द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह: पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश लेकर आई भोजपुरी फिल्म ‘शिकारी’ ने शुक्रवार को देशभर में एक साथ रिलीज होकर दर्शकों का ध्यान खींचा। फिल्म का फर्स्ट प्रीमियर शो झारखंड के गिरिडीह स्थित सवेरा चित्र मंदिरआयोजित किया गया, जिसने इस मौके को और भी खास बना दिया।
प्रीमियर शो के दौरान सिनेमा हॉल का माहौल उत्साह, तालियों और गर्व से भरा नजर आया। फिल्म के कलाकार, निर्देशक और निर्माता स्वयं दर्शकों के बीच मौजूद रहे।
शर्मशी फिल्म्स मीडिया एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म की शूटिंग गिरिडीह और मुंबई में की गई है। फिल्म में गिरिडीह के प्रसिद्ध झरनों और प्राकृतिक सौंदर्य को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया है, जो न केवल आंखों को सुकून देता है बल्कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी मजबूती से प्रस्तुत करता है।
फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं सिहोडीह निवासी रोशन शर्मा और बरमसिया के रहने वाले मुकेश ओझा। मुकेश ओझा के लिए यह प्रीमियर बेहद भावुक पल रहा, क्योंकि जिस सवेरा चित्र मंदिर में उनकी पहली फिल्म प्रदर्शित हुई, उसी सिनेमा हॉल से उनके फिल्मी सफर की शुरुआत हुई थी।
प्रीमियर शो के उद्घाटन समारोह में निर्देशक-निर्माता मनोज तोमर, कहानी एवं पटकथा लेखक पिंकी घोष के साथ कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
मौके पर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने फिल्म की कहानी, सशक्त अभिनय और पर्यावरण संरक्षण के सामाजिक संदेश की जमकर सराहना की। साथ ही गिरिडीह के उभरते कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
भोजपुरी सिनेमा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण जैसे गंभीर विषय को प्रस्तुत करती फिल्म ‘शिकारी’ न सिर्फ मनोरंजन करती है, बल्कि समाज को एक जरूरी संदेश भी देती है।







