The News Post4u.
GIRIDIH : गिरिडीह पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल की है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक सिल्वर रंग की मारुति ओमनी वैन से 300 बोतल नकली अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हैं।
इस संबंध में खोरीमहुआ के एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने मीडिया को बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन के जरिए नकली शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई और डोमनपहाड़ी चौक के पास वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया।
वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मारुति ओमनी (नं. JH11H 8087) को रोककर तलाशी ली, जिसमें से रॉयल गोल्ड कप ब्रांड की 25 पेटियों में भरी 300 बोतल (750 एमएल) नकली अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके पर वाहन चालक गोपाल साहु (उम्र 45 वर्ष), निवासी गढ़पट्टी, थाना पचंबा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान गोपाल साहु ने खुलासा किया कि वह यह शराब बासुदेव साव (निवासी सोनापहाड़ी, थाना बगोदर) और मनोज यादव (निवासी पेटहंडी, थाना जमुआ) के साथ मिलकर अवैध रूप से तस्करी कर रहा था। फिलहाल पुलिस दोनों फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि गिरिडीह में अवैध शराब कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में और भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।







