गुप्त सूचना पर महाराजा होटल से दबोचा गया
गिरिडीह। परवेज़ आलम
धनवार थाना क्षेत्र में मो. हैदर अली की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरिडीह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धनवार थाना क्षेत्र के डोमायडीह स्थित महाराजा होटल से गिरफ्तार किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मो. हैदर अली की कथित तौर पर मारपीट करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना को लेकर धनवार थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में नामजद प्राथमिकी अभियुक्त मो. सनाउल्लाह अंसारी घटना के बाद से ही फरार चल रहा था। पुलिस से बचने के लिए वह बिहार के नवादा जिले में जाकर छिप गया था।
इधर, गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार को गुप्त सूचना मिली कि हत्याकांड का मुख्य आरोपी नवादा में छिपा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार के निर्देश पर एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम को नवादा भेजा गया।
पुलिस की लगातार छापेमारी और गिरफ्तारी के बढ़ते दबाव के कारण आरोपी नवादा से भागकर वापस धनवार ,गिरिडीह पहुंच गया। यहां उसने धनवार थाना क्षेत्र के डोमायडीह स्थित महाराजा होटल में शरण ले रखी थी। इसी दौरान पुलिस को उसके ठिकाने की गुप्त सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की इस कार्रवाई को धनवार हत्याकांड के उद्भेदन की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अन्य नामजद कि तलाश पुलिस ने तेज़ कर दी है .


