Blog

  • रांची में नई आपातकालीन मोचन प्रणाली शुरू, एक बटन दबाते ही मिलेगी मदद

    रांची: झारखंड की राजधानी रांची में एक नई आपातकालीन मोचन प्रणाली की शुरुआत की गई है, जिससे नागरिक किसी भी दुर्घटना या अपराध की सूचना महज एक बटन दबाकर दे सकेंगे। इस पहल की जानकारी एक अधिकारी ने सोमवार को दी।

    महत्वपूर्ण स्थानों पर लगे ‘आपातकालीन कॉल बॉक्स’

    ‘रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन’ द्वारा शहर के प्रमुख चौराहों पर अत्याधुनिक संचार प्रणाली से लैस ‘आपातकालीन कॉल बॉक्स’ स्थापित किए गए हैं। इन बॉक्सों को पीले रंग में रंगा गया है और इनमें एक प्रमुख लाल बटन लगा हुआ है।

    बिना मोबाइल के सीधे मदद का विकल्प

    एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, अब लोग आपात स्थिति में बिना मोबाइल फोन या किसी नंबर को याद किए बिना भी सीधे सरकारी एजेंसियों से संपर्क कर सकते हैं।

    आपातकाल में तुरंत सहायता

    विज्ञप्ति में बताया गया कि यदि कोई दुर्घटना या अपराध घटित होता है, तो व्यक्ति लाल बटन दबाकर सीधे ‘कमांड कंट्रोल सेंटर’ से जुड़ सकता है। इसके बाद, पुलिस और संबंधित एजेंसियां तुरंत सहायता के लिए मौके पर पहुंच जाएंगी। इस सुविधा से रांची के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

    50 महत्वपूर्ण स्थानों पर हुई स्थापना

    इस नई प्रणाली के तहत कांके रिंग रोड, सहजानंद चौक, शनि मंदिर चौक, हमरू चौक, अरगोड़ा चौक और सुजाता चौक सहित कुल 50 प्रमुख चौराहों पर कॉल बॉक्स लगाए गए हैं। इससे शहर के लोग किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन तक अपनी बात सीधे पहुंचा सकेंगे, जिससे अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।

  • महाकुंभ शब्द ने किया चमत्कार,15 साल बाद परिवार से मिले प्रकाश महतो, जानिए क्या है मामला

    कोडरमा: झारखंड के प्रकाश महतो के परिवार से पुनर्मिलन की कहानी इन दिनों चर्चा में है। करीब डेढ़ दशक से अपने परिजनों से दूर रहे प्रकाश के लिए महाकुंभ शब्द किसी चमत्कार से कम नहीं साबित हुआ। प्रयागराज महाकुंभ मेले का नाम सुनते ही उनकी यादों के बंद दरवाजे खुल गए, जिससे वे अपने परिवार से फिर से जुड़ पाए।

    महाकुंभ शब्द से जुड़ी यादें बनीं पुनर्मिलन की वजह

    उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में लाखों श्रद्धालु पवित्र त्रिवेणी संगम में स्नान कर रहे हैं। लेकिन, इस मेले का असर कोलकाता से करीब 800 किलोमीटर दूर रानीगंज में भी देखने को मिला। जब एक होटल में काम कर रहे प्रकाश महतो ने महाकुंभ  शब्द सुना, तो उनके मन में अपने घर की यादें उमड़ पड़ीं। यह सुनते ही होटल मालिक सुमित साव को शक हुआ और उन्होंने प्रकाश से उनके परिवार के बारे में पूछताछ की। इंटरनेट के जरिए कोडरमा पुलिस से संपर्क किया गया, जिससे उनकी पहचान की पुष्टि हुई और परिवार तक खबर पहुंची।

    परिजन मान चुके थे मृत, डेथ सर्टिफिकेट बनवाने की थी तैयारी

    प्रकाश महतो, जो झारखंड के मरकच्चो थाना क्षेत्र के कदोडीह गांव के निवासी हैं, 9 मई 2010 को काम के सिलसिले में कोलकाता गए थे। वहां कोलकाता नगर निगम में कार्यरत प्रकाश मानसिक अस्थिरता के कारण रास्ता भटक गए और लापता हो गए। परिजनों ने उनकी खोजबीन की और पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आखिरकार, परिवार ने उन्हें मृत मान लिया और उनका डेथ सर्टिफिकेट बनवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी।

    बच्चों ने 15 वर्षों तक पिता की सिर्फ तस्वीरें देखीं

    जैसे ही परिवार को प्रकाश महतो के जीवित होने की खबर मिली, उनकी पत्नी गीता देवी, बेटे सुजल और बेटी रानी तुरंत रानीगंज पहुंचे। सालों बाद पति और पिता को देखकर पूरा परिवार भावुक हो गया। जिन बच्चों ने अब तक सिर्फ पिता की तस्वीरें देखी थीं, वे उन्हें सामने पाकर खुशी से रो पड़े।

    इस दौरान यह भी सामने आया कि कोलकाता नगर निगम ने प्रकाश को मृत मानते हुए उनके परिवार को नौकरी की पेशकश कर दी थी। वहीं, उनकी पत्नी गीता देवी ने मजदूरी कर बच्चों की परवरिश की। लेकिन अब, 15 साल बाद प्रकाश महतो के घर लौटने से परिवार में फिर से खुशियां लौट आई हैं।

  • IPS संजय आनंद लाठकर को मिली नई जिम्मेदार परमाणु ऊर्जा विभाग देंगे योगदान

    1995 बैच के झारखंड कैडर के आईपीएस अधिकारी संजय आनंद लाठकर को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के तहत परमाणु ऊर्जा विभाग में आईजी (सुरक्षा) के रूप में नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को केंद्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने स्वीकृति दे दी है। यह नियुक्ति उनकी पदभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और 30 सितंबर 2028 तक या अगले आदेशों तक, जो भी पहले हो, दो वर्ष के लिए लागू रहेगी। इस दौरान उनका वेतन मैट्रिक्स स्तर 14 से अस्थायी रूप से स्तर 15 तक बढ़ाया जाएगा। वर्तमान में, संजय लाठकर झारखंड पुलिस में एडीजी (अभियान) के पद पर कार्यरत हैं।

  • झारखंड में आज से बढ़ेगी गर्मी, 4 डिग्री तक बड़ सकता है तापमान

    झारखंड में बढ़ेगी गर्मी, तापमान में उछाल

    झारखंड में आज से गर्मी का असर तेज़ी से महसूस किया जाएगा। राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं न्यूनतम तापमान भी 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। राज्य के चार जिलों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है।

    मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला में अधिकतम तापमान 33 डिग्री, पश्चिम सिंहभूम में 34 डिग्री और सिमडेगा में 33 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने यह भी पूर्वानुमान जताया है कि झारखंड के सभी जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

    पिछले 24 घंटे में सरायकेला राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, चतरा में सबसे कम 7.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राजधानी रांची में सोमवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक और बीते 24 घंटे में 3.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया।

  • किडनी रोगियों के लिए राहत भरी खबर: अब पीएचसी में भी मिलेगी डायलिसिस सुविधा

    झारखंड के किडनी मरीजों के लिए राहत की खबर, डायलिसिस सुविधा अब पीएचसी स्तर तक

    झारखंड के किडनी मरीजों के लिए अच्छी खबर है। प्रधानमंत्री नेशनल डायलिसिस प्रोग्राम (PMNDP) के तहत स्वास्थ्य विभाग अब राज्यभर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) तक डायलिसिस सुविधा पहुंचाने की तैयारी कर रहा है। अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने किडनी मरीजों की बढ़ती संख्या और डायलिसिस में हो रही समस्याओं को देखते हुए पीएचसी, सीएचसी, रेफरल और अनुमंडलीय अस्पतालों में डायलिसिस सेवा केंद्र स्थापित करने का निर्देश दिया है।

    इन केंद्रों में बीपीएल मरीजों को मुफ्त डायलिसिस की सुविधा मिलेगी, जबकि एपीएल मरीजों को नाममात्र शुल्क चुकाना होगा। फिलहाल, संजीवनी द्वारा संचालित 16 जिलों में एपीएल मरीजों से 1206 रुपये और डीसीडीसी एजेंसी द्वारा संचालित आठ जिलों में 1046 रुपये लिए जाते हैं।

    PMNDP कोषांग प्रभारी डॉ. अश्विनी कुमार ने सभी सिविल सर्जनों को पत्र जारी कर सीएचसी, पीएचसी, रेफरल हॉस्पिटल और अनुमंडलीय अस्पतालों की सूची मांगी है, जहां डायलिसिस केंद्र स्थापित किए जा सकते हैं। निर्देश दिया गया है कि डायलिसिस केंद्र केवल उन्हीं स्थानों पर खोले जाएं, जहां पर्याप्त जगह उपलब्ध हो।

    राज्य के आठ सदर अस्पतालों में डायलिसिस सेवा का संचालन कर रही डीसीडीसी हेल्थ केयर सर्विस का कार्यकाल समाप्त हो चुका है। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एजेंसी को अस्थायी अवधि विस्तार दिया गया है, जबकि राज्य स्तर पर निविदा प्रक्रिया के जरिए नई एजेंसी का चयन किया जाएगा।

    फिलहाल, राज्य के सभी मेडिकल कॉलेज और सदर अस्पतालों में पीपीपी मॉडल पर डायलिसिस केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। यह सेवा तीन एजेंसियों के माध्यम से दी जा रही है—संजीवनी 16 जिलों में, डीसीडीसी आठ जिलों में और हंस फाउंडेशन घाघरा, पालकोट, लातेहार तथा संत बरनवास अस्पताल में डायलिसिस सेवा संचालित कर रहा है।

  • झारखंड : CM स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में नामांकन की तारीख बढ़ी, जाने कब तक दे सकते आवेदन

    अगर आप झारखंड के सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में प्रवेश लेना चाहते हैं, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। इन स्कूलों में नामांकन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 20 फरवरी कर दिया गया है। पहले यह तिथि 10 फरवरी निर्धारित थी, लेकिन अब छात्रों को आवेदन करने के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है।
    फिलहाल झारखंड में 80 सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस संचालित हो रहे हैं, और सरकार की योजना अगले कुछ वर्षों में 4,000 से अधिक ऐसे स्कूल खोलने की है। ये स्कूल CBSE पैटर्न पर आधारित हैं और छात्रों को स्मार्ट क्लासरूम, लैंग्वेज लैब, कंप्यूटर लैब, साइंस लैब, मैथ्स लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं। इसके अलावा, यहां पुस्तकालय और खेल-कूद की भी बेहतर व्यवस्था है। हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में शिक्षा दी जाती है, खासतौर पर अंग्रेजी बोलने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

  • नाबालिग बच्ची का अपहरण और हत्या मे दो गिरफ्तार,कांड का हुआ उद्भेदन

    गिरिडीह: पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक नाबालिग बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को छिपाने के उद्देश्य से देवघर जिले के चितोलोढिया गांव में झाड़ियों में फेंक दिया गया। इस मामले में गिरिडीह पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में अनिता देवी और राजकुमार हाजरा शामिल हैं,दोनों देवरी थाना के राणे वाले हैं  । पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

    इस संबंध में पुलिस कप्तान  डॉ. बिमल कुमार ने मीडिया को बताया कि दोनों गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

    एसपी ने बताया कि देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम चतरो तुरिया टोला की एक नाबालिग बच्ची के गुम होने की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर देवरी थाना में कांड संख्या- 08/2025 दिनांक 31.01.2025 को धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।

    जांच के दौरान 03 फरवरी को देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र के चितोलोढिया गाँव में एक बच्ची का लावारिस शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान देवरी थाना क्षेत्र से लापता बच्ची के रूप में की गई।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान ने कांड के त्वरित उद्भेदन के लिए एसडीपीओ खोरोमहूआ  के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन का जांच शुरू कराई। एसआईटी ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गुजरात के सूरत में छापेमारी कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।

    गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार हाजरा ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि उसने अपने सहयोगी अनिता देवी के साथ मिलकर नाबालिग बच्ची का अपहरण किया और पुरानी रंजिश के चलते उसकी हत्या कर दी। शव को छिपाने के लिए देवघर जिले के चितोलोढिया गाँव में झाड़ियों में फेंक दिया गया।

    एसपी ने यह भी बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त राजकुमार हाजरा के खिलाफ देवरी थाना में पहले से ही छह अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

    इस जघन्य अपराध से पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है, वहीं पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से जनता में कानून-व्यवस्था पर विश्वास कायम हुआ है।

  • क्रिकेट के मैदान में रोमांच: अधिवक्ता बनाम न्यायाधीश मुकाबला, एडवोकेट इलेवन की रोमांचक जीत

    रिपोर्ट: परवेज़ आलम
    गिरिडीह : बिशनपुर मिशन मैदान में आज एक रोमांचक फ्रेंडली क्रिकेट मैच खेला गया, जिसमें जजेस 11 और एडवोकेट 11 की टीमें आमने-सामने रहीं। मैच का उद्घाटन प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय ने किया।


    अधिवक्ता इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट पर 209 रन बनाए। नितिश मिश्रा (72), विशाल आनंद (44), पंचानंद मुनी (36) और भारत आनंद (25) ने शानदार पारियां खेलीं। वहीं, जजेस इलेवन के कप्तान सोमेन्द्र सीकदार ने 3 विकेट लेकर बेहतरीन गेंदबाजी की।
    लक्ष्य का पीछा करते हुए जजेस 11 की शुरुआत दमदार रही। cjmसौरव गौतम (119), डीजे IX राजेश बग्गा (44) और DJ II सोमेन्द्र सीकदार (34) की पारियों ने मैच को रोमांचक बना दिया, लेकिन टीम 20 ओवर में 207 रन ही बना सकी और एडवोकेट 11 ने 2 रन से रोमांचक जीत दर्ज की।


    #पुरस्कार विजेता:
    🏆 मैन ऑफ द मैच – सौरव गौतम (119 रन)
    🎯 सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज – सोमेन्द्र सीकदार (3 विकेट)
    🛡️ बेस्ट फील्डर – एडवोकेट आकाश कुमार

    मैच के दौरान लगे 13 छक्कों के बदले प्रत्येक पर ₹1000 नेत्रहीन बच्चों के विद्यालय को दान किए जाएंगे।
    मैच में राजू पांडेय ने अंपायरिंग की, जबकि शिवकुमार गुप्ता व साजिद महमूद ने कमेंट्री किया । मैच के दौरान कई सिविल जज और अधिवक्ता भी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।

  • झारखंड में नगर निकाय चुनाव का रास्ता साफ, विधानसभा चुनाव की वोटर लिस्ट से होगी वोटिंग

    झारखंड में नगर निकाय चुनाव का रास्ता साफ, हाईकोर्ट ने दिया संकेत

    झारखंड में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। शुक्रवार को झारखंड हाईकोर्ट में जस्टिस आनंद सेन की अदालत ने इस मामले में दायर अवमानना याचिका पर सुनवाई की। अदालत ने प्रार्थी, राज्य सरकार, राज्य निर्वाचन आयोग और भारत निर्वाचन आयोग की दलीलें सुनीं। सुनवाई के दौरान भारत निर्वाचन आयोग ने अपने शपथ पत्र में बताया कि झारखंड विधानसभा चुनाव में उपयोग की गई मतदाता सूची ही अद्यतन (अपडेटेड) सूची है, जिसके आधार पर नगर निकाय चुनाव कराए जा सकते हैं।

    राज्य निर्वाचन आयोग ने भी कोर्ट को जानकारी दी कि उसे भारत निर्वाचन आयोग से आवश्यक मतदाता सूची प्राप्त हो चुकी है और अब चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। आयोग ने बताया कि वार्डवार मतदाता सूची तैयार करने और अधिसूचना जारी करने में लगभग 75 दिन का समय लगेगा। सभी पक्षों की सुनवाई के बाद अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 12 सप्ताह बाद निर्धारित करने का निर्देश दिया।

    सुनवाई के दौरान न्यायाधीश आनंद सेन की अदालत ने स्पष्ट किया कि नगर निकाय चुनाव कराने में अब कोई तकनीकी बाधा नहीं है। हाईकोर्ट के रुख को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि चुनाव की अधिसूचना अप्रैल के अंत तक जारी हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने शहरी निकाय चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोग अब भारत निर्वाचन आयोग से प्राप्त मतदाता सूची को वार्डवार विभाजित करने और वार्डों के गठन की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है।

    गौरतलब है कि प्रार्थी रोशनी खलखो व अन्य ने अवमानना याचिका दायर कर अदालत के पूर्व आदेश का पालन सुनिश्चित करने की मांग की थी। हाईकोर्ट की एकल पीठ ने 4 जनवरी 2024 को आदेश दिया था कि तीन सप्ताह के भीतर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी की जाए। हालांकि, पिछली सुनवाई में राज्य सरकार ने चुनाव कराने के लिए चार माह का समय मांगा था। अब, अदालत के सख्त रुख के बाद नगर निकाय चुनाव जल्द होने की संभावना प्रबल हो गई है।