द न्यूज़ पोस्ट4यू डेस्क.
गिरिडीह: शहर की नई सियासी सुबह का जश्न उस वक्त और खास हो गया, जब अम्बेडकर भवन में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अवसर था गिरिडीह नगर निगम की नवनिर्वाचित मेयर प्रमिला मेहरा के अभिनंदन का।
कार्यक्रम का माहौल उत्साह, आत्मीयता और गर्व से भरा रहा। मंच पर समाज के वरिष्ठजनों और गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।
समारोह में कमल दास, सुखदेव दास, देवचरण दास, प्रकाश दास, मधु दास, किशोर दास, जुगलदास, सुनील पासवान, विनोद पासवान, ईश्वर दास, खूब लाल दास, किशन दास, रतन दास, सुरेश दास, गोविंद पुरी, सुरेंद्र तुरी, प्यारेलाल दास, बद्री दास, बबलू दास, महात्मा, रीता देवी, आरती देवी, नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह, सोनू कुमार दास सहित कई विशिष्ट जन उपस्थित रहे।
जैसे ही मेयर प्रमिला मेहरा मंच पर पहुंचीं, तालियों की गूंज से पूरा सभागार भर उठा। उन्हें बुके दे कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में मेयर प्रमिला मेहरा ने भावुक स्वर में कहा, “इस सम्मान और आशीर्वाद के लिए मैं पूरे रविदास समाज की हृदय से आभारी हूं। यह सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे समाज का सम्मान है। मैं विश्वास दिलाती हूं कि नगर निगम के विकास और समाज की प्रगति के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य करूंगी।” उन्होंने आगे कहा कि जनता का विश्वास उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और वह इस विश्वास पर खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
कार्यक्रम के अंत में समाज के प्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि नई मेयर के नेतृत्व में गिरिडीह शहर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। अम्बेडकर भवन में आयोजित यह समारोह सिर्फ सम्मान का आयोजन नहीं था, बल्कि सामाजिक एकता और नए नेतृत्व के प्रति भरोसे का प्रतीक भी बन गया।







