Tag: Naxalism in Jharkhand

  • पारसनाथ के जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

    पारसनाथ के जंगल से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

    द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

    गिरिडीह से नक्सल मोर्चे पर एक बड़ी सफलता की खबर सामने आई है। पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया है। दरअसल, गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन ने पारसनाथ पहाड़ी की तराई में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

    क्या मिला छापेमारी में?
    टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की और जमीन में दबाकर रखे गए 300 मीटर कोडेक्स वायर और 13 लीटर विस्फोटक केमिकल लिक्विड को बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक यह सामग्री नक्सलियों द्वारा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए जमा की गई थी।

    अभियान कैसे चला?
    गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार ने मीडिया को बताया  कि इस अभियान का नेतृत्व सीआरपीएफ 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी ने किया। वहीं, टीम में सीआरपीएफ के सेकंड कमांडेंट ओम प्रकाश सिंह, एएसपी अभियान सुरजीत कुमार और सहायक कमांडेंट तांबा शामिल थे। स्थानीय पुलिस, खुखरा थाना की टीम और डॉग स्क्वॉड की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

    कहां से बरामद हुआ विस्फोटक?
    अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने बड़ी सतर्कता के साथ पारसनाथ की तराई स्थित जोकाईनाला इलाके की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन के भीतर छुपाए गए विस्फोटक उपकरण और रसायन बरामद किए गए।

    नक्सलियों की साजिश पर रोक.
    पुलिस के मुताबिक, बरामद विस्फोटक का इस्तेमाल नक्सली आईईडी और अन्य बम तैयार करने में करते। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि इन सामग्रियों को किसी बड़ी हिंसक कार्रवाई के लिए एकत्रित किया गया था। गिरिडीह पुलिस ने इसे नक्सलियों के इरादों पर बड़ा प्रहार बताया है।  इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों की एक अहम सफलता माना जा रहा है, क्योंकि पारसनाथ का इलाका नक्सलियों के लिए लंबे समय से सुरक्षित पनाहगाह रहा है।