The News Post4u.
गिरिडीह: आज़ादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साव ने गिरिडीह के शास्त्री नगर स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराकर अभियान का शुभारंभ किया।
इस मौके पर श्री साव ने कहा कि तिरंगा हमारी शान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने-अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं। यह पहल न केवल राष्ट्र की एकजुटता को दर्शाती है, बल्कि एक सशक्त भारत की पहचान भी है।
उन्होंने कहा, “हमारा राष्ट्रीय ध्वज केवल स्वतंत्रता का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह हमारी एकता, अखंडता और सांस्कृतिक धरोहर की अमर पहचान है। इस गौरवपूर्ण अभियान में शामिल होकर अपने घर, कार्यालय और दुकानों पर तिरंगा फहराएं, और राष्ट्र के प्रति सम्मान को दृढ़ संकल्प के साथ व्यक्त करें।”
श्री साव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए इस अभियान को भारत की विविधताओं में निहित सुंदरता, अनेकता में एकता और 140 करोड़ देशवासियों की अटूट देशभक्ति का अद्भुत प्रतीक बताया।







