झारखंड की अबुआ सरकार से घबराई हुई है भाजपा- राजद

द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.

गिरिडीह :  राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव  ने भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधते हुए झारखंड की राजनीति और विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों को उठाया। वे सोमवार को  गिरिडीह मे मीडिया कर्मियों से मुखातिब थे ।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद बाबूलाल मरांडी के मुख्यमंत्री बनने से लेकर कई वर्षों तक भाजपा ने राज्य में सरकार चलाई, लेकिन इस दौरान राज्य की खनिज संपदा, जल, जंगल और जमीन को बेचने का काम भाजपा सरकारों ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने झारखंड के संसाधनों को कॉरपोरेट हितों के हवाले कर दिया।

कैलाश यादव ने कहा कि आज झारखंड देश का वह राज्य है, जहां सबसे अधिक नियुक्ति पत्र युवाओं को सौंपे गए हैंमुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार लगातार युवाओं को रोजगार देने का काम कर रही है, लेकिन भाजपा इस सकारात्मक कार्य से परेशान है और इसी कारण अनर्गल बयानबाजी कर रही है।

झारखंड में चल रही राजनीतिक उथल-पुथल पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट कहा कि

“झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल की सरकार पूरी मजबूती के साथ चल रही है। भाजपा साजिश के तहत इस सरकार को बदनाम करने की कोशिश कर रही है।”

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में अबुआ सरकार झारखंड के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है। वर्षों से लंबित पेसा कानून को लागू कर सरकार ने एक नया इतिहास रचा है, जिससे आदिवासी और ग्रामीण समाज को अधिकार मिले हैं।

कैलाश यादव ने कहा कि आने वाले नगर निकाय चुनावों में राष्ट्रीय जनता दल पूरी मजबूती और रणनीति के साथ मैदान में उतरेगी और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *