द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह : जे.सी. बोस विद्यालय और गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में अभिभावक–शिक्षक बैठक (Parent–Teacher Meeting) का भव्य, अनुशासित और अत्यंत सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम केवल एक औपचारिक बैठक नहीं, बल्कि शिक्षा, संवाद और सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त मंच बनकर उभरा। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार, उपस्थिति और सर्वांगीण विकास को लेकर अभिभावकों के साथ सार्थक संवाद स्थापित करना था। विभिन्न कक्षाओं के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर कार्यक्रम को सफल बनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज़ अहमद रहे। उनके साथ जिला शिक्षा पदाधिकारी मोहम्मद वसीम अहमद भी उपस्थित थे । विद्यालय के प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने कार्यक्रम का संचालन किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. सरफराज़ अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला होती है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि अभिभावक और शिक्षक मिलकर ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रनिर्माण की भावना विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया तथा लक्ष्य निर्धारण, नियमित अध्ययन और सकारात्मक सोच अपनाने की प्रेरणा दी।
प्राचार्य मुन्ना प्रसाद कुशवाहा ने स्वागत वक्तव्य में अभिभावकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण, जीवन कौशल और व्यक्तित्व विकास के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नियमित पीटीएम विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत सेतु का कार्य करती है, जिससे विद्यार्थियों की प्रगति को सही दिशा मिलती है।
बैठक के दौरान विषयवार शिक्षकों ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, परीक्षा परिणाम, कक्षा सहभागिता, गृहकार्य, परियोजना कार्य और उपस्थिति की विस्तृत जानकारी अभिभावकों के साथ साझा की। कमजोर विद्यार्थियों के लिए सुधारात्मक कक्षाओं, अतिरिक्त मार्गदर्शन और व्यक्तिगत ध्यान की योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
अभिभावकों को विद्यालय में संचालित सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और गतिविधि-आधारित शिक्षण पद्धतियों की जानकारी दी गई। अभिभावकों ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण, शिक्षकों की मेहनत और बच्चों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उपयोगी सुझाव भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के विशेष क्षण में J.C.E.R.T. द्वारा आयोजित प्री-बोर्ड एवं S.A-1 परीक्षा के टॉपर्स, सीसीए में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं तथा उत्कृष्ट उपस्थिति के लिए विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। वहीं, विद्यालय में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों को प्रमाण पत्र एवं अंगवस्त्र देकर मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। विद्यालय के साथ नियमित समन्वय बनाए रखने वाले अभिभावकों तथा SMC अध्यक्ष एवं सदस्यों को भी अंगवस्त्र एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन छात्रा प्रगति कुमारी एवं महक परवीन ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा, जिसकी उपस्थित अभिभावकों और छात्राओं ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
इधर, गिरिडीह प्लस टू उच्च विद्यालय में भी अभिभावक–शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। यहां भी मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद तथा डीईओ वसीम अहमद उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों का स्वागत प्राचार्य दयानंद कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों की सहभागिता रही।
इस अवसर पर सांसद और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन, परीक्षा परिणाम और शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील भी की गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र–छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
डॉ. सरफराज अहमद ने कहा कि झारखंड सरकार के निर्देशानुसार जनप्रतिनिधि विद्यालयों का दौरा कर शिक्षा की गुणवत्ता, संसाधन और वर्तमान स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने सरकार द्वारा शिक्षा क्षेत्र में उठाए जा रहे कदमों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में शिक्षा स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है, जो सभी के लिए गर्व की बात है।
इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय प्राचार्य, शिक्षकगण एवं कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







