द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह : सिक्खों के दसवें गुरु, दशमेश पिता और खालसा पंथ के संस्थापक श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का 359वां प्रकाश पर्व रविवार को स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से मनाया गया। पूरा गुरुद्वारा परिसर भक्ति रस में डूबा नजर आया, जहां आस्था, सेवा और समर्पण की अद्भुत छटा देखने को मिली।
इस मौके पर झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने गुरुद्वारा में लंगर सेवा की। उन्होंने माथा टेककर गुरु महाराज का आशीर्वाद लिया और संगत को प्रकाश पर्व की बधाई दी।
मंत्री सोनू ने कहा कि गुरु महाराज की कृपा से ही उन्हें जीवन में सफलता मिली, पहले विधायक और फिर मंत्री बनने तक की उनकी यात्रा गुरु और ईश्वर की कृपा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि गुरु घर से उनका विशेष जुड़ाव रहा है और आज जो कुछ भी हैं, वह गुरु की कृपा से हैं।
इस मौके पर गुरुद्वारा में विशेष दीवान का आयोजन किया गया। गुरुद्वारे को रंग-बिरंगे फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया था। रांची से आए रागी जत्था भाई भरपूर सिंह एवं उनकी टीम ने जब गुरुबाणी कीर्तन की शुरुआत की, तो संगत भावविभोर हो उठी।
गुरुद्वारा के प्रधान मुख्य सेवक डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया एवं सचिव सम्मी सलूजा ने जानकारी दी कि गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को लेकर 2 जनवरी से अखंड पाठ साहिब रखा गया था, जिसका समापन आज गुरुपर्व के दिन हुआ। इसके साथ ही 29 दिसंबर से 3 जनवरी तक पांच प्रभात फेरियां निकाली गईं, जिनमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान संगत की मांग पर मंत्री सोनू ने गुरुद्वारे के लिए जनरेटर देने की घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही यह सेवा उनकी ओर से प्रदान की जाएगी।
मौके पर चरणजीत सिंह सलूजा, देवेंद्र सिंह सलूजा, राजेंद्र सिंह, गुरविंदर सिंह, सतविंदर सिंह सलूजा, अजींदर सिंह चावला, पंजाबी मोहल्ला गुरुद्वारा के प्रधान भूपेंद्र सिंह, गुरु कृपा सेवा सोसाइटी के प्रधान कुशल सलूजा, सचिव प्रिंस सलूजा, गुरदीप सिंह बग्गा, कुंवरजीत सिंह, मंजीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, गुरभेज सिंह कालरा सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे।







