चन्दन पांडे.
द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह: नगर निगम चुनाव की सरगर्मियां अब जमीन पर उतरने लगी हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी ने झारखण्ड नगरपालिका निर्वाचन एवं चुनाव याचिका नियमावली के तहत गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों के लिए आरक्षित व अनारक्षित वार्डों की सूची जारी कर दी है। इसके साथ ही आगामी नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को औपचारिक रूप से रफ्तार मिल गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार नगर निगम के कई वार्डों को अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) तथा महिला आरक्षण की श्रेणी में रखा गया है, जबकि शेष वार्ड सामान्य यानी अनारक्षित घोषित किए गए हैं। यह आरक्षण जनसंख्या के अनुपात और राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तय किया गया है।
आरक्षण सूची के सामने आते ही राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने वार्ड की स्थिति को लेकर माथापच्ची में जुट गए हैं, वहीं राजनीतिक दल भी नए समीकरणों और रणनीतियों पर मंथन करने लगे हैं। कई दावेदारों की उम्मीदें जहां मजबूत हुई हैं, वहीं कुछ को नए सिरे से अपनी राजनीतिक राह तलाशनी पड़ सकती है।
नगर निगम क्षेत्र के किस वार्ड को किस वर्ग के लिए आरक्षित या अनारक्षित किया गया है, इसकी विस्तृत जानकारी जिला प्रशासन एवं नगर निगम कार्यालय के साथ-साथ आधिकारिक सूचना पट्ट पर उपलब्ध कराई गई है। अब निगाहें चुनाव कार्यक्रम की घोषणा पर टिकी हैं, जिसके साथ ही गिरिडीह की सियासत और ज्यादा गर्म होने वाली है।







