदलाल मुर्मू के अनुसार, छोटेलाल जबरदस्ती पत्नी को साथ ले जाने की जिद पर अड़ा था। इस बात को लेकर दोनों में बहस हुई। तभी अचानक मीणा की चीख सुनाई दी। जब परिजन दौड़कर घर के आंगन में पहुंचे, तो देखा कि मीणा लहूलुहान हालत में पड़ी थी और पेट से खून बह रहा था। पास में ही खून से सना चाकू भी मिला।

    हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों ने की पति की पिटाई.

    मीणा को चाकू मारने के बाद छोटेलाल वहां से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन गांववालों और परिजनों ने उसे पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट इतनी भीषण थी कि छोटेलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

    घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस  एसडीपीओ जीतवाहन उरांव की अगुवाई में  मौके पर पहुंच गयी । पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की और हत्या में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया । दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

    पुलिस कर रही है मामले की पड़ताल.

    एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मृतका मीणा के माता-पिता सहित कुछ ग्रामीणों को हिरासत मे लेकर पूछताछ की जा रही है।

    मासूम बच्ची की जिंदगी पर सवाल.

    इस दोहरे हत्याकांड के बाद सबसे बड़ी चिंता अब मृत दंपति की छह साल की मासूम बेटी को लेकर है, जो अब अनाथ हो चुकी है। फिलहाल, बच्ची की देखरेख की जिम्मेदारी उसके ननिहाल वालों ने संभाली है, लेकिन यह दर्दनाक हादसा उसके जीवन में गहरा जख्म छोड़ गया है।

    यह दोहरा हत्याकांड केवल एक पारिवारिक विवाद का नतीजा नहीं है, बल्कि यह समाज में बढ़ते गुस्से, रिश्तों में घटते धैर्य और कानून को हाथ में लेने की प्रवृत्ति की भयावह तस्वीर भी है। पुलिस अब हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि दोषियों को कानून के कटघरे में लाया जा सके।